Blog

  • मौसम विभाग ने बारिश का Red Alert किया जारी

    मौसम विभाग ने बारिश का Red Alert किया जारी

    नई दिल्ली : दिल्ली NCR में मौसम सुहाना है और रुक-रुककर बारिश हो रही है। आसमान में बादल छाए हुए हैं और तेज हवाएं चल रही हैं। हालांकि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि अगले दो दिनों तक दिल्ली NCR में बारिश की संभावना नहीं है। रविवार को दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।

    केरल, लेह, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, और त्रिपुरा में रात तक बारिश होने के आसार हैं। पिछले दिनों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बादल फटने से भारी तबाही मची थी। हिमाचल प्रदेश में 45 लोग लापता हैं और उत्तराखंड में 150 तीर्थयात्रियों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। दोनों राज्यों में मरने वालों की संख्या 19 से ज्यादा है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

    केदारनाथ मार्ग पर फंसे तीर्थयात्रियों को हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू किया जा रहा है। IMD के अनुसार, इन दोनों राज्यों में आज भी बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, गोवा और मध्य प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन राज्यों में सोमवार को जमकर बादल बरसेंगे। इसके अलावा, हरियाणा, तेलंगाना, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, रायलसीमा, और कर्नाटक के कुछ स्थानों पर गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।

  • 11,000 हाइटेंशन तार की चपेट में आई DJ ट्राली, 9 कांवड़ियों की मौत

    11,000 हाइटेंशन तार की चपेट में आई DJ ट्राली, 9 कांवड़ियों की मौत

    नई दिल्ली : बिहार के हाजीपुर में बड़ा हादसा होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार कांवड़ियों को लेकर जा रही एक DJ-ट्राली करंट की चपेट में आ गई। इस हादसे में 9 कांवड़ियों की मौत हो गई है। करंट लगने से करीबन आधा दर्जन लोग झुलस गए हैं।सभी कांवड़िए हाजीपुर के औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत सुल्तानपुर गांव के रहने वाले हैं। सभी बाबा हरिहरनाथ मंदिर में सोमवार की सुबह जलाभिषेक करने जा रहे थे।

    वैशाली जिले के हाजीपुर-औद्योगिक थानाक्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में रात के 11 बजे गांव से निकल रहे थे। इस दौरान 11,000 हाइटेंशन तार की चपेट में आने से यह हादसा हुआ है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया है।  सुल्तानपुर गांव से डीजे ट्रॉली लेकर कमरिया की टीम सोनपुर स्थित पहलेजा घाट निकले थे। कांवड़ियों को पहलेजा घाट से जल लेकर सभी को बाबा हरिहरनाथ मंदिर में सोमवार की सुबह जलाभिषेक करने जा रहे थे।

    उसके बाद गांव के मंदिर में पूजा करते और जलाभिषेक करने का प्लान था, पर यात्रा नाइपर गेट के पास बाबा चौहरमल स्थान के निकट पहुंची ही थी कि डीजे ट्राली हाइटेंशन तार की चपेट में आ गई और कई लोग हादसे के शिकार हो गए। घटना के बाद इलाके में मातम छा गया है गांव के हर तरफ चीख-पुकार मची हुई है। लोगों में बिजली विभाग पर बड़ा गुस्सा है। समय रहते हुए बिजली की लाइन नहीं काटी गई और समय पर प्रशासन और पुलिस नहीं पहुंची है जिसको लेकर नाराजगी भी जाहिर किया है।

  • PM के इस्तीफे की मांग पर हिंसा, 97 की मौत, देश में कर्फ्यू

    PM के इस्तीफे की मांग पर हिंसा, 97 की मौत, देश में कर्फ्यू

    नई दिल्ली : बांग्लादेश में प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहा प्रदर्शन हिंसक रूप अख्तियार कर चुका है। सरकार ने हिंसा पर काबू करने के लिए देशभर में कर्फ्यू लगा दिया है। साथ ही अगले 3 दिनों के लिए छुट्टी की घोषणा कर दी गई है इस्तीफे की मांग करने वाले प्रदर्शनकारियों और सत्तारूढ़ आवामी लीग के समर्थकों के बीच रविवार को हुई झड़पों में 14 पुलिसकर्मियों की मौत हुई है।

