Blog

  • महंगाई की मार : आसमान छू रहे सब्जियों और दालों के दाम

    महंगाई की मार : आसमान छू रहे सब्जियों और दालों के दाम

    नई दिल्ली : उत्तर भारत के राज्यों में इस समय गर्मी से बुरा हाल है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान सहित उत्तर पश्चिमी मैदानी क्षेत्र में तापमान 45 डिग्री के पार जा चुका है। प्रचंड गर्मी के साथ ही लू भी चल रही है। इसका सीधा असर सब्जियों और दालों की कीमतों पर भी देखने को मिल रहा है। पिछले कुछ महीनों से मांग बढ़ने और सप्लाई कम होने के चलते सब्जियों की कीमतें आसमान छू रही हैं। अब इस झुलसाती गर्मी ने कीमतों में उबाल ला दिया है। आलू, टमाटर, प्याज, अदरक और लहसुन के भाव तेजी से बढ़े हैं। इससे लोगों की रसोई का बजट काफी बढ़ गया है। 

    सब्जियों की महंगाई सबसे अधिक अस्थिर होती है। यह अनियमित मौसम जैसे- लू, भारी बारिश और फसल खराब होने जैसे कारणों के चलते बढ़ती है। जब खराब मौसम होता है, तो सप्लाई प्रभावित होती है और भाव बढ़ जाते हैं। हालांकि, ओवरऑल खुदरा महंगाई अप्रैल में 11 महीने के निचले स्तर 4.8 फीसदी पर आ गई लेकिन सब्जियों और दालों के भाव लगातार ऊपर बने हुए हैं। दाल और सब्जियों की मांग लगातार बढ़ रही है, जबकि सप्लाई धीमी है। खराब मौसम से सब्जियों की कीमतों पर काफी असर पड़ता है। लू चलती रही, तो कीमतें काफी बढ़ जाएंगी।

  • पीठासीन, सहायक पीठासीन व मतदान अधिकारियों की दूसरी रिहर्सल 23- 24  मई  को

    पीठासीन, सहायक पीठासीन व मतदान अधिकारियों की दूसरी रिहर्सल 23- 24  मई  को

    ऊनासुशील पंडित :लोकसभा चुनावों और दो विधानसभा उप चुनावों को लेकर तैनात किए गए मतदान कर्मियों के लिए दूसरे चरण की रिहर्सल 23-24 मई को होगी। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त जतिन लाल ने दी।


    उन्होंने बताया कि 41 चिंतपूर्णी निर्वाचन क्षेत्र(एससी) में नियुक्त किए गए पीठासीन अधिकारी और सहायक पीठासीन अधिकारियों के लिए दूसरे चरण की रिहर्सल 23 मई को तथा मतदान अधिकारियों की 24 मई को महाराणा प्रताप राजकीय डिग्री कॉलेज अम्ब, 42 गगरेट निर्वाचन क्षेत्र के लिए पीठासीन अधिकारी और सहायक पीठासीन अधिकारियों की रिहर्सल 23 मई को और पोलिंग अधिकारियों की 24 मई को डॉ बीआर अम्बेडकर, राजकीय पॉलिटेक्निक, अम्बोटा में होगी। 43 हरोली निर्वाचन क्षेत्र के लिए नियुक्त पीठासीन अधिकारी और सहायक पीठासीन अधिकारियों की 23 मई को और मतदान अधिकारियों की 24 मई को कौशल विकास केंद्र पालकवाह में, 44 ऊना निर्वाचन क्षेत्र के लिए पीठासीन अधिकारी और सहायक पीठासीन अधिकारियों की दूसरे लेवल की टेªनिंग 23 मई को और पोलिंग ऑफिसर की 24 मई को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ऊना और 45 कुटलैहड़ निर्वाचन क्षेत्र में तैनात पीठासीन अधिकारी और सहायक पीठासीन अधिकारियों के लिए दूसरे चरण की रिहर्सल 23 मई को तथा मतदान अधिकारियों की 24 मई को एबीवी राजकीय डिग्री कॉलेज बंगाणा में होगी।

  • पंजाबः पूर्व DGP वीके भावरा की याचिका पर केंद्र, पंजाब सरकार और डीजीपी को नोटिस जारी

