Blog

  • Truck और Car में हुई भीषण टक्कर, 3 की मौत, 4 घायल

    Truck और Car में हुई भीषण टक्कर, 3 की मौत, 4 घायल

    नई दिल्ली : भीषण सड़क हादसा होने का मामला सामने आया है। यह हादसा बक्सर में एनएच 922 पर हरकिशुनपुर के पास हुआ। एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कार चालक प्रमोद सिंह (45), रितेश कुमार (13) और पप्पू कुमार (32) के तौर पर हुई है। हादसे में चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों की पहचान रोहित कुमार (12), प्रताप कुमार (10), प्रेम चंद (20),भोला कुमार (14) के तौर पर हुई है।घटना इंडस्ट्रियल थाना क्षेत्र की है।

    हादसे में मृतक प्रमोद सिंह रोहतास के विक्रमगंज थाना क्षेत्र के शिवपुर हॉल्ट निवासी है। उसके पड़ोसी विशाल कुमार ने बताया कि शनिवार को कार चालक प्रमोद सिंह की माता जी फुलपतिया देवी की मौत हो गई थी। सभी लोग एक कार में सवार होकर बिक्रमगंज से बक्सर के श्मशान घाट उनके अंतिम संस्कार में जा रहे थे। सुबह के समय कार चालक प्रमोद को अचानक झपकी आ गई। जिस कारण कार ने हाईवे पर खड़े ट्रेलर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

     राहगीरों ने सभी कार सवारों को बाहर निकाला और पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया और अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल रेफर कर दिया है।  चारों घायलों को गंभीर हालत में उच्च अस्पताल रेफर कर दिया गया है। थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

  • मां के प्रेमी ने नाबालिग बच्ची के साथ किया दुष्कर्म, प्रेग्नेंट होने पर उठाया ये कदम

    मां के प्रेमी ने नाबालिग बच्ची के साथ किया दुष्कर्म, प्रेग्नेंट होने पर उठाया ये कदम

    जयपुरः मां के प्रेमी द्वारा नाबालिग बेटी से रेप करने का मामला सामने आया है। घटना का पता तब लगा जब प्रेग्नेंट होने पर नाबालिग लड़की घर छोड़कर भाग गई और पुलिस द्वारा उसे ढूंढ़कर लाया गया। घटना के बाद आरोपी को सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

    जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि सदर इलाके में रहने वाली एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी की किडनैपिंग होने का मामला दर्ज करवाया था। शिकायत में उसने बताया था कि उसका पति दिल्ली में काम करता है। वह नाबालिग बेटी के साथ यहां किराए पर रहती है। 20 मार्च को बिना बताए नाबालिग बेटी घर से चली गई है। पुलिस ने तुरंत किडनैपिंग का मामला दर्ज कर नाबालिग लड़की की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने मुम्बई से जयपुर लौटते समय नाबालिग लड़की को ढूंढ निकाला।

    पूछताछ में नाबालिग लड़की ने बताया कि उसकी मां का पड़ोसी के साथ अफेयर चल रहा है। इस दौरान मां के प्रेमी की नजर उस पर पड़ गई। पिछले 2 साल से आरोपी उसके साथ घर व होटल में मां की शह पर रेप कर रहा है। इस दौरान प्रेग्नेंट होने पर परेशान होकर वह घर छोड़कर चली गई थी। इस बारे में पता चलने पर आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई कर आरोपी की तलाश कर उसे बिहार से धर-दबोचा। पुलिस ने आरोपी की रिमांड हासिल कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

  • Delhi से सीधे Srinagar नहीं जाएगी Vande Bharat train, जानें वजह

    Delhi से सीधे Srinagar नहीं जाएगी Vande Bharat train, जानें वजह

    श्रीनगरः कश्मीर को शेष भारत से जोड़ने वाली पहली वंदे भारत एक्सप्रेस 19 अप्रैल से कटरा स्टेशन से चलेगी। इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरी झंडी दिखाएंगे। यह इस महत्वाकांक्षी रेल प्रोजेक्ट का पहला चरण है। दूसरे चरण में ट्रेन नई दिल्ली से श्रीनगर के बीच चलेगी। रेलवे इसे अगस्त या सितंबर से शुरू करने की तैयारी में है।

