Blog

  • आज का राशिफल, 18 मई 2022

    आज का राशिफल, 18 मई 2022

    मेष राशिफल। आज का दिन आपके लिए आर्थिक दृष्टिकोण से उत्तम रहेगा। आपको पुराने झगड़े से मुक्ति मिलेगी। काफी संघर्षों के बाद आप परिवार में भी अपनी जगह बनाने में कामयाब रहेंगे। यदि आप भूमि,वाहन,मकान,दुकान आदि की खरीदारी करने जा रहे हैं,तो उसमें भी आपको भाग्य का भरपूर साथ मिलेगा। छोटे व्यापारी यदि किसी पार्ट टाइम कार्य को करने की योजना बना रहे हैं,तो वह उसके लिए समय निकालने में कामयाब रहेंगे। आप जीवनसाथी को कहीं घुमाने फिराने लेकर जा सकते हैं। ससुराल पक्ष के किसी व्यक्ति को यदि आपने धन उधार दिया तो वह आपके रिश्ते में दरार पैदा करा सकता है।

    वृष राशिफल। आज का दिन आपके लिए उत्तम रूप से फलदायक रहेगा,जो लोग प्रेम जीवन जी रहे हैं,उनके अपने साथी से झगड़ा हो सकता है। आप अपनी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति की किसी वस्तु की खरीदारी से कर सकते हैं। आप अपने मित्रों के साथ घूमने फिरने की कोई योजना बनाएंगे जिसमें आपको किसी मित्र से वाद विवाद में नहीं पड़ना है। आपके घर मे किसी शुभ व मांगलिक कार्यक्रम का आयोजन भी हो सकता है। धन संबंधित किसी समस्या को लेकर आप परेशान रहेंगे,लेकिन भाइयों की मदद से वह सुलझ सकते हैं।

    मिथुन राशिफल। आज आपके चेहरे पर एक अजब सा तेज विराजमान रहेगा,जिसे देखकर आपके शत्रु आपस में लड़कर ही नष्ट हो जाएंगे। नौकरी से जुड़े जातकों को कोई नई उपलब्धि प्राप्त हो,तो आपको उसे तुरंत लपक लेना होगा। आपको इन लोगों के साथ बैठकर खाली समय व्यतीत करने से अच्छा है कि आप अपने कार्यों की ओर ध्यान लगाएं,नहीं तो इससे आपका नुकसान होगा। माताजी को आप ननिहाल पक्ष के लोगों से मेल मिलाप कराने लेकर जा सकते हैं। संतान पक्ष की ओर से आपको कोई शुभ समाचार सुनने को मिल सकता है।

    कर्क राशिफल। आज का दिन आपके लिए मिलाजुला रहेगा। आपको अपने भाई बहनों से चल रहे किसी वाद विवाद को सुलझाना होगा। बिजनेस कर रहे लोगों को अपने पिताजी से सलाह की आवश्यकता होगी। यदि आप स्थान परिवर्तन की योजना बना रहे हैं,तो वह आपके लिए लाभदायक रहेगी। आपकी कोई चिंता आपको परेशान करके रखेगी,जिसके लिए आपको जीवनसाथी से सलाह मशवरा करना होगा। आप यदि किसी संपत्ति को खरीदने की सोच रहे हैं,तो वह आपको आसानी से मिल जाएगी।

    सिंह राशिफल। आज आपके चेहरे पर एक अजब सा तेज बना रहेगा। आप अपनी पिछली कुछ समस्याओं को लेकर परेशान रहेंगे। यदि आपका कोई संपत्ति संबंधित विवाद है,तो उसमें आपको सावधान रहना होगा,जो लोग लंबे समय से रोजगार के लिए प्रयास कर रहे है,उन्हे कोई शुभ सूचना सुनने को मिल सकती है। आप अपने कुछ पिछले कामों को पीछे छोड़ देंगे,लेकिन ऐसा नहीं करना है। यदि कोई कानूनी कार्य हुआ,तो वह आपके लिए परेशानी खड़ी कर देगा। यदि पिताजी को कोई मित्रों से संबंधित समस्या चल रही है,तो उनके कष्टों में वृद्धि हो सकती है।

