ऊना/सुशील पंडित : कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने शिमला से लौटते समय बिलासपुर के एम्स अस्पताल में पहुंचकर उपचाराधीन मरीजों का हालचाल जाना। इस दौरान विधायक विवेक शर्मा ने मरीजों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम पूछा तथा हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। विधायक विवेक शर्मा ने सबसे पहले कुटलैहड़ के गांव घंडावल निवासी 65 वर्षीय रोशन लाल से मुलाकात की, जो एम्स बिलासपुर के जनरल मेडिसिन यूरोलॉजी वार्ड में उपचाराधीन हैं। रोशन लाल का सिस्टोस्कोपी टेस्ट होना है और चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। विधायक विवेक शर्मा ने मरीज एवं उनके साथ मौजूद परिजनों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली और चिकित्सकों से भी उपचार की स्थिति के बारे में चर्चा की।विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि क्षेत्र का प्रत्येक व्यक्ति उनके परिवार का हिस्सा है और किसी भी व्यक्ति को उपचार या अन्य किसी समस्या में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
उन्होंने मरीज के परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर हर संभव सहयोग उपलब्ध करवाया जाएगा। इस दौरान विधायक विवेक शर्मा ने अस्पताल में भर्ती एक अन्य बुजुर्ग मरीज, जो जोल क्षेत्र के भालोंन गांव से उपचाराधीन हैं, उन का भी हालचाल जाना। विधायक विवेक शर्मा ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने मरीजों के परिजनों से बातचीत करते हुए कहा कि कठिन समय में हौसला बनाए रखना बेहद जरूरी होता है और सरकार तथा जनप्रतिनिधि जनता की सेवा के लिए हमेशा तत्पर हैं।
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और एम्स बिलासपुर जैसी आधुनिक स्वास्थ्य संस्थाएं प्रदेशवासियों के लिए वरदान साबित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को बेहतर उपचार सुविधा मिलना सरकार की प्राथमिकता है। एम्स अस्पताल बिलासपुर में विधायक विवेक शर्मा की इस मुलाकात को लेकर मरीजों और उनके परिजनों ने आभार व्यक्त किया। इस मौके पर कुटलैहड़ कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विवेक मिंका सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।