Blog

  • पंजाबः 3 दिन के नवजात को बेचने की आरोपी गिरफ्तार, हैरान करने वाला हुआ खुलासा

    पंजाबः 3 दिन के नवजात को बेचने की आरोपी गिरफ्तार, हैरान करने वाला हुआ खुलासा

    पटियालाः जिले में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह से बरामद तीन दिन के मासूम को उसकी मां ने ही बेचा था। बेचने वाली उसकी मां को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला के घर की तलाशी के दौरान पुलिस ने 50 हजार रुपये की नकदी भी बरामद की। पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला ने गिरोह के साथ चार लाख रुपये में अपने बच्चे का सौदा तय किया था। इसमें से ढाई लाख रुपये गिरोह ने महिला को दे भी दिए थे, बाकी के पैसे जल्द देने की बात हुई थी।

    इस ढाई लाख रुपये में से ही फिलहाल 50 हजार की बरामदगी पुलिस ने कर ली है। पुलिस की ओर से महिला को अदालत में पेश करके उसका दो दिन का रिमांड हासिल किया गया है। इसमें और अहम खुलासे होने की उम्मीद है। आरोपी महिला की पहचान हरप्रीत कौर पत्नी मोनू निवासी संत नगर नाभा के तौर पर हुई है। पुलिस के मुताबिक महिला का परिवार आर्थिक तौर से परेशान था। प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने मजबूरी में पैसों के लिए बच्चा बेचने की बात कबूली है। 

    पुलिस की ओर से मामले में पहले गिरफ्तार सातों आरोपियों को दो दिन का रिमांड खत्म होने पर दोबारा अदालत में पेश किया। दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने आरोपी ललित कुमार निवासी सुनाम जिला संगरूर, हरप्रीत सिंह निवासी गांव संगेड़ा फेरोपती जिला बरनाला, भूपिंदर कौर निवासी त्रिपड़ी पटियाला और सजीता मूल रूप से निवासी मधेपुर बिहार और हाल निवासी सुनाम को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया, जबकि पुलिस की मांग पर बाकी आरोपियों अमनदीप कौर निवासी आनंद नगर पटियाला, बलजिंदर सिंह निवासी गांव आलोवाल जिला पटियाला व सुखविंदर सिंह उर्फ दीप निवासी कच्ची कालोनी धनास चंडीगढ़ को दोबारा से दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।

  • अब बार-बार रिजेक्‍ट नहीं होगा पीएफ क्‍लेम! पढिए नया नियम

    अब बार-बार रिजेक्‍ट नहीं होगा पीएफ क्‍लेम! पढिए नया नियम

    नई दिल्‍ली : ईपीएफ सब्‍सक्राइबर्स की एक ही शिकायत रहती है कि उन्‍हें ईपीएफ का अपना पैसे लेने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है। उनका ईपीएफ क्‍लेम कई-कई बार रिजेक्‍ट कर दिया जाता है।  कर्मचारियों की इन्‍हीं शिकायतों को देखते हुए अब ईपीएफओ (EPFO) ने जल्‍द क्‍लेम दिलाने के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। इस गाइडलाइन का सभी स्‍थानीय ईपीएफओ कार्यालयों को कड़ाई से पालन करना होगा।

    ईपीएफओ की गाइडलाइन्‍स में कहा गया है कि स्‍थानीय ऑफिस ईपीएफ क्‍लेम पर जल्‍द कार्यवाही करें और समय पर क्‍लेम सदस्‍यों को दें। साथ ही वे बार-बार क्‍लेम को रिजेक्‍ट न करें। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे बिना वजह क्‍लेम को न अटकाएं. अक्सर देखने में आया है कि कर्मचारियों का कई बार पीएफ क्लेम किसी न किसी कारणवश कैंसिल हो जाता है। कर्मचारी को पैसे की जरूरत होती है, लेकिन समय पर पैसा नहीं मिल पाता और उसे परेशानी झेलनी पड़ती है। रिपोर्ट के अनुसार, ईपीएफओ ने कहा है कि जब क्‍लेम फाइल किया जाए तो उस क्‍लेम की शुरुआत में ही पूरी जांच होनी चाहिए। क्‍लेम फाइल करते वक्‍त अगर कुछ कमियां रह गई हैं तो उसे सदस्‍य को पहली बार में ही क्‍लेम रिजेक्‍ट करते वक्‍त बता देना चाहिए। अब तक होता यह है कि एक क्‍लेम कई बार अलग-अलग कारण बताकर रिजेक्‍ट कर दिया जाता है। इससे क्‍लेम मिलने में देरी तो होती ही है, साथ ही कर्मचारी को परेशानी भी होती है.तय समय में हो क्‍लेम प्रोसेस।