    कन्या राशिफल। आज का दिन आपके लिए भागदौड़ भरा रहेगा। आप संतान की परीक्षा के नतीजों को लेकर परेशान रहेंगे और उनके लिए भागदौड़ करने में लगे रहेंगे। जीवनसाथी से आपकी कुछ अनबन रहेगी,जिसके कारण वह नाराज हो सकती हैं। सरकारी नौकरी से जुड़े जातकों को पदोन्नति प्राप्त होगी,जिसके बाद परिवार के सदस्य उनके लिए किसी पार्टी का आयोजन कर सकते हैं। भागदौड़ अधिक होने के कारण आपको थकान का अनुभव होगा और आपको कुछ सिर दर्द,बुखार आदि जैसी समस्या हो सकती है। विद्यार्थियों के उच्च शिक्षा के मार्ग प्रशस्त होंगे।

    तुला राशिफल। आज का दिन आपके लिए कुछ परेशानी भरा रहेगा। आपको अपने भविष्य में किसी पिछली की हुई गलती को लेकर परेशान रहेंगे। सामाजिक क्षेत्र में कार्यरत लोगों की वाणी से प्रसन्न होकर और लोग भी मित्रता रखने की चेष्टा रखेंगे। आपका कोई मन मुताबिक कार्य ना होने के कारण आप का मन दुखी रहेगा,लेकिन फिर भी आपको किसी विपरीत परिस्थिति का सामना बुद्धिमानी व साहस से करना होगा तभी आप उससे बाहर निकाल पाएंगे। परिवार में आपको कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है,जिसको आपको समय रहते पूरा करना होगा।

    वृश्चिक राशिफल। आज का दिन आपके लिए अनुकूल रहेगा,लेकिन आपको मन में निराशाजनक विचारों को आने से रोकना होगा,तभी आप किसी अच्छे काम को अंजाम दे पाएंगे। व्यवसाय में आपको तनाव हो तो भी आपको लोगों को दिखाना नहीं है,नहीं तो वह उसका फायदा उठाने की पूरी कोशिश कर सकते हैं। परिवार में आपको पुराने झगड़े व झंझटों से मुक्ति मिलेगी,क्योंकि यदि कोई कलह है तो वह वरिष्ठ सदस्यों की मदद से सुलझ सकती है। संतान पक्ष की ओर से आपको कोई शुभ समाचार सुनने को मिल सकता है, जो लोग विदेशों से व्यापार करते हैं,उनकी कोई महत्वपूर्ण फाइनल डील फाइनल होगी।

    धनु राशिफल। आज का दिन आपके लिए कुछ कठिनाइयों से भरा रहेगा। आपको आपके व्यवसाय में रुका हुआ धन भी बड़ी मुश्किल से प्राप्त होगा,जिसके लिए आप अत्यधिक मेहनत करेंगे,लेकिन आप अपने दैनिक कार्यों में कुछ बदलाव ला सकते हैं। फिर भी आपको अपने कुछ जरूरी कामों को नहीं छोड़ना है,नहीं तो वह आपके लिए परेशानी खड़ी कर सकते हैं। आपको व्यापार के कुछ नए संपर्कों से लाभ मिलेगा और आपकी अपने किसी प्रिय मित्र से मुलाकात होगी।

    मकर राशिफल। आज का दिन आपके मान सम्मान में वृद्धि का दिन रहेगा। आप व्यवसाय की किसी यात्रा पर भी जाने की योजना बनाएंगे,जिसमें आपको माता-पिता को साथ लेकर जाना बेहतर रहेगा। मामा पक्ष से भी आपको धन लाभ मिलता देख रहा है। धार्मिक कामों में बढ़ चढ़कर आप हिस्सा लेंगे,जिससे आपका सम्मान बढेगा। यदि आप कोई संपत्ति  बेचना चाहते हैं,तो उसका सौदा आसानी से हो जाएगा,लेकिन कार्य क्षेत्र में किसी गलती के कारण आपको अपने अधिकारियों से डांट खानी पड़ सकती है।

    कुंभ राशिफल। आज का दिन आपके लिए मध्यम रूप से फलदायक रहेगा। आप किसी व्यवसाय संबंधी यात्रा पर जा सकते हैं जो आपके लिए लाभदायक रहेगी। आपको अपने उच्च अधिकारियों व कार्यक्षेत्र के साथियों से घनिष्ठता रखनी होगी,तभी आप उनसे अपना काम निकलवा पाएंगे। परिवार के किसी सदस्य की समस्या का समाधान आज आप खोज निकालेंगे। धार्मिक कार्यों के प्रति आपकी रूचि और बढ़ेगी। आप अपने किसी परिजन के घर मांगलिक उत्सव में सम्मिलित होंगे,जहां आपको तोलमोल कर बोलना बेहतर रहेगा,नहीं तो किसी को आपकी बात बुरी लग सकती है।

