वाशिंगटनः अमेरिका के सिएटल में फूड फेस्टिवल में एक अज्ञात ने अंधाधुंध फायरिंग करने का मामला सामने आया है। जिसकी सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हो रही है। जानकारी के अनुसार इस घटना में 2 की मौत और कई लोग घायल हो गए।
ये घटना रविवार को स्थानीय समयानुसार शाम 6 बजे सिएटल सेंटर आर्मरी बिल्डिंग के बाहर हुई, जहां सालाना बाइट ऑफ सिएटल फूड फेस्टिवल के लिए हजारों लोग जमा हुए थे। गोलीबारी के बाद भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। घटना की खबर मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाओं ने बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया। सिएटल पुलिस ने प्रभावित इलाके की घेराबंदी कर दी है और लोगों से उस इलाके से दूर रहने की अपील की है। गोलीबारी की जांच चल रही है।
बाइट ऑफ सिएटल फेस्टिवल के दौरान आर्मरी के बाहर बैठी कायला कैरिस ने कहा कि गोलीबारी के बाद अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने कहा कि लोग अचानक चीखने-चिल्लाने लगे और सिएटल सेंटर आर्मरी बिल्डिंग की ओर भागने लगे। वहां भगदड़ जैसी स्थिति थी, हर कोई अपना सामान छोड़कर भाग रहा था।