Blog

  • पंजाबः प्रदर्शन कर रहे बेरोजगार लाइनमैन और पुलिस में झड़प, लाठीचार्ज दौरान कई सिखों की उतरी पगड़ियां

    पंजाबः प्रदर्शन कर रहे बेरोजगार लाइनमैन और पुलिस में झड़प, लाठीचार्ज दौरान कई सिखों की उतरी पगड़ियां

    पटियालाः पुलिस ने अप्रेंटिस बेरोजगार लाइनमैन यूनियन के नेताओं पर लाठीचार्ज किया है। यूनियन नेता बिजली बोर्ड कार्यालय में जबरदस्ती घुसकर विरोध किया जा रहा  था। जिसके बाद पटियाला पुलिस ने यूनियन द्वारा लगाए गए स्थायी तंबू को उखाड़ कर फेंक दिया। इस दौरान यूनियन के कई नेताओं की पगड़ियां भी उतर गई और यूनियन के कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पटियाला बिजली बोर्ड दफ्तर के बाहर पिछले कई दिनों से बिजली बोर्ड कार्यालय के बाहर बैठकर परीक्षा रद्द करने की मांग कर रहे यूनियन के इन नेताओं का आज सब्र का बांध उस समय टूट गया, जब बेरोजगार सुबह बिजली बोर्ड कार्यालय के अंदर दाखिल हुए और इन यूनियन नेताओं ने दफ्तर के अंदर रोष प्रदर्शन करना शुरू कर दिया।

    इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पंजाब सरकार के मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। इस संबंध में जानकारी देते हुए बेरोजगार लाइनमैन यूनियन के नेता ने कहा कि सरकार ने 1690 पद निकाले थे जिसके लिए हमने योग्य ट्रेनिंग ली हुई है लेकिन सरकार ने हम पर एक और परीक्षा देने का आदेश जारी किया है। जिसका हम पिछले कई महीनों से विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम पहले ही कोर्स और ट्रेनिंग ले चुके हैं। इसलिए वे परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं।

    उन्होंने कहा कि इस संबंध में कोई सुनवाई नहीं होने पर आज जबरन बिजली बोर्ड के कार्यालय के अंदर जाकर धरना दिया। वहीं पुलिस पार्टी भारी संख्या में बिजली बोर्ड कार्यालय के बाहर पानी की बौछार और आंसू गैस के साथ पहुंची। जहां पुलिस ने इन प्रदर्शनकारियों पर लाठियों से हमला किया और पुलिस पार्टी ने यूनियन नेताओं को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया।

  • सतपाल सत्ती ने बहडाला में 37.50 लाख से निर्मित उठाऊ पेयजल योजना की जनता को समर्पित

    सतपाल सत्ती ने बहडाला में 37.50 लाख से निर्मित उठाऊ पेयजल योजना की जनता को समर्पित

    ऊना/सुशील पंडित: छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह ने आज एक दिन एक गांव कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत बहडाला में 37.50 लाख से निर्मित उठाऊ पेयजल योजना का लोकार्पण किया। इस योजना से बहडाला की लगभग 3 हजार की आबादी लाभान्वित होगी। इसके जल भंडारण टैंक की क्षमता एक लाख लीटर है।

    इस अवसर पर सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार द्वारा ऊना विधानसभा क्षेत्र का संपूर्ण विकास सुनिश्चित किया गया है। प्रदेश सरकार द्वारा जल जीवन मिशन के तहत जहां हर घर को नल के माध्यम से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की है, वहीं दूसरी और हर खेत को जल उपलब्ध करवाने के लिए सिंचाई योजनाओं का निर्माण किया जा रहा है ताकि कृषि योग्य भूमि को पर्याप्त मात्रा में जल उपलब्ध हो सके।