    अभी तक हिंसक झड़पों में 97 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए है।बांग्लादेश में हो रही हिंसा को लेकर भारत भी अलर्ट मोड पर आ गया है। नागरिकों से कहा गया है कि वे हिंसाग्रस्त मुल्क में सावधानी बरतें और अपनी आवाजाही को जितना हो सकता है, उतना सीमित रखे।रविवार रात भारत ने बांग्लादेश में मौजूद अपने सभी नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी कर दी। एडवाइजरी में नागरिकों से ये भी कहा गया है कि अगले आदेश तक वे बांग्लादेश की यात्रा करने से बचे। नागरिकों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी हुए हैं।

    विदेश मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए बयान में कहा गया, “चल रहे घटनाक्रम के मद्देनजर भारतीय नागरिकों को अगली सूचना तक बांग्लादेश की यात्रा नहीं करने की सलाह दी जाती है। वर्तमान में बांग्लादेश में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों को ज्यादा सावधानी बरतने, अपनी आवाजाही को सीमित करने और इमरजेंसी फोन नंबर्स के जरिए ढाका में भारतीय उच्चायोग के संपर्क में रहने की सलाह दी जाती है।

    मंत्रालय की तरफ से इमरजेंसी नंबर भी जारी किए गए हैं, जो 8801958383679, 8801958383680, 8801937400591 है। अगर पड़ोसी देश में मौजूद किसी भी नागरिकों को किसी तरह की कोई परेशानी होती है।

  • आज का राशिफल, 5 अगस्त 2024

    आज का राशिफल, 5 अगस्त 2024

    आज श्रावण शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि और सोमवार का दिन है। प्रतिपदा तिथि आज शाम 6 बजकर 4 मिनट तक रहेगी। आज सुबह 10 बजकर 39 मिनट से वरीयान योग लग जाएगा। साथ ही आज दोपहर बाद 3 बजकर 22 मिनट तक आश्लेषा नक्षत्र रहेगा। आज सावन महीने का तीसरा सोमवार व्रत है। इसके अलावा आज सुबह 10 बजकर 26 मिनट पर बुध सिंह राशि में वक्री होंगे।

    मेष राशि-आज आपका दिन शानदार रहेगा। व्यापार में साझेदारी से लाभ हो सकता है। माता-पिता के साथ रिश्ते मधुर होंगे। पारिवारिक रिश्तों में भी मधुरता बरकरार रहेगी। आज आपकी सामाजिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी। आप चीजों को बेहतर ढंग से समझने की कोशिश करेंगे। साथ ही कोई गोपनीय बात आपको पता चल सकती है। दोस्तों के साथ समय बीत सकता है।आपको जीवनसाथी से पूरा-पूरा सहयोग मिलेगा। संतान पक्ष से कोई खुशखबरी आपको मिल सकता है।

    वृष राशि-आज आपका दिन उत्तम रहेगा। आज आपका आत्मविश्वास बढ़ा हुआ रहेगा। आपका आर्थिक पक्ष काफी मजबूत रहेगा। पर्यटन से जुड़े लोगों को धन लाभ होगा। आपके काम से अधिकारी वर्ग भी खुश होंगे। आज आपकी सलाह किसी जरूरतमंद के लिए कारगर साबित हो सकती है। परिवार में सुख शांति बनी रहेगी।आप खुद को उर्जावान महसूस करेंगे। परिवार में सदस्यों के साथ रिश्ते में सुधार होगा। आप खुद को किसी रचनात्मक काम में लगायेंगे।

