Blog

  • America-Australia में हुई बड़ी Deal, क्या चीन के लिए बनेगी खतरा?

    America-Australia में हुई बड़ी Deal, क्या चीन के लिए बनेगी खतरा?

    नई दिल्ली: अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के बीच में एक जरुरी समझौता हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बानीज ने इस समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। यह डील रेयर अर्थ मिनरल्स और क्रिटिकल मिनरल्स से जुड़ी हुई है जो कि इलेक्ट्रिक वाहन, जेट इंजन और रक्षा उपकरण बनाने के लिए जरुरी है। व्हाइट हाउस में ट्रंप ने यह बताया कि समझौता 4-5 महीने की बातचीत के बाद पूरा हुआ है। दोनों नेताओं ने व्यापार, रक्षा उपकरण और पनडुब्बी परियोजनाओं पर भी इस दौरान चर्चा की। अल्बानीज ने इस समझौते की कुल वैल्यू 8.5 बिलियन डॉलर (करीबन 71,000 करोड़ रुपये) बताई है। इस डील के अंतर्गत अगले छह महीनों में दोनों देशो खनन और प्रोसेसिंग प्रोजेक्ट्स में निवेश करेंगे। इसके साथ ही क्रिटिकल मिनरल्स के लिए न्यूनतम मूल्य भी तय किया गया है। यह न्यूनतम मूल्य लंबे समय से पश्चिमी कंपनियों की मांग थी।

    ऑस्ट्रेलिया पर बढ़ा अमेरिका का विश्वास

    चीन के पास दुनिया के सबसे बड़े रेयर अर्थ रिजर्व्स हैं लेकिन ऑस्ट्रेलिया भी इस क्षेत्र में जरुरी खिलाड़ी है। अमेरिका अब अपने QUAD साझेदार ऑस्ट्रेलिया पर विश्वास बढ़ा चुका है ताकि चीन पर निर्भरता कम हो। इस समझौते का भू-राजनीतिक महत्व भी है क्योंकि पश्चिमी देश अब चीन पर अपनी निर्भरता कम करना चाहते हैं। हाल के महीनों में चीन ने रेयर अर्थ निर्यात नियंत्रण और भी सख्त कर दिया है जिसके कारण वैश्विक सप्लाई चेन पर दबाव बढ़ा है। अमेरिका और उसके साथी इसे वैश्विक उद्योगों के लिए खतरा मान रहे हैं।

    भारत के लिए बढ़ेगी चुनौती

    अमेरिका अपने QUAD साथी ऑस्ट्रेलिया से मिनरल्स ले रहा है वहीं बारत अभी भी कई क्षेत्रों में चीन पर ही निर्भर है। ऐसे में सवाल यह आता है कि यदि भारत भी अपने फायदे के लिए चीन के साथ डील करेगा तो इसको रणनीतिक जोखिम क्यों माना जाएगा वहीं अमेरिका भी यही काम कर रहा है। यह डील अमेरिका-ऑस्ट्रेलिया के आर्थिक और रक्षा संबंधों को मजबूत करेगी और इंडो पैसिफिक क्षेत्र में शक्ति संतुलन बदल देगी। भारत के लिए यह चुनौती होगा क्योंकि वह वैश्विक राजनीति के साथ चले या फिर अपने संसाधनों के हित में कदम उठाए।
  • Punjab News: पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, परिवारों का किया सम्मान, देखें वीडियो

    Punjab News: पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, परिवारों का किया सम्मान, देखें वीडियो

    मोगाः आज पूरे देशभर में पुलिस स्मृति दिवस मनाया जा रहा है। इस दिन उन पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि दी जाती है जिन्होंने अपनी ड्यूटी के दौरान अपनी कीमती जाने दे दी। वहीं आज मोगा में भी पुलिस की ओर से पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। समारोह में पहुंचे मोगा के एसएसपी अजय गांधी ने जिले में 39 शहीद पुलिस कर्मचारियों को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवारों को सम्मानित किया।

