Blog

  • Punjab News: प्यार के आगे झुकी पुलिस, फिल्मी स्टाइल में लड़की ने दिया लड़के का साथ, देखें वीडियो

    Punjab News: प्यार के आगे झुकी पुलिस, फिल्मी स्टाइल में लड़की ने दिया लड़के का साथ, देखें वीडियो

    फिरोजपुरः जिले के् कस्बा ममदोट के गांव राउके हीठार में पुलिस और शादीशुदा जोड़े में जमकर हंगामा हुआ। नवविवाहित लड़की के परिवार ने लड़के के खिलाफ पर्चा करवाया गया था। शिकायत में लड़की को अपहरण करके ले जाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। दरअसल, गांव राउके हीठार में घरों से भगकर एक प्रेमी जोड़े ने कोर्ट मैरिज करवा ली। जब वे घर लौटे तो उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस पहुंच गई। नवविवाहित प्रेमिका जोड़ा गांव के चौक के बीच ही पुलिस के सामने खड़ा हो गया। इस दौराैन फिल्मी स्टाइल में लड़के को पुलिस से छुड़ा कर लड़की ने अपने गले लगा लिया और कहा कि वह उसका सच्चा प्यार है और उसने अपनी मर्जी से कोर्ट मैरिज की है।

    पुलिस और शादीशुदा जोड़े के बीच घंटों तकरार चली, जहां पुलिस उस लड़की को पकड़कर ले जाना चाहती थी, वहीं नवविवाहित ने पुलिस को ऐसा करने से रोका। मिली जानकारी के मुताबिक, राउके हीठार की रहने वाली नीलम का प्यार गांव के ही कुलदीप सिंह के साथ हो गया। परिवार के विरोध के बावजूद नीलम और कुलदीप घर से भाग गए। नीलम के परिवार ने कुलदीप के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज करवा दिया कि उनकी लड़की अपहरण कर ली गई। लड़की के परिवार के अनुसार, वह नाबालिग थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लड़की की तलाश शुरू कर दी।

    लगभग डेढ़ महीने बाद दोनों ने प्यार करके कोर्ट मैरिज कर वापस गांव लौट आए। जब पुलिस को पता चला तो वह लड़के को गिरफ्तार करने के लिए गांव पहुंची और उसे गिरफ्तार कर अपने साथ ले जाने की कोशिश की। तब नवविवाहित ने पुलिस को ऐसा करने से रोक दिया। जब पुलिस ने लड़के को अपनी गाड़ी में बैठाया तो लड़की गाड़ी से लटक गई। कई मीटर दूर तक पुलिस गाड़ी के साथ लड़की घिसटती गई, लेकिन उसने अपने पति का साथ नहीं छोड़ा।

    अंत में पुलिस को गाड़ी रोकनी पड़ी। जब गाड़ी रुकी तो पुलिस ने अपने पति को गाड़ी से बाहर उतारा और कहा कि वह अपनी मर्जी से कोर्ट मैरिज कर आया है और वह बालिग है, और उस पर किसी का भी दबाव नहीं है। उसके पति के खिलाफ झूठा मामला दर्ज किया गया है। पुलिस वाले उसके परिवार का कहने पर परेशान कर रहे हैं। आखिर पुलिस को उस लड़की के प्रेम के आगे झुकना पड़ा और पुलिस उसके पति को छोड़ कर चली गई। गांव में घटित इस घटना ने यह साबित किया है कि प्यार सिर्फ अन्ना ही नहीं होता, बल्कि बहुत ताकतवर भी होता है। अगर वह अपने साथी के साथ खड़ा हो जाए, तो दुनिया की कोई ताकत उसे हिला नहीं सकती।

    वहीं पुलिस पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया। लड़की के परिवार और दबाव में नवविवाहित जोड़े के खिलाफ झूठी कार्रवाई करने का भी आरोप है। इस बारे में डीएसपी करण शर्मा ने कहा कि कि वे इस मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं। क्योंकि जब पुलिस ने मामला दर्ज किया था, उस समय लड़की नाबालिग थी। यदि उन्होंने कोर्ट मैरिज कराई है, तो उस समय वह बालिग नहीं थी। उस मामले की जांच कर बनाई जाएगी, और जो भी आरोप साबित होंगे, उन पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

     

  • Punjabi Singer Diljit Dosanjh कॉन्सर्ट में पुलिस ने धक्के मारकर निकाले खालिस्तानी, देखें वीडियो

    Punjabi Singer Diljit Dosanjh कॉन्सर्ट में पुलिस ने धक्के मारकर निकाले खालिस्तानी, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के 31 मई की टोरंटो कॉन्सर्ट में रात एक बार फिर खालिस्तानी झंडे लेकर पहुंचे। इस दौरान टोरंटो स्थित फेमस रॉजर्स सेंटर स्टेडियम में शो के बीच कुछ दर्शकों द्वारा खालिस्तानी झंडे लहराकर शो को खराब करने की कोशिश की। लेकिन जैसे ही पुलिस को घटना के बारे में पता चला तो उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए भीड़ में घुसकर खालिस्तानियों को धक्के देकर बाहर निकाल दिया। रॉजर्स सेंटर में लगभग 50 हजार के करीब लोग शो देखने पहुंचे थे। इस दौरान कुछ खालिस्तानी झंडे लेकर घुस आए, लेकिन पुलिस ने उनको झंडे दिखाने से पहले ही धक्के देकर बाहर कर दिया। दिलजीत के टूर के दौरान ये तीसरी बड़ी घटना है।

    इसका एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें दिख रहा है कि सुरक्षाकर्मी स्टेडियम की भीड़ से गुजरते हुए झंडा लहराने वालों को धक्का देकर बाहर निकाल रहे हैं। खालिस्तानी हाथ में झंडे लेकर भीड़ के बीच पहुंच गए और नारे लगाने लगे। इससे पहले कि वो झंडे दिखाते और शो को रोक पाते, उनको पकड़ लिया। पहले पुलिस ने प्यार से बाहर चले जाने के लिए कहा लेकिन खालिस्तानी नहीं माने तो पुलिस ने जबरदस्ती उनको शो से बाहर कर दिया। घटना उस समय हुई जब दिलजीत परफॉर्म कर रहे थे और हजारों फैंस उनका उत्साह बढ़ा रहे थे।

