Blog

  • महिलाओं को पोषण माह तथा संवैधानिक अधिकारों बारे किया जागरुक

    महिलाओं को पोषण माह तथा संवैधानिक अधिकारों बारे किया जागरुक

    ऊना/शील पंडित :  पोषण माह के तहत आज कल्याण भवन ऊना में लोहे की कड़ाही अभियान तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी मुहैया करवाने के लिए जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जागरूकता शिविर में जिला परिषद अध्यक्षा नीलम कुमारी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। नीलम कुमारी ने कहा कि सुदृढ़ नींव के लिए उचित पोषण आवश्यक होता है। कुपोषण मुक्त भारत की परिकल्पना साकार करने के लिए सभी तक उचित पोषण पहुंचाना आवश्यक है। सभी को पोषण की मूल अवधारणा से अवगत करवाने तथा लक्षित वर्ग को जागरूक बनाने के उद्देश्य से 30 सितम्बर तक पोषण माह मनाया जा रहा है। इस अभियान का मूल उद्देश्य किशोर,  किशोरी, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को निर्धारित पोषण के विषय में जागरूक बनाना तथा उन्हें उचित पोषण उपलब्ध करवाना है। कुपोषण से लक्षित वर्गों को बचाने के लिए हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं जिनके माध्यम से लक्षित वर्गों को पौष्टिक आहार के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जा रही है। 
    इसके  अतिरिक्त महिलाओं के संवैधानिक अधिकारों व उनके कल्याण हेतु चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में उपस्थित महिलाओं को जागरूक किया जिसमें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना,  बेटी है अनमोल, शगुन योजना,  मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, असहाय मातृ संबल योजना, गरिमा, संबल, नवजीवन व अन्य योजनाओ की विस्तृत जानकारी दी।  इस मौके पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता त्रिशला देवी को विभिन्न योजनाओं के तहत उत्कृष्ट कार्य करने पर सम्मानित किया गया। महिलाओं की गोद भराई की रस्म की गई तथा 6 माह के 5 बच्चों का अन्नप्राशन करवाया गया और पोषण शपथ के साथ साथ पोषण रैली का आयोजन भी किया गया। 
    इसके अलावा समय-समय पर गर्भवती, धात्री एवं नवजात शिशु का हेल्थ चेकअप करवाना अति आवश्यक है तथा उनका समय पर वैक्सीनेशन व टीकाकरण भी करवाया जाना आवश्यक है। इन लाभार्थियों को संतुलित पौष्टिक आहार लेना चाहिए, आयरन फोलिक एसिड की टेबलेट के साथ-साथ मिनरल्स युक्त, कैल्शियम, आयरन युक्त आहार लेना चाहिए तथा कुपोषित और अल्प कुपोषित बच्चों की ओर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। 
    इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी ऊना सतनाम सिंह, तहसील कल्याण अधिकारी कुलदीप सिंह, सांख्यिकीय सहायक संजय कुमार, वरिष्ठ सहायक रमेश वालिया, पर्यवेक्षक  सुलिंदर पाल कौर, मीनू वाला, संतोष कुमारी, कुलबीर कौर, सुमन लता, सुमन बाला, नानकी देवी, कंचन देवी, बीना रानी, नरेश देवी, पोषण ब्लॉक कोऑर्डिनेटर गुरमुख सिंह, सहायक साक्षी सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व अन्य महिलाएं उपस्थित रही।
  • कलाकारों ने मुच्छाली व थानाकलां पंचायत में दी क्षय रोग की जानकारी