    मिथुन राशि-आज आपका दिन मिला-जुला रहेगा। आप अपने काम में किसी मित्र का सहयोग ले सकते हैं। धैर्य से निर्णय लेने पर सफलता के नए आसार खुल सकते हैं। आप कम से कम समय में काम निपटाने की कोशिश करेंगे और इसमें आपको सफलता भी मिलेगी। आपकी सेहत ठीक-ठाक रहेगी।आज किसी जिम्मेदारी को अनदेखा करने से आपको बचना चाहिए। एकाग्र मन से किया गया काम लाभदायक साबित होगा।

    कर्क राशि- आज आपके सारे जरूरी कामकाज पूरे हो जायेंगे। पैसों के मामले में लोगों पर जरूरत से ज्यादा भरोसा करने से बचना चाहिए।  कोई करीबी व्यक्ति आपको धोखा देने की कोशिश कर सकता है। जीवनसाथी के साथ किसी धार्मिक स्थल की यात्रा कर सकते हैं। आपको अपने भविष्य के बारे में थोड़ा विचार करने की जरूरत है।आपका खर्च बढ़ सकता है। किसी को उधार पैसा देने में सोच-विचार करना बेहतर रहेगा।

    सिंह राशि- आप अपने जीवन में कुछ अच्छे बदलाव करने की कोशिश करेंगे। पहले से चली आ रही समस्याओं का समाधान आज निकल सकता है, जिससे आपका मन प्रसन्न रहेगा। आपके व्यवहार में कुछ अच्छे बदलाव होंगे। आपको दूसरों की मदद करने का मौका मिल सकता है, जिससे आपको भी फायदा होगा।उधार दिया हुआ पैसा अचानक वापस मिलेगा। परिवार में धार्मिक कार्य की योजना बन सकती है।

    कन्या राशि- जीवनसाथी के साथ डिनर करने जा सकते है। साथ ही रिश्तों में पॉजिटिविटी भी आयेगी। कामकाज में सफलता मिलेगी। दोस्तों से फायदा मिलने की उम्मीद है। आज आपका उत्साह बढ़ा हुआ रहेगा। भाई- बहनों से आपको पूरा-पूरा सहयोग प्राप्त होगा। रूके हुए सारे काम आज पूरे होंगे। घर का माहौल आज खुशनुमा रहेगा। इस राशि के छात्रों का आज पढ़ाई के प्रति रूझान बना रहेगा। आज आपका दिन फेवरेबल रहेगा। करियर को बढ़ाने के लिए आज आपको नये अवसर मिलेंगे।

    तुला राशि- आज आपका ध्यान अपने कार्य को पूरा करने में लगा रहेगा। ऑफिस में किसी काम को लेकर थोड़ा विचार-विमर्श करना पड़ सकता है। आपके पास कुछ नयी जिम्मेदारियां आ सकती है, जिन्हें आप सफलतापूर्वक निभाएंगे। कोई बड़ा काम संतान की मदद से पूरा हो जायेगा। माता-पिता का पूरा-पूरा सहयोग मिलेगा। कुछ लोग आपसे जलन की भावना रख सकते हैं। इस राशि के छात्रों का दोस्तों के साथ मेल-जोल बढ़ सकता है।

    वृश्चिक राशि-आज आपका दिन बढ़िया रहेगा। आज जो भी काम आप शुरू करेंगे उसे समय से पूरा कर लेंगे। आपकी कल्पना शक्ति आपके लक्ष्य प्राप्ति में सहायता कर सकती है। लेन-देन के लिए आज का दिन अच्छा है।स्टूडेंट्स को पढ़ाई-लिखाई में सफलता मिल सकती है। आपका स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। संतान पक्ष से कोई शुभ समाचार प्राप्त होगा। जीवनसाथी की उपलब्धियों की सराहना करने से आपके दांपत्य जीवन में मधुरता आयेगी।