    मीन राशिफल। आज का दिन आप अध्यात्म के कार्यों में व्यतीत करेंगे,लेकिन कार्यक्षेत्र में आपको अपने गुप्त शत्रुओं से सावधान रहना होगा,नहीं तो वह आपको कोई बनता हुआ काम बिगाड़ने की पूरी कोशिश कर सकते हैं। आप माता पिता व गुरु की सेवा में ध्यान लगाएंगे,जिससे आपके उन्नति के मार्ग खुलेंगे। विद्यार्थियों को अपने ज्ञान को बढ़ाना होगा।  आप अपने घर परिवार मे पूजा पाठ आदि भी करवा सकते हैं। यदि आपकी कोई धन संबंधित समस्या चल रही थी,आपको उससे छुटकारा मिलेगा,लेकिन जो लोग राजनीति की दिशा में प्रयासरत हैं,उनको भी कुछ समय और इंतजार करना पड़ेगा।

  • पंजावर में बुद्ध पूर्णिमा महोत्सव पर विकास कार्यों को मिली गति

    पंजावर में बुद्ध पूर्णिमा महोत्सव पर विकास कार्यों को मिली गति

    ऊना/सुशील पंडित: बुद्ध पूर्णिमा के शुभ अवसर पर ग्राम पंचायत पंजावर द्वारा अमृत सरोवर नजदीक बाबा भट्टी साहब का शुभारंभ स्वतंत्रता सेनानी प्रीतम सिंह मनकोटिया की पुत्र-बधू प्रोमिला मनकोटिया के कर कमलों द्वारा किया गया व आजाद हिन्द फ़ौज के स्वतंत्रता सेनानी परिवार का मान सम्मान ग्राम पंचायत पंजावर द्वारा बढ़ाया गया।

    इस अवसर पर पुष्पगुच्छ, शाल व टोपी ग्राम पंचायत पंजावर की प्रधान नीलम मनकोटिया द्वारा देकर प्रोमिला मनकोटिया को सम्मानित किया गया। ग्राम पंचायत पंजावर की प्रधान नीलम मनकोटिया ने बताया कि गांव और गरीब की सेवा के तहत गांव पंजावर में प्रत्येक तरह के विकास कार्य किए जा रहे हैं। गरीव लोगों को राहत भी प्रदान की जा रही है और पात्र व्यक्तियों के पेंशन फार्म भी भरे जा रहे हैं, और धार्मिक कार्यों का आयोजन भी किया जा रहा है। इस अवसर पर सभी ग्राम वासियों को बुद्ध पूर्णिमा व विकास कार्यों के शुभारंभ की बहुत-बहुत मुबारकबाद व शुभकामनाएं।

  • पंजाबः पड़ोसियों से झगड़े में एएसआइ ने चलाई अंधाधुंध गोलियां, 1 की मौत

    पंजाबः पड़ोसियों से झगड़े में एएसआइ ने चलाई अंधाधुंध गोलियां, 1 की मौत

    सुल्तानपुर लोधी। गांव तलवंडी चौधरिया में घर बनाने को लेकर मामूली तकरार के बाद पंजाब पुलिस के एएसआइ हरदेव सिंह ने अंधाधुंध फायरिंग कर डाली। गोली लगने से जसबीर सिंह नाम के व्यक्ति की मौत हो गई है। यह गांव कस्बा सुल्तानपुर लोधी से करीब दस किलोमीटर दूरी पर स्थित है। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सुल्तानपुर लोधी मौके पर पहुंच गए हैं और मामले की जांच शुरु कर दी गई है। अभी आरोपित एएसआइ पुलिस की पहुंच से बाहर है। उसके खिलाफ केस दर्ज करने की कारवाई चल रही है।