    कलाकारों ने मुच्छाली व थानाकलां पंचायत में दी क्षय रोग की जानकारी

    ऊना/सुशील पंडित: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन हिमाचल प्रदेश के सौजन्य से नटराज कला मंच नादौन के कलाकारों ने टीवी मुक्त हिमाचल अभियान के तहत आज ग्राम पंचायत मुच्छाली व थानाकलां में गीत संगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। कलाकारों ने बताया कि क्षय रोग एक संक्रामक बीमारी है जो आमतौर पर फेफड़ों पर हमला करती है। फेफड़ों की टीवी एक मरीज से दूसरे लोगों में खांसने या छींकने से फैलती है। टीवी बाल, नाखून और दांत को छोड़कर शरीर के किसी भी भाग में हो सकती है। अगर किसी को 2 सप्ताह से अधिक खांसी है या शाम के समय बुखार आ रहा हो या भूख नहीं लग रही हो, बजन लगातार कम हो रहा हा,े रात को पसीना आना, छाती में दर्द होना व खांसी में खून आने की स्थिति में तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में जाकर बलगम चेक करवाएं।
    टीवी की जांच सभी सरकारी अस्पतालों में आधुनिक मशीनों से फ्री की जाती है। उन्होंने बताया कि टीवी लाईलाज बीमारी नहीं है इसका इलाज पूर्णतया संभव है  सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में टीवी के लिए डॉट्स की दवाई मुफ्त उपलब्ध है। 6 महीने तक लगातार दवाई खाने से टीवी ठीक हो जाती है और दवाई बीच में छोड़ने पर 2 साल खानी पड़ती है। टीवी के मरीजों को हर महीने पोषण आहार के लिए 500 रूपये दिए जाते हैं। इसके अलावा  बिगड़ी हुई टीवी के मरीजों को 500 प्रति महीने 2 साल तक एनटीईपी द्वारा तथा 1500 रुपए प्रतिमाह मुख्यमंत्री क्षय निवारण योजना द्वारा दिया जाता है।  इस अवसर पर ग्राम पंचायत मुछाली प्रधान विजय शर्मा, उपप्रधान अजय, ग्राम पंचायत थाना कला प्रधान सरोज कुमारी, वार्ड सदस्य मेहर चन्द, मनोहर व रणजीत सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे। 
  • सतपाल सिंह सत्ती ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित ऊना प्रवास की तैयारियों की समीक्षा की

    सतपाल सिंह सत्ती ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित ऊना प्रवास की तैयारियों की समीक्षा की

    ऊना/सुशील पंडित; छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने 7 अक्तूबर को मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के प्रस्तावित प्रवास की तैयारियों का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रगतिशील हिमाचल-स्थापना के 75 वर्ष समारोह के तहत मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर 7 अक्तूबर को ऊना सदर विस क्षेत्र के प्रवास पर रहेंगे और पुराने बस स्टैंड पर एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
     सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर इसी दिन ऊना सदर विस क्षेत्र को सैंकड़ों करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाओं की सौगात भी देंगे। उन्होंने कहा कि प्रगतिशील हिमाचल-स्थापना के 75 वर्ष समारोह के तहत पुराने बस स्टैंड पर विभिन्न विभाग अपनी विकासात्मक प्रदर्शनियां भी लगाएं। सत्ती ने कहा कि इन प्रदर्शनियों के माध्यम से हिमाचल प्रदेश के विकास यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा। इस अवसर पर उपायुक्त ऊना राघव शर्मा, एडीसी डॉ. अमित कुमार शर्मा, एसडीओ पीडब्ल्यूडी अरविंद चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। 
  • जालंधरः कल नहीं होगा हाईवे जाम, मंत्री कुलदीप धालीवाल से मीटिंग के बाद किसानों ने किया ऐलान

    जालंधरः कल नहीं होगा हाईवे जाम, मंत्री कुलदीप धालीवाल से मीटिंग के बाद किसानों ने किया ऐलान

    जालंधर/वरुणः महानगर से बड़ी ख़बर सामने आई है। किसानों के साथ आज सर्कट हाउस में सर्कट हाउस मे पेंडू विकास मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल के साथ दो घंटे से अधिक समय तक मीटिंग चली। इस मीटिंग के बाद मंत्री कुलदीप धालीवाल ने उनकी समस्या को सुनते हुए उन्हें 3 अक्टूबर तक हल करने का आश्वासन दिया है।