    सतपाल सिंह सत्ती ने बताया कि बहडाला स्कूल में लगभग एक करोड़ व्यय करके भवन व डेढ़ करोड़ रुपये से खेल स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक करोड़ रुपये से निर्मित दो सिंचाई योजनाएं बहडाला बाग और ईंट भट्ठा के नजदीक जनता को समर्पित की गई हैं। उन्होंने बताया कि 40 लाख रूपये से गऊशाला बहडाला के समीप पेयजल योजना का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत 19.98 लाख रूपये से उथला नलकूप योजना (शैलो टयूवबैल स्कीम) का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। इस योजना के निर्मित होने से बहडाला के 40 परिवारों की 325 कनाल भूमि सिंचित होगी। उन्होंने बताया कि कलर मार्किट से बहडाला के संपर्क मार्ग का 2.68 करोड़ से सुधारीकरण किया गया है।

    इस मौके पर एपीएमसी अध्यक्ष बलबीर बग्गा ने भी अपने विचार रखे और जनसमूह को विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों से अवगत करवाया तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

    इस दौरान सत्ती ने जन समस्याएं भी सुनीं और उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए। इस अवसर पर प्रधान  रमेश चंद, उपप्रधान अविनाश कुमार, पूर्व उपप्रधान सुरेश कुमार, महिला मंडल प्रधान परवीण कुमारी, वार्ड सदस्य सुमन लाता, राज रानी व किरन देवी, एसई आईपीएच नरेश धीमान व एसडीओ होशियार सिंह, डॉ शशि पाल, राम मूति शर्मा, संध्या देवी, शकुंतला सहित अन्य उपस्थित रहे।

  • अडानी समूह मीडिया हाउस में खरीदेगा 29 फीसदी शेयर, इस बड़े चैनल पर लगाया दांव

    अडानी समूह मीडिया हाउस में खरीदेगा 29 फीसदी शेयर, इस बड़े चैनल पर लगाया दांव

    नई दिल्ली: गौतम अडानी समूह की कंपनी एएमजी मीडिया नेटवर्क लिमिटेड ने मीडिया हाउस एनडीटीवी में हिस्सेदारी खरीदने का ऐलान किया है। अडानी समूह एनडीटीवी यानी नई दिल्ली टेलीविजन लिमिटेड में 29.18% हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगी। वहीं, खुली पेशकश के जरिए एनडीटीवी में 26% हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगी।

    इस तरह अडानी समूह की कुल हिस्सेदारी 55 फीसदी से ज्यादा हो जाएगी और वह मीडिया कंपनी में मेजर स्टेकहोल्डर कहलाएगी। यह डील करीब 495 करोड़ रुपये में होने की उम्मीद है। इस बीच, एनडीटीवी के शेयर मंगलवार को 5 पर्सेंट की तेजी के साथ 376.55 रुपये पर बंद हुए हैं।

    क्या कहा सीनियर जर्नलिस्ट संजय पुगलिया ने

    एएमजी मीडिया नेटवर्क्स लिमिटेड के सीईओ और सीनियर जर्नलिस्ट संजय पुगलिया ने एक बयान में कहा, “यह अधिग्रहण मीडिया इंडस्ट्री में आगे बढ़ने के लिए महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। हम भारतीय नागरिक, उपभोक्ताओं या भारत में रुचि रखने वालों को सूचना और ज्ञान के साथ सशक्त बनाना चाहते हैं। एनडीटीवी हमारे दृष्टिकोण को पूरा करने के लिए सबसे उपयुक्त प्रसारण और डिजिटल प्लेटफॉर्म है। हम समाचार वितरण में एनडीटीवी के नेतृत्व को मजबूत करने के लिए तत्पर हैं।”

    मीडिया इंडस्ट्री में खास पहचान

    बता दें कि एनडीटीवी एक प्रमुख मीडिया हाउस है। करीब तीन दशक से मीडिया इंडस्ट्री में एक खास पहचान बनाने वाली इस कंपनी के तीन नेशनल न्यूज चैनल- एनडीटीवी 24×7, एनडीटीवी इंडिया और एनडीटीवी प्रॉफिट हैं। इसकी मजबूत ऑनलाइन उपस्थिति भी है। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफार्मों पर इसकी मजबूत फैन फॉलोइंग है। 