    आयोजकों और लोकल पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया, जिससे शो बिना ज्यादा रुकावट के जारी रहा। इस घटना ने सोशल मीडिया पर खालिस्तानियों को लेकर बहस छेड़ दी है। फैंस दिलजीत के स्टैंड की तारीफ कर रहे हैं तो दूसरी तरफ प्रो-खालिस्तान एक्टिविस्ट्स इसे मुद्दा बना रहे हैं। खालिस्तानी झंडे लेकर जब पहुंचे तो दिलजीत दोसांझ मितरां ते फंक्शन ते गीत गा रहे थे। कुछ लोग काले कपड़ों में दिलजीत का विरोध करने पहुंचे तो पहले से तैनात पुलिस ने उनको रोकना चाहा लेकिन कुछ लोग भीड़ के अंदर चले गए। जिससे अफरतरफरी का माहौल बन गया लेकिन दिलजीत ने शो नहीं रोका और गाते रहे।

    इस घटना से पहले दिलजीत ने 11 मई 2026 को इंस्टाग्राम स्टोरीज पर खालिस्तानियों और उनके शो में हुड़दंग करने वालों को लेकर लिखा था कि बाहर प्रोटेस्ट करना किसी का भी अधिकार है, लेकिन अंदर आकर मेरे फैंस को हरास करना बर्दाश्त नहीं होगा। अगर कोई बैनर या झंडा लेकर आता है तो वह सपोर्ट दिखाने के लिए हो सकता है, लेकिन अगर बाहर गाली-गलौज कर रहे हैं और अंदर भी वही ड्रामा करेंगे तो नहीं चलेगा। मैंने सिक्योरिटी को कहा है कि जो प्रोग्राम खराब करे, उसे उठाकर बाहर फेंक दो। मैं किसी झंडे या बैनर के खिलाफ नहीं हूं, फेक नैरेटिव न फैलाएं।

     

     

  • भारी गिरावट के साथ खुला शेयर बाजार

    भारी गिरावट के साथ खुला शेयर बाजार

    नई दिल्लीः भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट देखने को मिली। आज दोनों प्रमुख सूचकांक बीएससी सेंसेक्स और एनएससी निफ्टी लाल निशान पर खुले। निफ्टी 50 142 अंक या 0.61% बढ़कर 23,240 पर खुला, जबकि बीएसई सेंसेक्स 435 अंक या 0.59% बढ़कर 73,831 पर खुला। विदेशी निवेशकों की बिकवाली और वैश्विक तनाव का असर घरेलू बाजार पर साफ नजर आया। कई दिग्गज शेयरों में गिरावट से बाजार का माहौल कमजोर बना रहा। ऐसे में निवेशकों की चिंता बढ़ गई है।

    ईरान और अमेरिका से जुड़े भू-राजनीतिक तनाव ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। अनिश्चितता बढ़ने पर निवेशक जोखिम वाले निवेश से दूरी बनाने लगते हैं। ब्रेंट क्रूड करीब 94 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गया है। तेल महंगा होने से भारत की आयात लागत बढ़ती है और महंगाई का खतरा भी बढ़ जाता है। FII लगातार भारतीय बाजार से पैसा निकाल रहे हैं। केवल एक दिन में हजारों करोड़ रुपये की बिकवाली ने बाजार पर दबाव बढ़ाया।

    वहीं मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि जब तक मिडिल ईस्ट तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी नहीं आती, तब तक बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। ऐसे समय में निवेशकों को जल्दबाजी में फैसले लेने से बचना चाहिए और मजबूत कंपनियों पर फोकस रखना चाहिए।

  • इस इलाके में बाइक सवार 4 युवकों ने की तोड़फोड़, चलाई गोलियां, एक काबू

    इस इलाके में बाइक सवार 4 युवकों ने की तोड़फोड़, चलाई गोलियां, एक काबू

    चंडीगढ़ः शहर के सेक्टर-20ए में देर रात हुई फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। चार युवकों ने पहले एक बुलेट मोटरसाइकिल में जमकर तोड़फोड़ की और जब पीड़ित पक्ष ने उनका विरोध किया तो भागते समय गोली चला दी। पुलिस ने एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके 3 साथी फरार हो गए। शहर के रिहायशी इलाके में हुई इस फायरिंग की घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने जांच शुरू कर दी गई। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार सेक्टर-33 निवासी राजीव पुत्र रोशन लाल अपने मित्र सुनील पुत्र आनंद सिंह के साथ देर रात मोटरसाइकिल पर वापस लौट रहा था। रास्ते में सेक्टर-20 मार्केट के पास उनकी दो युवकों से कहासुनी हो गई।

    उस समय दोनों युवक अलग-अलग एक्टिवा स्कूटर पर सवार थे। मामूली विवाद के बाद राजीव और सुनील अपने घर लौट आए और मोटरसाइकिल को सेक्टर-20ए स्थित मकान नंबर-58 के बाहर खड़ा कर दिया। कुछ समय बाद दोनों को नीचे सड़क से किसी चीज के टूटने की तेज आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने ऊपर से झांककर देखा तो चार युवक राजीव की बुलेट मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ कर रहे थे। दोनों तुरंत नीचे पहुंचे और आरोपियों को रोकने का प्रयास किया।

    इस दौरान उन्होंने एक युवक को दबोच लिया, जिसकी पहचान जय किशन निवासी सेक्टर-30, चंडीगढ़ के रूप में हुई। पुलिस ने उसकी एक्टिवा स्कूटर (सीएच-01-बीयू-6450) भी कब्जे में ले ली। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, अपने साथी के पकड़े जाने से बौखलाए अन्य तीन आरोपी मौके से भागने लगे। इसी दौरान उन्होंने सेक्टर-20ए स्थित मकान नंबर-39 के सामने फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।

    रिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। फरार युवकों में से एक की पहचान अभि नामक युवक के रूप में बताई गई है। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-19 थाना पुलिस, थाना-26 पुलिस, थाना प्रभारी और डीएसपी ईस्ट मौके पर पहुंच गए। जांच अधिकारी एएसआई सुरेंद्र ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने मौके से बरामद साक्ष्यों को कब्जे में लेकर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके फरार साथियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मामले में फायरिंग, तोड़फोड़ और अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

     

