मनालीः मनाली शनग पलचान मार्ग पर क्लब हाउस के पास भीषण हादसा हो गया। दरअसल, पर्यटन नगरी मनाली के ओल्ड मनाली क्षेत्र में मनालसु नाले में गाड़ी गिरने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार जिमनी वाहन अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहरी खाई में गिरते हुए मनालसू नाले में जा पहुंचा। घटना की सूचना लोगों द्वारा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई, वहीं घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
पुलिस के अनुसार होटल प्रबंधक जयंत तिवारी, निवासी झलोड़ी (जिला अल्मोड़ा, उत्तराखंड) ने रात करीब एक बजे वाहन गिरने की तेज आवाज सुनी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि काले रंग की जिमनी (एचपी-26ए-0011) सड़क से नीचे मनालसू नाले में गिरी हुई थी। हादसे में 32 वर्षीय रोहित कुमार, निवासी झीड़ी (जिला मंडी) और करूण बौद्ध, निवासी बजौरा (जिला कुल्लू) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वाहन में सवार विवेक, नरेश कुमार और उर्मिला घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
थाना प्रभारी मनाली मुनीश शर्मा ने बताया कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि घायलों का मनाली अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतकों के शव मनाली के शव गृह में रखे है। उन्होंने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी है। पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। डीएसपी केडी शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि वाहन कैसे अनियंत्रित होकर खाई में गिरा।