  • राजा राम मोहन राय की 250वीं जन्म शताब्दी पर विद्यार्थी निकालेंगी रैली

    राजा राम मोहन राय की 250वीं जन्म शताब्दी पर विद्यार्थी निकालेंगी रैली

    ऊना/सुशील पंडित: राजा राम मोहन राय की 250वीं जन्म शताब्दी के अवसर पर 25 अगस्त को जिला स्तरीय रैली का आयोजन किया जा रहा है जिसमें ज़िला के लगभग 250 विद्यार्थी व शिक्षकगण भाग लंेगे। यह जानकारी देते हुए उपनिदेशक उच्च शिक्षा ने बताया कि इस रैली में वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रायसरी, ऊना के बाल व छात्रा, डीएवी सैनेटरी पब्लिक व वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल के छात्र भाग लेंगे। रैली प्रातः 8ः30 बजे वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल ऊना से एसडीएम ऊना शुरूआत करेंगे तथा बाजार से होते हुए एमसी पार्क में समाप्त होगी। रैली का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को दृढ़ करने हेतु समाज को जागृत करना है।

  • वीरेंद्र कंवर ने करवाया कुटलैहड़ का अथाह विकासः अनुराग ठाकुर

    वीरेंद्र कंवर ने करवाया कुटलैहड़ का अथाह विकासः अनुराग ठाकुर

    प्रगतिशील हिमाचल-स्थापना के 75 वर्ष समारोह में बोले केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री

    ऊना/सुशील पंडित: प्रगतिशील हिमाचल-स्थापना के 75 वर्ष कार्यक्रम के तहत कुटलैहड़ विस क्षेत्र के बंगाणा में समारोह आयोजित किया गया, जिसमें केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर बतौर मुख्यतिथि शामिल हुए। ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर विशेष रूप से इस कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

    विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि कुटलैहड़ आज विकास की राह में काफी आगे बढ़ गया है। बड़े-बड़े भवन, आधुनिक सुविधाएं वीरेंद्र कंवर की पहचान बन गए हैं। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ के विकास का पूरा श्रेय वीरेंद्र कंवर को जाता है, जिन्होंने अपने विस क्षेत्र के विकास के लिए दिन-रात प्रयास किए। केंद्रीय मंत्री ने कहा जिला ऊना में रेलवे का विस्तार हुआ है तथा अब रेल लाइन को तलवाड़ा तक पहुंचाने का कार्य भी पूरा होने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि जल्द ही ऊना-हमीरपुर रेलवे लाइन का निर्माण कार्य भी शुरू करवाया जाएगा। 

    अनुराग ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार ने पूरे विश्व में भारत को नई पहचान दिलाई है। 200 करोड़ से अधिक धनराशि खर्च कर देश के सभी पात्र व्यक्तियों को कोविड का वैक्सीन लगवाया गया। कोविड महामारी के दौरान कोई भूखा न सोए, इसके लिए देश के 80 करोड़ लोगों को 28 माह तक फ्री राशन उपलब्ध करवाया गया। यही नहीं प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत निर्धन व्यक्तियों के बैंक खाते खोले गए। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत प्रति वर्ष किसानों को 6 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। 

    केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए केंद्र सरकार ने भरपूर मदद की है। बिलासपुर में एम्स बनकर तैयार है तथा जिला ऊना में 550 करोड़ रुपए की लागत से पीजीआई का अस्पताल बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 200 करोड़ की लागत से ट्रिपल आईटी बनकर तैयार है, जिसका लोकार्पण जल्द ही किया जाएगा। अनुराग ठाकुर ने कहा कि कुटलैहड़ विस क्षेत्र के तहत बंगाणा में 25 करोड़ रुपए की लागत से केंद्रीय विद्यालय का नया भवन बनाया जा रहा है और बंगाणा में ही 5 करोड़ रुपए की लागत से इनडोर स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने गृहिणी सुविधा तथा हिमकेयर जैसी योजनाएं आरंभ की हैं, जिससे प्रत्येक वर्ग लाभान्वित हुआ है। 

    कुटलैहड़ बना बड़े-बड़े भवनों का क्षेत्र
    कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि कुटलैहड़ आज बड़े-बड़े भवनों का क्षेत्र बन गया है। बंगाणा में ही मिनी सचिवालय, बीडीओ कार्यालय, 50 बेड के अस्पताल का नया भवन, थाना कलां अस्पताल का नया भवन, उप रोजगार कार्यालय, फायर सब स्टेशन तथा 13 करोड़ रुपए की लागत से सीवरेज बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि बरनोह में पशुओं के लिए जोनल अस्पताल, डंगेहड़ा में मुर्राह प्रजनन फार्म, बसाल में डेयरी का उत्कृष्ठता केंद्र खोला गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने थाना कलां में जल शक्ति विभाग तथा विद्युत विभाग का मंडल खोला गया है, जबकि बसाल में पीडब्ल्यूडी, जल शक्ति विभाग तथा विद्युत विभाग के उपमंडल खोले गए हैं, जिससे लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। 

    वीरेंद्र कंवर ने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से बड़े-बड़े रास्ते, पंचवटी पार्क, मोक्षधाम बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गोविंद सागर झील बनने के कारण कुटलैहड़ विस क्षेत्र दो भागों में बंट गया था। वर्तमान सरकार ने कुटलैहड़ में पर्यटन के विकास के लिए काफी प्रयास किए गए हैं। गोविंद सागर झील में जल क्रीड़ाओं का ट्रायल सफल रहा है। चुल्हड़ी से पैराग्लाइडिंग का ट्रायल भी सफल रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में वर्तमान सरकार ने कुटलैहड़ के विकास को नई दिशा दी है।

    प्रगतिशील हिमाचल-स्थापना के 75 वर्ष समारोह के तहत विभिन्न विभागों ने प्रदर्शनियां भी लगाई गई तथा सूचना एवं जन संपर्क विभाग के कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही प्रदेश व कुटलैहड़ में हुए विकास पर आधारित वृतचित्र भी दिखाए गए। 

    इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल, मंडल अध्यक्ष मास्टर तरसेम लाल, जिप उपाध्यक्ष कृष्ण पाल शर्मा, जिप सदस्य सत्या देवी, चरणजीत शर्मा, राजेंद्र मलांगड़, सुरेंद्र हटली, मदन राणा, बलवंत ठाकुर, देवराज शर्मा, सुमित शर्मा, इंदु बाला दड़ोच, कैप्टन प्रीतम डढवाल, एमआर दड़ोच, मास्टर रमेश शर्मा, शकुंतला देवी, उपायुक्त ऊना राघव शर्मा, एसपी अर्जित सेन ठाकुर, एडीसी डॉ. अमित कुमार शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एव गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

  • सुप्रीम कोर्ट ने सरकार और बाबा रामदेव को जारी किया नोटिस, जानें मामला

    सुप्रीम कोर्ट ने सरकार और बाबा रामदेव को जारी किया नोटिस, जानें मामला

    नई दिल्लीः एलोपैथी और डॉक्टर्स पर बयानबाजी के चलते योग गुरू बाबा रामदेव की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। अब सुप्रीम कोर्ट ने मामले में रामदेव से सवाल किए हैं। साथ ही उन्हें स्पष्टीकरण देने के लिए भी कहा गया है। इससे पहले दिल्ली उच्च न्यायालय ने भी एलोपैथी के खिलाफ बोलकर लोगों को गुमराह नहीं करने की सलाह दी थी।
    मंगलवार को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन यानी IMA याचिका पर शीर्ष न्यायालय ने पतंजली आयुर्वेद और केंद्र सरकार को भी नोटिस जारी किए हैं। 

