Blog
-

गगरेटः कैंटर से कुत्ते को रौंदने वाले पर केस दर्ज
ऊना/सुशील पंडित:रोजाना न जाने कितने बेजुबान सड़क हादसों के शिकार हो जाते हैं लेकिन उनकी सुनवाई कहीं नहीं होती। मगर गगरेट पुलिस ने एक ऐसा मामला भी दर्ज किया है जिसमें पालतू कुत्ते की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार अंबोटा की रहने वाली सुदेश कुमारी पत्नी रूप लाल ने पुलिस को शिकायत दी है कि वीरवार दोपहर लगभग 2:30 बजे वह अपने पति के साथ खेतों से घर वापस आ रही थी और उनका पालतू कुत्ता उनके साथ उनके पीछे-पीछे चल रहा था।जब ये अंबोटा पहुंचे, तो आशा देवी बैरियर की ओर से एक कैंटर संख्या (पीबी07-ई-3122) तेजी से आया और लापरवाही से इनके पालतू कुत्ते को टक्कर मार दी। टक्कर से कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई। गगरेट पुलिस ने आरोपी कैंटर चालक के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 279 और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 187 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। -

हरोलीः अवैध शराब बरामद
ऊना/सुशील पंडित:हरोली के समनाल गांव में एक व्यक्ति से अवैध शराब की सात बोतल बरामद हुई हैं। पुलिस द्वारा जारी एक सूचना के अनुसार जिस समय हरोली पुलिस की एक टीम समनाल गुरुद्वारा के पास मौजूद थी तब शक के आधार पर एक व्यक्ति की तालाशी ली गई।उसके पास देसी शराब की सात अवैध बोतलें पाई गईं। इस मामले में पुलिस ने बालीवाल गांव के रहने वाले आरोपी रतन सिंह पुत्र बंता सिंह के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)ए के तहत मामला दर्ज कर लिया है। -

पीरनिगाहः प्रवासी महिला का शव मिला
ऊना/सुशील पंडित:पीर निगाह के निकट वीरवार को एक प्रवासी महिला का शव मिला है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को दी शिकायत में मदनपुर वासी गोपाल राणा पुत्र नरदेव सिंह राणा ने बताया कि पीरनिगाह मार्ग पर उनकी पुश्तैनी जमीन है। वीरवार को वह अपने पिता के साथ उस जमीन का दौरा करने गए थे।जब वे दोनों वापस लौट रहे थे तब उन्होंने पास ही जंगल में एक प्रवासी महिला की लाश देखी। गोपाल का आरोप है कि इस महिला की किसी ने हत्या कर दी है। सदर पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। -