    इस मौके मोगा के डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ओर सेशन जज विष्णु स्वरूप ने विशेष तौर पर शिरकत की। एसएसपी अजय गांधी ने शहीद पुलिस कर्मचारी परिवारों की समस्याओं को सुना और उन्हें भरोसा दिया कि पंजाब पुलिस हमेशा उनके परिवारों के साथ खड़ी है वहीं इस मौके सभी परिवारों को चाय नाश्ता भी करवाया गया। एसएसपी अजय गांधी ने कहा कि हर साल 21 अक्तूबर को हर जिला पुलिस हेडक्वार्टर में पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। मोगा पुलिस लाइन में सभी पुलिस कर्मचारी सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान शहीद पुलिस कर्मचारियों के परिवारों को सम्मानित किया गया है।

  • Punjab News: 2 गुटों में हुई झड़प में चली गोलियां, 2 लोग घायल

    Punjab News: 2 गुटों में हुई झड़प में चली गोलियां, 2 लोग घायल

    फिरोजपुरः पंजाब गुरु हर सहाए में गोलियां चलने की घटना से लोगों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। दरअसल, बीते दिन जहां एक और लोग दिवाली का त्यौहार मना रहे थे, वहीं गुरु हर साहाए के निकट स्थित मध्य आवान गांव में दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इस दौरान एक गुट ने दूसरे गुट पर गोलियां चला दीं, जिनकी वजह से दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।

    उन्हें गुरु हर साहाए के कम्युनिटी हेल्थ सेंटर लाया गया, जहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए मौके पर मौजूद डॉक्टरों ने उन्हें फरीदकोट के मेडिकल कॉलेज में रेफ़र कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गुरु हर साहाए सब‑डिवीज़न के डीएसपी राजबीर सिंह और थाना प्रभारी बलजिंदर सिंह बाजवा मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि दोनों गुटों के बीच झगड़ा किस बात को लेकर हुआ था।

  • Punjab News: पटाखों से लगी Furniture की फैक्ट्री में आग, कई फुट उपर उठी लपटें, देखें वीडियो

    Punjab News: पटाखों से लगी Furniture की फैक्ट्री में आग, कई फुट उपर उठी लपटें, देखें वीडियो

    बठिंडाः दिवाली की रौशनी और उत्सव के बीच बठिंडा के उधम सिंह नगर स्थित एक फर्नीचर फैक्टरी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रात लगभग 9 बजे पटाखों की चिंगारी से फैक्टरी में भीषण आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आसपास के लोग दिवाली के मौके पर आतिशबाजी कर रहे थे, और संभवतः एक जलता हुआ पटाखा हवा में उड़ते हुए फैक्टरी के अंदर चला गया। लकड़ी और अन्य ज्वलनशील सामग्री से भरी फैक्टरी में आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।

    सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन फैक्टरी में रखे फर्नीचर, कच्चा माल, मशीनें और अन्य कीमती सामान जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

    फैक्टरी मालिक का कहना है कि उन्होंने सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए थे, लेकिन पटाखे की वजह से यह अप्रत्याशित घटना घटी। वहीं, प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से अपील की है कि ऐसे पर्वों पर सतर्कता बरतें और पटाखों का इस्तेमाल सावधानीपूर्वक करें। दमकल अधिकारी ने बताया कि समय पर सूचना मिलने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई और किसी की जान नहीं गई, जो राहत की बात है।