    धनु राशि-इस राशि के लोगों को कारोबार बढ़ाने के लिए किसी दूसरे व्यक्ति से बेहतर सुझाव मिलेगा। पैसों के संबंध में अच्छी खबर मिलेगी कामकाज से भी जुड़ी कोई अच्छी खबर मिल सकती है। आपके सोचे हुए सारे काम आज पूरे होंगे। किसी समारोह में आपकी ऐसे व्यक्ति से मुलाकात हो सकती है, जो आपके लिए बहुत खास साबित होगा। साथ काम करने वाले मददगार रहेंगे।आज आपका दिन बेहतरीन रहेगा।

    मकर राशि-आज आपका दिन पहले की अपेक्षा अच्छा रहेगा। आप परिवार वालों के साथ किसी ट्रिप का प्लान बना सकते हैं। आज आप अपने जीवनसाथी के साथ समय बिता सकते है, इससे आपके रिश्ते और बेहतर होंगे। दोस्तों के साथ मूवी देखने का प्लानिंग आज बन सकता हैं। करोबार बढ़ाने के लिए आज आपके मन में नए-नए विचार आ सकते हैं।आपकी मुलाकात किसी ऐसे व्यक्ति से हो सकती है, जिससे आपको भविष्य में फायदा होगा।

    कुंभ राशि-  आज आपका दिन खुशियों से भरा रहेगा। आज आपका दांपत्य जीवन शानदार रहने वाला है। किस्मत का पूरा-पूरा सहयोग आज आपको मिलेगा। कारोबारियों को लाभ होगा। छात्रों के लिए आज का दिन बढ़िया है। करियर में कोई बड़ी सफलता हासिल होगी।जीवनसाथी आज आपकी बैटन से सहमत होंगे। अगर आप किसी जरूरी काम को पूरा करने की सोच रहे हैं, तो वह आज पूरा हो जाएगा। अपना काम छोड़कर दूसरों की मदद करने का भाव आज आपके मन में आयेगा।

    मीन राशि-आज आपका दिन ठीक रहेगा। आपके मन में किसी बात को लेकर उत्साह रह सकता है। कार्यक्षेत्र में अचानक काम का दबाव बढ़ सकता है। काम पूरा करने के लिए शायद आपको पर्याप्त समय न मिल पाये। दिनभर की व्यस्तता के कारण आपकी उलझन बढ़ सकती है। छात्रों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। परेशान होने के बजाय धैर्य बनाये रखना चाहिए। वहीं किसी कार्य में कुछ लोग आपकी मदद करेंगे।

  • हरोली पुलिस ने बिना X फार्म पकड़े 6 टिप्पर, किया 1,50000 जुर्माना

    हरोली पुलिस ने बिना X फार्म पकड़े 6 टिप्पर, किया 1,50000 जुर्माना

    ऊना/ सुशील पंडित : हरोली पुलिस की एक टीम ने आज थाना प्रभारी सुनील कुमार के नेतृत्व में पंडोगा में ओवर लोड और बिना x फार्म लोड टिप्परों पे लगाम लगाते हुए 6 टिपर पंडोगा में सुबह पकड़े। सभी गाडियां बिना x फार्म रेत लेकर होशियारपुर की ओर जा रही थी। माइनिंग माफिया पे लगाम कसते हुए 6 वाहनों को 1,50000 रुपए जुर्माना करके चेतावनी देकर छोड़ा गया है। इस दौरान पंडोगा चौकी इंचार्ज गुरधियान शर्मा भी टीम लेकर मोजूद रहे। बरसात के दिनो मे वैसे तो माइनिंग माफिया कम सक्रिय रहता है फिर भी सरकार माइनिंग पे सख्ती से निबटने में लगी है।
  • मलपुर में सरकारी जमीन पर हो रही अवैध खनन