    कोर्ट ने विज्ञापन दिखाने पर मांगी सफाई 

    कोर्ट ने एलोपैथी को बदनाम करते हुए विज्ञापन दिखाने पर सफाई मांगी है। भारत के मुख्य न्यायाधीश एनवी रमना ने मौखिक तौर पर कहा, ‘बाबा अपने सिस्टम को लोकप्रिय बना सकते हैं, लेकिन अन्य की आलोचना क्यों करना। हम उनका सम्मान करते हैं। उन्होंने योग को लोकप्रिया बनाया है। लेकिन उन्होंने अन्य व्यवस्थाओं के बारे में गलत कहने से बचना चाहिए।’ सीजेआई की अगुवाई वाली बेंच ने सवाल किया, ‘इस बात की क्या गारंटी है कि जिसका वह (बाबा रामदेव) पालन करते हैं, वह सबकुछ ठीक कर देगा।’ याचिका में IMA ने मॉडर्न मेडिसिन के खिलाफ जारी अभियान को नियंत्रित करने की मांग की थी।

    बाबा रामदेव को हाईकोर्ट से भी लगी थी फटकार

    बाबा रामदेव ने अमेरिका राष्ट्रपति जो बाइडन को लेकर कहा था कि वह वैक्सीन लेने के बाद भी कोरोनावायरस संक्रमण का शिकार हो गए। साथ ही उन्होंने इसे मेडिकल साइंस की असफलता भी बताया था। इसपर जस्टिलस अनूप जयराम ने कहा था, ‘पहले की मैं इस बात से चिंतित हूं कि आयुर्वेद का अच्छा नाम खराब हो रहा है। मैं इसे लेकर चिंतित हूं। आयु्र्वेद प्रचीन चिकित्सा का तरीका है। आयुर्वेद का नाम खराब करने के लिए कुछ भी न करें।’ उन्होंने कहा था, ‘दूसरा यहां लोगों के नाम लिए जा रहे हैं। इसके हमारे संबंधों, देश के संबंधों से जुड़े अंतरराष्ट्रीय परिणाम हो सकते हैं… नेताओं का नाम लिया जा रहा है, जो विदेशी राष्ट्रों के साथ हमारे रिश्तों को प्रभावित कर सकते हैं।’ कई डॉक्टर एसोसिएशन्स ने एलोपैथी के खिलाफ दिए गए बयानों को लेकर रामदेव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।

  • इनोसेंट हार्टस लोहारां में ज़ोनल क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ: एक सप्ताह तक चलेगा टूर्नामेंट

    इनोसेंट हार्टस लोहारां में ज़ोनल क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ: एक सप्ताह तक चलेगा टूर्नामेंट

    जालंधर/विजयः इनोसेंट हार्टस लोहारां में ज़ोन-2 के तहत ज़ोनल क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मुख्यातिथि के रूप में डिप्टी डी.ई ओ राजीव जोशी ने टूर्नामेंट शुरू होने की घोषणा की। विशेष अतिथि के रुप में इंटरनेशनल रेफरी एंड प्रेसिडेंट ऑफ स्पोटर्स डिस्ट्रिक्ट जालंधर के ज़ोनल हेॅड गुरविंदर सिंह संघा, डी. पी. ई  स्पोटर्स विक्रम मल्होत्रा, इंटरनेशनल रेफरी ऑफ जूडो एंड सेक्रेटरी डिस्टिक टूर्नामेंट  सुरेंद्र कुमार एवं डी. पी. ई मेरीटोरियस स्कूल निखिल हंस (ब्लैक बेल्ट इन ताइक्वांडो) उपस्थित हुए।टूर्नामेंट का आरंभ मुख्य अतिथि ने रिबन काटकर किया। इनोसेंट हार्टस लोहारां स्टेडियम में शुरू हुए जोनल क्रिकेट टूर्नामेंट में लगभग 16 टीमों के खिलाडिय़ों ने खुद को रजिस्टर करवाया। पहला मैच अंडर-14 की टीमों के बीच हुआ।