  • पैराग्लाइडिंग के दौरान क्रैश लैंडिंग में कनाडा की महिला की मौत, देखें वीडियो

    पैराग्लाइडिंग के दौरान क्रैश लैंडिंग में कनाडा की महिला की मौत, देखें वीडियो

    कांगड़ाः हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत मगर खतरनाक घाटियों में बड़ा हादसा हो गया। कांगड़ा जिले के मशहूर बीड़ बिलिंग पैराग्लाइडिंग साइट पर कनाडा की 27 वर्षीय सोलो पायलट मेगन एलिजाबेथ रॉबर्ट की क्रैश लैंडिंग के बाद दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने बीड़ बिलिंग की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां दुनिया भर से एडवेंचर लवर्स उड़ान भरने आते हैं। इन दिनों दुनिया भर के सोलो पायलट बीड़ बिलिंग घाटी में डेरा डाले हुए हैं और रोमांचक उड़ानें भर रहे हैं। दुखद है कि पिछले एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी ऐसी दुर्घटना है। जानकारी के अनुसार, कनाडा की मेगन एलिजाबेथ रॉबर्ट की क्रैश लैंडिंग शनिवार सुबह धौलाधार की दुर्गम पहाड़ियों पर हुई। बीड़ पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन (बीपीए) को सूचना मिलते ही तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। बीपीए ने तुरंत एक पैदल रेस्क्यू टीम घटना स्थल के लिए रवाना की। हेलीकॉप्टर के माध्यम से भी पायलट को ढूंढने के प्रयास किए गए, लेकिन खराब मौसम और दुर्गमता के कारण चार छोटी उड़ानों के बाद भी सफलता नहीं मिली। माउंटेन ग्राउंड रेस्क्यू टीम जब घटनास्थल पर पहुंची, तो महिला पायलट की मौत की जानकारी मिली। पायलट मेगन का शव धौलाधार की लगभग 13,000 फीट की ऊंचाई पर पाया गया है। शव को निकालने का कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण है। सोमवार सुबह, रेस्क्यू टीम के सदस्यों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से लगभग 12,000 फीट की ऊंचाई पर उतारा गया। अब यह टीम 13,000 फीट की ऊंचाई से महिला के शव को लेकर लगभग 3,000 फीट नीचे की ओर आएगी, जो कि एक कठिन पहाड़ी ट्रैक है। इसके बाद, इस निचले बिंदु से हेलीकॉप्टर के माध्यम से शव को निकाला जाएगा। पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन और स्थानीय प्रशासन इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और सुरक्षित उड़ान भरने के लिए सभी सोलो पायलटों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
  • Punjab News: DSP जतिंदर चोपड़ा की गाड़ी की टक्कर, बीच सड़क दंपती से हुई कहासुनी, देखें वीडियो

    Punjab News: DSP जतिंदर चोपड़ा की गाड़ी की टक्कर, बीच सड़क दंपती से हुई कहासुनी, देखें वीडियो

    लुधियानाः बाड़ेवाल रोड पर गाड़ियों की टक्कर को लेकर दो गुट आमने-सामने हो गए। जानकारी अनुसार दिवाली की रात DSP जतिंदर चोपड़ा की कार की अन्य कार से टक्कर हो गई, जिससे उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, दूसरे राहगीर की कार को भी नुकसान पहुंचा है। जिसके बाद उनकी बीच सड़क दंपती से बहस हो गई। टक्कर लगने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष बीच सड़क पर ही एक-दूसरे से उलझ गए। इसके बाद कार सवार व्यक्ति वीडियो बनाने लगे। पहले DSP के भाई ने बहस की। थोड़ी देर में DSP भी आ गए और भड़क गए। इस दौरान वह अपशब्द कहते भी सुने गए। वहीं DSP जतिंदर चोपड़ा ने कहा कि कार की टक्कर हुई थी। इस दौरान सामने वाले ने वीडियो बनाई, जिस वजह से ये विवाद हो गया। जानकारी के अनुसार, कार सवार व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ जा रहा था। बाड़ेवाल रोड पर उसकी कार डीएसपी जतिंदर चोपड़ा की कार से टकरा गई। डीएसपी अपने भाई के साथ जा रहे थे। टक्कर लगते ही डीएसपी और उनके भाई नीचे उतर आए। व्यक्ति और उसकी पत्नी भी कार से बाहर आए गए और दोनों में जमकर कहासुनी शुरू हो गई। इस दौरान लोगों ने किसी तरह मामला शांत करवाया।
  • दीवाली के बाद खराब हुई Delhi की हवा, 550 से पार पहुंचा AQI

