Blog

  • सतपाल सत्ती ने फतेवाल में किया 18 लाख से निर्मित रास्ते का लोकार्पण

    सतपाल सत्ती ने फतेवाल में किया 18 लाख से निर्मित रास्ते का लोकार्पण

    ऊना/सुशील पंडित: छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने गत देर सांय ऊना विस क्षेत्र के तहत फतेवाल में 18 लाख रुपए की लागत से बने रास्ते का लोकार्पण किया।

    इस अवसर पर सत्ती ने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व वाली वर्तमान सरकार का लक्ष्य प्रत्येक घर को पक्के रास्ते के साथ जोड़ना है और सरकार निरंतर इसी दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में ही 9.49 लाख रुपए से फतेवाल पुल से लिंक रोड बनाया गया है। साथ ही 14.50 लाख रुपए की लागत से बनगढ़ पंचायत को लबाणा बस्ती से जोड़ने तथा 11.94 लाख से माढू राम के घर तक लिंक रोड बनाने का कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि 6 लाख रुपए की लागत से राजकीय उच्च विद्यालय फतेवाल के साथ दीवार बनाने तथा 2.13 लाख रुपए से कुलदीप सिंह के घर तक पेवमेंट लगाने का कार्य पूर्ण किया गया है। 

    सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि नाबार्ड की मदद से 3.45 करोड़ व्यय कर बनगढ़ नंगड़ा घलौर चौक वाया मोरबढ़ रोड के सुधारीकरण का कार्य जारी है, जिसे बहुत जल्दी पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि फतेवाल में 71.48 लाख रुपए से बनगढ़-फतेवाल सड़क की टारिंग की गई है। जबकि 2.43 करोड़ की लागत से आईआरबी बनगढ़ के क्वार्टर बनाए गए हैं। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जखेड़ा में 42.71 लाख रुपए से दो नए क्लास रूम तैयार किए गए हैं, जिससे बच्चों को सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि 8.55 करोड़ से संतोषगढ़ आईटीआई, 1.77 करोड़ से बसदेहड़ा में खेल मैदान तथा 4.34 करोड़ रुपए से बसदेहड़ा में 30 बेड के अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। 

    इस अवसर पर पूर्व प्रधान बनगढ़ सतीश कुमार, उप प्रधान बनगढ़ सुनील कुमार, पूर्व प्रधान भटोली सतीश कुमार, पूर्व पंचायत समिति सदस्य नीरज कुमार, अरुण कुमार, राकेश, जगीरी लाल, बिशन दास, तेलू राम लंबरदार, रामरत्न, अमरनाथ, धर्म सिंह, जगन्नाथ तथा एसडीओ पीडब्ल्यूडी अरविंद चौधरी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। 

  • अनुराग ठाकुर आज अंब में, 75 वर्ष के समारोह में होंगे मुख्यतिथि

    अनुराग ठाकुर आज अंब में, 75 वर्ष के समारोह में होंगे मुख्यतिथि

    ऊना/सुशील पंडित: केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा सेवाएं तथा खेल मंत्री आज जिला ऊना के चिंतपूर्णी विस क्षेत्र के अंब में 22 अगस्त को आयोजित किए जा रहे प्रगतिशील हिमाचल-स्थापना के 75 वर्ष समारोह में मुख्यतिथि होंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अनुराग ठाकुर दोपहर 2 बजे अंब ग्राउंड पहुंचेंगे। यह जानकारी देते हुए चिंतपूर्णी के विधायक बलबीर सिंह ने कहा कि कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 
    बलबीर सिंह ने कहा कि अंब में विकासात्मक प्रदर्शनियां भी लगाई गई हैं, जिसके माध्यम से राज्य की स्थापना से लेकर अब तक हुए विकास की पूरी यात्रा प्रदर्शित की जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक संख्या में स्थानीय जनता इस कार्यक्रम में भाग लें।
  • बंगाणा में 23 को प्रगतिशील हिमाचल-स्थापना के 75 वर्ष पर समारोह, अनुराग होंगे मुख्यतिथि

    बंगाणा में 23 को प्रगतिशील हिमाचल-स्थापना के 75 वर्ष पर समारोह, अनुराग होंगे मुख्यतिथि