    पहला मैच पार्वती जैन स्कूल तथा गवर्नमेंट हाई स्कूल लोहार नंगल के बीच में हुआ जिसमें गवर्नमेंट हाई स्कूल लोहार नंगल विजेता रहा। दूसरा मैच लॉ ब्लासम तथा इनोसेंट हार्टस लोहारां के बीच में हुआ जिसमें इनोसेंट हाटर्स लोहारां विद्यालय में विजय प्राप्त की। तथा तीसरा मैच विजेता टीम तथा इनोसेंट हार्टस ग्रीन मॉडल टाऊन के बीच में खेला जाएगा।

    मुख्यातिथि तथा विशेष अतिथि को राजीव पालीवाल (प्रिंसिपल, जीएमटी) तथा कुमारी शालू सहगल (प्रिंसिपल, लोहारां) ने स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर एच ओ डी स्पोटर्स संजीव भारद्वाज तथा क्रिकेट के कोच अमित शर्मा ने खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देकर उत्साहित किया। बौरी मेमोरियल एजुकेशनल एंड मेडिकल ट्रस्ट के चेयरमैन डॉ. अनूप बौरी ने विजेता खिलाडिय़ों को बधाई दी।

  • केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी के फिर बिगड़े बोल, कहा- दो कौड़ी का आदमी राकेश टिकैत, देखें वीडियो

    केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी के फिर बिगड़े बोल, कहा- दो कौड़ी का आदमी राकेश टिकैत, देखें वीडियो

    नई दिल्लीः किसान नेता राकेश टिकैत को दो कौड़ी का आदमी बताने के बाद विवादों में घिरे केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी का एक और विवादित वीडियो सामने आ गया है। इस बार उन्होंने मीडिया को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया। उन्होंने कहा कि कुछ पत्रकार बेवकूफ हैं। कोई चौथा स्तंभ नहीं होता, सिर्फ तीन स्तंभ ही होते हैं। उनके प्रचार और प्रसार को देखते हुए उन्हें चौथा स्तंभ कहा गया है। मीडिया में कुछ ऐसे लोग घुस गए हैं, जो गैर जिम्मेदाराना हैं, उनको ठीक करना होगा। अजय मिश्र ने अपने कुत्ते वाले बयान पर सफाई देते हुए कहा- मैंने कुत्ते वाला बयान न पत्रकारों के लिए दिया और न ही किसानों के लिए दिया। मैंने यह बयान गांव की भाषा में कही कि हम अपने रास्ते जा रहे।

    दो कौड़ी का आदमी राकेश टिकैतः केंद्रीय मंत्री

    मालूम हो कि टेनी ने सोमवार को कहा था कि राकेश टिकैत को बहुत अच्छी तरह से जानता हूं, वो दो कौड़ी का आदमी है। कई बार होता है कि कुत्ते सड़क पर भौंका करते हैं, कई बार गाड़ी के पीछे दौड़ा करते हैं। यह उनका स्वभाव होता है। इसके लिए मैं कुछ नहीं कहूंगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं ने यह बात बताई थी कि धरने के दौरान टिकैत ने मुझे और लखीमपुर को लेकर अपशब्द कहे, मुझे गुंडा कहा। टेनी ने कहा कि लोगों को मुझसे दूरी बनाकर रखनी चाहिए। हम अपने काम से काम रखते हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राकेश टिकैत के कारण यहां हिंसा हुई थी। सबसे ज्यादा चीनी लखीमपुर के किसान पैदा करते हैं। टिकैत हताश और निराश हैं। हम टिकैत से बड़े किसान हैं उनसे ज्यादा जमीन है और ट्रैक्टर हैं।