    ईपीएफओ की नई गाइडलाइन्‍स में कहा गया है कि फील्‍ड कार्यालय एक ही कारण से रिजेक्‍ट किए गए सभी क्‍लेम जोनल ऑफिस को समीक्षा के लिए भेजेंगे. तय समय में ही क्‍लेम को प्रोसेस किया जाएगा। अगर कोई क्‍लेम एक बार रिजेक्‍ट होने के बाद दोबारा फाइल किया जाता है तो उसे कोई और कारण बताकर रिजेक्‍ट नहीं किया जाएगा। क्‍लेम की सभी कमियां एक बार में ही क्‍लेम फाइल करने वाले कर्मचारी को अब बतानी होगी। क्‍लेम मिलने में देरी होने की लंबे समय से शिकायतें आ रही हैं. कर्मचारियों का कहना है कि ईपीएफओ के स्‍थानीय और जोनल ऑफिस क्‍लेम को प्रोसेस करने में बहुत समय लेते हैं।

  • आज का राशिफल, 9 दिसंबर 2022

    आज का राशिफल, 9 दिसंबर 2022

    मेष: नई योजना बनेगी। कार्यप्रणाली में सुधार होगा। किसी विशेष क्षेत्र में सामाजिक कार्य करने की इच्छा रहेगी। प्रभाव क्षेत्र में वृद्धि होगी। निवेश शुभ रहेगा। कोई पुरानी व्याधि परेशानी का कारण बनेगी। विरोधी सक्रिय रहेंगे। कोई बड़ी समस्या से सामना हो सकता है।

    वृष: निवेश शुभ रहेगा। नौकरी में तरक्की के योग हैं। व्यापार की गति बढ़ेगी। लाभ में वृद्धि होगी। प्रमाद न करें। बकाया वसूली के प्रयास सफल रहेंगे। व्यावसायिक यात्रा मनोनुकूल लाभ देगी। लाभ के मौके बार-बार प्राप्त होंगे। विवेक का प्रयोग करें। बेकार बातों में समय नष्ट न करें।

    मिथुन: व्यापार-व्यवसाय ठीक चलेगा। निवेश शुभ रहेगा। दूसरों के काम में हस्तक्षेप न करें। चोट व रोग से बचें। सेहत का ध्यान रखें। दुष्टजन हानि पहुंचा सकते हैं। लाभ में वृद्धि होगी। प्रसन्नता रहेगी। धर्म-कर्म में रुचि बढ़ेगी। कोर्ट व कचहरी के अटके कामों में अनुकूलता आएगी।

    कर्क: कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। ऐसा कोई कार्य न करें जिससे बाद में पछताना पड़े। जोखिम न लें। बोलचाल में हल्के शब्दों के प्रयोग से बचें। प्रतिद्वंद्विता कम होगी। शत्रु सक्रिय रहेंगे। जीवनसाथी के स्वास्थ्य की चिंता रहेगी। वाहन व मशीनरी के प्रयोग में लापरवाही न करें।

    सिंह: हल्की हंसी-मजाक किसी से भी न करें। नकारात्मकता रहेगी। अकारण क्रोध होगा। फालतू खर्च होगा। चिंता तथा तनाव रहेंगे। बेवजह कहासुनी हो सकती है। जोखिम न लें। आंखों को चोट व रोग से बचाएं।