    जिसके बाद किसानों ने कल जालंधर- लुधियाना हाईवे के जाम करने के फैसले को स्थगित कर दिया है। बता दें कि किसान संगठन दोआबा कमेटी पंजाब सर्कल टांडा के सचिव सतपाल सिंह मिर्जापुर ने 29 को जालंधर-लुधियाना हाईवे धन्नोवाली फाटक को जाम करने का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि कल जालंधर धन्नोवाली फाटक पर 24 घंटे के लिए बंद कर रोष प्रदर्शन किया जाएगा।

    लेकिन आज मंत्री कुलदीप धालीवाली से हुई मीटिंग के बाद इस धरने को स्थगित कर दिया गया है। किसान नेताओं का कहना है कि अगर 3 अक्टूबर तक हमारी मांगें नहीं मानी गईं तो 4 अक्टूबर को बड़ा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। किसानों का कहना है कि गन्ने की कीमत 450 रुपये प्रति क्विंटल की मांग की जा रही है।

  • जिला में 895 फूड लाइसेंस व 9957 फूड बिजनेस ऑपरेटरः एडीसी 

    जिला में 895 फूड लाइसेंस व 9957 फूड बिजनेस ऑपरेटरः एडीसी 

    ऊना/सुशील पंडित: भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के तहत जिला ऊना की सलाहाकार समिति की तीसरी तिमाही की बैठक आज एडीसी ऊना डॉ. अमित कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में एडीसी ने बताया कि जिला में लगभग 895 फूड लाइसेंस ऑपरेटर और 9957 फूड बिज़नेस ऑपरेटर भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण एक्ट के तहत पंजीकृत है। एडीसी ने बताया कि खाद्य निर्माताओं को प्रत्येक वर्ष वार्षिक रिटर्न जमा करवानी होती है, रिटर्न न भरने पर खाद्य निर्माताओं को जुर्माने के साथ रिटर्न भरनी होती है। उन्होंने बताया कि लाइसेंस बनाने के लिए www.foscos.fssai.gov.in     वेबसाइट पर आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि फूड सेफ्टी स्टैंडर्ड के तहत जिला में 1 अप्रैल से अब तक 88 नमूने एकत्रित किए गए हैं, जिसमें से 9 सैंपल मिस ब्रैंड्ड जबकि 5 नमूने गुणवत्ता मानकों में ठीक नहीं पाए गए, जिसके तहत खाद्य निर्माताओं को एक्ट के अनुसार जुर्माना डाला गया।
    एडीसी ने कहा कि मीड डे मील, आंगनबाड़ी व आबकारी एवं कराधान के लिकर वेंडर भी एक्ट की श्रेणी में आते हैं। उन्होंने इन सभी को भी बिजनेस ऑपरेटर लाइसेंस के तहत पंजीकरण करवाने को कहा। एडीसी ने बताया जिला में फूड सेफ्टी की ओर से न्यू पहल बी ईट राईट कैंपस की शुरूआत की गई है जिसके तहत जिला में पांच कैंपसों को ईट राईट घोषित किया जाएगा तथा 50 होटल, रैस्टोरेंट या ऑपरेटरों की हाइजिन रेटिंग की जाएगी। इसके अलावा दुकानों व होटलों में रिफाईंड तेल को तीन बार से अधिक प्रयोग में लाना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होता है। 
    एडीसी ने बताया कि रूको अभियान के तहत सरकार इस तेल की 30 रूपये प्रति लीटर के हिसाब से बिजनेस ऑपरेटरों से खरीद कर रही है। इस तेल का प्रयोग बायो डीजल के लिए किया जाता है। जिला में अब तक दुकानदारों व होटलों से लगभग 350 लीटर तेल एकत्रित किया गया है। एडीसी ने बिजनेस ऑपरेटरों से अपील की है कि वे रिफाईंड तेल का प्रयोग तीन बार से अधिक न करें। तीन बार प्रयोग किए हुए तेल का रूको अभियान के तहत सरकार को दें। इस अवसर पर सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा जगदीश धीमान, जिला स्वास्थ्य अधिकारी ऊना डॉ सुखद्वीप सिंह सिधू, डीएफएससी राजीव शर्मा, पीओ डीआरडीए संजीव ठाकुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
  • पैरालंपिक्स मेडलिस्ट निषाद कुमार बने स्वीप आइकन, युवाओं को वोट डालने के लिए करेंगे प्रेरित