    मोदीजी! दागी मंत्रियों को कब तक बचाते रहेंगे

    कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट पर अजय मिश्र टेनी पर हमला बोला। उन्होंने लिखा- सत्ता के संरक्षण के नशे का असर देखिए: गृह राज्य मंत्री एक के बाद एक किसानों को अपमानित करने वाले बयान दिए जा रहे हैं। लखीमपुर किसान नरसंहार के पहले भी इन्होंने किसानों को धमकाया था। प्रधानमंत्रीजी! दागी मंत्रियों को कब तक बचाते रहेंगे? कब तक इनकी बदजुबानी को हौसला देते रहेंगे?

  • जिला स्तरीय शिकायत निगरानी समिति की गठित

    जिला स्तरीय शिकायत निगरानी समिति की गठित

    आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित शिकायतों का निपटारा करेगी समिति
     
    ऊना/सुशील पंडित: विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 के संचालन के दौरान राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों द्वारा आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन एवं अन्य चुनाव संबंधी शिकायतों के निपटारे के लिए जिला के समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों हेतु जिलास्तरीय शिकायत निगरानी समिति का गठन कर दिया गया है। यह जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त, ऊना राघव शर्मा ने बताया कि जिला राजस्व अधिकारी, ऊना जिला शिकायत निगरानी समिति के अध्यक्ष होंगे जबकि उप पुलिस अधीक्षक ऊना, एसई आईपीएच, एसई पीडब्ल्यूडी, एसई विद्युत विभाग, सीएमओ ऊना, डीएफओ ऊना, शिक्षा उपनिदेशक उच्च/प्राथमिक और उपमंडल अधिकारी एनएच ऊना को समिति के सदस्यों के तौर पर शामिल किया गया है।
  • भूतपूर्व सैनिकों को कल्याणकारी योजनाओं बारे किया जागरुक

    भूतपूर्व सैनिकों को कल्याणकारी योजनाओं बारे किया जागरुक

    सैनिक कल्याण केन्द्र ऊना में लगाया शिविर
    ऊना/सुशील पंडित: ज़िला सैनिक कल्याण केन्द्र ऊना में भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों व उनके आश्रितों के लिए केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा कार्यान्वित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं बारे जागरुक करने के लिए एक जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमंे जिला के विभिन्न स्थानों से आये भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों  व उनके आश्रितों को उपनिदेशक सैनिक कल्याण एसके कालिया व अधिकारी प्रतिनिधि पुनर्वास निदेशालय उधमपुर जम्मू-कश्मीर ऐ आए कर्नल जीपी सिंह ने लोगों को बताया कि राज्य व केन्द्र सरकार द्वारा सैन्य परिवारों के कल्याणार्थ अनेक जन-कल्याणकारी योजनाएं कार्यान्वित की हैं लेकिन जानकारी के अभाव में हम कई योजनाओं का लाभ नहीं उठा पाते। उन्होंने विभिन्न प्रकार की योजनाओं का जिक्र किया तथा उनसे लाभ उठाने व आस-पास व जान-पहचान में भी प्रचार-प्रसार करने का आहवान किया।

    कर्नल जेपी सिंह ने सुविधाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि भूतपूर्व सैनिकों के पुनर्वास हेतु जैसे मुर्गी पालन, मत्स्य पालन, सुरक्षा एजैंसी, मदर डेयरी, सीएनजी पम्प इत्यादि व्यवसाय खोलने हेतु आसानी ऋण उपलब्ध करवाये जा रहे हैं। इस अवसर पर कर्नल जेपी सिंह ने विभिन्न लोगों द्वारा उठाये जाने वाले प्रश्नों के सटीकता व पूर्ण विवरण सहित जबाव दिये।