    कन्या: नौकरी में प्रभाव बढ़ेगा। शेयर मार्केट में सोच-समझ्कर निवेश करें। संपत्ति के कार्य बड़ा लाभ दे सकते हैं। झंझटों से दूर रहें। घर-बाहर प्रसन्नता बनी रहेगी। रोजगार में वृद्धि तथा बेरोजगारी दूर होगी। आर्थिक उन्नति के प्रयास सफल रहेंगे। संचित कोष में वृद्धि होगी।

    तुला: विद्यार्थी वर्ग सफलता प्राप्त करेगा। व्यापार मनोनुकूल रहेगा। नौकरी में कार्य की प्रशंसा होगी। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। व्यस्तता के चलते स्वास्थ्य खराब हो सकता है। प्रमाद न करें। किसी आनंदोत्सव में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। यात्रा लाभदायक रहेगी।

    वृश्चिक: घर-बाहर सहयोग प्राप्त होगा। भेंट व उपहार की प्राप्ति संभव है। बेरोजगारी दूर होगी। अचानक कहीं से लाभ के आसार नजर आ सकते हैं। किसी बड़ी समस्या से निजात मिलेगी। निवेश व नौकरी मनोनुकूल लाभ देंगे। अप्रत्याशित खर्च सामने आएंगे। कर्ज लेना पड़ सकता है। मस्तिष्क पीड़ा हो सकती है।

    धनु: जल्दबाजी में कोई काम न करें। पुराना रोग परेशानी का कारण बन सकता है। कोई आवश्यक वस्तु गुम हो सकती है। चिंता तथा तनाव रहेंगे। कुंआरों को वैवाहिक प्रस्ताव मिल सकता है। प्रयास सफल रहेंगे। निवेश शुभ रहेगा। नौकरी में उन्नति होगी। व्यापार लाभदायक रहेगा। प्रमाद न करें।

    मकर: व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। रोजगार प्राप्ति के प्रयास सफल रहेंगे। अप्रत्याशित लाभ हो सकता है। कारोबार में मनोनुकूल लाभ होगा। प्रमाद न करें। किसी भी निर्णय को लेने में जल्दबाजी न करें। भ्रम की स्थिति बन सकती है। लेन-देन में सावधानी रखें। थकान व कमजोरी महसूस होगी।

    कुंभ: प्रयास अधिक करना पड़ेंगे। व्यवसाय ठीक चलेगा। आय में कमी रह सकती है। दु:खद समाचार की प्राप्ति संभव है। व्यर्थ भागदौड़ रहेगी। काम में मन नहीं लगेगा। बेवजह विवाद की स्थिति बन सकती है। दूसरों के उकसाने में न आकर महत्वपूर्ण निर्णय स्वयं लें, लाभ होगा।

    मीन: जीवनसाथी से सहयोग प्राप्त होगा। व्यापार-व्यवसाय मनोनुकूल रहेगा। घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी। शेयर मार्केट से लाभ होगा। नौकरी में उच्चाधिकारी प्रसन्न रहेंगे। भाग्य का साथ रहेगा। सभी काम पूर्ण होंगे। जल्दबाजी न करें। कोर्ट व कचहरी में लंबित कार्य पूरे होंगे।कीमती वस्तु गुम हो सकती है। पुराना रोग उभर सकता है। दूसरों के झगड़ों में न पड़ें।

  • जालंधर: इस इलाके में माहौल तनावपूर्ण, भारी पुलिस फोर्स तैनात, देखे वीडियो

    जालंधर: इस इलाके में माहौल तनावपूर्ण, भारी पुलिस फोर्स तैनात, देखे वीडियो

    जालंधर, (वरुण/हर्ष): मॉडल टाउन स्थित लतीफपुरा में अवैध रैन बसेरे को खाली कराने के कारण भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। इस दौरान इलाके के कुछ रास्तों को बंद कर कर पुलिस ने अवैध इमारतों को गिराने का काम शुरू कर दिया। वहीं दूसरी ओर अवैध इमारतों को गिराने के काम के चलते लतीफपुरा लोगों के साथ किसान जत्थेबंदियों वहां पहुंच गई है।