    मलपुर में सरकारी जमीन पर हो रही अवैध खनन

    पुलिस ने मौके पर पकड़ा टिप्पर व पोकलेन

    दोनों के किए चालान

    बद्दी/ सचिन बैंसल : मलपुर गांव के समीप एक सरकारी जमीन पर टिप्पर व पोकलेन से खनन हो रहा है। यह खनन सामग्री साथ लगते क्रेशर पर भेजी जा रही है। लोगों का आरोप है कि यह अवैध खनन पर कांग्रेसी नेता का हाथ होने पर पुलिस पर कोई कार्रवाई करने से परहेज कर रही है। लोगों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर आकर पोकलेन व टिप्पर पकड़े है।

    शनिवार शाम को लोगों ने यहां पर एकत्रित हुए और सरकारी जमीन पर हो रहे अवैध खनन को लेकर प्रदर्शन किया और पुलिस को भी सूचना दी गई। यहां पर पहले चार टिप्पर काम कर रहे थे जब तक पुलिस आई तब तक एक टिप्पर ही मौके पर था। लोगों का आरोप है उन्होंने पुलिस मौके पर टिप्पर व पोकलेन को पकड़वाया गया लेकिन अभी तक कोई कारर्वाई नहीं हुई है। मलपुर गांव के कृष्ण कुमार ने बताया कि यह खनन पिछले लंबे समय से चल रहा है और पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं होती है। ऊंची पहुंच वाले लोगों के यह टिप्पर व क्रेशर होने से पुलिस भी इनके आंगे असहाय बना हुई है।

    ग्रामीणों ने एसपी ईलमा अफरोज के शिकायती पत्र भी सौंपा है। उधर, डीएसपी खजाना राम ने बताया कि पुलिस ने मौके पर एक टिप्पर एचपी 12 एच, 9872 व एक  पोकलेन को अवैध खनन करते हुए पकड़ा और पुलिस ने इन दोनों के चालान कर दिए है। पुलिस ने टीम को देख कर पोकलेन व टिप्पर के चालक अपने वाहन छोड़ कर मौके से भाग गए।  लेकिन पुलिस ने इन दोनों को चालान कर दिए है। अगर चालान नहीं भरते है तो पुलिस चालान को कोर्ट में पेश करेगी।

  • जालंधरः नर्सिंग परीक्षा परिणामों में धोखाधड़ी करने के आरोप में 2 और आरोपी गिरफ्तार

    जालंधरः नर्सिंग परीक्षा परिणामों में धोखाधड़ी करने के आरोप में 2 और आरोपी गिरफ्तार

    चंडीगढ़। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने नर्सिंग दाखिलों और परीक्षाओं में अनियमितताओं के आरोप में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी पंजाब नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल मोहाली (पी.एन.आर.सी.) के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलीभगत से नर्सिंग परीक्षाओं में अनियमितताएं करने के आरोप में आरोपी अरुणा छाबड़ा, पूर्व प्रिंसिपल के.डी. कॉलेज ऑफ नर्सिंग माहिलपुर, जिला होशियारपुर को उसकी रिहायश गाँव खुडा जस्सू, चंडीगढ़ से और आरोपी डॉ. कुलदीप सिंह महिरोक, संस्थापक महिरोक कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड मेडिकल साइंसेज, तेईपुर, तहसील पातड़ां, जिला पटियाला, को उसके निजी अस्पताल “ट्राइसिटी क्लीनिक एंड हॉस्पिटल” डेरा बस्सी, जिला मोहाली से गिरफ्तार किया गया है जो ये दोनों आरोपी इस चर्चित केस में अपनी गिरफ्तारी के डर से फरार थे। आरोपियों को कल अदालत में पेश किया जाएगा और इस मामले की आगे की जांच जारी है।