    दीवाली के बाद खराब हुई Delhi की हवा, 550 से पार पहुंचा AQI

    नई दिल्ली: दीवाली के बाद दिल्ली की हवा जहरीली हो गई है। बीती शाम भी दीवाली में 38 निगरानी स्टेशन में से 34 पर प्रदूषण का स्तर रेड जोन में दर्ज हुआ था। रेड जोन का अर्थ है बहुत खराब से भी गंभीर एयर क्वालिटी। वहीं सोमवार-मंगलवार की दर्मियानी रात में भी राजधानी में धुंध की मोटी चादर नजर आई और औसत एक्यूआई 531 दर्ज किया गया है। यह राष्ट्रीय औसत से 1.8 गुना ज्यादा है। सिर्फ इतना ही नहीं नरेला में वायु गुणवत्ता सूचकांक 550 के पार 551 पर पहुंच चुका है। अशोक नगर में 493 पहुंच गया है। दीवाली की शाम में लोगों ने जमकर पटाखे फोड़े हैं ऐसे में एनसीआर के नोएडा और गुरुग्राम में भी हालात कुछ अच्छे नहीं रहे। नोएडा का एक्यूआई 407 वहीं गुरुग्राम का एक्यूआई 402 दर्ज किया गया है।

    इन इलाकों में 400 से पार एक्यूआई

    मौसम विभाग का कहना है कि दीवाली की शाम हवा न चलने के कारण आसमान में धुंध बनी रही। मंगलवार की सुबह दिल्ली के कई इलाकों में आंशिक रुप से बादल छाए रहने की भी संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के समीर ऐप के अनुसार, चार निगरानी स्टेशन से पहले से ही वायु गुणवत्ता को गंभीर श्रेणी में बताया है जिसमें एक्युआई का स्तर 400 से ऊपर था। इसमें द्वारका में एक्यूआई 417, अशोक विहार में 404, वजीरपुर में 423 और आनंद विहार में 404 में दर्ज किया गया है।

    दिल्ली में लागू हुआ ग्रैप-2

    दिल्ली में बढ़ते हुए प्रदूषण के बीच ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान यानी की ग्रैप-2 लागू कर दिया गया है। दीवाली से पहले ही दिल्ली की हवा जहरीली हो गई थी। ऐसे में डीजल जनरेटर पर रोक लगाई गई। वही प्राइवेट गाड़ियों का इस्तेमाल कम करने के लिए पार्किंग फीस भी बढ़ा दी गई हहै। सीएनजी-इलेक्ट्रिक बसों और मेट्रो की सर्विस बढ़ाई गई। नैचुरल गैस, बायो गैस, एलपीजी से चलने वाले जेनरेटर चलाने पर अनुमति दी गई है।

    जारी हुआ अलर्ट

    दिल्ली में मंगलवार को बुधवार को हवा का स्तर गंभीर श्रेणी तक पहुंच जाने की आशंका जताई जा रही है। 0 से 50 के बीच एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।
  • फ्रूट मंडी में लगी भीषण आग, 5 किमी से दिखा धुएं का गुब्बार, देखें वीडियो

    फ्रूट मंडी में लगी भीषण आग, 5 किमी से दिखा धुएं का गुब्बार, देखें वीडियो

    जोधपुरः दिवाली की रात जोधपुर की भदवासिया फ्रूट मंडी में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। आग इतनी भीषण थी कि करीब 5 किलोमीटर दूर तक धुएं का गुबार नजर आ रहा था। इस घटना को लेकर लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक भदवासिया फ्रूट मंडी में स्थित फर्म विशनदास थावरदास की दुकान के सामने बरामदे में रखे फ्रूट कैरेट में देर रात अचानक आग लग गई।

