Blog

  • Punjab News: फिर जलने लगी पराली 90 मामले दर्ज, कई किसानों पर जुर्माना और FIR दर्ज

    Punjab News: फिर जलने लगी पराली 90 मामले दर्ज, कई किसानों पर जुर्माना और FIR दर्ज

    चंडीगढ़ः उत्तर भारत में शरद ऋतु शुरू होने से पहले पराली जलाने के मामले बढ़ने लगते हैं। वहीं सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बावजूद पंजाब के खेतों में पराली का जलना जारी है। बीते दिन कुल मामलों की गिनती बढ़कर 90 हो गई। दरअसल, कल 8 नए मामले सामने आए। पंजाब में 15 सितंबर सेटेलाइट के जरिये पराली जलाने के मामलों की माॅनीटरिंग हो रही है। दावों के विपरीत तब से रोजाना खेतों में पराली जल रही है। पराली जलाने में अब तक सबसे अधिक 51 मामले अमृतसर में सामने आए हैं। पराली जलाने के 47 मामलों में कार्रवाई करते हुए 225000 का जुर्माना लगाया गया है।

    वहीं 49 मामलों में BNS के सेक्शन 223 के तहत FIR भी दर्ज की गई है। पंजाब सरकार पराली जलाने से रोकने को लेकर कई कदम उठा रही है, फिर भी ऐसा में मामले आने बंद नहीं हो रहे हैं। बता दें, खेत को साफ करने के लिए पराली जलाना किसानों को सस्ता पढ़ता है, जिसकी वजह से इसे रोकना सरकार के लिए सिर दर्द बन गया है। इसके चलते पंजाब के शहरों का प्रदूषण भी बढ़ने लगा है।

    रविवार को बठिंडा का एक्यूआई 175 दर्ज किया गया जो येलो जोन में रहा। डाॅक्टरों के मुताबिक इस तरह के एक्यूआई में ज्यादा देर तक बाहर रहने से खास तौर से सांस व दिल के रोगों से पीड़ित मरीजों को समस्या हो सकती है। अमृतसर के बाद तरनतारन में सबसे अधिक 11 मामले, पटियाला में 10, बरनाला में दो, बठिंडा, फरीदकोट, फिरोजपुर, व जालंधर में एक-एक मामला, कपूरथला में तीन, मालेरकोटला में चार मामले, होशियारपुर में दो, संगरूर में भी दो और एसएएस नगर में भी एक मामला हुआ है।

    32 मामलों में पराली जलाने वाले किसानों की जमीन रिकॉर्ड में रेड एंट्री दर्ज की गई है। जमीन रेवेन्यू रिकॉर्ड में रेड एंट्री होने पर किसान ना तो अपनी जमीन बेच सकता है और ना ही उसे गिरवी या फिर उस जमीन पर लोन ले सकता है। पंजाब के कंट्रोल रूम सुपरवाइजर युग ने बताया, “सैटेलाइट अलग-अलग सेंसरों के जरिए पराली जलाने की घटनाओं का पता लगाते हैं और हमारे अधिकारी डेटा की निगरानी करते हैं।

    संबंधित क्षेत्र के नोडल और क्लस्टर अधिकारी घटना के बारे में SDM को सूचित करते हैं। एक टीम तुरंत मौके पर पहुंचती है और किसानों को पराली न जलाने की सलाह देती है।” उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयासों से किसान पराली जलाने के हानिकारक प्रभावों के बारे में ज्यादा जागरूक हुए हैं और कई अब इस प्रथा से बच रहे हैं। हम उन्हें राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में भी बताते हैं, जो पराली जलाने के विकल्पों का समर्थन करती हैं।

     

     

  • होर्डिंग लगाते समय 7वीं मंज़िल से गिरे 10 मजदूर, 2 की मौत

    होर्डिंग लगाते समय 7वीं मंज़िल से गिरे 10 मजदूर, 2 की मौत

    अहमदाबादः गुजरात के अहमदाबाद शहर में एक आवासीय इमारत पर रविवार दोपहर होर्डिंग लगाने के दौरान नीचे गिर जाने के कारण दो मजदूरों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि दक्षिण बोपल इलाके में इमारत की सातवीं मंजिल से दो मजदूर गिर गए। पुलिस उपाधीक्षक (अहमदाबाद ग्रामीण) नीलम गोस्वामी ने बताया कि कम से कम 10 मजदूर इमारत की छत पर एक विज्ञापन एजेंसी का बड़ा होर्डिंग लगा रहे थे, तभी उनका संतुलन बिगड़ गया।