    हालांकि, एक भी ट्रेन नई दिल्ली से सीधे श्रीनगर नहीं जाएगी। नॉर्दर्न रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि टिकट नई दिल्ली से श्रीनगर तक का बनेगा, लेकिन यात्रियों को कटरा पहुंचने के बाद ट्रेन बदलनी पड़ेगी। यहां उनकी सुरक्षा जांच होगी। इस प्रक्रिया में 2-3 घंटे लग सकते हैं। इसके लिए कटरा स्टेशन पर अलग लाउंज बना रहे हैं। यात्रियों को प्लेटफार्म पर उतरने के बाद बाहर आना होगा। फिर लाउंज में सुरक्षा जांच, ID सत्यापन और सामान की स्कैनिंग होगी। इसके लिए तीन से छह स्कैनर मंगाए जा रहे हैं। अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात रहेगा। हालांकि, इसका विरोध भी हो रहा है। नेशनल कॉन्फ्रेंस के सांसद आगा सैयद रुहुल्ला ने कटरा में ट्रेन बदलने के फैसले पर चिंता जताई है।

  • देश के पहले Vertical lift सी bridge का उद्घाटन आज, PM देंगे हरी झंडी

    देश के पहले Vertical lift सी bridge का उद्घाटन आज, PM देंगे हरी झंडी

    चेन्नईः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज तमिलनाडु का दौरा करेंगे। रामनवमी के अवसर पर दोपहर 12 बजे पीएम मोदी भारत के पहले वर्टिकल लिफ्ट समुद्री पुल ‘नए पंबन रेल पुल’ का उद्घाटन करेंगे। वह सड़क पुल से एक ट्रेन और एक जहाज को हरी झंडी दिखाएंगे और पुल के संचालन को देखेंगे। इसके बाद दोपहर 12:45 बजे पीएम मोदी रामेश्वरम के रामनाथस्वामी मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। दोपहर 1:30 बजे रामेश्वरम में ही वह तमिलनाडु में 8,300 करोड़ रुपये से अधिक की अलग-अलग रेल और सड़क परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस अवसर पर वह एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

    यह एशिया का पहला वर्टिकल लिफ्ट स्पैन रेलवे ब्रिज है। 2.08 किमी लंबा ब्रिज रामेश्वरम (पम्बन द्वीप) को भारत की मुख्य भूमि तमिलनाडु के मंडपम से जोड़ता है। भविष्य को ध्यान में रखते हुए इसे डबल ट्रैक और हाई-स्पीड ट्रेनों के लिए डिजाइन किया गया है। स्टेनलेस स्टील से बने नए ब्रिज पर पॉलीसिलोक्सेन कोटिंग की गई है, जो इसे जंग और समुद्र के नमकीन पानी से बचाएगी। पुराना पुल 2022 में जंग लगने की वजह से बंद कर दिया गया था। इसके बाद से रामेश्वम और मंडपम के बीच रेल कनेक्टिविटी खत्म हो गई थी।

  • Punjab News: Divider से टकराकर पलटा Tempo Traveller, देखें वीडियो

    Punjab News: Divider से टकराकर पलटा Tempo Traveller, देखें वीडियो

    लुधियानाः दुगरी पुल पर एक तेज रफ्तार टेंपों ट्रैवलर डिवाइडर से टकरा कर पलट गया। हादसे में ड्राइवर सहित 4 बच्चे जख्मी हुए है। ट्रैवलर पलटा हुआ देख तुरंत राहगीरों ने घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला। जिसके बाद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल दाखिल करवाया। हादसा इतना भयावक था कि ट्रैवलर के टायर तक खुल गए।

    जानकारी मुताबिक फिरोजपुर से कुछ श्रद्धालु श्री आनंदपुर साहिब से माथा टेकर कर वापस लौट रहे थे। तभी अचानक ड्राइवर से गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया। जिस कारण गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई। तेज रफ्तार होने के कारण गाड़ी सड़क पर पलट गई। हादसे में ड्राइवर जतिंदर के चोट लगी जबकि 4 बच्चे घायल है। देर रात करीब 11.30 बजे घायलों को अस्पताल ले जाया गया। एक्सीडेंट का पता चलने पर विधायक राजिंदरपाल कौर छीना भी पहुंची। अस्पताल में उन्होंने घायलों से मुलाकात की। फिलहाल हादसे में किसी तरह का जानी नुक्सान नहीं हुआ।

  • Punjab News: भारतीय सेना का जवान लापता, नहर के पास मिली बाइक, देखें वीडियो

    Punjab News: भारतीय सेना का जवान लापता, नहर के पास मिली बाइक, देखें वीडियो

    पठानकोटः कोटली इलाके में पिछले 3 दिनों से भारतीय सेना के एक जवान के लापता होने के कारण माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। 3 अप्रैल को भारतीय सेना में शामिल हरपिंदर सिंह अपने गांव जगतपुर जट्टां से अपनी मोटरसाइकिल की मरम्मत करवाने के लिए निकले थे, लेकिन कोटली नहर के पास उनकी मोटरसाइकिल मिली, जो कि टूटी हुई थी।

    जिसके बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि कई हरपिंदर नहर में गिर गए होंगे और इसी के चलते सेना की टीमें और पुलिस की टीमें लगातार कोटली नहर पर उनकी तलाश कर रही हैं। सदर थाना प्रभारी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि भारतीय सेना में कार्यरत हरपिंदर सिंह लापता है और उसकी मोटरसाइकिल कोटली नहर के पास मिली है। उन्होंने बताया कि उसके बाद हमारी टीम लगातार हरपिंदर की तलाश कर रही है, लेकिन अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है और जैसे ही हरपिंदर की तलाश पूरी होगी, अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

  • America में Trump और Elon Musk का विरोध, निकाली 1200 रैलियां

    America में Trump और Elon Musk का विरोध, निकाली 1200 रैलियां

    वाशिंगटनः अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और उद्योगपति इलॉन मस्क की पॉलिसी के विरोध में 1200 से ज्यादा रैलियां निकाली गई। रैलियों का मकसद सरकारी नौकरी में कटौती, अर्थव्यवस्था, और मानवाधिकार जैसे मुद्दों पर सरकार के फैसलों का विरोध करना था। इस विरोध प्रदर्शन को हैंड्स ऑफ नाम दिया गया है। हैंड्स ऑफ मतलब होता है- ‘हमारे अधिकारों से दूर रहो।’ इस विरोध प्रदर्शन में 150 से अधिक संगठनों ने भाग लिया।

    इलॉन मस्क अमेरिका की ट्रम्प सरकार में डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी के प्रमुख हैं। उनका दावा है कि सरकारी तंत्र को छोटा करने से टैक्सपेयर्स के अरबों डॉलर बचेंगे। वहीं व्हाइट हाउस ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रम्प सोशल सिक्योरिटी, मेडिकेयर योजनाओं के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। लेकिन डेमोक्रेट्स इन योजनाओं का लाभ अवैध अप्रवासियों को दिलाना चाहते हैं।

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने 2 अप्रैल को दूसरे देशों पर लगाया जाने वाला रेसिप्रोकल टैक्स का ऐलान किया था। इसमें भारत पर 26% टैरिफ लगाए जाने की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत बहुत सख्त है। मोदी मेरे अच्छे दोस्त हैं, लेकिन हमारे साथ सही व्यवहार नहीं कर रहे हैं।