    ऊना/सुशील पंडित: प्रगतिशील हिमाचल-स्थापना के 75 वर्ष कार्यक्रम के तहत कुटलैहड़ विस क्षेत्र के कुटलैहड़ विस क्षेत्र के बंगाणा में 23 अगस्त 2022 को भव्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें केंद्रीय सूचना प्रसारण, खेल एवं युवा मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर मुख्यतिथि होंगे। कार्यक्रम में ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। यह जानकारी देते हुए एसडीएम बंगाणा योगराज धीमान ने बताया कि प्रशासन समारोह की सफलता के लिए तैयारियां कर रहा है। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां समयसीमा के भीतर पूरी की जाएंगी और एक बहुत भव्य समारोह बंगाणा में आयोजित किया जाएगा। 

    योगराज ने कहा कि समारोह 23 अगस्त को दोपहर एक बजे आरंभ होगा, जिसमें प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों से संबंधित प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। इन प्रदर्शनियों में हिमाचल प्रदेश के विकास यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा। 

  • पंजाबः सेंट्रल जेल में चली गोली, होमगार्ड जवान की हालत गंभीर

    पंजाबः सेंट्रल जेल में चली गोली, होमगार्ड जवान की हालत गंभीर

    फरीदकोट : फरीदकोट की सेंट्रल जेल में तैनात होमगार्ड के जवान को ड्यूटी के दौरान गोली लगने की खबर सामने आई है। घायल होमगार्ड की पहचान हरजिंदर सिंह के रूप में हुई है। उसे फरीदकोट के जी.जी.एस. मैडीकल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। 

    डॉक्टरों द्वारा उसकी हालत गंभीर बताई जा रही हैं और उनका इलाज चल रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कर्मचारी को उसकी ही सर्विस गन से गोली लगी है।

  • कांग्रेस को बड़ा झटका, इस नेता ने अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा….

    कांग्रेस को बड़ा झटका, इस नेता ने अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा….

    शिमला। पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की संचालन समिति के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है।  जी-23 नेताओं में शामिल रहे आनंद शर्मा अप्रैल 2022 में स्टीयरिंग कमेटी के अध्यक्ष नियुक्त किए गए थे। पैनल में उनका नाम आने के बाद कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं।

    आनंद शर्मा पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के करीबी रहे हैं। इस साल हिमाचल में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में आनंद शर्मा की हाईकमान से नजदीकियों से जोड़कर समीकरण में बदलाव देखा जा रहा था। अब आनंद शर्मा के इस्तीफे ने पार्टी नेताओं को चौंका दिया है। उनका इस्तीफा देने का क्या कारण रहा है, इस पर चर्चा का बाजार गर्म है।

  • पंजाब में दूध की स्पैशल चैकिंग शुरू

    पंजाब में दूध की स्पैशल चैकिंग शुरू

    लुधियाना। लंपी स्किन रोग से दूध के उत्पादन में आई कमी को लेकर सेहत विभाग का फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) भी सतर्क हो गया है। विभाग को अंदेशा है कि कहीं दूध की कमी को पूरा करने के लिए मिलावट का दौर न शुरू हो जाए। इसके मद्देनजर एफ.डी.ए. ने दूध की क्वालिटी की निगरानी बढ़ा दी है। पूरे पंजाब में अगले सात दिन दूध की विशेष चैकिंग का फैसला लिया गया है, जिसकी रोजाना रिपोर्ट स्टेट हैडक्वार्टर को भेजनी होगी। 

    शनिवार से पंजाब में यह विशेष चैकिंग शुरू हो गई। एफ.डी.ए. ने हर जिले के डैजिग्नेटेड अफसर (फूड सेफ्टी) को निर्देश जारी किए हैं कि 26 अगस्त तक रोज दूध के कम से कम पांच सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे जाएं। उन्हें यह भी कहा गया है कि सैंपलिंग के दौरान एक ही फूड बिजनैस ऑप्रेटर से बार-बार सैंपल नहीं भरे जाएं, बल्कि अलग-अलग वैंडर से सैंपल लिए जाएं ताकि मार्कीट में सप्लाई किए जा रहे दूध के क्वालिटी की असल तस्वीर सामने आ सके। ज्वाइंट कमिश्नर फूड सेμटी मनोज खोसला ने बताया कि दूध की क्वालिटी को यकीनी बनाने के लिए कमिश्नर फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन डा. अभिनव त्रिखा के निर्देश पर यह मुहिम चलाई जा रही है, जिसके तहत शनिवार से सैंपलिंग शुरू भी हो गई है। लंपी स्किन वायरस से डेयरी कारोबार बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। दुधारू पशुओं की मौत हो जाने के अलावा इस बीमारी से प्रभावित पशुओं की दूध उत्पादन क्षमता भी घटी है।