    जिसके चलते पुलिस और किसान जत्थेबंधिया सहित लोग आमने-सामने हो गए। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के बाद पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशों पर यह कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को लेकर पीएपी और पुलिस लाइन के अलावा शहर के विभिन्न पुलिस थानों के करीब 600 पुलिस कर्मचारी और अधिकारी मौजूद है।

    बता दें कि भारत पाकिस्तान बटवारे के समय ये आए लोगों ने यहां अपना रैन बसेरा बनाया हुआ था। जिस पर आज भारी पुलिस फोर्स के साथ अवैध इमारतों को गिराने की कार्रवाई की जा रही है।

    इस दौरान विरोध कर रहे लोगों को पुलिस ने हिरासत में लेना शुरू कर दिया है। वीडियो में आप देख सकते हैं कि कैसे महिलाएं अपने उजड़ते आशियाने को देख रोती हुई नजर आ रही है। इस दौरान उनके साथ किसान जत्थेबंदी भी ट्रस्ट की कार्रवाई का डटकर विरोध कर रहे है, उनका कहना है कि वह पिछले कइ दशकों से इस जमीन पर रह रहें हैं परंतु अब उन्हें घर से बेघर किया जा रहा है। वह लोग मर जाएंगे परंतु अपने घरों को छोड़कर नही जाएंगे।

  • पंजाब: मामूली तकरार को लेकर चली गोलियां,  एक घायल, देखें वीडियो

    पंजाब: मामूली तकरार को लेकर चली गोलियां, एक घायल, देखें वीडियो

    अमृतसर: जिले में छोटी सी बहस को लेकर गोली चलने का मामला सामने आया है। इस घटना में एक नौजवान घायल हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं पुलिस के हाथ एक सीसीटीवी फुटेज लगी है, जिसके आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि बहुत जल्द आरोपी सलाखों के पीछे होगा। घटना अमृतसर के क्रिस्टल चौक की बताई जा रही है, जहां पर दो धड़ों के झगड़े दौरान गोलियां तक चल गईं।

    इस संबंधी जानकारी देते लवप्रीत सिंह ने बताया कि वह एयरपोर्ट से यात्रियों को लेकर आ रहा था कि क्रिस्टल चौक नजदीक बिजली की तारों को लेकर टैंपू कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। इस दौरान एक होटल के कारिंदें द्वारा उसके साथ गाली गलौच की जाने लगी। इस दौरान वह होटल के कारिंदें के साथ बात कर ही रहा था कि उस पर हमला कर दिया गया, जिसके बाद होटल के किसी कारिंदे ने उस पर गोलियां चला दीं, जोकि उसके पैर में लगी। मौके पर उसके अन्य साथी भी पहुंच गए और माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।

    जिसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की छानबीन में जुट गई। इस मामले में डीसीपी इन्वैस्टीगेशन मुखविन्दर सिंह भुल्लर ने कहा कि अमृतसर के क्रिसटल चौक के नजदीक एक होटल के बाहर गोली चलने का मामला सामने आया है, जिसकी जांच जारी है। सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं लेकिन अभी इस मामले में किसी की गिरफ्तारीं हुई है

  • जालंधरः चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले 2 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    जालंधरः चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले 2 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    290 ग्राम सोना, 9220 पाऊंड और स्विफ्ट गाड़ी बरामद

    जालंधर (वरुण)। कमिश्नरेट पुलिस ने चोरी की वारदात को ट्रेस करते हुए विदेशी करंसी, स्विफ्ट गाड़ी और सोने के गहनों सहित 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 

