उन्होंने बताया कि ‘आईना’ प्रदेश की पहली पूर्णतः वायरलेस कमांड एंड कंट्रोल प्रणाली है। सेंटर में स्थापित 19 बड़ी एलईडी वीडियो वॉल के माध्यम से पूरे विधानसभा क्षेत्र की गतिविधियों की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। सिस्टम में तीन माह तक का डेटा सुरक्षित रखने की क्षमता है, जबकि किसी प्रकार की छेड़छाड़ की स्थिति में भी आठ घंटे तक का डेटा सुरक्षित रिकॉर्ड होता रहेगा। उन्होंने बताया कि लगभग 1.50 करोड़ रुपये की लागत से सात इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) भी स्थापित किए गए हैं, जो यातायात प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों एवं अपराधियों की पहचान में पुलिस के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक से लैस यह व्यवस्था अपराध नियंत्रण को और मजबूत करने के साथ-साथ आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास भी बढ़ाएगी।