  • लुधियानाः बीजेपी नेता की हत्या, मामले की जांच जारी, देखें विडियो

    लुधियानाः बीजेपी नेता की हत्या, मामले की जांच जारी, देखें विडियो

    लुधियाना (टिंका)। शिवपुरी इलाके में उस समय माहौल हिंसक हो गया जब कुछ युवकों ने भारतीय जनता पार्टी के नेता भारत भूषण पर एक मंदिर के सामने नल से हमला कर उनकी हत्या कर दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूत्रों के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी के एक नेता की मौत के बाद हुए विवाद के बाद दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए।

    जांच अधिकारी ने इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए कहा कि उन्हें कल रात सूचना मिली थी कि भारत भूषण और उनके बेटे पर 5 से 10 युवकों ने हमला किया है, जिसमें भूषण को कई चोटों के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया और कहा कि परिवार के सदस्यों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

  • पंजाब: 2 दिन से लापता बच्चे का शव बरामद, परिवार के सदस्य ने ही दिया वारदात को अंजाम….

    पंजाब: 2 दिन से लापता बच्चे का शव बरामद, परिवार के सदस्य ने ही दिया वारदात को अंजाम….

    लुधियाना। पंजाब के लुधियाना में 2 दिन से लापता बच्चे का रविवार सुबह शव मिल गया। शव नहर में मिला। उसे उसके ताया ने ही नहर में डुबो कर मारा। परिवार में आपसी फूट के चलते वारदात अंजाम दी गई। पुलिस नहर से शव निकलवा रही है। आरोपी ताया के खिलाफ केस दर्ज किया है। बता दें कि 2 दिन पहले जालंधर बाइपास पर ताया स्वर्ण सिंह के साथ फ्रूट लेने गया 7 वर्षीय सहजप्रीत घर वापस नहीं आया था। पुलिस इस मामले को संदिग्ध मान कर चल रही थी, लेकिन पुलिस ने बच्चे के ताया को हिरासत में लिया था। पिछले 2 दिनों से पुलिस पूछताछ करने में जुटी थी।

    पूछताछ के दौरान ताया टूट गया और उसने गुनाह कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर शव नहर से बरामद किया गया। वहीं इससे पहले बच्चे के परिजनों ने पुलिस पर बेवजह तंग करने और मामले में कोई कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाए थे।

    जानकारी देते हुए बच्चे की मां ने कहा कि सहज अपने ताया के साथ फ्रूट लेने गया था। उन्होंने उसे एक जगह पर खड़े रहने को कहा और जब वह फ्रूट लेकर वापस आए, तब तक सहज लापता हो चुका था । सहज का परिवार गरीब है। उसके पिता टेंपू (छोटा हाथी) चलाते हैं।

    पूरा परिवार अब्दुल्लापुर का रहने वाला है। पुलिस कमिश्नर कौस्तुभ शर्मा ने बताया कि शव मिल चुका है। बच्चे के साथ ताया की कई जगह की फुटेज सामने आई। बच्चे का ताया उसे सतलुज दरिया तक लेकर गया। वहीं फिर किसी गुरूद्वारा साहिब के पास की भी फुटेज मिली।

    वहीं बच्चे को उसकी साइकिल बीच सड़क लावारिस हालत में छोड़ कर गाड़ी में बैठाना बड़ा सवाल था, क्योंकि बच्चे को उसकी साइकिल सबसे अधिक प्यारी होती है। घर आकर ताया किसी को बताता भी नहीं कि बच्चा लापता हो गया। इन सभी बातों से ताया पर शक गहराया था।

  • विधायक के घर के बाहर तेज धमाका 

    विधायक के घर के बाहर तेज धमाका 

    कोडरमा। सूबे की पूर्व शिक्षा मंत्री और कोडरमा विधायक डॉ नीरा यादव के आवास पर तेज धमाके के साथ विस्फोट की घटना से विधायक का पूरा परिवार दहशत में है. शनिवार के दिन भर के कार्यक्रम के बाद रात में जैसे ही विधायक नीरा यादव अपने कोडरमा स्थित आवास पहुंची उसके महज 10 मिनट के अंदर उनके आवास के ठीक बाहर विस्फोट हुआ, जिसकी चिंगारी विधायक आवास में भी पहुंची. धमाके की आवाज के बाद आवास के बाहर भागते हुए शख्स को सुरक्षा गार्ड और स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