    गांव में मकान बनाने वाली पैड़ को लेकर पंजाब पुलिस के एएसआइ और जान गंवाने वाले जसबीर सिंह के बीच मामूली तकरार हो गई। गली में मकान बनाने के लिए मिस्त्री की तरफ से पैड की गई थी जबकि एएसआई की तरफ से गली से गाड़ी निकालने को लेकर दोनों के बीच बहस  गई। इस पर एएसआइ ने अपनी लाइसेंसी राइफल से फायरिंग शुरु कर दी। इसी बीच एक गोली जसबीर सिंह के पेट में लग गई। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए जालंधर अस्पताल ले जाया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। आरोपित एएसआई हरदेव सिंह अभी फरार बताया जा रहा है। 

  • चोरी की गेहूं और नशीले पदार्थ सहित 3 गिरफ्तार

    चोरी की गेहूं और नशीले पदार्थ सहित 3 गिरफ्तार

    जालंधर (वरुण)। थाना मेहतपुर की पुलिस ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो चोर और नशीले पदार्थ सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गुरमेज सिंह उर्फ साबा पुत्र गुरनाम सिंह वासी कस्बा मुहल्ला, लखविंदर सिंह उर्फ लक्की पुत्र निर्मल सिंह वासी आदरामान, परमजीत सिंह उर्फ पम्मा पुत्र हरबंस सिंह वासी बागीवाल मेहतपुर के तौर पर बताई जा रही है।

    जानकारी देते हुए डीएसपी जसबिंदर सिंह ने बताया कि थाना प्रभारी एसआई महेंद्रपाल सिंह को गुरप्रीत सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसकी हवेली से गेहूं, सरसों और बैटरी वह अन्य सामान चोरी हो गया है। उस पर कारवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी लक्की और पम्मा को चोरी की गेहूं और सरसों सहित काबू कर लिया है। इसी तरह आरोपी साबा को साढे 900 ग्राम चूरा पोस्त सहित काबू किया गया। पुलिस ने आरोपियों को ऊपर मामला दर्ज कर कारवाई शुरू कर दी है। 

  • बोहरू-ओलिंडा सड़क पर खर्च हो रहे 16.31 करोड़ रुपएः वीरेंद्र कंवर

    बोहरू-ओलिंडा सड़क पर खर्च हो रहे 16.31 करोड़ रुपएः वीरेंद्र कंवर

    पशु पालन मंत्री ने चुलहड़ी में पशु अस्पताल का भी किया लोकार्पण

    ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ विस क्षेत्र के तहत बोहरू से ओलिंडा तक बनने वाली सड़क पर कुल 16.31 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं तथा इसका निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा। इस सड़क के बनने से न केवल बोहरू, चुलहड़ी, तथा थड़ा इत्यादि ग्राम पंचायत के लोगों को लाभ होगा, बल्कि पर्यटन की दृष्टि से भी यह सड़क कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के लिए वरदान साबित होगी। यह बात ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने आज संपर्क से समर्थन कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत बोहरू में सड़क के निर्माण कार्य का भूमि पूजन करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने बताया कि इस सड़क के निर्माण कार्य पर 6 करोड रुपए पहले खर्च किए जा चुके हैं तथा अब 10.31 करोड़ रुपए की लागत से इसके निर्माण कार्य को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके अलावा वीरेंद्र कंवर ने ग्राम पंचायत चुलहड़ी में पशु अस्पताल का लोकार्पण भी किया। 

    वीरेंद्र कंवर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार अपने महत्वपूर्ण एवं लोकप्रिय कार्यक्रम जनमंच के माध्यम से प्रदेश के ग्रामीण तथा दूरदराज क्षेत्रों में आमजन की आवश्यकताओं व समस्याओं का बेहतरीन तरीके से निराकरण कर रही है। सरकार के इस प्रयास से प्रदेशवासियों को उनके घर-द्वार पर ही बेहतरीन राजकीय तथा प्रशासनिक सेवाओं का लाभ मिल रहा है तथा इससे उनके समय और धन की बचत हो रही है। विकास के अतिरिक्त मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रदेशवासियों को भय व भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन उपलब्ध रही है, जिसकी बदौलत एक बार फिर आगामी 2022 के विधानसभा चुनावों में प्रदेश की जनता भारतीय जनता पार्टी को हिमाचल प्रदेश की बागडोर सौंपने जा रही है। 

    ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं तथा चालू वित्त वर्ष के बजट में प्रदेश वासियों को राहत देते हुए इस वित्त वर्ष में 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली, महिलाओं को बस किराए में 50% की छूट, 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए पेंशन की सुविधा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पानी के बिलों को माफ करने का  महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं, जो सरकार की आमजन के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाते हैं। इसके अलावा सरकार ने अनेक कर्मचारी हितैषी निर्णय भी लिए गए हैं, जिसके तहत अपने वर्तमान कार्यकाल में जय राम सरकार ने करीब 7000 करोड़ रुपए के वित्तीय लाभ प्रदेश के कर्मचारियों को प्रदान किए हैं।

    वीरेंद्र कंवर ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में गत 4.5 वर्षों के दौरान 150 करोड़ रुपए पेयजल योजनाओं पर, 180 करोड़ रुपए सड़क निर्माण कार्यों पर तथा लोक निर्माण विभाग के माध्यम से 150 करोड़ रुपए विभिन्न सरकारी भवनों पर खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने चुलहड़ी व थड़ा पंचायतों के विभिन्न गांवों में जाकर भी स्थानीय निवासियों को प्रदेश व केंद्र सरकार द्वारा जनहित में चलाई जा रही योजनाओं तथा कार्यक्रमों बारे विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर उन्होंने स्थानीय निवासियों की समस्याएं भी सुनी तथा संबंधित अधिकारियों को निपटारा करने के आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने बोहरू में महिला मंडल भवन के लिए तीन लाख रुपए, डबां में संपर्क सड़क निर्माण के लिए 30 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने गांव वासियों की मांग पर गांव चौगाठ तक बस रूट चलाने  की भी घोषणा की।

    इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष कृष्ण पाल शर्मा, ग्राम पंचायत बोहरू की प्रधान पूनम रानी व उप प्रधान तरसेम सिंह, प्रधान ग्राम पंचायत चुलहड़ी करण सिंह व उप प्रधान सुभाष चंद, ग्राम पंचायत ग्राम पंचायत थड़ा के प्रधान गुरनाम सिंह, उप प्रधान अश्विनी कुमार, महिला मंडल प्रधान सुशीला देवी तथा पूर्व प्रधान बोहरू कैप्टन केवल सिंह, राहुल शर्मा तहसीलदार बंगाणा, यशपाल परमार खंड विकास अधिकारी बंगाणा, डॉ. जय सिंह सेन उपनिदेशक पशुपालन, शशि पाल धीमान अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अश्वनी बंसल अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग के अलावा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

  • अरविंद केजरीवाल को मिलने दिल्ली पहुंचे पंजाब के सीएम भगवंत मान…

    अरविंद केजरीवाल को मिलने दिल्ली पहुंचे पंजाब के सीएम भगवंत मान…

    चंडीगढ़ : किसानों द्वारा चंडीगढ़ ट्रैक्टर मार्च निकाला जा रहा। जानकारी मिली है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान किसानों से मिले बिना ही अरविंद केजरीवाल से मिलने दिल्ली पहुंच गए हैं। इसको लेकर किसानों में भारी रोष है। मोहाली पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को तोड़कर किसान चंडीगढ़ के वाई.पी.एस. चौक की ओर बढ़ रहे हैं। पुलिस लगातार किसानों को रोकने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने सड़क जाम करने के लिए वाई.पी.एस. चौक पर भारी बैरिकेड्स लगा दिए हैं। पक्का मोर्चा लगाने के लिए किसान अपने साथ ट्रॉलियों में राशन लेकर आए हैं। किसानों का कहना है कि पुलिस जहां भी रास्ता रोकेगी वहीं पर पक्का मोर्चा लगाकर धरने पर बैठेंगे।

  • प्रो. राम कुमार ने हरोली में 30 लाख से बने ट्यूबवेल का किया लोकार्पण

    प्रो. राम कुमार ने हरोली में 30 लाख से बने ट्यूबवेल का किया लोकार्पण

    ऊना/सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार ने आज हरोली विस क्षेत्र के तहत झामरु मोहल्ले में लगभग 30 लाख की लागत से बने ट्यूबवेल का लोकार्पण किया, जिससे 150 परिवारों को साफ पीने का पानी उपलब्ध होगा।  