  • Water Park गई महिला के साथ हुआ दर्दनाक हादसा, मौत

    Water Park गई महिला के साथ हुआ दर्दनाक हादसा, मौत

    नई दिल्ली : साउथ वेस्ट दिल्ली के कापसहेड़ा इलाके में वाटर पार्क में रोलर कोस्टर पर राइड के दौरान झूला टूटने की वजह से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान प्रियंका (24) के तौर पर हुई है। जानकारी के अनुसार महिला अपने होने वाली पति के साथ वाटर पार्क में घूमने के लिए आई थी जहां वह झूले की राइड लेते समय हादसे का शिकार हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। कापसहेड़ा थाना पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक प्रियंका अपने परिवार के साथ चाणक्यपुरी के विनय मार्ग पर सी-2 165 में रहती थी। प्रियंका के भाई मोहित ने बताया कि फरवरी 2025 में प्रियंका की शादी नजफगढ़ में रहने वाले निखिल से तय हुई थी।

    निखिल और प्रियंका दोनों कापसहेड़ा बार्डर पास के मौजूद फन एंड फूड विलेज गए हुए थे, जहां दोनों ने करीब 6 बजे तक वाटर राइड ली और उसके बाद दूसरी राइड के लिए एम्यूजमेंट पार्क की ओर गए। वहां पर दोनों रोलर कोस्टर पर राइड के लिए पहुंचे। राइड के दौरान जब झूला ऊपर पहुंचा तो उसका स्टैंड टूट गया और प्रियंका सीधे नीचे गिर गई। नीचे गिरने के चलते प्रियंका गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। निखिल ने प्रियंका के परिजनों और पुलिस को मामले की सूचना दी। कापसहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और निखिल के बयान पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। प्रियंका के भाई मोहित ने आरोप लगाया कि वाटर पार्क में सुरक्षा इंतजाम नहीं थे, प्रियंका के गिरने के बाद उसे देरी से अस्पताल पहुंचाया गया, जिसके चलते उसकी मौत हुई है।

  • Jalandhar News : तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आया बाइक सवार, मौत

    Jalandhar News : तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आया बाइक सवार, मौत

    जालंधर,ens : तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत होने की खबर सामने आई है। मृतक की पहचान गोयम जैन के तौर पर हुई है। मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा मकसूदां के पास हुआ है। जहां अज्ञात वाहन की चपेट में राजेश की मौत हो गई। घटना के समय गोयम अपने दोस्त की बुलेट बाइक पर सवार था। उसकी एक्टिवा दूसरे दोस्त के पास थी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उक्त गोयम को किसी वाहन ने टक्कर मारी थी या नहीं।

    मृतक के दोस्तों ने बताया कि वह मकसूदां के एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गया था। रात करीब साढ़े दस बजे जब वे घर जाने लगे तो गोयम जैन ने अपनी एक्टिवा की चाबी दोस्त को दे दी और बुलेट देने को कहा। कुछ देर बाद जब वे मकसूदां चौक पर पहुंचे तो मकसूदां थाने के पास गोयम जैन के साथ हादसा हो गया। जिसके बाद आस-पास के लोगों और दोस्तों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

    जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना एक के प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम करके परिजनों को सौंप दिया है। शनिवार को गोयम का अंतिम संस्कार कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज करके सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान करके उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

  • आज का राशिफल, 6 अप्रैल 2025

    आज का राशिफल, 6 अप्रैल 2025

    आज चैत्र शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि और रविवार का दिन है। नवमी तिथि आज शाम 7 बजकर 24 मिनट तक रहेगी। आज चैत्र नवरात्र का नौवां दिन है। साथ ही आज राम नवमी भी मनाई जाएगी। आज शाम 6 बजकर 55 मिनट तक सुकर्मा योग रहेगा। साथ ही आज पूरा दिन, पूरी रात पर कर कल सुबह 6 बजकर 25 मिनट तक पुष्य नक्षत्र रहेगा।

    मेष राशि-आज आप किसी नए कार्य की योजना बनाएंगे। राम जी के दर्शन करें, रुके हुए कार्य पूरे होंगे।आज आप पिता का कोई जरूरी काम पूरा कराएंगे। जीवनसाथी के साथ रिश्तों में और मधुरता बढ़ेगी।  किसी के साथ बहसबाज़ी में ना पड़े। आज अपने वैवाहिक जीवन को बेहतर बनाये रखने के लिए किसी भी तरह की गलतफ़हमी ना पालें।आज आपके मन में नए-नए विचार आएंगे, लेकिन आपको अपने मन को नियंत्रण में रखना होगा।