    विधायक के आवास के बाहर धमाके की सूचना पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और नेता समेत स्थानीय लोग उनके आवास पहुंचे और उनका हालचाल जाना, जिस जगह पर धमाका हुआ, उस जगह से महज कुछ फीट की दूरी पर ही विधायक नीरा यादव अपने कुछ कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत कर रही थी।

    इधर, घटना की सूचना मिलने पर एसडीपीओ अशोक कुमार विधायक आवास पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी उनसे ली. वहीं घटना के तुरंत बाद कोडरमा एसपी के ट्विटर हैंडल से इस घटना में धमाके की वजह पटाखे के विस्फोट होने की बात बताई गई जबकि पकड़े गए शख्स को मानसिक रूप से विक्षिप्त भी बता गया. बहरहाल विधायक डॉ नीरा यादव ने इस मामले पर सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि विपक्ष का विधायक होने के नाते इस पूरे मामले को हल्के में लिया जा रहा है. जबकि जिस शख्स ने धमाके की इस घटना को अंजाम दिया है वह शख्स एक दिन पहले भी तलवार लहराते हुए विधायक आवास में घुसने की कोशिश की थी।

    विधायक नीरा यादव ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए इस पूरे मामले की जांच की मांग की है और एक बड़ी साजिश की ओर इशारा किया है. इधर विधायक से मामले की जानकारी लेने के बाद एसडीपीओ अशोक कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसका उसके आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है और जांच के बाद ही पूरा मामला स्पष्ट हो पाएगा।

  • देश में फिर सस्ता होगा पेट्रोल-डीजल!

    देश में फिर सस्ता होगा पेट्रोल-डीजल!

    नई दिल्ली। सरकारी तेल कंपनियों ने आज (21 अगस्त) के लिए पेट्रोल-डीजल के नए दाम जारी कर दिए हैं। आज 3 महीने बाद भी पेट्रोल-डीजल के कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जो कि राहत की बात है। आखिरी बार 21 मई को केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल के पर एक्साइड ड्यूटी कम की थी। इसके बाद देशभर में पेट्रोल 9.50 रुपये और डीजल 7 रुपये प्रति लीटर सस्ता हो गया।

    दुनियाभर में इन दिनों मंदी की आहट आ रही है. इससे अंतरराष्ट्रीय मार्केट में कच्चे तेल की कीमत कम हो रही है। अमेरिकी बाजार में कच्चा तेल 90 डॉलर प्रति बैरल के करीब आ कर बंद हुआ है। एक तरफ जहां कच्चा तेल सस्ता हो रहा है, वहीं भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर इसका कोई असर नहीं पड़ रहा। लेकिन माना जा रहा है कि कच्चे तेल की कीमतों के कम होने पर देश में पेट्रोल-डीजल सस्ता हो सकता है।

    क्या है आपके शहर का दाम?
    – दिल्ली पेट्रोल 96.72 रुपये और डीजल 89.62 रुपये प्रति लीटर
    – मुंबई पेट्रोल 111.35 रुपये और डीजल 97.28 रुपये प्रति लीटर
    – चेन्नई पेट्रोल 102.63 रुपये और डीजल 94.24 रुपये प्रति लीटर
    – कोलकाता पेट्रोल 106.03 रुपये और डीजल 92.76 रुपये प्रति लीटर
    – नोएडा में पेट्रोल 96.57 रुपये और डीजल 89.96 रुपये प्रति लीटर
    – लखनऊ में पेट्रोल 96.57 रुपये और डीजल 89.76 रुपये प्रति लीटर
    – जयपुर में पेट्रोल 108.48 रुपये और डीजल 93.72 रुपये प्रति लीटर
    – तिरुवनंतपुरम में पेट्रोल 107.71 रुपये और डीजल 96.52 रुपये प्रति लीटर
    – पोर्टब्‍लेयर में पेट्रोल 84.10 रुपये और डीजल 79.74 रुपये प्रति लीटर
    – पटना में पेट्रोल 107.24 रुपये और डीजल 94.04 रुपये प्रति लीटर
    – गुरुग्राम में 97.18 रुपये और डीजल 90.05 रुपये प्रति लीटर
    – बेंगलुरु में पेट्रोल 101.94 रुपये और डीजल 87.89 रुपये प्रति लीटर
    – भुवनेश्वर में पेट्रोल 103.19 रुपये और डीजल 94.76 रुपये प्रति लीटर
    – चंडीगढ़ में पेट्रोल 96.20 रुपये और डीजल 84.26 रुपये प्रति लीटर
    – हैदराबाद में पेट्रोल 109.66 रुपये और डीजल 97.82 रुपये प्रति लीटर