  • आज का राशिफल, 2 जून 2026

    आज का राशिफल, 2 जून 2026

    आज देवगुरु बृहस्पति का उच्च राशि में गोचर कर्क, मीन, मिथुन और कन्या राशि वालों के लिए भाग्य, धन और करियर में तरक्की के नए द्वार खोलेगा। मेष और सिंह राशि के जातकों का आत्मविश्वास बढ़ेगा। जबकि कुछ राशियों को मानसिक बेचैनी और खर्चों पर नियंत्रण रखना होगा। आइए जानते हैं ग्रहों के गोचर का मेष से मीन तक सभी राशियों पर कैसा प्रभाव रहेगा। जानें अपना आज का राशिफल।

    मेष राशि: आर्थिक मामलों में बनी रहेगी स्थिरता। धनु राशि के चंद्रदेव आज आपके नौवें भाव में विराजमान हैं। भाग्य और धर्म का यह भाव आज मन को आध्यात्मिक रंग में रंगेगा। मूल नक्षत्र की गहरी ऊर्जा कुछ गड़े मुर्दे उखाड़ने की कोशिश करेगी, इसलिए मन में थोड़ी बेचैनी रह सकती है। लग्नेश मंगलदेव अपनी ही राशि मेष में पहले भाव में मजबूती से बैठे हैं। आत्मविश्वास और ऊर्जा का स्तर आज अपने चरम पर रहेगा, बस किसी पर अनावश्यक रूप से हावी होने से बचें। तीसरे भाव में बुध और शुक्र की युति बातचीत, नेटवर्किंग और छोटी यात्राओं के लिए दिन को शानदार बनाती है। दूसरे भाव में सूर्यदेव रोहिणी नक्षत्र में होने से पैसों के मामले में थोड़ी स्थिरता तो है, लेकिन शत्रु राशि में होने से बड़े निवेश से आज परहेज करें। बारहवें भाव के शनिदेव खर्चों और नींद पर ध्यान देने की याद दिला रहे हैं। आज का सबसे बड़ा आशीर्वाद देवगुरु बृहस्पति का अपनी उच्च राशि कर्क में चौथे भाव में प्रवेश करना है। यह गोचर अगले 12-13 महीने रहेगा।

    वृषभ राशि: शुक्रदेव धन और संवाद में मिठास लाएंगे। धनु राशि के चंद्रदेव आज आपके आठवें भाव में मूल नक्षत्र में विराजमान हैं। यह कॉम्बिनेशन काफी इंटेंस है। कोई पुरानी बात या छुपी हुई चिंता अचानक सामने आ सकती है। मन में गहरी बेचैनी रहेगी। ऐसे समय में किसी विश्वसनीय से बात करना बेहतर है। लग्नेश शुक्रदेव बुधदेव के साथ दूसरे भाव में मित्र राशि मिथुन में हैं। बातचीत में मिठास रहेगी और धन।परिवार के मामलों में दिन अनुकूल है। बारहवें भाव में मंगलदेव अपनी राशि में मजबूत हैं लेकिन इस भाव में होने से शारीरिक ऊर्जा थोड़ी खिंचती है। दोपहर बाद थकान महसूस होगी, आराम करें। दसवें भाव में राहु करियर में कोई नया और अप्रत्याशित अवसर ला सकते हैं, खासकर डिजिटल क्षेत्र में। देवगुरु बृहस्पति आज आपके साहस और संचार के तीसरे भाव में उच्च राशि में प्रवेश कर रहे हैं। नेटवर्किंग और कम्युनिकेशन से बड़े लाभ के द्वार खुलेंगे।

    मिथुन राशि:  बुद्धि और वाणी के मामले में बेजोड़ रहेगा दिन।आज मिथुन राशि के लिए एक विशेष दिन है। आपके लग्नेश बुधदेव आज अपनी ही राशि मिथुन में, यानी लग्न भाव में बैठे हैं। बुद्धि तेज रहेगी और वाणी आज लोगों को प्रभावित करेगी। शुक्रदेव भी लग्न में साथ हैं, इसलिए व्यक्तित्व में एक खास चमक और आकर्षण रहेगा। जहां भी जाएंगे, लोग आपकी तरफ खिंचे आएंगे। सातवें भाव में धनु के चंद्रदेव मूल नक्षत्र में हैं। रिश्तों में एक गहराई और तीव्रता रहेगी। कोई पुरानी बात निकल सकती है, सब्र से सुनें। ग्यारहवें भाव में मंगलदेव अपनी राशि में होने से आर्थिक लाभ के रास्ते खुले हैं। दसवें भाव के शनिदेव करियर में मेहनत का पुरस्कार दे रहे हैं। निरंतरता बनाए रखें। देवगुरु बृहस्पति आज आपके धन और परिवार के दूसरे भाव में उच्च राशि में विराजमान हो गए हैं, यह आर्थिक जीवन को बदल देने वाला गोचर है।

    कर्क राशि: जीवन में नई रोशनी का होगा आगमन। आज कर्क राशि के लिए एक ऐतिहासिक और यादगार दिन है। देवगुरु बृहस्पति आज कर्क राशि में प्रवेश कर रहे हैं, जो उनकी उच्च राशि है। यानी वो सीधे आपके लग्न भाव में उच्च अवस्था में विराजमान हो रहे हैं। उच्च देवगुरु का लग्न में होना व्यक्तित्व में एक ऐसा निखार लाता है, जो अगले 12-13 महीने बना रहेगा। आत्मविश्वास, ज्ञान और जीवन में नई दिशा। सब एक साथ आ रहे हैं। योगकारक मंगलदेव आज दसवें भाव में अपनी राशि मेष में दिग्बली हैं। करियर के मोर्चे पर यह डबल पावर है। जो भी काम रुका था, वो आज गति पकड़ेगा। लग्नेश चंद्रमा छठे भाव में मूल नक्षत्र में होने से स्वास्थ्य और प्रतिस्पर्धा पर थोड़ा ध्यान देना होगा। बारहवें भाव में बुध-शुक्र की युति खर्चों को बढ़ा सकती है। बड़ा निवेश आज टालें। दूसरे भाव में केतु परिवार के किसी विषय में थोड़ा उलझन दे सकते हैं।