    उन्होंने बताया कि दो मजदूरों की गिरने से मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका इलाज जारी है। बोपल पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि मृतक मजदूरों की पहचान राज और महेश के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे।पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

  • आज का राशिफल, 29 सितंबर 2025

    आज का राशिफल, 29 सितंबर 2025

    आज आश्विन शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि सोमवार का दिन है। सप्तमी तिथि आज शाम 4 बजकर 32 मिनट तक रहेगी। आज शारदीय नवरात्र का सातवां दिन है। आज देर रात1 बजे तक सौभाग्य योग रहेगा साथ ही आज पूरा दिन पूरी रात पार करके कल सुबह 6 बजकर 18 मिनट तक मूल नक्षत्र रहेगा।

    मेष राशि:आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। आज आपको करियर में तरक्की के अवसर प्राप्त होंगे। जिससे आपकी तारीफ होगी और दूसरे भी आपसे कुछ सीखना चाहेंगे। आज अगर आप नया व्यापार शुरू करना चाहते है तो घरवालों का पूरा सहयोग मिलेगा। आज आपको कोई ऐसी बात पता लग सकती है, जिससे आपको खुशी महसूस होगी। आज आप दोस्त की मदद करेंगे, जिससे आपकी दोस्ती गहरी होगी। माता कालरात्रि के सामने घी का दीपक जलाएं, धन-धान्य में बढोतरी होगी।

     

    वृष राशि:आज किस्मत आप पर मेहरबान रहेगी। आज आपको अचानक कुछ ऐसा हासिल होगा, जिसकी आपको बहुत दिनों से तलाश थी। इस राशि के टूर एंड ट्रेवल्स के बिजनेस से जुड़े व्यक्तियों के लिए आज का दिन लाभदायक रहने वाला है। आज आपको किसी बड़ी कंपनी के साथ साझेदारी करने का मौका मिलेगा, जिससे आपको ज्यादा से ज्यादा लाभ मिलेगा। जीवनसाथी आज आपसे प्रसन्न रहेंगे और आपको उपहार मिलेगा। मां दुर्गा की आरती करें, घर का माहौल खुशनुमा बना रहेगा।

     

    मिथुन राशि:आज का दिन खुशियां देने वाला साबित होगा। आज इस राशि के छात्र अपनी पढाई का शेड्यूल बदलेंगे, जिससे पढ़ने में मन लगा रहेगा। आज दाम्पत्य जीवन खुशहाल रहेगा, संतान पक्ष से आज आपको खुशखबरी मिलेगी। आज नौकरी में कार्यरत व्यक्तियों को प्रमोशन मिलने के योग बन रहे है। आज महिलाओं को ऑफिस मे वर्कलोड कम रहेगा, जिससे आप अपने वर्क कों टाइमली पूरा कर लेंगे।

     

    कर्क राशि:आज आपका दिन मिला – जुला रहने वाला है। आज आप किसी अनजान व्यक्ति पर ज्यादा भरोसा ना करें। आज छात्रों को पढ़ाई में और ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी, जिसका आपको अच्छा रिजल्ट देखने कों मिलेगा। आज कपड़ा व्यापारियों के काम की गति बढेगी। आज आपको दूसरों के मामलो में अपनी राय रखने से भी बचना चाहिए। माता को पुये का भोग लगायें, कारोबार में आ रही समस्याएं दूर होंगी।

     

    सिंह राशि:आज का दिन आपके लिए खास रहने वाला है। आज आप खुद को आर्थिक रुप से मजबूत बनाने की योजना बनायेंगे। इस राशि के वकीलों को आज किसी पुराने मुददे पर बड़े कानूनी सलाहकार की मदद मिलेगी, साथ ही आपके नये क्लाइंट्स से मुलाक़ात होगी। आज आप जीवनसाथी पर पूरा विश्वास बनायें रखे, रिश्तो में मजबूती आयेगी। घुटनों से सम्बंधित समस्या से आज आपको छुटकारा मिलेगा। मां दुर्गा को नारियल अर्पित करें, विवाह में आ रही रुकावटें दूर होंगी।

     