    इस केस में पी.एन.आर.सी. की पूर्व रजिस्ट्रार और नर्सिंग ट्रेनिंग स्कूल गुरदासपुर की प्रिंसिपल (सेवानिवृत्त) चरणजीत कौर चीमा और डॉ. अरविंदरवीर सिंह गिल, निवासी बसंत विहार, होशियारपुर को पिछले दिन गिरफ्तार कर लिया गया था। मामले बारे विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि पी.एन.आर.सी. द्वारा निजी नर्सिंग कॉलेजों में दाखिलों, परीक्षाओं और परिणामों में धोखाधड़ी के बारे में मिली शिकायत की जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि उक्त निजी नर्सिंग कॉलेजों के प्रबंधकों की मिलीभगत से पी.एन.आर.सी. में फर्जी रिकॉर्ड तैयार किए गए और सरकारी रिकॉर्ड से छेड़छाड़ करते हुए जरूरी दाखिला फॉर्म, परीक्षा फॉर्म और परीक्षा फीस के बिना ही छात्रों की परीक्षाएं ली गईं।

    इस घोटाले का खुलासा करते हुए प्रवक्ता ने बताया कि के.डी. कॉलेज ऑफ नर्सिंग, माहिलपुर, होशियारपुर को भारतीय नर्सिंग काउंसिल नई दिल्ली से दिनांक 25.09.2019 और पी.एन.आर.सी. से दिनांक 29.11.2012 को मान्यता मिली थी, जबकि इस कॉलेज की मान्यता से पहले ही पी.एन.आर.सी. द्वारा जारी किए गए दाखिला फॉर्म और रसीद नंबर जारी किए गए थे।

    प्रवक्ता ने खुलासा किया कि इस कॉलेज से संबंधित 5 रोल नंबरों के दाखिला फॉर्म प्राप्त हुए थे, परंतु ये दाखिला फॉर्म/रोल नंबर पी.एन.आर.सी. द्वारा प्रिंसटन इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग गुरदासपुर को जारी किए गए थे। इन 5 छात्रों की फर्जी दाखिला सूची कॉलेज को मान्यता प्राप्त होने से पहले अक्टूबर 2012 में ही तैयार कर ली गई थी और इस दाखिला सूची के आधार पर इन छात्रों के परीक्षा फॉर्म और परीक्षा फीस की रसीद पर इन रोल नंबरों से संबंधित कट लिस्ट जारी कर दी गई थी।

    इसके अलावा जी.आर.डी. इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग टांडा उर्मुड़, होशियारपुर से संबंधित 27 छात्रों की दाखिला सूची पी.एन.आर.सी. द्वारा तैयार करके वेबसाइट पर अपलोड की गई थी। इसके बाद इस कॉलेज के 30 छात्रों की संशोधित सूची में के.डी. कॉलेज ऑफ नर्सिंग माहिलपुर के 2 रोल नंबरों से संबंधित दाखिले दिखाए गए थे।
    प्रवक्ता ने आगे बताया कि इस तरह, उक्त दो कॉलेजों के छात्रों के दाखिले, इन रोल नंबरों से संबंधित जारी की गई सूचियां और छात्रों के तबादले/समायोजन पी.एन.आर.सी. की परीक्षा शाखा के कर्मचारी (डीलिंग हैंड) की तैनाती के दौरान हुए थे।

    इसके अलावा महिरोक कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड मेडिकल साइंसेज, तेईपुर, पटियाला के संस्थापक डॉ. कुलदीप सिंह महिरोक, निवासी कस्बा खन्नौरी, जिला संगरूर और डॉ. अरविंदरवीर सिंह गिल ने के.डी. कॉलेज ऑफ नर्सिंग माहिलपुर के 15 छात्रों के नाम, पते और दस्तावेज उपलब्ध करवाए थे जिनके 2 वर्षीय ए.एन.एम. कोर्स की फीस 40,000 रुपये प्रति छात्र रखी गई थी। इसके बाद के.डी. कॉलेज ऑफ नर्सिंग माहिलपुर की पूर्व प्रिंसिपल अरुणा छाबड़ा ने इन छात्रों के दाखिला फॉर्मों की पुष्टि की थी।

