वॉशिंगटनः अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई (FBI) ने गैंगस्टर नीतीश कौशल को अपनी ‘मोस्ट वांटेड’ सूची में शामिल कर लिया है। आपको बता दें नीतीश जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़ा हुआ है। एफबीआई के अनुसार नीतीश कौशल पर कई गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल रहने का आरोप है।
एफबीआई के मुताबिक नीतीश कौशल पर हत्या, अपहरण, ड्रग तस्करी, रंगदारी, अवैध हथियारों की तस्करी, मनी लॉन्ड्रिंग और मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में शामिल होने के आरोप हैं। जांच एजेंसियों का कहना है कि जग्गू भगवानपुरिया गैंग की शुरुआत पंजाब से हुई थी और समय के साथ इसका नेटवर्क अमेरिका के कैलिफोर्निया सहित कई देशों तक फैल गया।
जांच में आरोप लगाया है कि नीतीश कौशल ने गैंग के लिए अपहरण, हमले और अन्य हिंसक वारदातों को अंजाम दिया। इससे पहले एफबीआई ने ऑपरेशन हार्ड बॉल के तहत अमेरिका, कनाडा और यूरोप में जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की थी। इस अभियान के दौरान 50 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की गई, जिसमें बड़ी मात्रा में ड्रग्स और अन्य प्रतिबंधित सामान बरामद किया गया।
इस अभियान में लारेंस बिश्नोई गैंग, गोल्डी बराड़ और जग्गू भगवानपुरिया से जुड़े कथित नेटवर्क भी जांच एजेंसियों के निशाने पर हैं। इससे पहले अमेरिकी ग्रैंड ज्यूरी ने अमेरिका, कनाडा, मेक्सिको और भारत तक फैले एक कथित अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क का खुलासा किया था। आरोप पत्र में जग्गू भगवानपुरिया और उसके कई कथित सहयोगियों पर ड्रग तस्करी, अवैध हथियारों के कारोबार, रंगदारी और हत्या की साजिश जैसे गंभीर आरोप लगाए है।