    चंडीगढ़ः  पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने पूर्व डीजीपी वीके भावरा मामले में पंजाब सरकार, केंद्र सरकार व डीजीपी गौरव यादव को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। हाई कोर्ट के जस्टिस दीपक सिब्बल व दीपक मनचंदा ने यह आदेश पंजाब के पूर्व डीजीपी वीके भावरा की याचिका पर सुनवाई करते हुए जारी किया है। दरअसल, भावरा ने अपनी याचिका में पिछले दिनों केंद्रीय एडमिनिस्ट्रेशन ट्रिब्यूनल (कैट) द्वारा जारी उस आदेश को चुनौती दी है जिसमे कैट ने पंजाब के डीजीपी गौरव यादव की नियुक्ति को सही ठहराते हुए भावरा की याचिका को खारिज कर दिया था।

    वी के भावरा ने गौरव यादव की नियुक्ति के खिलाफ कैट में दाखिल याचिका में कहा था कि गौरव यादव की डीजीपी पद पर नियुक्ति यूपीएससी के प्राविधान और प्रक्रिया के तहत नही की गई है इतना ही नहीं इस नियुक्ति पर केंद्रीय गृह मंत्रालय भी पंजाब सरकार को पत्र लिख डीजीपी पद पर तय नियमों के तहत नियुक्ति करने की बात कह चुका है। याचिका के अनुसार भावरा 1987 बेच के हैं तो गौरव यादव 1992 बेच के आईपीएस अधिकारी है , इस लिहाज से गौरव यादव उनसे जूनियर हैं और इस नियुक्ति में सिनियोरिटी को दरकिनार किया गया है।

    पंजाब एक बॉर्डर स्टेट हैं और बेहद संवेदनशील भी इसलिए यहां डीजीपी के पद पर तय प्रक्रिया के तहत ही नियुक्ति की जानी चाहिए। किसी को कार्यकारी डीजीपी नियुक्त नहीं किया जाना चाहिए। कैट ने पिछले दिनों भावरा की याचिका को खारिज करते हुए कहा था कि हालांकि गौरव यादव जुलाई 2022 से इस पद पर हैं और उनकी नियुक्ति को करीब 2 साल हो चुका है, लेकिन उनकी नियुक्ति के खिलाफ पिछले साल करीब एक साल बाद यह याचिका दाखिल की गई थी। जिसे देरी से याचिका दाखिल करने के आधार पर खारिज कर दिया था। हाई कोर्ट में दायर याचिका मेें भावरा ने कहा कि कैट ने गलत तथ्यों के आधार पर उसकी याचिका को देरी से दाखिल करने के आधार पर खारिज किया है जो उचित नहीं है।

    कोर्ट से आग्रह किया गया कि वह कैट के आदेश को रद्द कर डीजीपी गौरव यादव की जगह उन्हे डीजीपी (हेड ऑफ फोर्स) नियुक्त करने के आदेश दे। बता दें, गौरव यादव पंजाब पुलिस के वर्तमान पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) हैं। वह 1992 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी हैं और डीजीपी वीरेश कुमार भावरा को छुट्टी पर भेजे जाने के बाद उन्हें कार्यवाहक डीजीपी नियुक्त किया गया है।यादव पंजाब पुलिस विभाग में कार्यवाहक डीजीपी के रूप में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले पहले अधिकारी हैं। ध्यान रहे कि भावरा की सेवानिवृत्ति इसी माह 31 मई को है जबकि गौरव यादव 30 अप्रैल 2029 तक सेवा में रहेंगे । हाई कोर्ट में इस मामले में अगली सुनवाई चार जुलाई को होगी।

  • NIA ने आतंकी अर्श डल्ला के खिलाफ लिया एक्शन

    चंडीगढ़ः राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने पंजाब और दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में आतंकी हमलों की साजिश का हिस्सा बने कनाडा स्थित खालिस्तान समर्थक आतंकवादी अर्शदीप सिंह और उसके तीन सहयोगियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया है। यह कार्रवाई पंजाब और दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में आतंकवादी हमलों को अंजाम देने के लिए अर्श डल्ला द्वारा संचालित स्लीपर सेल को नष्ट करने के लिए है।कनाडा स्थित अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डल्ला और उसके भारतीय एजेंटों हरजीत सिंह उर्फ हैरी मौर, रविंदर सिंह उर्फ राजविंदर सिंह उर्फ हैरी राजपुरा और राजीव कुमार उर्फ शीला पर एनआईए विशेष अदालत, नई दिल्ली में आरोप पत्र दायर किया गया है।