धोखे से कार बेचने वाले पर केस दर्ज
ऊना/सुशील पंडित:ऊना के रक्कड़ कॉलोनी में पुराने वाहनों का व्यापार करने वाले व्यक्ति पर धोखे से एक कर्ज भरी कार बेचने का आरोप लगा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ऊना सदर थाने में दी शिकायत में सुरिंदर नाथ पुत्र तरसेम लाल, निवासी संतोषगढ़ ने दावा किया है कि पिछले साल रक्कड़ कॉलोनी के रहने वाले अमित गुप्ता पुत्र राम किशन से उसने स्विफ्ट डिजायर कार, संख्या (एचपी72सी-8935) खरीदी थी। सुरिंदर का कहना है कि उसने कार के लिए अमित गुप्ता को 4,25,000 रु का भुगतान भी कर दिया था।लेकिन बाद में पता चला कि कार के ऊपर पुराने मालिक का दो लाख रूपए कर्ज है। अमित गुप्ता ने गाड़ी के पुराने मालिक के फर्जी हस्ताक्षर करके जाली शपथ पत्र तैयार किया था। उसी शपथ पत्र के आधार पर गाड़ी उसे बेच दी। सुरिंदर का दावा है कि अभी भी गाड़ी पर दो लाख रूपए का कर्ज खड़ा है। सदर थाने में वीरवार को अमित गुप्ता के ऊपर भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू हो गई है। -
मुकेश अग्निहोत्री को बाबा बाल जी ने बंधाया ढांढ़स
डॉ सिम्मी अग्निहोत्री की आत्मा को भगवान शांति प्रदान करें: बाबा बाल जीऊना/सुशील पंडित :श्री राधा कृष्ण मंदिर कोटला कला के संस्थापक राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज ने शुक्रवार को आस्था निवास पहुंचकर पर हिमाचल के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री व उनकी पुत्री आस्था अग्निहोत्री के साथ गहरी संवेदनाएं व्यक्त की। राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज ने इस अवसर पर शोक संतप्त परिवार को कथा व संकीर्तन के माध्यम से प्रभु भक्ति से जोड़ने का प्रयास किया ताकि परिवार शोक से बाहर आ सके, साहस मिल सके। उन्होंने हरे कृष्णा हरे राम का जाप करवाया। वहीं मनुष्य जीवन का आना-जाना और संसार का नियम है कि जिसको आना है उसको जाना है पर कथा भी सुनाई और संकीर्तन से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज ने परिवार का साहस बढ़ाते हुए कहा कि अनेक बार मुकेश अग्निहोत्री के साथ प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री का आना आश्रम में हुआ, कार्यक्रमों में आना हुआ, सौम्या व सरल स्वभाव की सिम्मी अग्निहोत्री रही, उनके मन में सदैव समाज के लिए पीड़ा रही, धार्मिक प्रवृत्ति की रही, धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहा। समाज में गरीब का जरूरतमंद की मदद हो इसके लिए वह सदैव चिंतित रही है।बाबा बाल जी महाराज ने कहा कि ऐसी पुण्य आत्मा का जाना दुखद है ,यह समाज के लिए घटा है, परिवार के लिए तो खालीपन है ही लेकिन हरोली,जिला ऊना व समूचे हिमाचल के लिए ऐसी शिक्षिक व समाजिक कार्यकर्ता का जाना बहुत बड़ी कमी है। राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज ने कहा कि आज भी मुझे वह स्मृतियां याद आती है ,जब प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री भजन सुनती थी, कथा सुनती थी ,कार्यक्रम में मंच पर बैठती थी। उन्होंने कहा कि ऐसी मिलनसार शख्सियत जिसने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ते हुए हरोली को नई ऊंचाइयां दी ।हरोली के घर-घर में अपनी जगह बनाई। आज उनको श्रद्धांजलि देने के लिए उमड़ रहा सैलाब यह बता रहा है कि किस प्रकार से उन्होंने अपने स्थान लोगों के दिलों में बनाया है ।राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण, मां चिंतपूर्णी परिवार को साहस प्रदान करें, इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें ।उन्होंने मुकेश अग्निहोत्री व पुत्री आस्था अग्निहोत्री से कहा कि प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री अब यादों में हमारे साथ रहेगी, उनका मार्गदर्शन आशीर्वाद साथ रहेगा ।परिवार उनकी यादों को संजोकर उनके कार्यों को आगे बढ़ाए। उन्होंने कहा कि मैं सदैव परिवार के साथ हूं परिवार का मनोबल ऊंचा हो इसके लिए मैं सदैव प्रार्थना करूंगा । -
ओयलः पत्नी का गला काटने के बाद खुदकुशी की कोशिश
ऊना/सुशील पंडित:गगरेट के ओयल गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी का गला काटने के बाद अपनी भी लीला स्माप्त करने की कोशिश की। शुक्रवार को गांव के रहने वाले महावीर ने अपनी पत्नी नीरू राणा का ब्लेड से गला काट दिया। और अपने आप को घायल कर वह खड्ड की ओर भाग गया।नीरू राणा को किसी तरह गगरेट अस्पताल अस्पताल पहुंचाया गया, प्राथमिक उपचार के बाद उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर किया गया जहां उसका इलाज चल रहा है। उसने जब अपनी आपबीती सुनाई तो पुलिस ने महावीर को जंगल खड्ड में बेसुध हालत में पाया। पत्नी का गला काटने के बाद उसने अपना गला भी काटने का प्रयास किया था। जानकार बता रहे हैं कि पत्नी की हालत खतरे से बाहर है लेकिन खुद महावीर की हालत नाजुक बनी हुई है। फिलहाल उसका इलाज ऊना के क्षेत्रिय अस्पताल में चल रहा है।बताया जा रहा है कि दंपत्ति के दो बच्चे हैं। बेटा बाहरवीं और बेटी सातवीं में पढ़ती है। गांव वाले बताते हैं कि कुछ समय पूर्व महावीर ने 45 लाख रूपए में अपनी एक जमीन बेची थी। उसके बाद से ही उसके व्यवहार में अंतर आने लगा और उसे शराब की लत लग गई। हालांकि पत्नी और वह दोनों इस घटना में जीवित बच गए। पुलिस ने महावीर के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। -
महाविद्यालय ऊना में पांच दिवसीय प्रवेश टेस्टिंग कैंप का आयोजन
ऊना/सुशील पंडित:राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय ऊना में पांच दिवसीय प्रवेश टेस्टिंग कैंप का आयोजन महाविद्यालय की रोवर रेंजर इकाई द्वारा किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉक्टर मीता शर्मा ने शिरकत की एवं डॉ राजकुमार (राज्य सचिव) ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की।कार्यक्रम के शुभारंभ में स्काउटिंग की जानकारी रोवर्स स्काउट लीडर डॉ शाम सिंह द्वारा दी गई। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को इस तरह के कैंप को आयोजन करने के लिए प्रेरित किया। इस कैंप में 45 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। रेंजर लीडर डॉ रंजू बनोता ने पांच दिन के कार्यक्रम का ब्योरा बच्चों से सांझा किया। -