    जांच के दौरान पाया गया कि आरोपी चरणजीत कौर चीमा ने आरोपी डॉ. अरविंदरवीर सिंह गिल के साथ मिलीभगत करके उक्त 15 छात्रों से शपथ पत्र लेकर और के.डी. कॉलेज ऑफ नर्सिंग माहिलपुर की पूर्व प्रिंसिपल अरुणा छाबड़ा से दस्तावेज दोबारा प्रमाणित करवाकर परिणाम घोषित कर दिया। यह भी पाया गया कि इस परिणाम पर डीलिंग हैंड या पी.एन.आर.सी. की परीक्षा शाखा के अधीक्षक के हस्ताक्षर नहीं थे बल्कि रोज़ाना आधार पर काम करने वाले एक डाटा एंट्री ऑपरेटर द्वारा हस्ताक्षर किए गए थे।

  • Jalandhar : सरेआम SBI Bank के पास हथियारों के बल पर युवक से नगदी और फोन छीनकर लुटेरे फरार, देखें CCTV

    Jalandhar : सरेआम SBI Bank के पास हथियारों के बल पर युवक से नगदी और फोन छीनकर लुटेरे फरार, देखें CCTV

    जालंधर, ENS: शहर में लुटेरों का खौफ दिन-ब-दिन बढ़ता ही जा रहा है। हालत यह हो गए हैं कि सरेआम बाइक पर आकर बेखौफ लुटेरे वारदातों को अंजाम देकर फरार हो रहे हैं। रोजाना शहर और देहात से कई चोरी और लूट की घटनाएं सामने आ रही है। वही ताजा मामला सोढल रोड पर स्थित एसबीआई बैंक के पास से सामने आया है। जहां दो बाइक पर सवार होकर आए लुटेरे पैदल घूम रहे युवक से तेज आ रहा हथियारों के बल पर नगदी और फोन छीनकर फरार हो गए। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

    सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि युवक पैदल फोन पर बात कर रहा है। इस दौरान दो बाइक पर सवार होकर पांच युवक हथियारों के बल पर आते हैं और उसे पर हमला करने की कोशिश करते हैं। वही एक लूटेरा युवक से फोन छीन लेता है और जब से जबरदस्ती नगदी निकाल लेता है।

    इसके बाद घटना को अंजाम देकर लुटेरे मौके से फरार हो गए। सरेआम हो रही वारदातें पुलिस की कारगुजारी पर सवालिया निशान खड़े कर रही है। शहर और देहात में हो रही वारदातों से लोगों के मन में दहशत का माहौल बना हुआ है।

  • अब इस राज्य में भी लागू होने जा रहा है लव जिहाद कानून

    अब इस राज्य में भी लागू होने जा रहा है लव जिहाद कानून

    गुवाहाटी। उत्तर प्रदेश की योगी सरकरा के बाद अब असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार जल्द ही ‘लव जिहाद’ के मामलों में आजीवन कारावास की सजा के लिए नया कानून लाएगी। यहां राज्य भाजपा कार्यकारिणी की बैठक में उन्होंने कहा, ‘‘हमने चुनाव के दौरान ‘लव जिहाद’ के बारे में बात की थी। हम जल्द ही एक कानून लाएंगे, जिसमें ऐसे मामलों में आजीवन कारावास की सजा होगी।’’

    जल्द ही एक नई अधिवास नीति पेश की जाएगी जिसके तहत केवल असम में जन्में लोग ही राज्य सरकार की नौकरियों के लिए पात्र होंगे। चुनाव पूर्व वादे के अनुसार प्रदान की गयी ‘एक लाख सरकारी नौकरियों’ में स्वदेशी लोगों को प्राथमिकता मिली है, जो पूरी सूची प्रकाशित होने पर स्पष्ट होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि असम सरकार ने हिंदुओं और मुसलमानों के बीच जमीन की बिक्री को लेकर भी फैसला किया है। शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार इस तरह के लेनदेन को रोक नहीं सकती है, लेकिन आगे बढ़ने से पहले मुख्यमंत्री की सहमति लेना अनिवार्य कर दिया गया है।