    पैरालंपिक्स मेडलिस्ट निषाद कुमार बने स्वीप आइकन, युवाओं को वोट डालने के लिए करेंगे प्रेरित

    ऊना/सुशील पंडित: टोक्यो पैरालंपिक्स में सिल्वर मेडल विजेता जिला ऊना निवासी निषाद कुमार विधानसभा चुनाव-2022 में जिला ऊना के युवाओं को वोट डालने के लिए प्रेरित करेंगे। यह जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने बताया कि जिला स्तर पर प्रतिभावान खिलाड़ी निषाद कुमार को स्वीप गतिविधियों के लिए यूथ आइकन बनाया गया है और निषाद कुमार ने निर्वाचन विभाग के प्रस्ताव पर हामी भर दी है। 
    राघव शर्मा ने कहा कि सभी जिलावासियों के लिए गर्व का विषय है कि जिला ऊना से संबंध रखने वाले निषाद कुमार ने टोक्यो पैरालंपिक्स में रजत पदक जीतकर एक बहुत बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
    जिला के युवाओं के लिए निषाद एक प्रेरणा स्रोत और आदर्श हैं। इसके साथ ही निषाद दिव्यांग भी हैं तथा वह दिव्यांग मतदाताओं के लिए आइकन हैं। इसलिए जिला स्तर पर निषाद कुमार को मतदाताओं को जागरूक करने के लिए आइकन बनाने का निर्णय लिया गया है और निषाद ने भी प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है। उन्होंने कहा कि अभी निषाद कुमार खेल प्रतिस्पर्धाओं में भाग लेने के लिए जिला से बाहर हैं, जैसे ही वह वापिस जिला ऊना पहुंचेंगे तो उनका वीडियो संदेश रिकॉर्ड किया जाएगा और विभिन्न माध्यमों से मतदाताओं को जागरूक कनरे के लिए उनका प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके साथ ही जिला स्तर पर निर्वाचन विभाग के होर्डिंग्स पर भी निषाद की फोटो के साथ उनका मतदाताओं को जागरूक करने वाले संदेश महत्वपूर्ण स्थानों पर लगाए जाएंगे। 
    राघव शर्मा ने कहा कि आगामी विस चुनाव में मतदाता प्रतिशतता को बढ़ाने के लिए भरसक प्रयास किए जाएंगे और स्वीप गतिविधियों के माध्यम से मतदाताओं को वोट का महत्व समझाने के लिए अभियान पहले ही शुरू हो चुका है। आगामी दिनों में इन गतिविधियों को और तेज़ किया जाएगा। 
  • जालंधरः बीजेपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री मंनोरजन कालिया के 11 साल पुराने केस में CBI कोर्ट का आया फैसला, जानें

    जालंधरः बीजेपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री मंनोरजन कालिया के 11 साल पुराने केस में CBI कोर्ट का आया फैसला, जानें

    जालंधर/वरुणः 11 साल पुराने भ्रष्टाचार मामले में सीबीआई कोर्ट ने पंजाब बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया सियासत का शिकार हुए थे। सीबीआई की जांच में पूर्व मंत्री कालिया की कोई भूमिका सामने नहीं आई और न ही उन्हें केस में नामजद किया गया। सीबीआई की विशेष अदालत ने लंबे समय के बाद इस मामले में फैसला सुनाते हुए पंजाब रजिस्ट्रार, फर्म और सोसायटी विभाग के एक पूर्व अधिकारी को इस मामले में 5 साल कैद की सजा सुनाई है। गौरतलब है कि इस मामले के कारण मनोरंजन कालिया को लोकल बॉडी उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री के पद से इस्तीफा देना पड़ा था।