    डल्ला के तीनों सहयोगी उसके निर्देश पर भारत में एक बड़ा आतंकी-गैंगस्टर सिंडिकेट चला रहे थे। एनआईए ने कहा कि आरोपी मौर और राजपुरा स्लीपर सेल के रूप में काम कर रहे थे और उन्हें राजीव कुमार द्वारा पनाह दी जा रही थी। तीनों ने डल्ला के निर्देश पर और उससे प्राप्त धन से कई आतंकी हमलों को अंजाम देने की योजना बनाई थी। मौर और राजपुरा गिरोह के शूटर थे और उन्हें लक्षित हत्याओं को अंजाम देने का काम सौंपा गया था, जबकि राजीव कुमार उर्फ शीला को हैरी मौर और हैरी राजपुरा को शरण देने के लिए अर्श डल्ला से धन मिल रहा था।

    एनआईए की जांच से यह भी पता चला है कि कुमार डल्ला के निर्देश पर अन्य दो के लिए रसद सहायता और हथियारों की व्यवस्था भी कर रहा था। जांच एजेंसी ने मौर और राजपुरा को 23 नवंबर, 2023 को और कुमार को 12 जनवरी, 2024 को गिरफ्तार किया था।

  • कनाडा से बाहर निकाले जाएंगे सैकड़ों भारतीय छात्र !

    कनाडा से बाहर निकाले जाएंगे सैकड़ों भारतीय छात्र !

    नई दिल्ली : कनाडा के एक प्रांत प्रिंस एडवर्ड आइलैंड में सैकड़ों भारतीय छात्र विरोध प्रदर्शन कर रहे है। क्योंकि प्रांतीय आव्रजन नियमों में अचानक बदलाव के बाद उन्हें जबरन भारत भेजा जा रहा है। हालाँकि भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने कहा है कि उसके पास इस मुद्दे पर कोई रिपोर्ट या अपडेट नहीं है। कनाडा में प्रिंस एडवर्ड आइलैंड ने आप्रवासियों को सीमित करने के लिए अपनी आप्रवासन नीति में बदलाव किया है और आव्रजन नियमों में अचानक बदलाव के खिलाफ कनाडा में भारतीय छात्र विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि भारत सरकार ने  इस बारे में किसी भी तरह की जानकारी मिलने से इनकार किया है कि सैकड़ों लोगों को कनाडा से निर्वासन का सामना करना पड़ेगा। 

    इसको लेकर चल रहा भारतीय छात्रों का विरोध दूसरे सप्ताह में प्रवेश कर गया है। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि वे अपने अधिकारों के लिए लड़ना जारी रखेंगे क्योंकि यह “अभी या कभी नहीं” वाली स्थिति है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा “बड़ी संख्या में छात्र पढ़ाई के लिए कनाडा गए हैं। यह आंकड़ा काफी महत्वपूर्ण है। लेकिन हमने निर्वासन का सामना करने वाले   छात्रों को नहीं देखा है। हमारे पास इस पर कोई अपडेट नहीं है। हमें जानकारी नहीं है। हो सकता है कि एक मामला यहां या एक मामला वहां, लेकिन जहां तक कनाडा में छात्रों का सवाल है तो हमें कोई बड़ी समस्या नहीं दिख रही है। प्रदर्शनकारी भारतीय छात्रों ने 23 मई को एक असेंबली बैठक बुलाई, जो 175 रिचमंड स्ट्रीट, चार्लोटटाउन, प्रिंस एडवर्ड आइलैंड, कनाडा में होगी।