    कन्या राशि:आज समाज में आपकी प्रतिष्ठा बढ़ेगी। आज ऑफिस में हर व्यक्ति आपके कार्यो से प्रभावित होगा। आज आपके घर आपसे मिलने कोई रिश्तेदार आयेगा। साथ ही अलग-अलग व्यंजनों का आनंद उठाएंगे। आज आप जीवनसाथी को ज्वेलरी उपहार में देंगे, जिससे आपके रिश्ते बेहतर बनेंगे। इस राशि की बिजनेस से जुडी महिलाएं, आज बड़ी डील फ़ाइनल कर सकती हैं। मां दुर्गा को लाल पुष्प अर्पित करें, लाभ के अवसर प्राप्त होंगे।

     

    तुला राशि:आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। आज कुछ जरुरी कार्यों की वजह से आपको ऑफिस में देर तक रुकना पड़ सकता है। आज आप कहीं पैसा निवेश करना चाहते है तो दिन अच्छा है। साथ ही आप घरवालों के साथ किसी बात को लेकर बात-चीत करेंगे, जिसका बेहतर परिणाम मिलेगा। आज इस राशि के आईटी क्षेत्र से जुड़े छात्रों को जॉब का ऑफर मिलेगा। मां दुर्गा को हलवे का भोग लगायें, जीवन में समृद्धि बनी रहगी।

     

    वृश्चिक राशि:आज आपका दिन अच्छा रहने वाला है। आज आप छोटी-छोटी बातों में खुशी तलाशने की कोशिश करेंगे। तथा विरोधी आज आपके सामने दोस्ती का हाथ बढ़ाएंगे। इस राशि के बच्चे स्कूल का होमवर्क पूरा करने में किसी की मदद लेंगे। आज आपका स्वास्थ्य अच्छा रहने वाला है। साथ ही घर के बड़े आज आपको बेहतरीन सुझाव देंगे। दुर्गा स्त्रोत का पाठ करें, आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

     

    धनु राशि:आज का दिन आपके लिए बेहतर रहेगा। इस राशि के दुकानदारों को आज उम्मीद से ज्यादा धन लाभ होने वाला है। आज आप जिस भी काम में हाथ बढ़ायेंगे, वो जरुर सफल होगा। आज आपका दाम्पत्य जीवन खुशहाल रहेगा। साथ ही आज आपको किसी काम में बड़े भाई का सहयोग प्राप्त होगा। आज आपकी कोर्ट सम्बन्धी समस्याओं का समाधान निकलेगा। माता के दर्शन करें, किस्मत का साथ बना रहेगा।

     

    मकर राशि:आज आपका दिन खुशियों से भरा रहेगा। आज का दिन कार्यों में सफलता दिलाने वाला होगा लेकिन आज आपको ज्यादा भावुक होने से बचना चाहिए। जीवनसाथी आज आपकी बातों को समझने की कोशिश करेंगे। जिससे आप कठिन परिस्थितियों में भी सटीक फैसले लेंगे। इस राशि के सोने-चांदी का व्यापार कर रहे व्यक्तियों को बड़ा धन लाभ होगा। मां कालरात्रि का ध्यान करें, रुका हुआ पैसा आपको वापस मिलेगा।

     

    कुंभ राशि:आज का दिन आपके लिए बहुत अच्छा रहने वाला है। आज आप खुद को गर्व से भरा महसूस करेंगे। साथ ही आपको जीवनसाथी से अच्छी खबर मिलेगी। इस राशि के वेब डिजाइनिग में कार्यरत व्यक्तितों को बड़ा प्रोजेक्ट हाथ लगेगा, जिससे करियर में तरक्की होगी। आज आपको किसी सामाजिक समारोह में जाने का मौका मिलेगा, जहाँ आपकी मुलाकात किसी वरिष्ठ व्यक्ति से होगी।

     

     

    मीन राशि:आज का दिन आपके लिए ठीक रहेगा। आज शाम को आप परिवार के साथ मिलकर अच्छा समय बितायेंगे। साथ ही व्यापार के प्रति आज की गयी कोशिशें, भविष्य में रंग लायेंगी। आज सेहत के मामले में भी सब कुछ अच्छा रहेगा । इस राशि के सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहें छात्रों को आज शुभ समाचार मिलेगा। मां दुर्गा को नारियल अर्पित करें, लोगों का सहयोग मिलता रहेगा।