    वृष राशि- आज नवरात्र के नौवें दिन भगवान श्रीराम की कृपा आप पर बनी रहेगी।कई दिनों से ऑफिस का रुका कार्य पूरा हो जाने से राहत महसूस करेंगे। भगवान श्री राम को खीर का भोग लगाएं, समाज में प्रतिष्ठा बढ़ेगी।आज आप सभी कार्यों में बहुत हद तक सफल रहेंगे। इस राशि की महिलाओं को आज के दिन खुशखबरी मिलेगी। आज आपका आर्थिक पक्ष पहले की अपेक्षा और भी बेहतर होगा। आपको माता-पिता का सहयोग मिलेगा, जिससे आप जीवन में आगे बढ़ने में सक्षम होंगे।

    मिथुन राशि- आज का दिन आपके लिए शानदार रहने वाला है। आज प्रॉपर्टी लेने का मन बनाएंगे। रुका हुआ काम पूरा होने से आपको ख़ुशी मिलेगी। शाम तक आपको शुभ समाचार प्राप्त होगा, जिससे घर का माहौल खुशियों से भर जाएगा। आसपास के लोग आपके व्यक्तित्व से प्रसन्न होंगे। आज आप ताजगी से परिपूर्ण रहेंगे। लवमेट से उपहार मिलेगा, जिससे रिश्ते में मधुरता बढ़ेगी। अपने इष्ट देव को प्रणाम करें, आपका दिन अच्छा रहेगा।

    कर्क राशि- आज के दिन श्री राम जी को चने से बने सत्तू का भोग लगाएं, सफलता के मार्ग मिलेंगे।घरवालों के सहयोग से आप हर चीज़ को अच्छे से संभालने में सफल होंगे। आज आप किसी बात को लेकर विचारों में खोए रहेंगे।आज नवरात्रि के नौवें दिन घर में किसी धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन करने का मन बनाएंगे। आज नए लोगों से आपकी मुलाकात होगी, जो आगे चलकर आपके व्यापार में धन लाभ कराएंगे। घर पर किसी पार्टी के आयोजन का प्लान बनाएंगे।

    सिंह राशि- आज आपका दिन बेहतर रहेगा। आपको कुछ जरूरी कार्यों में दोस्तों की मदद मिलेगी। कई दिनों से रुका हुआ पैसा आज आपको वापस मिलेगा। स्टूडेंट्स के लिए आज का दिन बेहतर परिणाम लेकर आया है। पहले दी गई प्रतियोगी परीक्षा में सफलता मिलेगी। आर्थिक स्थिति में स्थिरता बनी रहेगी। परिवार में सुखद वातावरण का माहौल रहेगा। आज आपकी रुचि किसी धार्मिक कार्य रहेगी। आज के दिन घर पर हवन करने से, व्यापार में वृद्धि होगी।

    कन्या राशि- आपको अपनी कार्य कुशलता में बढ़ोतरी करने की जरूरत है। आज लोगों के बीच आपके काम की तारीफ होगी। व्यापार में अच्छा धन लाभ होने के योग बने हुए हैं। गायत्री मंत्र का जप करें, विरोधियों से छुटकारा मिलेगा। वहीं आर्थिक लाभ पाने के लिए आज आपको थोड़ी ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी। आप किसी नए कार्य को लेकर योजना बनाएंगे। आज वाहन चलाते समय सावधानी ज़रूर बरतें। किसी मामले पर आपको बातचीत करते समय अपनी वाणी पर संयम बरतनी चाहिए।