  • रेबीज़ दिवस के उपलक्ष्य पर एक दिवसीय जागरूकता शिविर आयोजित

    रेबीज़ दिवस के उपलक्ष्य पर एक दिवसीय जागरूकता शिविर आयोजित

    ऊना/सुशील पंडित: विश्व रेबीज दिवस के उपलक्ष्य पर आज ऊना के वार्ड 10 में एक दिवसीय जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इस बारे जानकारी देते हुए सीएमओ ऊना डाॅ मंजू बहल ने बताया कि यह दिवस रेबीज के वायरस के प्रभाव व इसकी रोकथाम हेतू जागरूकता बढ़ाने के लिए मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि रेबीज एक वायरल डिजीज है जो कुत्ता, बिल्ली तथा बंदर के काटने से होती है। सीएमओ ने बताया कि कुत्ते की लार में लासा वायरस होता है जिससे रेबीज फैलती है।
    उन्होंने बताया कि कुत्ते के काटने पर 24 घंटों के अंदर एंटी रेबीज वैक्सीन लगवानी चाहिए। इसके अलावा पालतू कुत्ता, बिल्ली आदि का समय-समय पर टीकाकरण करवाना चाहिए। इस मौके पर भाषण व नारा लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया जिसमें सभी प्रतिभागियों को नकद पुरुस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी शारदा सारस्वत, जिला स्वास्थ्य शिक्षक गोपाल कृष्ण, बीसीसी समन्वयक कंचन माला, वार्ड 10 ऊना की पार्षद उर्मिला देवी सहित आंगनबाड़ी कार्यकत्र्ता उपस्थित रहे।
  • पंजाबः पार्क में खेल रहे बच्चों को लगा करंट, हादसे में 6 साल के बच्चे की मौत

    पंजाबः पार्क में खेल रहे बच्चों को लगा करंट, हादसे में 6 साल के बच्चे की मौत

    पठानकोट: जिलें से दर्दनाक मामला सामने आया है। मोहल्ला काजीपुर स्थित ट्रस्ट मार्किट के पास बने पार्क में खेल रहे 6 वर्षीय बच्चे की करंट लगने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक पार्क में खेल रहे दो बच्चे करंट की चपेट में आ गए, जिसमें से एक की मौत हो गई जबकि उसके साथ खेल रही नन्ही बच्ची बाल-बाल बच गई। हालांकि करंट लगने से बच्चे के पैर पर कुछ घायल होने के निशान पड़ गए।

    प्रवासी मजदूर दंपति ने बताया कि उनका बेटा उनके पड़ोसी की बेटी के साथ पार्क में खेल रहा था कि अचानक दोनों को कंरट का झटका लगा। इस हादसे में उनके बेटे की मौत हो गई। मृतक बच्चे की पहचान 6 वर्षीय कृष पुत्र बदरीनाथ निवासी जहांगीर छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है, जबकि उसके साथ खेल रही घायल 5 वर्षीय बच्ची की पहचान पीहू पुत्री सीयू निवासी पोड़ी दल्हता जिला जहांगीर छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है।

    प्रशासन को जैसे ही इस बात का पता चला तो हडक़ंप की स्थिति बन गई इसके बाद सूचना मिलने के बाद डिवीजन नं.1 के प्रभारी मनदीप सल्गोत्रा मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटना का जायजा लिया। पुलिस अधिकारी ने कहा कि पीड़ित परिवार के बयान दर्ज कर लिए है। मामले की जांच जारी है। 

  • फैक्ट्री में बॉयलर फटने 3 लोगों की मौत, 8 घायल

    फैक्ट्री में बॉयलर फटने 3 लोगों की मौत, 8 घायल

    पालघर: मुंबई से सटे वसई में एक बड़ा हादसा हुआ है। एक फैक्ट्री में बॉयलर फटने से आग लग गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हुई और 8 लोग घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री में हाइड्रोजन गैस सिलेंडर में विस्फोट के कारण यह हादसा हुआ है। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है। घायलों को पास से अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

    जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना दोपहर करीब तीन बजे चंद्रपाड़ा क्षेत्र स्थित विद्युत उपकरण बनाने वाली एक कंपनी में हुई। उन्होंने कहा कि बुरी तरह झुलस जाने के चलते मृतक श्रमिकों की पहचान नहीं हो सकी है।