जिला के निजी स्कूलों की मान्यता व नवीनीकरण हेतू 5 मार्च तक करें ऑनलाईन अप्लाई – देवेंद्र चंदेल
ऊना]सुशील पंडित :उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा ऊना द्वारा जिला के सभी निजी स्कूलों के लिए शैक्षणिक सत्र 2024-25 की मान्यता एवं नवीनीकरण प्रक्रिया संबंधी शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा देवेंद्र चंदेल ने बताया कि शिक्षा का अधिकार 2009 के अंतर्गत पहली से आठवीं कक्षा वाले सभी निजी स्कूलों के लिए हिमाचल प्रदेश प्रारम्भिक शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त करना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि नए शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए प्राइवेट स्कूलों को मान्यता नवीनीकरण एवं नई मान्यता के लिए अनलाइन आवेदन करना होगा।उन्होंने निजी पाठशालाओं के प्रमुखों को निर्देश दिए े है कि वे अपनी पाठशाला की मान्यता/नवीनकरण मान्यता शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए ऑनलाइन पोर्टल के लिंक मउमतहपदहीपउंबींसण्ीचण्हवअण्पद पर 5 मार्च तक अप्लाई कर सकते हैं। इसके उपरांत किसी भी निजी स्कूल का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।उन्होंने बताया कि कार्यालय उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा ऊना द्वारा पहली कक्षा से आठवीं कक्षा तक की मान्यता ऑनलाइन प्रदान की जाएगी। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक ऊना देवेंद्र चंदेल ने बताया कि नई मान्यता शुल्क कक्षा पहली से आठवीं तक 10 हज़ार तथा कक्षा छठी से 8वीं तक 5 हज़ार और मान्यता नवीनीकरण शुल्क 500 रुपए रहेगा।मान्यता शुल्क सभी आवेदनकर्ताओं को ऑनलाइन माध्यम से ही जमा करवाना होगा। जिन निजी शिक्षण संस्थानों की मान्यता को पांच वर्ष पूर्ण हो गए हैं उन्हें नई मान्यता के लिए आवेदन करना होगा और अन्य निजी शिक्षण संस्थानों को मान्यता नवीनीकरण के लिए ऑनलाइन आवेदन करवाना अनिवार्य है। इस बारे अधिक जानकारी के लिए कार्यालय दूरभाष 01975- 223088/223586 पर भी संपर्क कर सकते हैं। -

7.55 ग्राम चिट्टे सहित दो युवक काबू
ऊना /सुशील पंडित:पुलिस थाना चिंतपूर्णी के मुलाजिमों ने 7.55 ग्राम चिट्टे सहित दो युवकों को गिरफ्तार किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस थाना चिंतपूर्णी के मुलाजिम शाम के समय किन्नू शिव मंदिर के पास यातायात चैकिंग कर रहे थे। चैकिंग के दौरान एक कार संख्या (एचपी 84-2231) को जांच के लिए रोका।कार में दो युवक सवार थे जोकि पुलिस को देखकर घबरा गए।शक के आधार पर जब पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें से 7.55 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया I दोनों युवकों को तुरंत प्रभाव से हिरासत में ले लिया गया।आरोपित युवकों की पहचान अभिलाष ठाकुर निवासी गाँव बल्ला राठियाँ, तहसील सुजानपुर, जिला हमीरपुर तथा सावन अग्निहोत्री निवासी बाबा स्वरूपगिर मोहल्ला, तहसील सुजानपुर जिला हमीरपुर के रूप में हुई है।आरोपित युवकों के विरुद्ध मादक द्रव्य अधिनियम के तहत थाना चिंतपूर्णी में मामला दर्ज कर आगामी जांच अमल में लाई जा रही है। -
राज्यपाल ने उप मुख्यमंत्री के घर पहुंच कर शोक व्यक्त किया
ऊना/सुशील पंडित:राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल आज ऊना जिला के गोंदपुर जयचंद स्थित उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के पैतृक निवास पहुंचे और उनकी धर्मपत्नी प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री का अकस्मात निधन न केवल परिवारजनों बल्कि इस क्षेत्र व पूरे प्रदेश के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि दिवंगत सिम्मी अग्निहोत्री सामाजिक कार्यों के प्रति अत्यंत संवेदनशील थीं तथा जरूरतमंदों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहती थीं।प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लिए जिला ऊना के हरोली से शुरू किये गये विशेष जागरूकता अभियान में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।राज्यपाल ने दिवंगत आत्मा की शांति व शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।इस अवसर पर मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, उपायुक्त जतिन लाल सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।