    कनाडा के एक प्रांत प्रिंस एडवर्ड आइलैंड ने अप्रवासियों की संख्या कम करने के लिए हाल ही में अपने प्रांतीय नामांकित कार्यक्रम (पीएनपी) के नियमों में बदलाव किया है। अप्रवासियों की एक बड़ी संख्या इसके स्वास्थ्य देखभाल और आवास बुनियादी ढांचे पर दबाव डाल रही थी। प्रदर्शनकारी भारतीयों ने प्रांतीय कनाडाई सरकार पर आव्रजन नियमों को अचानक बदलने और उन्हें कार्य परमिट देने से इनकार करने का आरोप लगाया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ग्रेजुएट होने के बावजूद इन छात्रों को अब निर्वासन का सामना करना पड़ रहा है। भारतीय प्रदर्शनकारी वर्क परमिट के विस्तार और आव्रजन नीतियों में हाल के बदलावों की समीक्षा की मांग कर रहे हैं

  • पंजाबः छुट्टियों के बावजूद खुले मिले कुछ स्कूल, 3 को नोटिस जारी 

    नवांशहरः बढ़ते तापमान के कारण सरकारी/अर्ध-सरकारी/निजी/सहायता प्राप्त/गैर सहायता प्राप्त स्कूलों में छुट्टियों के बावजूद स्कूल खुले रखने पर जिला प्रशासन ने सख्त नोटिस लेते हुए 3 निजी स्कूलों को स्पष्टीकरण के लिए नोटिस जारी किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (एसई) अर्चना अग्रवाल ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण राज्य के सभी सरकारी/अर्धसरकारी/निजी/सहायता प्राप्त/गैर सहायता प्राप्त स्कूलों में 21 मई 2024 से बच्चों की छुट्टियां और स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए है।

    इसके बावजूद शिकायत मिली कि स्कॉलर पब्लिक स्कूल लधाना झीका, सतलुज पब्लिक स्कूल बंगा और भगवान महावीर पब्लिक स्कूल बंगा ये 3 निजी स्कूल खोले गए हैं, जो सरकारी आदेशों का घोर उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि गर्मी बढ़ने से बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। जिला प्रशासन ने इस पर कड़ा संज्ञान लिया है और संबंधित स्कूलों के प्रिंसिपलों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। डिप्टी कमिश्नर नवजोत पाल सिंह रंधावा ने कहा कि बढ़ती गर्मी के कारण बच्चों को स्वास्थ्य देखभाल की अधिक जरूरत है। स्वास्थ्य देखभाल को लेकर पहले ही हेल्थ एडवाइजरी जारी की जा चुकी है। स्पष्टीकरण मिलने के बाद उक्त निजी स्कूलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी।

  • बदमाशों ने व्यापारी को किया किडनैप, हाथ-पैर बांधकर की मारपीट

    बदमाशों ने व्यापारी को किया किडनैप, हाथ-पैर बांधकर की मारपीट

    नोएडाः हरियाणा के बिजनेसमैन का 4 बदमाशों ने उसी की स्कॉर्पियो में किडनैप कर उसके हाथ-पैर बांधकर रातभर घुमाते रहे। बताया जा रहा है किATM का पिन लेने के लिए उसकी बदमाशों ने जमकर पिटाई भी की। जिसके बाद बदमाश मंगलवार सुबह उसे लेकर हरियाणा से नोएडा पहुंचे। एक्सप्रेस-वे पर पुलिस गाड़ियों की चेकिंग कर रही थी। बिजनेसमैन को जैसे ही पता कि आसपास पुलिस है, उसने चिल्लाना शुरू कर दिया। पकड़ाने के डर से बदमाश घबरा गए। हड़बड़ाहट में स्कॉर्पियो डिवाइडर में ठोंक दी। पुलिस जब तक स्कॉर्पियो तक पहुंची, तब तक बदमाश गाड़ी छोड़कर भाग गए। पुलिस ने बिजनेसमैन को छुड़ाया और अस्पताल में भर्ती कराया।