    माना जा रहा है कि पटाखे की चिंगारी के कारण आग लगी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते आग की लपटें फ्रूट मंडी में चारों ओर फैल गई। वहीं दूसरी ओर प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, यह आग कचरे में मौजूद किसी बम, बारूद या रॉकेट जैसी चिंगारी से भड़की हो सकती है। संभवतया कहीं से आई पटाखे की चिंगारी से बारदाना ने आग पकड़ ली और आसपास रखे हजारों प्लास्टिक कैरेट भी आग में खाक हो गए।

    आग की सूचना मिलने पर नागौरी गेट व मंडोर फायर स्टेशन से कई दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का काम शुरू किया। वहीं, माता का थान, मंडोर और महामंदिर पुलिस की टीमों ने भीड़ को मौके से हटाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि धमाके जैसी आवाज़ के बाद आग की लपटें उठीं, जिससे आसपास दहशत फैल गई। करीब डेढ़-दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

     

  • पटाखा मंडी में मार्केट जलकर खाक, 70 दुकानों सहित 50 से ज्यादा वाहन नष्ट, कई घायल देखें वीडियो

    पटाखा मंडी में मार्केट जलकर खाक, 70 दुकानों सहित 50 से ज्यादा वाहन नष्ट, कई घायल देखें वीडियो

    फतेहपुर: यूपी के फतेहपुर जिले में मौजूद पटाखा मंडी की मार्किट में भीषण आग लग गई। पटाखा मंडी में आग लगने से भारी नुकसान हो गया। इस घटना में करोड़ों का नुकसान हो गया। मिली जानकारी के अनुसार इस घटना में 70 दुकानें जलकर राख हो गई। वहीं डेढ़ दर्जन बाइकें खाक हो गईं, वहीं कुल 50 से ज्यादा वाहन नष्ट हो गए। इस घटना में 3 करोड़ से अधिक का नुकसान हो गया। मिली जानकारी के अनुसार फतेहपुर जिले के लोधीगंज स्थित महात्मा गांधी महाविद्यालय मैदान में हर साल की तरह इस बार भी अस्थायी पटाखा मंडी लगाई गई थी।

    लगभग 70 दुकानों ने लाइसेंस लेकर यहां दुकानें सजाई थीं। लेकिन मंगलवार को एक व्यक्ति के सिगरेट पीने से उठी चिंगारी ने अचानक एक दुकान में आग लगा दी। देखते ही देखते पटाखों में विस्फोट होने लगा और आग ने आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। जिला अधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जांच के आदेश दिए। डीएम ने कहा कि नुकसान का आकलन कर शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी, जबकि एसपी ने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

    दरअसल, महाविद्यालय के मैदान में लगभग 70 पटाखों की दुकान सजाई गई थीं। यहां पर करोड़ों के पटाखों में एक सिगरेट की वजह से आग लग गई। दुकानदारों ने ब्याज पर पैसा लेकर किसी तरह से लाइसेंस लिया और पटाखे की दुकान सजाई थी। वहीं आग लगने के बाद देखते ही देखते पटाखों की सभी दुकानें पूरी तरह से जलकर खास हो गईं और सभी की खुशियां मातम में बदल गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि आसमान में धुएं का काला गुबार काफी ऊपर तक उठ रहा है। इसके अलावा लगातार कई घंटे तक पटाखे की आवाज भी सुनाई देती रहीं।

  • अंग्रेजों के जमाने के जेलर व 350 से अधिक फिल्मों में जादू बिखेरने वाले प्रसिद्ध हास्य अभिनेता गोवर्धन असरानी का निधन

    अंग्रेजों के जमाने के जेलर व 350 से अधिक फिल्मों में जादू बिखेरने वाले प्रसिद्ध हास्य अभिनेता गोवर्धन असरानी का निधन