    आरोपियों की पहचान हरप्रीत सिंह पुत्र परमजीत सिंह, परमवीर सिंह पुत्र बलदेव सिंह दोनों वासी गांव रानीपुर रावलपिंडी के रूप में हुई है। जानकारी देते हुए सीपी एस भुपति, डीसीपी जसकिरनजीत सिंह तेजा, एडीसीपी कवंलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि थाना रामामंडी की पुलिस पार्टी 2 दिसंबर को काकी पिंड चौक पर मौजूद थी। इस दौरान उन्हें सूचना मिली की रोशन लाल शर्मा पुत्र मुल्कराज शर्मा वासी बाबा बुड्डा जी नगर के घर चोरी की घटना हुई है। चोर घर से 10 हजार पाऊंड की विदेशी करंसी, सोने के अभूषण और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। 

    जिस पर कार्रवाई करते हुए एसीपी परमजीत सिंह की अगुवाई में सीआईए 1 और ए.एन.सी की पुलिस पार्टियों ने संयुक्त टीम बनाकर उक्त आरोपियों को 290 ग्राम के सोने के अभूषण, 9220 पाऊंड और वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट गाड़ी सहित काबू कर लिया।  जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दोनों आरोपी इलैक्ट्रीशन का काम करते है और शिकायकर्ता के घर के नजदीक बिजली का काम कर रहे थे। इस दौरान आरोपियों ने चोरी का प्लान बनाकर घटना को अंजाम दिया। आरोपी हरप्रीत के ऊपर पहले भी कई मुकद्दमें दर्ज है।

  • गुजरात चुनावः भाजपा ने बनाया नया रिकॉर्ड, जाने आप को कितने प्रतिशत पढ़े वोट

    गुजरात चुनावः भाजपा ने बनाया नया रिकॉर्ड, जाने आप को कितने प्रतिशत पढ़े वोट

    गुजरातः भाजपा ने 156 सीटों के साथ जीत का नया रिकॉर्ड बना दिया है। कांग्रेस ने 1985 में माधव सिंह सोलंकी की अगुआई में 149 विधानसभा सीटें जीती थीं। वहीं, नरेंद्र मोदी के CM रहते भाजपा ने 2002 के चुनाव में 127 सीटें जीती थीं। इस जीत के साथ भाजपा ने दोनों रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। CM भूपेंद्र पटेल 12 दिसंबर को गांधीनगर में विधानसभा के पीछे हेलीपैड मैदान में शपथ लेंगे। गुजरात में तो भाजपा ने परचम लहराया ही है, लेकिन मोरबी की जीत पार्टी के लिए खास है। मोरबी में पहले फेज में 1 दिसंबर को वोटिंग हुई थी। चुनाव से ठीक 31 दिन पहले 30 अक्टूबर को यहां मच्छू नदी पर बना फुट ब्रिज टूटने से 143 लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद PM मोदी भी हादसे की जगह पर गए थे।

    आम आदमी पार्टी गुजरात में महज 5 सीटें जीत सकी है। उसके ​​​​तीनों बड़े नेता चुनाव हार गए हैं। इनमें मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार इसुदान गढ़वी, प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया और पाटीदार नेता अल्पेश कथीरिया शामिल हैं। आम आदमी पार्टी ने जमजोधपुर, विसावदर, बोटाद, गरियाधर पर अपनी जीत दर्ज की है। इसके बावजूद वोट शेयर के आधार पर आप को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिल गया है। अब पार्टी पूरे देश में अपने नाम और चुनाव चिह्न के साथ लड़ सकेगी। 

    असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने पहली बार गुजरात विधानसभा चुनाव में हिस्सा लिया था। AIMIM ने कुल 13 में से 2 हिंदू कैंडिडेट भी मैदान में उतारे थे। पार्टी के सभी कैंडिडेट चुनाव हार गए हैं। वडोदरा की वाघोडिया सीट से भाजपा के बागी मधु श्रीवास्तव भी चुनाव हार गए हैं। कुतियाणा में लेडी डॉन संतोकबेन जडेजा के बेटे कांधल जडेजा निर्दलीय कैंडिडेट के तौर पर चुनाव जीत गए हैं। भाजपा को 2017 के मुकाबले 58 सीटों का फायदा हुआ है। वहीं, कांग्रेस को सबसे ज्यादा 60 सीटों का नुकसान हुआ है। पार्टी ने पिछली बार 77 सीटें जीती थीं। इस बार उसे 17 सीटें ही मिली हैं। निर्दलीय और अन्य कैंडिडेट्स ने गुजरात में 4 सीटें जीती हैं। दिलचस्प बात यह है चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी ने कहा था- नरेंद्र का रिकॉर्ड भूपेंद्र तोड़ेंगे। चुनाव नतीजों में बिलकुल यही नजर आ रहा है।