    सिंह राशि: करियर में पहचान और प्रतिष्ठा मिलेगी। लग्नेश सूर्यदेव आज कर्म के दसवें भाव में दिग्बली होकर रोहिणी नक्षत्र में हैं। भले ही वो शत्रु राशि में हैं, लेकिन दिगबल की ताकत उन्हें करियर के मोर्चे पर आज बेहद खास बनाती है। किसी वरिष्ठ अधिकारी से मुलाकात, सरकारी कार्य या कोई महत्वपूर्ण बैठक के लिए यह सही दिन है। ग्यारहवें भाव में बुध और शुक्र की युति पेशेवर नेटवर्किंग से लाभ दिलाएगी। योगकारक मंगलदेव भाग्य के नौवें भाव में अपनी राशि में हैं। किस्मत का साथ रहेगा। पांचवें भाव में चंद्रमा मूल नक्षत्र में होने से रचनात्मकता में एक गहराई तो रहेगी, लेकिन रोमांस में कोई इंटेंस मोमेंट आ सकता है। शांत रहें। लग्न में केतु की उपस्थिति कभी-कभी आत्मविश्वास में एक अजीब सी कमी दे सकती है। उसे अनदेखा करें। बारहवें भाव में देवगुरु बृहस्पति उच्च राशि में आज विराजमान हुए हैं। पर्दे के पीछे कुछ बड़ा बन रहा है, विदेशी संबंधों या आध्यात्मिक कार्यों में आने वाले महीने शुभ रहेंगे।

    कन्या राशि: करियर का सुनहरा दिन। आपके लग्नेश बुधदेव आज कर्म के दसवें भाव में अपनी ही राशि मिथुन में बहुत मजबूती से विराजमान हैं। यह कन्या राशि के लिए करियर के लिहाज से बेहद शक्तिशाली दिन है। किसी भी प्रेजेंटेंशन, विश्लेषण, लेखन या महत्वपूर्ण बातचीत के लिए आज शुभ दिन है। शुक्रदेव भी दसवें भाव में साथ हैं। जो भी काम करेंगे उसमें एक सौंदर्य और निखार दिखेगा। चौथे भाव में चंद्रमा मूल नक्षत्र में होने से घर में कोई बात हिला सकती है। मां की ओर से ध्यान देना जरूरी है। आठवें भाव में मंगलदेव कोई अचानक बदलाव ला सकते हैं। तैयार रहें, घबराएं नहीं। सातवें भाव में शनिदेव दिग्बली हैं। व्यापारिक और व्यक्तिगत साझेदारियां मजबूत और परिपक्व होती जा रही हैं। देवगुरु बृहस्पति आज लाभ के ग्यारहवें भाव में उच्च राशि में विराजमान हुए हैं। यह कन्या राशि के लिए आर्थिक लाभ का सुनहरा समय शुरू होने का संकेत है।

    तुला राशि: करियर का टर्निंग प्वाइंट शुरू होगा। आपके लग्नेश शुक्रदेव आज भाग्य के नौवें भाव में बुधदेव के साथ मित्र राशि मिथुन में हैं। भाग्य का साथ रहेगा, बोलने और लिखने में विशेष धार रहेगी। तीसरे भाव में मूल नक्षत्र के चंद्रमा कम्युनिकेशन में इंटेंसिटी देंगे। किसी पुरानी बात को उठाने की जरूरत महसूस होगी, सोच-समझकर बोलें। सातवें भाव में मंगलदेव अपनी राशि में हैं। रिश्तों में जुनून तो रहेगा, लेकिन जिद और अहंकार से बचें, नहीं तो तनाव हो सकता है। योगकारक शनिदेव प्रतिस्पर्धा के छठे भाव में हैं। जो लोग आपके रास्ते में रोड़ा बनते रहे हैं, आज उन पर भारी पड़ने के योग हैं। आठवें भाव में शत्रु राशि में सूर्यदेव होने से अचानक परिस्थितियों बदल सकती हैं, लिहाजा सावधानी जरूरी है। देवगुरु बृहस्पति आज करियर के दसवें भाव में उच्च राशि में प्रवेश कर रहे हैं। पेशेवर जीवन में एक नए अध्याय की शुरुआत होगी।

    वृश्चिक राशि: भाग्य का साथ मिलने का अध्याय होगा शुरू। आपके लग्नेश मंगलदेव आज शत्रु और प्रतिस्पर्धा के छठे भाव में अपनी ही राशि मेष में विराजमान हैं। ज्योतिष में इसे हर्ष योग कहते हैं। विरोधी और प्रतिस्पर्धी आज आपके सामने टिक नहीं पाएंगे, रूटीन के काम में असाधारण कुशलता रहेगी। दूसरे भाव में चंद्रमा मूल नक्षत्र में होने से परिवार में कोई गहरी बात हो सकती है, वाणी में संयम रखें। आठवें भाव में बुध-शुक्र की युति छुपी हुई बातों और ज्वाइंट फाइनेंस के मामलों को सक्रिय करेगी। किसी भी बड़े वित्तीय फैसले को लेने से पहले सोचें। दसवें भाव में केतु करियर में अप्रत्याशित मोड़ ला सकते हैं। घबराएं नहीं, देवगुरु बृहस्पति आज भाग्य के नौवें भाव में उच्च राशि में प्रवेश कर रहे हैं। भाग्य का नया अध्याय आज से शुरू हो रहा है। यह गोचर अगले 12-13 महीने आपकी किस्मत को नई ऊंचाई पर ले जाएगा।

    धनु राशि: छुपे अवसरों का खुलेगा रास्ता। आज धनु राशि के लिए मन में एक गहरी आत्म-निरीक्षण करने की ऊर्जा रहेगी। चंद्रमा आज सीधे आपके लग्न भाव में मूल नक्षत्र में हैं। मूल की ऊर्जी कुछ पुरानी बातों को सामने लाकर मन में एक मानसिक बेचैनी ला सकती है। इसे स्वीकार करें, यह एक जरूरी बदलाव का हिस्सा है। सातवें भाव में बुध शुक्र की युति रिश्तों और व्यापारिक साझेदारी में मिठास और कम्युनिकेशन में धार लाएगी। पांचवें भाव में मंगलदेव अपनी राशि में होने से रचनात्मक ऊर्जा चरम पर है। कोई क्रिएटिव प्रोजेक्ट आज शुरू करना बेहद शुभ होगा। चौथे भाव के शनिदेव घर की जिम्मेदारियां याद दिला रहे हैं। मां की ओर ध्यान दें। आपके लग्नेश देवगुरु बृहस्पति आज आठवें भाव में उच्च राशि में प्रवेश कर रहे हैं। उच्च लग्नेश का आठवां भाव अचानक के शुभ परिवर्तन, छुपे हुए लाभ और आशीर्वाद मिलने का संकेत है।