    इस अवसर पर प्रो. राम कुमार ने कहा कि हरोली में ही प्रदेश सरकार ने चार ट्यूबवेल लगाए हैं, जबकि हैंडपंप कार्यक्रम के तहत पिछले चार वर्षों में हिमाचल प्रदेश में कुल 2155 हैंडपंप लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर घर तक स्वच्छ जल उपलब्ध करवाना जय राम सरकार का मुख्य ध्येय है। केंद्र व राज्य सरकार ने मिलकर जल जीवन मिशन जैसी योजना को धरातल पर लाकर लाखों लोगों को लाभान्वित करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत वर्तमान सरकार ने 7.78 लाख घरों को पानी के कनेक्शन प्रदान किए हैं, जिससे राज्य में लगभग 90 प्रतिशत घरों को स्वच्छ पीने के पानी की सुविधा मिली है। 

    इस मौके पर ज़िला परिषद सदस्य रमा कुमारी, प्रदेश किसान मोर्चा मीडिया प्रभारी सतीश ठाकुर, ओबीसी मोर्चा के ज़िला महामंत्री ओम प्रकाश, जगमोहन ठाकुर, ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष स्वर्ण सिंह, अश्वनी, काका राम, तलविंदर कुमार, रूबी, राम सिंह, सलोचना देवी, गोल्डी, रूप सेनी तथा बलजीत सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

  • 1 जून तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार -प्रसार का विशेष अभियान आज से

    1 जून तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार -प्रसार का विशेष अभियान आज से

    ऊना/सुशील पंडित: प्रदेश सरकार द्वारा जन कल्याण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए 18 मई से 01 जून तक विशेष प्रचार अभियान चलाया जाएगा। यह जानकारी देते हुए जिला लोक सम्पर्क अधिकारी अरूण पटियाल ने बताया कि इस विशेष प्रचार अभियान के तहत जिला के विकास खंड ऊना व अंब के विभिन्न गांवों में जाकर सांस्कृतिक दलों के कलाकारों द्वारा लोगों को गीत-संगीत व नुक्कड़ नाटक के माध्यम से योजनाओं बारे अवगत करवाया जाएगा।

    अरुण पटियाल ने बताया कि विशेष प्रचार अभियान के अंतर्गत 18 मई को अंब, अंब टिल्ला, रैंसरी व झलेड़ा से विशेष प्रचार अभियान की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने बताया कि 19 मई को सिद्ध चलेहड़, भटेहड़, पनोह व बसाल में, 20 मई को घेवट बेहड़, भगड़ाह, अरनियाला लोअर व अरनियाला अप्पर में, 21 मई को ज्वार, पोलियां पुरोहितां, टब्बा व टक्का में, 22 मई को राजपुर जसवां, सपौरी, कोटला कलां लोअर व कोटला कलां अप्पर में, 23 मई को घंगरेट, गिंदपुर मलौण, नंगल सलांगड़ी व नारी में, 24 मई को चौआर, जबैहड़, धमांदरी व डठवाड़ा में, 25 मई को लडोली, रिपोह मिसरां, रायपुर सहोड़ां व खानपुर में विशेष प्रचार अभियान आयोजित किया जाएगा।

    डीपीआरओ ने बताया कि इसके अलावा 26 मई को खरोह, ज्वाल, लाल सिंगी व बसोली में, 27 मई को सूरी, दियाड़ा, बड़साला व चताड़ा में, 28 मई को कुठियाड़ी, ठठल, बटूही व त्यूड़ी में, 29 मई को भैरा, सतोथर, डंगोली व अजनोली में, 30 मई को छपरोह, सारड़ा, समूरकलां व लमलैहड़ी में, 31 मई को त्याई, चुरूडू, झंबर व कुरियाला में और 01 जून को अंदोरा अप्पर, अंदोरा लोअर, चलोला व बरनोह में विशेष प्रचार अभियान आयोजित किए जाएंगे।