    हरियाणा के बल्लभगढ़ की मुकेश कॉलोनी में रहने वाले राजीव मित्तल सोमवार रात को किसी काम से घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान 2 बदमाशों ने स्कूटी से उनकी स्कॉर्पियो में टक्कर मार दी।टक्कर लगने के बाद राजीव स्कॉर्पियो से उतरे। उनकी बदमाशों से कहासुनी हो गई। तभी पीछे से 2 और बदमाश आ गए। उन्हें मारा-पीटा। उनके हाथ-पैर बांध कर ​​​​स्कॉर्पियो में डाल दिया। बदमाश रातभर उन्हें इधर से उधर घुमाते रहे। UPI और ATM से बदमाशों ने पैसे निकालने की कोशिश की। मगर, हर बार उन्होंने पिन गलत बता दिया। 3 बार पिन गलत बताने से कार्ड ब्लॉक हो गया। UPI भी बंद हो गया। मंगलवार सुबह बदमाश बिजनेसमैन को लेकर नोएडा पहुंचे। नॉलेज पार्क थाना की पुलिस कारों को रोककर चेक कर रही थी।

    पुलिस को देख कर राजीव चिल्लाने लगे। उनकी आवाज सुनकर पुलिसवालों ने सड़क पर बैरिकेड्स लगा दिए। यह देखकर बदमाश घबरा गए। वे भागने लगे तो स्कॉर्पियो डिवाइडर में ठुक गई। यह देख पुलिसवाले और आस-पास के लोग दौड़कर गाड़ी के पास आने लगे। यह देखकर चारों बदमाश गाड़ी छोड़कर भाग गए। पुलिस वाले स्कॉर्पियो के पास पहुंचे अंदर देखा तो एक व्यक्ति स्कॉर्पियो में बैठा दिखा जिसके हाथ-पैर बंधे थे। पुलिस ने कारोबारी के हाथ-पैर खोलकर नीचे उतारा। बिजनेसमैन घबराया हुआ था। उसके शरीर पर जख्म के निशान थे। पुलिस ने गांव वालों से चादर मंगवाई। थोड़ी देर तक उन्हें जमीन पर लिटा दिया। फिर उन्हें अस्पताल ले गए।

    राजीव ने पुलिस को बताया कि मेरा पार्किंग के ठेके का बिजनेस है। सोमवार देर रात बदमाशों ने मुझे किडनैप किया। रातभर मारते रहे। उन्होंने ATM के पिन मांगे, लेकिन मैंने उन्हें गलतपिन बताया। जब ATM ब्लॉक हो गया, तो मुझे जान से मारने की धमकी दी। राजीव के भाई संजीव ने बताया कि पूरी रात हम लोग भाई को ढूंढते रहे। पुलिस को सूचना दी। सुबह ग्रेटर नोएडा से फोन आया, तब जाकर जान में जान आई। नोएडा पुलिस की सतर्कता की वजह से भाई की जान बच गई। पुलिस अफसरों का कहना है कि स्कॉर्पियो की डिवाइडर से टक्कर के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस CCTV के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुट गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

  • कपूरथलाः आग लगने से तूड़ी से भरी 200 ट्रॉली जलकर हुई राख

    कपूरथलाः आग लगने से तूड़ी से भरी 200 ट्रॉली जलकर हुई राख

    कपूरथलाः ढिलवां कसबे में जी.टी. रोड के निकट एक बंद पड़े शैलर के पीछे शेड में रखी तूड़ी ( भूसा ) में आग लगने की घटना घटी है। जानकारी के मुताबिक, यहां लगभग 200 ट्रॉली भूसे पड़ी थी जो जल गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद कपूरथला फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंच रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया है। घटना बारे जानकारी देते हुए किसान दलजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने शेड में लगभग 200 ट्रॉली तूड़ी ( भूसा ) जमा करके रखी हुई थी। दोपहर को लगभग 12 बजे शेड के पीछे अचानक आग लगने की सूचना मिली।

    मौके पर जाकर देखा तो शेड के अंदर पड़ी तूड़ी ( भूसा ) को आग लगी हुई थी। जिसकी सूचना फायर बिग्रेड को देने के बाद भुलत्थ, करतारपुर और कपूरथला से पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि इस आग से लगभग 7 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। पंजाब सरकार से नुकसान की भरपाई की गुहार लगाई है। वहीं इस मौके पर फायर ऑफिसर संदीप कुमार, फायर मैन निशान सिंह व मलकीत सिंह, ड्राइवर कुलदीप कुमार व अन्य ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