    मकर राशि: साझेदारी और विवाह के लिए शुभ समय। बारहवें भाव में मूल नक्षत्र के चंद्रमा सुबह मन में एकांत की चाहत और हल्की उदासी दे सकते हैं। मगर, इसमें डूबें नहीं। आपके लग्नेश शनिदेव साहस के तीसरे भाव में हैं। धीमी लेकिन पक्की प्रगति का यह गोचर आपकी असली पहचान है, निरंतरता बनाए रखें। छठे भाव में योगकारक शुक्रदेव और बुधदेव की युति रूटीन कामकाज में विशेष कुशलता देगी और प्रतिस्पर्धियों पर बढ़त मिलेगी। चौथे भाव में मंगलदेव अपनी राशि में होने से घर में ऊर्जा और उत्साह का माहौल रहेगा। संपत्ति से जुड़े काम आज अनुकूल हैं। दूसरे भाव में राहु पैसों के मामले में सतर्क रहने की जरूरत बताते हैं। बड़े लेन-देन करने से आज बचें। विवाह और व्यापारिक साझेदारी के लिए गुरु गोचर शुभ रहेगा।

    कुंभ राशि: प्रतिस्पर्धा में मिलेगी जीत। आज लोग आपकी बातों की तरफ स्वाभाविक रूप से आकर्षित होंगे। तीसरे भाव में मंगलदेव अपनी राशि में होने से साहस और संचार धारदार रहेगा। जो भी बात करनी हो, आज खुले दिल से कहें। पांचवें भाव में शुक्रदेव और बुधदेव की युति रचनात्मक कार्यों में एक विशेष निखार लाएगी। ग्यारहवें भाव में मूल नक्षत्र के चंद्रमा लाभ में कुछ अप्रत्याशित उतार चढ़ाव दे सकते हैं। लिहाजा, थोड़ा धैर्य बनाए रखें। सातवें भाव में केतु रिश्तों में उदासीनता का अहसास दे सकते हैं। मन की बातों को खुलकर पार्टनर से कहें। चौथे भाव में शत्रु राशि के सूर्य घर में थोड़ा तनाव दे सकते हैं। देवगुरु बृहस्पति आज प्रतिस्पर्धा और स्वास्थ्य के छठे भाव में उच्च राशि में विराजमान हो गए हैं यह आपके स्वास्थ्य सुधार के लिए बेहद अनुकूल हैं।

    मीन राशि: शुभ योग से मिलेगा लाभ। आज मीन राशि के कर्म भाव से चंद्रमा का गोचर हो रहा है। आपके लग्नेश देवगुरु बृहस्पति आज उच्च राशि कर्क में प्रवेश करके आपके रचनात्मकता और पुण्य के पांचवें भाव में विराजमान हो रहे हैं। उच्च लग्नेश का पांचवें भाव में होना, बेहद दुर्लभ संयोग है जो रचनात्मकता, शिक्षा, प्रेम और संतान के मोर्चों पर अनुकूल परिणाम प्रदान करने वाला रहेगा। चौथे भाव में शुक्रदेव दिग्बली हैं। घर में सुख और शांति का माहौल रहेगा। दूसरे भाव में मंगलदेव अपनी राशि में होने से धन कमाने की ऊर्जा और दृढ़ता प्रदान कर रहे हैं। लेकिन वाणी में तीखापन लाने से बचना होगा। दसवें भाव में मूल नक्षत्र के चंद्रमा करियर में कुछ बदलाव लाएंगे। घबराइए नहीं, यह बदलाव अच्छे के लिए है।

  • ब्राइट माइंडज़ पंजाब’ कार्यक्रम की रूपनगर से शुरुआत; 12वीं कक्षा में 85% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 600 से अधिक छात्रों का सम्मान

    ब्राइट माइंडज़ पंजाब’ कार्यक्रम की रूपनगर से शुरुआत; 12वीं कक्षा में 85% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 600 से अधिक छात्रों का सम्मान

    सरकारी स्कूलों में छठी कक्षा से ए.आई. विषय पढ़ाया जाएगा : हरजोत सिंह बैंस

    चंडीगढ़: पढ़ाई-लिखाई में शानदार प्रदर्शन को मान्यता देते हुए पंजाब के शिक्षा मंत्री स. हरजोत सिंह बैंस ने आम आदमी पार्टी के पंजाब मामलों के प्रभारी मनीष सिसोदिया के साथ आज रूपनगर जिले के श्री आनंदपुर साहिब स्थित विरासत-ए-खालसा में ‘ब्राइट माइंडज़ पंजाब 2026’ कार्यक्रम की शुरुआत की।

    उद्घाटन समारोह में रूपनगर जिले के 600 से अधिक विद्यार्थियों, जिन्होंने 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं में 85% से अधिक अंक प्राप्त किए हैं, को अचीवमेंट सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। स. बैंस ने कहा कि इस कार्यक्रम को पूरे सूबे के सभी जिलों में विस्तार दिया जाएगा।

    विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए स. बैंस ने घोषणा की कि इस शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के बाद, छठी कक्षा से सभी सरकारी स्कूलों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए.आई.) को विषय के रूप में पढ़ाया जाएगा।

    शिक्षा मंत्री ने कहा कि हमारे विद्यार्थियों को समय के अनुरूप और विश्व स्तर के मुकाबले के योग्य बनाने के लिए उन्हें नई तकनीकों से जोड़ना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि ए.आई. पारंपरिक भूमिकाओं को बदलते हुए रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा, इसलिए पंजाब के बच्चों को आगे बढ़कर इस बदलाव का हिस्सा बनना चाहिए।

    शिक्षा मंत्री ने कहा कि नीति आयोग द्वारा हाल ही में जारी रैंकिंग इंडेक्स में पंजाब ने स्कूल शिक्षा में शीर्ष स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी-आधारित सुधार राज्य के इस अग्रणी दर्जे को बनाए रखेंगे। उन्होंने यह भी घोषणा की कि पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पी.एस.ई.बी. परीक्षाओं के उत्तर पत्र अब ऑनलाइन उपलब्ध होंगे और यह सुविधा हमारी शिक्षा व्यवस्था में विश्वास और निष्पक्षता को और मजबूत करेगी।

    उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने इस कार्यक्रम में सवाल पूछकर और सुधारों पर सुझाव देकर सक्रिय रूप से भाग लिया, जहां नीति निर्माताओं और युवा विद्यार्थियों के बीच एक अनोखा और रचनात्मक संवाद देखने को मिला। उन्होंने कहा कि ‘ब्राइट माइंडज़ पंजाब 2026’ कार्यक्रम अब सभी जिलों में शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार का उद्देश्य पूरे राज्य में शैक्षणिक उत्कृष्टता और नवाचार की संस्कृति को बढ़ावा देना है।

    इस दौरान मनीष सिसोदिया ने विद्यार्थियों और शिक्षकों से सीधा संवाद किया और शिक्षा ढांचे को और बेहतर बनाने के लिए उनके विचार मांगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि हर घर और हर बच्चे की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक पहुंच होनी चाहिए। एक देश की प्रगति पूरी तरह अपनी शिक्षा व्यवस्था पर निर्भर करती है। आंकड़े दर्शाते हैं कि भारत के कई राज्य अभी भी सीखने की गुणवत्ता में गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था की अखंडता सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों और सरकार की साझा जिम्मेदारी बनती है।

    शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए निरंतर प्रयासों और नए विचारों की जरूरत पर जोर देते हुए सिसोदिया ने कहा, “सफलता केवल कड़ी मेहनत, अनुशासन और नई सोच से ही प्राप्त की जा सकती है। हमारे विद्यार्थी पहले ही साबित कर रहे हैं कि वे शिक्षा में देश का नेतृत्व करने के लिए तैयार हैं।”

  • हरित-भरा पंजाब सुनिश्चित करने के लिए राज्यभर में 1.50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य : लाल चंद कटारूचक

    हरित-भरा पंजाब सुनिश्चित करने के लिए राज्यभर में 1.50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य : लाल चंद कटारूचक

    वन एवं वन्यजीव संरक्षण विभाग द्वारा प्रत्येक जिले में लगाए जाएंगे 6.50 लाख पौधे चंडीगढ़: वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित-भरा पंजाब सुनिश्चित करने तथा वन क्षेत्र का विस्तार करने के उद्देश्य से वन एवं वन्यजीव संरक्षण विभाग ने सभी योजनाओं के अंतर्गत राज्य के 23 जिलों में से प्रत्येक जिले में 6.50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसके तहत पूरे राज्य में लगभग 1.50 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। यह महत्वपूर्ण परियोजना श्री गुरु रविदास जी के 650वें जन्म दिवस को समर्पित है। इस संबंध में सकारात्मक जमीनी परिणामों पर जोर देते हुए वन एवं वन्यजीव संरक्षण मंत्री लाल चंद कटारूचक ने आज एक बैठक में मंडलीय वन अधिकारियों (डीएफओ) को अपने-अपने जिलों के उपायुक्तों से सलाह-मशविरा कर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। मंत्री ने आगे कहा कि यदि आवश्यकता हो तो पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता को जन आंदोलन बनाने के लिए सभी क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों को शामिल किया जाए। राज्य राजमार्गों के दोनों ओर 500 मीटर की दूरी पर पौधे लगाने के कार्य के लिए बड़े जिलों में 2 स्थान तथा छोटे जिलों में 1 स्थान की पहचान करने की वकालत करते हुए मंत्री ने डीएफओ को आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने तथा चिन्हित स्थानों का विवरण 10 जून तक मुख्यालय को भेजने के लिए कहा। बैठक के दौरान कटारूचक को बताया गया कि ग्रीन पंजाब मिशन जैसी विभिन्न पहलों के तहत 584 हेक्टेयर क्षेत्र में पौधारोपण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त गुरु रविदास जी के 650वें जन्म दिवस को समर्पित 650 नानक बग़ीचियां भी स्थापित की जाएंगी तथा निर्धारित क्षेत्रों में शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों और औद्योगिक संस्थानों को शामिल किया जाएगा। एग्रो फॉरेस्ट्री पहल के अंतर्गत लगभग 3 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। मंत्री ने इस अवसर पर विभाग द्वारा पौधारोपण संबंधी स्थिति की वास्तविक समय में समीक्षा करने के उद्देश्य से विकसित की गई निगरानी एवं मूल्यांकन ऐप की भी सराहना की। इस अवसर पर वन एवं वन्यजीव संरक्षण विभाग के प्रशासनिक सचिव कमल किशोर यादव, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन बल प्रमुख) धर्मेंद्र शर्मा, सीसीएफ (प्लेन्स) निधि श्रीवास्तव, एपीसीसीएफ (बजट) सौरव गुप्ता, एपीसीसीएफ (मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक) बसंता राज कुमार, एपीसीसीएफ (एफसीए) प्रतिमा श्रीवास्तव तथा सीसीएफ (हिल्स) महावीर सिंह उपस्थित थे।
     
  • राज्यपाल ने एनसीसी माउंट दियो टिब्बा अभियान-2026 को झंडी दिखाकर किया रवाना

    राज्यपाल ने एनसीसी माउंट दियो टिब्बा अभियान-2026 को झंडी दिखाकर किया रवाना

    एनसीसी चरित्र निर्माण, नेतृत्व, देशभक्ति और अनुशासन का प्रतीक : राज्यपाल

    शिमला : राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने आज लोक भवन, से राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के माउंट दियो टिब्बा अभियान-2026 को झंडी दिखाकर रवाना किया। यह हिमालयी पर्वतारोहण अभियान पर जाने वाले कैडेटस एवं स्टाफ के लिए आयोजित औपचारिक समारोह था। राज्यपाल ने इस अवसर पर कैडेटस को संबोधित करते हुए उन्हें साहस, अनुशासन और टीम भावना की उत्कृष्ट परंपराओं को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि साहसिक गतिविधियां युवाओं में आत्मविश्वास, सहनशक्ति, नेतृत्व क्षमता तथा दृढ़ संकल्प की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
    कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता, देशभक्ति और अनुशासन का प्रतीक है। यह युवाओं में जिम्मेदार नागरिक बनने व नेतृत्व की भावना का विकास करता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभियान और गतिविधियों में भाग लेने वाले प्रतिभागी फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रसेवा के प्रेरक दूत बनकर उभरते हैं। उन्होंने कहा कि साहसी, अनुशासित और समर्पित युवा ही विकसित भारत की सशक्त नींव हैं।

