Home Himachal>Una ऊना पुलिस ने सुलझाई भैंस चोरी की गुत्थी, 3 आरोपी गिरफ्तार; दोनों भैंसें बरामद, बोलेरो पिकअप और बाइक जब्त

ऊना पुलिस ने सुलझाई भैंस चोरी की गुत्थी, 3 आरोपी गिरफ्तार; दोनों भैंसें बरामद, बोलेरो पिकअप और बाइक जब्त

0
ऊना पुलिस ने सुलझाई भैंस चोरी की गुत्थी, 3 आरोपी गिरफ्तार; दोनों भैंसें बरामद, बोलेरो पिकअप और बाइक जब्त

ऊना, सुशील पंडित: जिला पुलिस ऊना ने भैंस चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई दोनों भैंसों को पंजाब के सरयाला कलां से बरामद कर उनके असली मालिक को सौंप दिया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई एक बोलेरो पिकअप और एक मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।

पुलिस के अनुसार 1 जुलाई 2026 को पुलिस थाना हरोली में एक महिला ने अपनी दो भैंसें चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरप्रीत सिंह (29) निवासी जसोवाल, मोहम्मद दीन (36) निवासी बड्डो मैटियाना तथा लतीफ (32) निवासी ईसपुर कोट पटुही, जिला होशियारपुर (पंजाब) के रूप में हुई है।

पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई दोनों भैंसें 6 जुलाई को पंजाब के सरयाला कलां से बरामद की गईं। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद भैंसों को उनके वास्तविक मालिक के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप और मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और आरोपियों से अन्य मामलों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।जिला पुलिस ऊना ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध संबंधी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

 

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here