  • इनोसेंट हार्टस में सांझ केंद्र के सदस्यों ने विद्यार्थियों को किया जागरूक

    इनोसेंट हार्टस में सांझ केंद्र के सदस्यों ने विद्यार्थियों को किया जागरूक

    जालंधर/विजयः इनोसेंट हार्टस ग्रीन मॉडल टाऊन तथा रॉयल वर्ल्ड इंटरनेशनल स्कूल में सांझ केंद्र के सदस्यों के द्वारा कक्षा सातवीं से दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों को समाज में पनप रही आपराधिक गतिविधियों के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने सांझ केंद्र द्वारा किए जा रहे कार्यों तथा सांझ केंद्र द्वारा लोगों की किस प्रकार सहायता की जा सकती है, उसके बारे में बताया। उन्होंने सांझ केंद्र द्वारा जारी किए गए विभिन्न समस्याओं से संबंधित भिन्न-भिन्न हेल्पलाइन नंबर बच्चों को बताए कि अगर बच्चों को इस प्रकार की किसी भी समस्या का समाधान करना पड़ता है तो वे सांझ केंद्र से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने बच्चों को पासबुक बनाने, किराए पर रह रहे लोगों की शिनाख्त करने व आधार कार्ड संबंधी विभिन्न जानकारियाँ दीं।

    उन्होंने बताया कि विदेश जाने से पहले पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट उनके पास होना अनिवार्य है। उन्होंने व्हाट्सएप, नेट बैंकिंग, एटीएम तथा अन्य ऑनलाइन सेवाओं में होने वाले फ्रॉड (धोखाधड़ी) से सतर्क रहने के लिए छात्रों को निर्देश दिए। उन्होंने छात्रों को सडक़ पर चलते हुए ट्रैफिक नियमों का अनुसरण करने के लिए कहा कि उन्हें गाड़ी चलाते समय स्पीड लिमिट का ध्यान रखना चाहिए। सडक़ पर लड़कियों के साथ होने वाली छेडख़ानी, अपराधिक गतिविधियों हेतु उन्हें हेल्प नंबर देकर तुरंत संपर्क करने के लिए कहा। अगर कोई स्त्री घर के बाहर है और उसके पास कोई भी आने जाने का साधन नहीं है तो उसके लिए भी जारी किए गए हेल्प नंबर के बारे में बताया। 

    इस अवसर पर इंस्पेक्टर गुरदीप लाल (सीपीआरसी), इंस्पेक्टर सुरिंदर कौर (डब्ल्यू एच डी डिस्ट्रिक्ट इंचार्ज), कॉन्स्टेबल रीमा (पीपीएमएम), एच सी रजनी (पीपीएमएम), एनजीओ जसप्रीत कौर (एनिमल प्रोटेक्शन फाउंडेशन) उपस्थित थे।

  • डंगोली में मनाया गया जिला स्तरीय डेंगू दिवस

    डंगोली में मनाया गया जिला स्तरीय डेंगू दिवस

    ऊना/सुशील पंडित: राष्ट्रीय डेंगू दिवस के उपलक्ष्य पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डंगोली में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस बारे जानकारी देते हुए सीएमओ डॉ. मंजू बहल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों को डेंगू के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि डेंगू एडीज एजिप्टी मच्छर के काटने से होता है, जिसमें तेज बुखार, सिर दर्द, बदन तथा जोड़ों में दर्द, जी मतलाना, उलटी होना, आंखों को हिलाने में दर्द, गंभीर मामलों में त्वचा पर लाल चकते, मसूड़ों व नाक से खून बहना जैसे लक्षणों होते हैं। 

    डॉ. मंजू ने डेंगू से बचाव तथा उपचार के बारे में बताते हुए कहा कि मच्छरों को पनपने से रोकें। यह मच्छर खड़े साफ पानी में पनपता है। सप्ताह में एक-दो बार फूलदान, कूलर तथा टंकी के पानी को जरुर बदलें व ढककर रखें। टूटे बर्तन, पुराने टायर, टूटे घड़े, इत्यादि को घर में न रखें ताकि उनमें पानी एकत्र न हो। ऐसे कपड़े पहनें जो शरीर को पूरी तरह ढके। लक्षण होने पर शीघ्र नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में जाएं तथा उपचार करवाएं। इस अवसर पर जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी तथा जिला स्वास्थ्य शिक्षक गोपाल कृष्ण ने स्कूली विद्यार्थियों को डेंगू की विस्तृत जानकारी देने के उद्देश्य से डेंगू की प्रचार सामग्री भी वितरित की। 

    राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर भाषण प्रतियोगिता भी करवाई गई जिसमें संजना, जश्नप्रीत, दीपिका, तितिश्का, जसप्रीत, अमरजोत, सुखविंदर कौर तथा रोहित ने भाग लिया। इन सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग से बीसीसी समन्वयक कंचन माला, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर रीना तथा समस्त स्कूल स्टाफ व बच्चे उपस्थित रहे।