  • गर्भवती महिला को निर्वस्त्र घुमाने के मामले में पति समेत 14 दोषियों को ये मिली सजा

    गर्भवती महिला को निर्वस्त्र घुमाने के मामले में पति समेत 14 दोषियों को ये मिली सजा

    जयपुर। राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले की एक अदालत ने पिछले साल सितंबर में धारियावाड़ में 20 वर्षीय गर्भवती महिला को निर्वस्त्र कर घुमाने के मामले में उसके पति सहित 14 पुरुषों को शनिवार को सात साल की कैद की सजा सुनाई। अदालत ने कहा कि धारियावाड़ कांड मणिपुर में महिलाओं के खिलाफ किए गए अपराध के समान ही एक “जघन्य अपराध” था।

    जातीय हिंसा से जूझ रहे मणिपुर में पिछले साल दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने और भीड़ द्वारा उनके साथ यौन दुर्व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया था। विशेष लोक अभियोजक मनीष नागर ने बताया कि मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रामकन्या सोनी ने धारियावाड़ कांड में दोषी पाई गई तीन महिलाओं को पांच साल की जेल की सजा सुनाई।

    न्यायमूर्ति सोनी ने कहा, “देश में महिलाओं को लक्ष्मी की तरह पूजा जाता है। प्राचीन शास्त्रों में भी महिलाओं के सम्मान का उल्लेख है, लेकिन कलयुग में उनके खिलाफ हिंसा और अत्याचार जारी है।” उन्होंने कहा, “यह आरोपी द्वारा महिला के खिलाफ किया गया एक गंभीर अपराध था। इसी तरह का जघन्य अपराध मणिपुर में भी हुआ था। ऐसे अपराध महिलाओं को भावनात्मक रूप से आहत करते हैं। महिलाओं के खिलाफ अपराध को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की जरूरत है, तभी अपराध कम होंगे।”

    विशेष लोक अभियोजक नागर ने बताया कि अदाल ने पीड़िता के पति कान्हा मीणा के अलावा खेतिया मीणा, मोतिया उर्फ मोतीलाल मीणा, पुनिया मीणा, केसरा उर्फ केसरीमल मीणा, सूरज मीणा, पिंटू मीणा, नाथूलाल मीणा, मानाराम उर्फ वेणिया मीणा, नेतिया मीणा, रूपा मीणा, गौतम मीणा, रामलाल मीणाा, रमेश मीणा को सात-सात साल कैद, जबकि तीन महिला दोषियों-इंद्रा मीणा, मिरकी मीणा और झुमली मीणा को पांच-पांच साल कैद की सजा सुनाई। पिछले साल सितंबर में एक गर्भवती महिला को निर्वस्त्र कर घुमाने का वीडियो सामने आया था।

    यह घटना 31 अगस्त को धारियावाड़ के निचलाकोटा गांव में हुई थी, जब आरोपियों ने पीड़िता को उस व्यक्ति के घर पर पाया, जिसके साथ उसके अवैध संबंध होने का संदेह था। सात महीने की गर्भवती महिला को उसके पिता के घर छोड़ दिया गया। इसके बाद पीड़िता ने अपनी मां के साथ पुलिस से संपर्क किया और पति समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

    पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 509, 354 ए और 354 बी, 323, 342, 294, 36, 341, 504, 506, 120 बी, महिलाओं के अश्लील चित्रण निषेध अधिनियम की धारा 4/6 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 (इलेक्ट्रॉनिक रूप में अश्लील सामग्री प्रकाशित करने की सजा) के तहत मामला दर्ज किया।