  • विदेश में पंजाबी युवक चोरी के आरोप में गिरफ्तार, देखें वीडियो

    विदेश में पंजाबी युवक चोरी के आरोप में गिरफ्तार, देखें वीडियो

    अमृतसर : रोजी रोटी कमाने के लिए दुबई गए एक युवक को पुलिस द्वारा गिरफ्तार करने का मामला सामने आया है। मामला अमृतसर के रहने वाले युवक मनजिदंर का है। मनजिंदर 2 साल पहले विदेश में पैसा कमाने और परिवार की रोजी-रोटी के लिए संघर्ष करने के लिए दुबई गया था। लेकिन एक दिन ऐसा आया कि एक कार से लिफ्ट लेते हुए उसे दुबई पुलिस ने उठा लिया और चोरी की कार के मामले में जेल भेज दिया।

    जिसे लेकर परिवार काफी चिंतित है और दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है। उन्होंने अपने बेटे की सुरक्षा के लिए भारत सरकार के विदेश मंत्रालय, डिप्टी कमिश्नर अमृतसर के कार्यालय में एक मांग पत्र भेजकर अपने बेटे की रिहाई की मांग की है। इस बारे में जानकारी देने वाले समाज सेवी कार्यकर्ता हरदीप सिंह भंगाली ने बताया कि इस परिवार का 24 वर्षीय बेटा मनजिंदर जो रोजी रोटी के लिए विदेश गया था और लिफ्ट लेकर चोरी की कार में बैठ गया।

    जब नाके पर पुलिस ने रोका तो, चोरी में मौजूद लोग भाग गए, पुलिस ने मनजिंदर को काबू कर उसे नजायज ही जेल में बंद कर दिया। जिसके चलते परिवार दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है और बेटे की रिहाई के लिए डीसी अमृतसर विदेश मंत्रालय को पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगा रहा है।

  • एलिमिनेटर मुकाबले में विराट कोहली रच सकते हैं इतिहास, बन सकते है पहले खिलाड़ी

    एलिमिनेटर मुकाबले में विराट कोहली रच सकते हैं इतिहास, बन सकते है पहले खिलाड़ी

    नई दिल्लीः आईपीएल 2024 में 22 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स के बीच एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा। इस सीजन में आरसीबी की शुरुआत बेहद खराब रही थी। शुरुआती 8 मुकाबलों में टीम महज एक मैच जीत पाई थी लेकिन टीम स्टार बल्लेबाज विराट कोहली हर मैच में कमाल की बल्लेबाजी कर रहे थे। आईपीएल 2024 में विराट सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं और सिर पर ऑरेंज कैप सजी है। वहीं अब एलिमिनेटर मुकाबले में कोहली इतिहास रचने की दहलीज पर खड़े हैं।

    आईपीएल की शुरुआत से ही विराट कोहली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते आ रहे हैं। कोहली ने कई सालों तक टीम की कप्तानी भी की है। आईपीएल इतिहास में कोहली ने अभी तक 251 मैचों की 243 पारियों में 7971 रन बनाए हैं। फिलहाल कोहली आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। कोहली अब अपने 8 हजार आईपीएल रन पूरे करने से 29 रन दूर हैं। अगर एलिमिनेटर मैच में कोहली राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 29 रन बना लेते हैं तो वे आईपीएल में 8 हजार रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे।

    अभी तक आईपीएल में कोई भी बल्लेबाज ये कारनामा नहीं कर पाया है। आईपीएल में विराट कोहली 8 शतक और 50 अर्धशतक लगा चुके हैं। इसके अलावा उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 113 रनों का रहा है। आईपीएल इतिहास में कोहली के बल्ले से 702 चौके और 271 छक्के निकले हैं। आईपीएल 2024 में कोहली का बल्ला जमकर आग उगल रहा है। इस सीजन कोहली एक शतक भी लगा चुके हैं। अभी तक 14 मैचों में कोहली 155 के स्ट्राइक रेट से 708 रन बना चुके हैं। इस दौरान कोहली ने 59 चौके और 37 छक्के लगाए हैं। अब एलिमिनेटर मैच में टीम को कोहली से ऐसे ही शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी।