ऊना/ सुशील पंडित : कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के जिला पार्षद वार्ड धनेत से भाजपा समर्थित उम्मीदवार वीना देवी ने शुक्रवार को अपने चुनाव प्रचार अभियान को तेज करते हुए वार्ड की विभिन्न पंचायतों में तूफानी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और आगामी तीस मई को होने वाले पंचायत चुनावों में अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की। वीना देवी ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य केवल राजनीति करना नहीं बल्कि वार्ड का समग्र विकास करवाना और लोगों की समस्याओं का घर द्वार समाधान करना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, स्वच्छता और युवाओं के लिए बेहतर सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता से उन्हें भरपूर प्यार, सहयोग और आशीर्वाद मिल रहा है, जिसके लिए वह समस्त क्षेत्रवासियों की आभारी हैं। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और यदि जनता उन्हें अवसर देती हैतो वह पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ क्षेत्र की सेवा करेंगी।
वीना देवी ने कहा कि जिला पार्षद का पद केवल राजनीतिक मंच नहीं बल्कि जनसेवा का माध्यम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जीत के बाद वह हर पंचायत और हर गांव में लोगों की समस्याओं को सुनकर प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान करवाने का प्रयास करेंगी! कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो ने भी जिला पार्षद उम्मीदवार वीना देवी के समर्थन में चुनाव प्रचार किया। उन्होंने विभिन्न जनसभाओं और बैठकों को संबोधित करते हुए जनता से भाजपा समर्थित उम्मीदवार को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। दविंदर भुट्टो ने कहा कि भाजपा हमेशा विकास की राजनीति करती आई है और पार्टी का दूसरा नाम ही विकास है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारों ने हमेशा गांव, गरीब और किसान के हितों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि धनेत वार्ड के विकास को नई दिशा देने के लिए वीना देवी को भारी बहुमत से विजयी बनाएं ताकि क्षेत्र में विकास कार्यों को और गति मिल सके।