     

     

  • Haryana News: संदिग्ध परिस्थितियों में युवती का मिला शव, देखें वीडियो

    Haryana News: संदिग्ध परिस्थितियों में युवती का मिला शव, देखें वीडियो

    पंचकूला: सेक्टर-21 में शनिवार देर रात एक 18 वर्षीय युवती का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला और हादसे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मिली जानकारी के अनुसार मृतक युवती कानपुर की रहने वाली थी और पिछले चार वर्षों से इसी कोठी में काम कर रही थी। बताया जा रहा है कि देर रात उसी घर में काम करने वाली दूसरी युवती ने शव को पंखे से लटका देखा और तुरंत मकान मालिक को इसकी जानकारी दी।

    इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-6 स्थित मोर्चरी में भेज दिया गया है। मृतका के पिता बबलू और परिजनों ने पंचकूला पहुंचकर पुलिस जांच पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला है और इसकी गहन जांच होनी चाहिए। परिवार का आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या कर इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि प्राथमिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।

  • Punjab News: बस और ट्रक की भयानक टक्कर, देखें वीडियो

    Punjab News: बस और ट्रक की भयानक टक्कर, देखें वीडियो

    होशियारपुर: दसुआ रोड पर बागपुर अड्डा के पास रविवार को बस और ट्रक की भयानक टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। मिली जानकारी के अनुसार बस दसुआ की ओर से हुशियारपुर आ रही थी जबकि ट्रक विपरीत दिशा से जा रहा था।

    प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस तेज रफ्तार में ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी, जिसके चलते आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे के बाद बस के ड्राइवर को तुरंत निजी अस्पताल रेफर किया गया। वहीं ट्रक का ड्राइवर करीब डेढ़ से दो घंटे तक गाड़ी में फंसा रहा, जिसे स्थानीय लोगों और रेस्क्यू टीम की मदद से बाहर निकाला गया।

    उसकी हालत भी नाजुक बताई जा रही है। बस में सवार यात्रियों को केवल मामूली चोटें आई हैं, जिससे बड़ा जानी नुकसान टल गया। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई और स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

  • Punjab News: प्रोजेक्ट में निवेश के नाम पर 14.71 करोड़ की ठगी

    Punjab News: प्रोजेक्ट में निवेश के नाम पर 14.71 करोड़ की ठगी

    लुधियाना: गुजरात के महत्वाकांक्षी धोलेरा स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में निवेश कराने के नाम पर लुधियाना के एक व्यक्ति से 14.71 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित खन्ना माता रानी मोहल्ला के रहने वाले गगनदीप सिंह ने बताया कि वह रियल एस्टेट की फर्म चलाते हैं। गगनदीप सिंह ने दुगरी पुलिस स्टेशन में दी शिकायत में बताया कि रजिंदर ने 2018 से 2023 के बीच आरोपी ने उन्हें और उनके निवेशकों को धोलेरा जिला अहमदाबाद में जमीन खरीदने के लिए प्रेरित किया। राजिंदर ने दावा किया कि यह प्रोजेक्ट केंद्र और गुजरात सरकार द्वारा विकसित किया जा रहा है।

    उसने 2 प्रतिशत मासिक रिटर्न और 6 प्रतिशत कमीशन देने का वादा किया। उसने इस भरोसे पर उन्होंने न केवल अपनी पूंजी लगाई बल्कि अन्य निवेशकों से भी पैसे जुटाए और आरोपी के बताए बैंक खातों तथा नकद में करोड़ों रुपये का भुगतान किया। गुजरात राजस्व विभाग से जांच कराने पर सामने आया कि जमीन के दस्तावेज फर्जी थे और वास्तविक रूप से यह जमीनें निजी रियल एस्टेट कंपनियों के निदेशकों के नाम पर दर्ज थीं।

    पुलिस जांच में यह भी पता चला कि आरोपी ने गगनदीप सिंह को धोलेरा 365 नामक एक अन्य फर्म से भी जोड़ा और प्रभावशाली लोगों से संबंध होने का दावा किया। गगनदीप ने आरोप लगाया कि राजिंदर ने खुद को बिजनेस पार्टनर बताकर फर्जी दस्तावेज बनाए और राजनीतिक नेताओं के साथ तस्वीरें दिखाकर दबाव बनाने की कोशिश की।