  • दून विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के रामकुमार जीते

    दून विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के रामकुमार जीते

    भाजपा के परमजीत पम्मी को हराया

    बददी/सचिन बैंसल :  दून विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के राम कुमार चौधरी विजय रहे हैं । राम कुमार चौधरी ने भाजपा के मौजूदा विधायक परमजीत पम्मी को 6811 मतों से पराजित किया। मतगणना नालागढ़ के सरकारी कॉलेज में की गई । मतगणना में कुल सात राउंड रखे गए थे सातों ही राउंड में कांग्रेस के राम कुमार चौधरी लीड में रहे। जिसके साथ अंत में कांग्रेस ने दून विधानसभा क्षेत्र में बाजी मारी।
    दून विधानसभा क्षेत्र के कुल 6 प्रत्याशी मैदान में थे। जिसमे कांग्रेस से राम कुमार, भाजपा से परमजीत सिंह पम्मी, आम आदमी पार्टी से स्वर्ण सिंह सैनी, राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी से बलबंत ठाकुर, बहुजन समाज पार्टी से नगेन्द्र सिंह और एक आज़ाद उम्मीदवार देसराज चौहान मैदान में थे। 12 नवम्बर को हुए मतदान में दून विधानसभा क्षेत्र में कुल 71563 वोट में से 61004 वोट डाले गए थे ओर 8 दिसम्बर को नतीजा यह रहा कि कांग्रेस सबसे आगे रही। 

    किसको कितने वोट पड़े

    कांग्रेस के राम कुमार -32038
    भाजपा के परमजीत सिंह पम्मी- 25227
    आमआदमी पार्टी के स्वर्ण सिंग सैणी – 659
    राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के बलबंत ठाकुर-1425
    बसपा के नगेन्द्र सिंह -276
    आज़ाद देसराज चौहान-1895
    नोटा -222

    “क्या बोले राम कुमार”

    जीतने के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए राम कुमार चौधरी ने कहा कि ये जीत मेरी नही बल्कि जनता की जीत है। उन्होंने कहा कि ” जो पानी से नहाते है वो लिबास बदलते हैं, जो पसीने से नहाते है वो इतिहास बदले है। उन्होंने कहा कि भाजपा कहती थी कि अगर कोई विधायक दून क्षेत्र में हार जाता है तो वह दोबारा विधायक नहीं बनता। उन्होंने कहा कि आज इस जीत ने  भाजपा को करारा जवाब दिया है कि आज दून में कांग्रेस ने द्वारा अपनी जीत दर्ज कर इस इतिहास को भी बदल दिया है।
  • मुकेश अग्नीहोत्री पांचवी बार विधायक बने, ऊना में बीजेपी को सिर्फ एक सीट

    मुकेश अग्नीहोत्री पांचवी बार विधायक बने, ऊना में बीजेपी को सिर्फ एक सीट

    जयराम कैबिनेट के 8 मंत्री हारे, सिर्फ तीन को मिली जीत

    ऊना/सुशील पंडित: ऊना जिले में कांग्रेस ने भाजपा का सूपड़ा साफ कर दिया है। पांच में से चार सीटों पर कांग्रेस ने कब्जा कर लिया है। सिर्फ ऊना विधानसभा क्षेत्र में सतपाल सत्ती 1736 वोटों से जीतकर भाजपा की लाज बचा पाए। सत्ती ने कांग्रेस के सतपाल सिंह रायजादा को हराया। पिछले चुनाव में मिली हार का उन्होंने हिसाब चुकता कर दिया।