    मुंबईः शोले फिल्म में जेलर के किरदार से मशहूर हुए प्रसिद्ध हास्य अभिनेता गोवर्धन असरानी का सोमवार शाम को निधन हो गया। उन्होंने 84 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। इस मौके पर परिजन और करीबी लोग ही मौजूद थे। उनके मैनेजर बाबुभाई थीबा ने जानकारी दी कि असरानी का स्वास्थ्य पिछले कुछ समय से ठीक नहीं था और आज उन्होंने अंतिम सांस ली। वे पिछले करीब 5 दिन से अस्पताल में थे और सोमवार शाम को जुहू के आरोग्य निधि अस्पताल में उनका निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, असरानी नहीं चाहते थे कि उनके निधन के बाद कोई शोर या हलचल मचे। उन्होंने अपनी पत्नी मंजू असरानी से पहले ही कह दिया था कि उनकी मृत्यु की खबर किसी को न दी जाए।

    इसी कारण परिवार ने बिना किसी औपचारिक घोषणा के चुपचाप उनका अंतिम संस्कार कर दिया। असरानी भारतीय सिनेमा के सबसे लंबे समय तक सक्रिय हास्य कलाकारों में से एक थे। पांच दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने 350 से अधिक फिल्मों में काम किया। उन्होंने फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई), पुणे से एक्टिंग सीखी और अपने हुनर ​​को निखारा। इसके बाद उन्होंने 1960 के दशक के मध्य में हिंदी फिल्म जगत में प्रवेश किया। हालांकि, उन्होंने गंभीर और सहायक भूमिकाओं से शुरुआत की, लेकिन असरानी की हास्य प्रतिभा जल्द ही उभरकर सामने आई। 1970 और 1980 के दशक में वह हिंदी सिनेमा का एक प्रमुख चेहरा बन गए, जहां उन्होंने अक्सर प्यारे मूर्ख, परेशान क्लर्क या मजाकिया सहायक की भूमिकाएं निभाईं।

    उनकी कॉमिक टाइमिंग और चेहरे के भाव उन्हें फिल्मों में निर्देशकों का पसंदीदा कलाकार बनाते थे। उन्होंने ‘मेरे अपने’, ‘कोशिश’, ‘बावर्ची’, ‘परिचय’, ‘अभिमान’, ‘चुपके-चुपके’, ‘छोटी सी बात’, और ‘रफू चक्कर’ जैसी यादगार फिल्मों में शानदार प्रदर्शन किया। उनकी ‘शोले’ में निभाई गई सनकी जेलर की भूमिका आज भी दर्शकों की यादों में ताजा है। इसके अलावा वे बाद के वर्षों में ‘भूल भुलैया’, ‘धमाल’, ‘ऑल द बेस्ट’, ‘वेलकम’, ‘आर… राजकुमार’ और ‘बंटी और बबली 2’ जैसी हिट फिल्मों में भी नजर आए।

    1 जनवरी 1941 को जयपुर के एक सिंधी हिंदू परिवार में जन्मे असरानी ने अभिनय की शुरुआत थिएटर से की थी। उन्होंने 1960 से 1962 तक ललित कला भवन, ठक्कर से अभिनय की शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद वे मुंबई आ गए, जहां उनकी मुलाकात किशोर साहू और ऋषिकेश मुखर्जी जैसे फिल्मकारों से हुई। उनके सुझाव पर असरानी ने प्रोफेशनल ट्रेनिंग ली और फिल्मों में कदम रखा। हिंदी फिल्मों के अलावा असरानी ने गुजराती सिनेमा में भी अपना योगदान दिया। वे न केवल एक बेहतरीन अभिनेता थे, बल्कि निर्देशन के क्षेत्र में भी उन्होंने अपनी पहचान बनाई।

    असरानी ने गुजराती और राजस्थानी समेत कई अलग-अलग भाषाओं में काम किया। उन्होंने कुछ हिंदी और गुजराती फिल्मों का निर्देशन भी किया। उन्होंने महमूद, राजेश खन्ना और बाद में गोविंदा जैसे अभिनेताओं के साथ बेहतरीन कॉमेडी रोल निभाए। कॉमेडी के अलावा असरानी ने ‘आज की ताजा खबर’ और ‘चला मुरारी हीरो बनने’ जैसी फिल्मों में अपनी नाटकीय प्रतिभा भी दिखाई।