    दुगरी पुलिस ने शिकायत पर धोखाधड़ी के तहत मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी एएसआई अमोलक सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद एफआईआर दर्ज की गई है। वित्तीय रिकॉर्ड और गुजरात की संपत्ति रजिस्ट्रियों की जांच की जा रही है।

  • Punjab News: चोरी की गई 18 मोटरसाइकिलों सहित तीन गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: चोरी की गई 18 मोटरसाइकिलों सहित तीन गिरफ्तार, देखें वीडियो

    मोहाली: पुलिस ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 18 चोरीशुदा मोटरसाइकिलों सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय कुमार निवासी यूपी हाल रायपुर बलोंगी, संदीप निवासी गांव कलितरा थाना नांगल, वकार उर्फ सलमान निवासी यूपी, हाल रायपुर के रूप में हुई है।

    डीएसपी सिटी-1 पृथ्वी सिंह चहल ने जानकारी देते हुए बताया कि 12 सितंबर को गुरुद्वारा साहिब फेस-5 मोहाली के पास से हरमनप्रीत सिंह निवासी गांव तियौड़ की मोटरसाइकिल चोरी हुई थी। इस संबंध में थाना फेस-1 मोहाली में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने आरोपी अजय कुमार को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से आठ चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद कीं। पूछताछ के आधार पर संदीप को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से पांच मोटरसाइकिल बरामद हुईं।

    वहीं, वकार उर्फ सलमान को पकड़कर उसके पास से भी पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों ने मिलकर चोरी करने के लिए गिरोह बना रखा था। इनके अन्य साथियों की तलाश जारी है और पुलिस को उम्मीद है कि उनसे और भी चोरीशुदा मोटरसाइकिलें बरामद होंगी। मुख्य आरोपी अजय कुमार के खिलाफ पहले भी चोरी के मामले दर्ज हैं।

  • Asia Cup Final 2025: भारत ने Toss जीतकर ली गेंदबाजी, पहले Batting करेगा पाकिस्तान

    Asia Cup Final 2025: भारत ने Toss जीतकर ली गेंदबाजी, पहले Batting करेगा पाकिस्तान

    खेल: भारत और पाकिस्तान के बीच में एशिया कप 2025 का फाइनल मैच शुरु हो चुका है। भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया है। फाइनल मैच दुबई के इंटनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस टूर्नामेंट के 41 साल के इतिहास में यह पहली बार होगा जब फाइनल मैच के लिए भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होगी।

    हार्दिक पंड्या की जगह खेलेंगे रिंकू सिंह

    इस मैच से पहले भारतीय टीम को एक बड़ा झटका भी लग गया है। हार्दिक पंडया इस मुकाबले में नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह रिंकू सिंह को मौका मिला है। बता दें कि पिछले मैच में हार्दिक चोटिल हो गए थे। एक ओवर की गेंदबाजी के बाद ही वह मैदान से बाहर चले गए थे तभी से उनके फाइनल खेलने पर सस्पेंस ही बना हुआ था।

    भारत ने लगातार जीते 6 मैच

    एशिया कप में अब तक भारत की जीत का सफर काफी दिलचस्प रहा है। भारत ने लगातार 6 मैच जीतकर फाइनल में अपनी जगह बनाई है। वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान को 2 मैचों में हार मिली है। दोनों ही बार भारत ने ही पाकिस्तान को हराया है।

    भारत के लिए खेल रहे हैं ये प्लेयर

    भारत की प्लेइंग 11 टीम की बात करें तो अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह शामिल है।

    पाकिस्तान के लिए खेल रहे हैं ये प्लेयर

    पाकिस्तान के प्लेइंग 11 में साहिबजादा फरहान, फखर जमां, सैम अयूब, सलमान आगा (कप्तान), हुसैन तलत, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ, अबरार अहमद शामिल हैं।

    भारत का ऐसा रहा है पिछले मैचों में रिकॉर्ड

    मल्टी नेशन्स टूर्नामेंट की यदि बात करें तो उसमें अब तक भारत और पाकिस्तान के बीच में 5 फाइनल हुए हैं। इस दौरान पाकिस्तान की टीम ने 3 मैचों में जीत हासिल की है। वहीं भारत को पिछले 2 मुकाबलों में जीत मिली है। अब भारत को यह स्कोर 3-3 करना पड़ेगा। यदि भारत एशिया कप जीत जाएगा तो पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में मिली हार की टीस भी कम हो जाएगी।
  • गुजरात के इस हवाई अड्डे पर टला बड़ा हादसा, लैंडिंग के दौरान रनवे पर फिसला विमान