    वहीं नई सरकार में मुख्यमंत्री पद के दावेदार मुकेश अग्नीहोत्री पांचवी बार जीतकर विधानसभा जा रहे हैं। उन्होंने हरोली में भाजपा प्रत्याशी राम कुमार को लगातार तीसरी बार चुनाव में शिकस्त दी। 2012 में मुकेश 5172, 2017 में 7377 और 2022 के चुनाव में इस बार 9148 वोटों से जीते हैं।

    इसके अलावा कुटलैहड़ में कांग्रेस की जीत का सूखा 33 वर्ष बाद 7579 वोटों से मिट गया। वहां कांग्रेस उम्मीदवार दविंदर भुट्टों ने चार बार के विधायक और मौजूदा मंत्री विरेंद्र कंवर को हराकर जीत का परचम लहराया। चिंतपुर्णी में भाजपा के बलबीर सिंह चौधरी को कांग्रेस के सुदर्शन बबलू ने 4858 वोटों से हराया।
    ऊना जिले में सबसे बड़ी जीत हासिल की है गगरेट के युवा कांग्रेस नेता चैतन्य शर्मा ने। चैतन्य ने भाजपा विधायक राजेश ठाकुर को एक तरफा मुकाबले में 15685 वोटों के अंतर से हराया। इससे पहले वह जिला परिषद का चुनाव भी रिकॉर्ड मतों से जीतकर राजनीति में आए थे।
    कांग्रेस ने 29 वर्ष बाद ऊना में चार सीटें जीतने का रिकॉर्ड दोहराया है। इस बार ऊना की पांच में से तीन सीटों पर नए चेहरे चुनाव जीतकर आए हैं। चिंतपूर्णी से सुदर्शन बबलू, कुटलैहड़ से दविंदर भुट्टो और गगरेट से चैतन्य शर्मा पहली बार चुनाव लड़कर विधानसभा पहुंचे हैं।
    वहीं हिमाचल के नतीजों की बात करें तो खबर लिखे जाने तक कांग्रेस पार्टी 39 सीटें जीतकर एक पर बढ़त बनाए हुए थी। यानी 40 सीटें जीतकर कांग्रेस सरकार बनाती दिख रही है। वहीं बीजेपी शाम तक 18 सीटें जीतकर 7 पर आगे चल रही थी। पार्टी अधिक से अधिक 25 सीटें जीत सकती है। अन्य के खाते में 3 सीटें आई हैं। जीते हुए तीनों उम्मीदवार आजाद चुनाव लड़ रहे थे। इस बार भी आम आदमी पार्टी का हिमाचल प्रदेश में खाता नहीं खुल पाया। वहीं स्वर्ण आंदोलन से निकलकर चुनाव से ठीक पहले बनी राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी कोई भी सीट नहीं जीत पाई है।

    कैबिनेट के सिर्फ तीन चेहरे चुनाव जीते

    भाजपा की हार का सबसे बड़ा कारण उसके बड़े चेहरों का हारना भी रहा। जयराम कैबिनेट के सिर्फ तीन चेहरे ही इस बार विधानसभा पहुंच रहे हैं। इनमें सिराज से स्वयं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जिन्होंने हिमाचल प्रदेश में अब तक की सबसे बड़ी जीत हासिल की है। खबर लिखे जाने तक वह अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के चेत राम से 38183 वोटों से आगे थे। उनके अलावा जसवां प्रागपुर से उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर और पांवटा साहिब से बिजली मंत्री सुखराम चौधरी ही अपनी सीट बचा पाए। हारे हुए कैबिनेट मंत्रियों में विरेंद्र कंवर, गोविंद ठाकुर, राजीव सेजल, राकेश पठानिया, सरवीन चौधरी, राजेंद्र गर्ग, राम लाल मारकंडा, सुरेश भारद्वाज और पूर्व कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर भी अपना क्षेत्र बचा नहीं पाए। ठाकुर खुद तो चुनाव नहीं लड़े लेकिन बीजेपी ने उनके बेटे रजत ठाकुर को टिकट दी थी। रजत को कांग्रेस के चंद्र शेखर ने 3026 वोटों से हराया।
  • जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना शांतिपूर्ण संपन्न

    जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना शांतिपूर्ण संपन्न

    ऊना/सुशील पंडित: ऊना जिला में विधानसभा चुनाव-2022 की मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण सम्पन्न हुई तथा सभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों के चुनाव परिणाम घोषित किए जा चुके हैं। निर्वाचन अधिकारी चिंतपुणी विधानसभा क्षेत्र डॉ मदन कुमार ने बताया कि चिंतपुर्णी विस से कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार सुदर्शन सिंह बबलू विजयी घोषित हुए हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार बलबीर सिंह को 4854 मतों से हराया। सुदर्शन सिंह बबलू को 32712 मत प्राप्त हुए जबकि बलबीर सिंह को 27854 मत प्राप्त हुए। बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार वीरेन्द्र कुमार को 226 मत, आम आदमी पार्टी के रामपाल को 767 मत, आजाद उम्मीदवार केवल कुमार को 158 मत तथा नोटा के पक्ष में 355 मत पड़े। निर्वाचन अधिकारी गगरेट विधानसभा क्षेत्र सोमिल गौतम ने बताया कि गगरेट विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी चैतन्य शर्मा विजयी रहे। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार राजेश ठाकुर को 15685 मतों से हराया।

    चैतन्य शर्मा को 40767 जबकि राजेश शर्मा को 25082 मत प्राप्त हुए। इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार लेखराज कतनोरिया को 97, आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार मनोहर लाल डढवाल को 145 मत, हिमाचल जन क्रांति पार्टी के उम्मीदवार रघुवीर सिंह को 45, राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के उम्मीदवार विनोद डढवाल को 125 मत तथा नोटा के पक्ष में 404 मत पड़े।

    निर्वाचन अधिकारी हरोली विधानसभा क्षेत्र विकास शर्मा ने बताया कि हरोली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार मुकेश अग्निहोत्री विजयी रहे। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार राम कुमार को 9148 मतों से हराया। मुकेश अग्निहोत्री को 38652 मत जबकि राम कुमार को 29504 मत प्राप्त हुए। बहुजन समाज पाटी के नरेश कुमार को 636, राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के अश्वनी कुमार राणा को 290, आम आदमी पार्टी के रविन्द्र पाल सिंह मान को 601 तथा नोटा के पक्ष में 175 मत पड़े। 

    निर्वाचन अधिकारी ऊना विधानसभा क्षेत्र डॉ निधि पटेल ने बताया कि ऊना विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार सतपाल सिंह सत्ती विजयी रहे। उन्होंने कांग्रेस पाटी के उम्मीदवार सतपाल सिंह रायजादा को 1736 मतों से हराया। सतपाल िंसह सत्ती को 33974 मत जबकि सतपाल सिंह रायजादा को 32238 मत पड़े। इसके अलावा बीएसपी के उम्मीदवार रमेश चंद को 341, आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार राजीव गौतम को 737, आजाद उम्मीदवार कमल कुमार व चंद्रमोहन को क्रमशः 162 व 185 मत तथा नोटा के पक्ष में 240 मत पड़े।
    निर्वाचन अधिकारी कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र योगराज धीमान ने बताया कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार देवेन्द्र कुमार विजयी रहे। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार वीरेन्द्र कंवर को 7579 मतों से हराया। देवेन्द्र कुमार को 36636 तथा वीरेन्द्र कंवर को 29057 मत प्राप्त हुए। इसके अलावा आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार अनिल कुमार मनकोटिया को 596, आजाद उम्मीदवार कैप्टन जयदयाल सिंह पाल को 141 तथा नोटा के पक्ष में 378 मत पड़े।