    तुला राशि- आज बच्चों के किसी काम में आपके पैसे खर्च होंगे। आपके व्यवहार से लोग आज काफी प्रभावित होंगे।काम के मामले में आपको अनुभवी लोगों से संपर्क बढ़ाने की जरूरत है। घर के बड़ों का आशीर्वाद लें, पूरे दिन मन प्रसन्न रहेगा।लोगों से आपको काम में मदद मिलेगी। आपसी विश्वास के सहारे आपके रिश्तों में मजबूती आएगी। आपकी खास इच्छा जो काफी समय से अधूरी थी वो आज पूरी होगी। ऑफिस में अधिकारियों से मिला सहयोग आपके उत्साह में इजाफ़ा करेगा।

    वृश्चिक राशि-आज पूरे दिन आपका मन पूजा पाठ में लगा रहेगा। राम रक्षास्त्रोत का पाठ करें, समस्त कार्यों में सफलता मिलती रहेगी।अगर आप किसी से अपने दिल की बात कहना चाहते हैं, तो आज का दिन आपके लिये बहुत ही अच्छा रहने वाला है। ऑफिस में आपके काम की तारीफ होगी, इससे आपका मन प्रसन्न रहेगा। पारिवारिक रिश्ते आज और बेहतर होंगे। कलात्मक कार्यों में आपकी रुचि बढ़ेगी। किसी नए प्रोजेक्ट को शुरू करने से पहले मित्रों से सलाह करेंगे।

    धनु राशि- आज आपका दिन शानदार रहने वाला है।अविवाहित लोगों के लिए विवाह के अच्छे रिश्ते आएंगे। जरूरतमंद को जौ दान करें, व्यापार की गति बढ़ेगी।आज आपके परफॉरमेंस से लोग प्रभावित होंगे। व्यवसाय में आपको फायदा हो सकता है। ऑफिस में किसी जरूरी काम को पूरा करने के लिए सहकर्मी की मदद मिलेगी। आज किसी से वाद विवाद करने से बचे। आज अपने स्वास्थ्य का खास ख्याल रखने की जरूरत है। शाम को परिवार के सदस्यों के साथ किसी महत्वपूर्ण विषय पर बातचीत करेंगे।

    मकर राशि-आज परिवार सहित माता सिद्धिदात्री की आरती करें, आर्थिक स्थिति अच्छी होगी।आज का दिन आपके अनुकूल रहने वाला है। आज आप अपने जीवनासाथी से बिजनेस की बात शेयर करेंगे। पारिवारिक काम को पूरा करने में घर के सभी सदस्यों का सहयोग प्राप्त होगा। आज आपके सहपाठी किसी प्रश्न को समझने के लिए आपसे मदद लेंगे। सेहत के लिहाज से आज आपका दिन बेहतरीन रहने वाला है। आज आप ऑनलाइन नया व्यापार शुरू करने का मन बनाएंगे।

    कुंभ राशि-आज का दिन उत्तम रहने वाला है। आज आप नया बिजनेस शुरू करने के बारे में सोचेंगे। आज आपकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा।आज का दिन व्यावसायिक प्रगति के साथ-साथ स्वास्थ्य के लिहाज़ से भी अच्छा रहेगा। आज ऑफिस में आपके कार्यों की प्रशंसा होगी। माता के दर्शन करें, जीवन में खुशियां बनी रहेंगी।आज आपके भाग्य के सितारे बुलंद होंगे। आज आपके सभी कार्य सिद्धहोंगे और आपका दिन शानदार रहेगा। नवविवाहित दंपति के रिश्ते में मिठास बढ़ेगी।

    मीन राशि- आज आपका दिन शानदार रहने वाला है।सरकारी संस्थान से जुड़े लोगों का दिन शानदार रहेगा। आज भगवान श्रीराम को मिठाई का भोग लगाएं, समस्याओं का समाधान होगा।जीवनसाथी के साथ आपके रिश्ते मजबूत होंगे। किसी काम को लेकर की गई मेहनत रंग लाएगी। करियर के लिए आज का दिन फेवरेबल रहेगा। ऑफिस में अधूरे पड़े कार्य आज पूरे हो जाएंगे, काम में सीनियर्स का पूरा-पूरा सहयोग मिलेगा। वहीं अगर बिजनेस करते हैं तो आज धन लाभ होने की संभावना है।