    गुजरात के इस हवाई अड्डे पर टला बड़ा हादसा, लैंडिंग के दौरान रनवे पर फिसला विमान

    नई दिल्ली: गुजरात के अमरेली में आज दोपहर को एक बड़ा विमान हादसा टल गया है। एक सिंगल-सीटर ट्रेनर विमान लैंडिंग के दौरान फिसलकर किनारे चल गया। गनीमत यह रही कि इस दौरान ट्रेनी पायलट को कोई भी चोट नहीं आई। जानकारी के अनुसार, विमान लैंडिंग के दौरान अचानक से असंतुलित हो गया। असंतुलित होने के कारण रनवे छोड़कर विमान किनारे पर चला गया। अमरेली के कलेक्टर विकल्प भारद्वाज ने बताया कि छोटा विमान एयरपोर्ट से संचालित एक निजी एविएशन अकादमी का था।

    घटना की जांच की जाएगी

    उनका कहना है कि ट्रेनर विमान रनवे पर उतरने के बाद तुंरत फिसल गया। यह रनवे के किनारे कच्चे हिस्से में चला गया। विमान को कुछ नुकसान हुआ है परंतु ट्रेनी पायलट बिल्कुल सुरक्षित है। नागरिक उड्डयन अधिकारी ने मामले की जानकारी देते हुए कहा है कि इस घटना की वह आगे जांच करेंगे। एयरपोर्ट के पास रहने वाले एक व्यक्ति ने वीडियो भी बनाई है। वीडियो में विमान रनवे से कुछ दूरी पर जमीन पर झुकी हुई स्थिति में नजर आ रहा है। सूत्रों की मानें तो यह घटना दोपहर में हुई और पायलट प्रशिक्षण केंद्र ने शुरुआत में इसको छिपाने की कोशिश की। इसके बाद जब स्थानीय प्रशासन को मामले की जानकारी मिली तो उन्होंने जांच शुरु कर दी। बता दें कि इससे पहले भी अमरेली में एक मिनी विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इस नई घटना में फिर से हवाई अड्डे की सुरक्षा और प्रशिक्षण व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
  • जहरीला सांप काटने के कारण मां-बेटी की दर्दनाक मौ*त, फर्जी डॉक्टर ने किया देसी इलाज

    जहरीला सांप काटने के कारण मां-बेटी की दर्दनाक मौ*त, फर्जी डॉक्टर ने किया देसी इलाज

    नई दिल्ली: ओडिशा के क्योंझर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहरीले सांप के काटने के कारण मां-बेटी दोनों की ही मौके पर मौत हो गई है। मृतकों में मां का नाम फूलमाणी नायक और बेटी का नाम जात्री नायक बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स की मानें तो काशीपुर गांव की रहनी वाली महिला अपनी बेटी के घर गई थी। दोनों ही रात में फर्श पर सो रहे थे। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने दोनों को काट लिया। सांप के काटने के बाद परिवार वाले सही समय पर उन्हें अस्पताल ले जाने की जगह एक डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने दोनों का कुछ देसी इलाज किया। इस इलाज के दौरान मां-बेटी की हालत सुधरने की जगह और भी खराब हो गई। खासतौर पर बेटी की हालत काफी खराब हो गई।

    फर्जी डॉक्टर के चलते हुई मौत

    परिवार ने अंत में बच्ची को थाकुरमुंडा अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां ड्यूटी पर मौजूद एक डॉक्टर ने बताया कि शुरुआत में परिवार वाले असली कारण छुपा रहे थे। जब उन्होंने बार-बार लक्षण देखकर पूछा तो उन्होंने सच बताया कि दोनों को सांप ने काटा है। बेटी को बाद में आनंदपुर के अस्पताल में रेफर कर दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं मां को भी फर्जी डॉक्टर से इलाज करवाने के बाद घर काशीपुर वापिस ले गए। घर जाकर उनकी हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी भी मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में सभी शोक में है। आस-पास के लोगों का कहना है कि यदि समय पर सही इलाज मिलता तो मां-बेटी की जान बच सकती थी।