    राज्यपाल ने कहा कि माउंट दियो टिब्बा अभियान में भाग ले रहे कैडेटस देश की युवा शक्ति की अपार क्षमता और सामर्थ्य का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उनका समर्पण, दृढ़ संकल्प और कठिन परिश्रम अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अभियान दल को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह चुनौतीपूर्ण अभियान उनके साहसिक जज्बा, आत्मविश्वास और विपरीत परिस्थितियों से जूझने की क्षमता को और अधिक मजबूत करेगा। 6,001 मीटर की ऊंचाई तक संचालित होने वाला माउंट दियो टिब्बा अभियान एनसिसी के प्रमुख पर्वतारोहण अभियानों में से एक है। इस दल में देशभर से कठोर चयन प्रक्रिया और विशेष प्रशिक्षण के बाद चुने गए कैडेटस शामिल हैं। इन कैडेटस को अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान (एबीवीआईएमएएस), सोलंग वैली में प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। अभियान के दौरान दल को ग्लेशियर यात्रा, हिमकला (स्नो क्राफ्ट) तथा उच्च हिमालयी क्षेत्रों में जीवन-निर्वाह जैसी कठिन चुनौतियों का सामना करना होगा। इस अभियान का नेतृत्व विंग कमांडर कुनाल शर्मा कर रहे हैं।

    इससे पूर्व, एनसीसी अधिकारियों ने राज्यपाल को अभियान के उद्देश्यों एवं तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर एनसीसी महानिदेशालय के अतिरिक्त महानिदेशक मेजर जनरल विकास भारद्वाज, उप महानिदेशक जनरल ब्रिगेडियर राजीव कपूर, राज्यपाल के सचिव संदीप भारद्वाज, ग्रुप कमांडर कर्नल आदित्य वर्मा, वरिष्ठ सैन्य अधिकारी और अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

  • डीजीपी गौरव यादव द्वारा फील्ड यूनिटों को पूरे राज्य में पुलिस की मौजूदगी और गश्त बढ़ाने के निर्देश

    डीजीपी गौरव यादव द्वारा फील्ड यूनिटों को पूरे राज्य में पुलिस की मौजूदगी और गश्त बढ़ाने के निर्देश

    चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार राज्य में सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के लिए बड़े प्रयास करते हुए डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने आज सभी फील्ड यूनिटों को पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने और पुलिस गश्त को रणनीतिक नाकों, मोबाइल गश्त तथा वाहनों की जांच के माध्यम से और मजबूत करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों में पुलिस का भरोसा और बढ़ाया जा सके और उनके लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

    डीजीपी यहां अपने कार्यालय में जिलों/कमिश्नरेटों के पर्यवेक्षण अधिकारियों के रूप में तैनात सीनियर स्पेशल डीजीपी/एडीशनल डीजीपी/आईजीपी/डीआईजी रैंक के अधिकारियों, रेंज आईजीपी/डीआईजी, सभी पुलिस कमिश्नरों (सीपी) और सभी सीनियर पुलिस सुपरिंटेंडेंट (एसएसपी) के साथ वर्चुअल मोड के माध्यम से राज्य स्तरीय कानून एवं व्यवस्था समीक्षा मीटिंग की अध्यक्षता कर रहे थे। इस मीटिंग का मुख्य केंद्र पंजाब सरकार की प्रमुख पुलिसिंग प्राथमिकताओं पर जोर देना, अपराध स्थिति की समीक्षा करना और पूरे राज्य में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाना था।

    डीजीपी गौरव यादव ने कहा, “मैंने सभी सीपी और एसएसपी को अपने-अपने अधिकार क्षेत्रों में पुलिस नाके बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इन नाकों पर अधिक से अधिक वाहनों की अच्छी जांच करने और अपराधिक तत्वों को रोकने तथा पूरे पंजाब में पुख्ता सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मोबाइल गश्त में तेजी लाने को भी कहा गया है।” उन्होंने जिला पुलिस प्रमुखों को आम लोगों में सुरक्षा और विश्वास को और मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक पुलिस फोर्स की तैनाती सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। मीटिंग के दौरान, डीजीपी ने पंजाब सरकार की दो प्रमुख पहल – ‘युद्ध नशियां विरुद’ और ‘गैंगस्टरां ते पर वार’ की प्रगति की विस्तृत समीक्षा भी की।

    बड़े रणनीतिक बदलाव का खुलासा करते हुए डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि नशों के कारोबार में पैसे की सप्लाई रोकने के लिए पंजाब पुलिस गैर-कानूनी हवाला ऑपरेटरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई पर जोर दे रही है। डीजीपी ने आगे कहा, “हमारी जांच और प्राथमिकता उन मनी सप्लायर्स पर केंद्रित है जो मध्य-पूर्वी देशों के रास्ते फंडिंग को गैर-कानूनी हवाला नेटवर्क का उपयोग करके पाकिस्तान भेज रहे हैं। नशीले पदार्थों के व्यापार के फंडों को चैनलाइज करने वाले इन नेटवर्कों को पूरी तरह से तबाह कर दिया जाएगा और दोषियों को जल्द न्याय के घेरे में लाया जाएगा।”

    लोक-केंद्रित पुलिसिंग पर जोर देते हुए डीजीपी ने सभी सीपी और एसएसपी को आम लोगों और पुलिस फोर्स के बीच आपसी तालमेल बढ़ाने के निर्देश दिए। जिला प्रमुखों को पुलिस-जनता की भागीदारी को और मजबूत करने के लिए विभिन्न स्थानीय एसोसिएशनों, नागरिकों और ग्राम रक्षा समितियों (वीडीसी) के साथ लगातार मीटिंगें करने को भी कहा गया।

  • पंजाब में HPCL का बड़ा निवेश, बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

    पंजाब में HPCL का बड़ा निवेश, बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

    • रणनीतिक स्थिति, मजबूत बुनियादी ढांचे और निवेशक-अनुकूल नीतियों के कारण पंजाब उत्तरी भारत के पसंदीदा निवेश स्थान के रूप में उभर रहा है : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान

    • एक समय था जब निवेशकों को अनावश्यक बाधाओं और अवैध मांगों का सामना करना पड़ता था; आज पंजाब सरकार केवल पंजाब और पंजाबियों की भलाई के लिए काम कर रही है और एक पारदर्शी, निवेशक-अनुकूल माहौल सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान

    • एचपीसीएल रिफाइनरी और बायोगैस क्षेत्रों में निवेश करने के लिए उत्सुक; ये प्रोजेक्ट रोजगार के अवसर पैदा करेंगे और पंजाब की अर्थव्यवस्था को मजबूत करेंगे : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान

    • एचपीसीएल-मित्तल एनर्जी के बायोफ्यूल और बायोगैस प्रयासों का विस्तार कृषि अवशेषों से निपटने में मदद करेगा और किसानों को लाभ पहुंचाएगा: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान

    चंडीगढ़ : पंजाब के एक पसंदीदा निवेश स्थान के रूप में उभार को उस समय बड़ा बढ़ावा मिला, जब मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) का बड़ा निवेश सुनिश्चित किया। इस ऊर्जा क्षेत्र की प्रमुख कंपनी ने रिफाइनरी, बायोफ्यूल और बायोगैस क्षेत्रों में निवेश के माध्यम से राज्य में अपना दायरा बढ़ाने की योजना का एलान किया है। एचपीसीएल के चेयरमैन विकास कौशल के साथ बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पंजाब के मजबूत बुनियादी ढांचे, रणनीतिक स्थिति, निवेशक-अनुकूल नीतियों और पारदर्शी शासन प्रणाली पर प्रकाश डाला, जिसने राज्य को उत्तरी भारत के सबसे आकर्षक निवेश केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद की है। बैठक के दौरान एचपीसीएल-मित्तल एनर्जी लिमिटेड ने पंजाब में अपने कामकाज के और विस्तार का एलान भी किया, जिसमें बायोफ्यूल और बायोगैस प्रोजेक्ट शामिल हैं। इन प्रोजेक्टों से रोजगार पैदा होने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने, औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलने और कृषि अवशेषों के प्रबंधन के लिए टिकाऊ समाधान मिलने की उम्मीद है।

    बैठक के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने उत्तरी भारत के पसंदीदा निवेश स्थान के रूप में पंजाब की स्थिति को पेश किया। उन्होंने राज्य की भौगोलिक स्थिति, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) और प्रमुख बंदरगाहों से निर्बाध संपर्क, मजबूत औद्योगिक क्लस्टर, निर्बाध मानक बिजली आपूर्ति, कुशल कर्मचारियों और अग्रणी नीतियों के ताने-बाने के बारे में बताया। मुख्यमंत्री ने एचपीसीएल के प्रतिनिधिमंडल को पंजाब के प्रशासनिक और नियामक सुधारों से भी अवगत कराया, जिसमें 173 से अधिक सरकारी-से-व्यापार (G2B) सेवाएं प्रदान करने वाला ‘फास्ट ट्रैक पंजाब’ सिंगल-विंडो सिस्टम, ऑटो-डीम्ड मंजूरी, पैन आधारित व्यापारिक पहचानकर्ता और ‘पंजाब राइट टू बिजनेस एक्ट’ में किए गए संशोधन शामिल हैं, जो समय पर साझा मंजूरी को संभव बनाते हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “पंजाब सरकार का विजन बिल्कुल स्पष्ट है। हम नीतियों में स्थिरता, फैसले लेने में तेजी और ऐसी शासन प्रणाली प्रदान करके पंजाब को वैश्विक उद्योगों के लिए एक पसंदीदा स्थान बनाना चाहते हैं, जो निवेशकों के समय और भरोसे का सम्मान करे।”

    मुख्यमंत्री ने दोहराया कि पंजाब सरकार निवेश को प्रोत्साहित करने और उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “यह बहुत उत्साहजनक है कि एचपीसीएल ने पंजाब में रिफाइनरी और बायोगैस जैसे प्रमुख क्षेत्रों में निवेश करने में गहरी दिलचस्पी दिखाई है। ये निवेश राज्य को बड़ा लाभ पहुंचाएंगे। आर्थिक गतिविधियों को बड़ा बढ़ावा देने के अलावा ये प्रोजेक्ट पंजाब के युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खोलेंगे।” मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “यह खुशी की बात है कि एचपीसीएल-मित्तल एनर्जी लिमिटेड 2जी तकनीक पर काम करके बठिंडा में अपने कामकाज का और विस्तार कर रही है। इस उपक्रम में कृषि अवशेषों से मूल्यवान उत्पाद तैयार करते हुए बायोफ्यूल क्षेत्र को मजबूत करने की अपार संभावना है।” उन्होंने आगे बताया कि कंपनी पंजाब भर में दस बायोगैस प्लांट स्थापित करने की प्रक्रिया में है, जिनमें से पांच पहले ही चालू हो चुके हैं। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “ये बायोगैस प्रोजेक्ट राज्य में कृषि अवशेषों के प्रभावी प्रबंधन को सुनिश्चित करने में बहुत सहायक साबित होंगे। इससे न केवल पर्यावरण की चिंताओं को दूर करने में मदद मिलेगी, बल्कि किसानों को भी भरपूर लाभ होगा।”

    एचपीसीएल के प्रतिनिधिमंडल को पूर्ण सहयोग का भरोसा देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार निवेश को आकर्षित करने और औद्योगिक विस्तार को सुगम बनाने की अपनी प्रतिबद्धता पर दृढ़ है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने दावा किया, “निवेशक सच्चे देशभक्त होते हैं, जो बड़े निवेश करके युवाओं के लिए नौकरियां पैदा करके और अभूतपूर्व प्रगति तथा समृद्धि के युग की शुरुआत करके देश की सेवा करते हैं। पंजाब सरकार हर उस निवेशक के साथ चट्टान की तरह खड़ी है, जो राज्य के विकास में योगदान देना चाहता है।” उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आगे भरोसा दिलाया कि पंजाब में व्यापारिक माहौल पूरी तरह बदल चुका है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “एक समय था जब निवेशकों को अनावश्यक बाधाओं और अवैध मांगों का सामना करना पड़ता था। आज पंजाब सरकार केवल पंजाब और पंजाबियों की भलाई के लिए काम कर रही है और एक पारदर्शी, निवेशक-अनुकूल माहौल सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।” इस बैठक के दौरान मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव डॉ. रवि भगत, उद्योग सचिव गुरकिरत किरपाल सिंह, सचिव ग्रामीण विकास अजीत बालाजी जोशी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।