ऊना/सुशील पंडित : विकास खंड की बंगाणा ग्राम पंचायत सुकड़ियाल में पंचायत चुनावों के बाद खुशी और उत्साह का माहौल बना हुआ है। पंचायत से नव निर्वाचित प्रधान श्रीमती निर्मला देवी ने पंचायत की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पंचायतवासियों ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस विश्वास पर वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरेंगी। उन्होंने कहा कि चुनाव में मिली जीत केवल उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं बल्कि पूरी पंचायत की जीत है। प्रधान निर्मला देवी ने कहा कि पंचायत की जनता ने उन्हें 68 मतों से विजय बनाकर जो सम्मान दिया है, वह उसके लिए हमेशा पंचायतवासियों की ऋणी रहेंगी। उन्होंने कहा कि पंचायत के हर व्यक्ति के कार्य बिना किसी राजनीतिक द्वेष भावना के किए जाएंगे तथा सभी को समान प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य पंचायत का समग्र विकास करना और हर जरूरतमंद परिवार के साथ खड़ा रहना है। हर व्यक्ति का होगा मान सम्मान, बिना भेदभाव होंगे विकास कार्य, नव निर्वाचित प्रधान निर्मला देवी ने कहा कि पंचायत चुनाव समाप्त हो चुके हैं और अब समय पंचायत को एकजुट होकर आगे बढ़ाने का है। उन्होंने कहा कि पंचायत के विकास में सभी लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी तथा गांवों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, स्वच्छता, युवाओं के लिए सुविधाएं तथा महिलाओं के उत्थान से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पंचायत में विकास कार्यों को पारदर्शिता के साथ किया जाएगा ताकि जनता का विश्वास और मजबूत हो सके।निर्मला देवी ने कहा कि वह लंबे समय से समाजसेवा से जुड़ी रही हैं और पंचायतवासियों के सुख-दुख में हमेशा सहभागी रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने जो प्यार और समर्थन दिया है, वही उनके लिए सबसे बड़ी ताकत है।