1 जून को शत-प्रतिशत मतदान के लिए किया प्रेरित
ऊना/ सुशील पंडित : ऊना जिले में मतदाता जागरूकता को लेकर की गई एक रचनात्मक पहल में मानव शृंखला बनाकर लोगों को शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित किया गया। स्वीप कार्यक्रम के तहत आईआरबीएन बनगढ़ बटालियन के मैदान में बुधवार को आयोजित चुनाव जागरुकता कार्यक्रम में बटालियन के 100 से अधिक पुलिस कर्मियों ने साथ मिलकर मानव शृंखला बनाई. इसमें भारत का नक्शा बना कर ‘चुनाव का पर्व, देश का गर्व; 1 जून को वोट करेगा ऊना का संदेश दिया गया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी उपायुक्त जतिन लाल और आईआरबीएन बनगढ़ बटालियन की कमांडेंट आकृति शर्मा विशेष तौर पर उपस्थित रहे। जतिन लाल ने कहा कि जिला प्रशासन चुनावों में सभी मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। विशेष जागरूकता अभियान चला कर मतदाता जागरुकता पर जोर दिया जा रहा है. यह अभियान चुनावों में शत-प्रतिशत मतदान की दिशा में सार्थक साबित होंगे।
