Blog

  • Jalandhar News: नहर में तैरती मिली 40 वर्षीय व्यक्ति की लाश

    Jalandhar News: नहर में तैरती मिली 40 वर्षीय व्यक्ति की लाश

    जालंधर, ENS: बिसत दोआब नहर में गांव लांदड़ा कॉलोनी के पास पुल के निकट एक अज्ञात तैरती हुई लाश मिली है। इस संबंध में विवरण देते हुए सुखविंदर पाल सोढी इंचार्ज पुलिस चौकी अप्परा ने बताया कि आज सुबह गांव वालों ने नहर में तैरती हुई एक युवक की लाश देखी और तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही वह अपनी टीम लेकर गांव लांदड़ा कॉलोनी के निकट पहुंचे और गांव वालों की मदद से लाश को बाहर निकाला गया।

    उन्होंने बताया कि लाश की पहचान के लिए सिविल अस्पताल फिल्लौर में रख दी गई है। उन्होंने बताया कि इस व्यक्ति की उम्र करीब 40 साल, सिर से मुंडा, दाढ़ी रखी हुई, रंग गेहुंआ है। इसने काले रंग की टी-शर्ट और हल्के नीले रंग का पजामा पहना हुआ है। एक हाथ पर अंग्रेजी का एम लिखा हुआ है।

  • शादी से लौट रही कार तालाब में गिरी, 5 दोस्तों की डूबने से मौत; 2 की बची जान

    शादी से लौट रही कार तालाब में गिरी, 5 दोस्तों की डूबने से मौत; 2 की बची जान

    अनुगुलः ढेंकानाल सदर थाना क्षेत्र के छतिया गांव के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। जानकारी के अनुसार शादी से लौट रही एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गहरे तालाब में जा गिरी, जिससे 5 लोगों की मौत हो गई।

    कार में सवार सात दोस्तों में से दो युवक किसी तरह दरवाजा तोड़कर बाहर निकले और तैरकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। पांच अन्य युवकों की डूबने से मौत हो गई। हादसा देर रात में होने के कारण काफी देर तक किसी को इसकी जानकारी नहीं हो सकी।

    मोटांगा थाना क्षेत्र के बंगुरासिंह गांव के सात दोस्त बारात में शामिल होने इंदिपुर गांव गए थे। शादी समारोह समाप्त होने के बाद सभी कार से घर लौट रहे थे। छतिया गांव के पास चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और कार सीधे सड़क किनारे स्थित तालाब में जा गिरी। कार के पानी में डूबते ही भीतर चीख-पुकार मच गई। बबलू और शिबू नामक दो युवकों ने हिम्मत दिखाते कार का दरवाजा तोड़ा और तैरकर बाहर निकल आए। उन्होंने ग्रामीणों को हादसे की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।

    ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार से पांच युवकों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान चालक चंद्रकांत स्वाईं, अबिनाश साहू, राकेश साहू, श्रीराम साहू और अभिजीत साहू के रूप में हुई है। सभी की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय अस्पताल भेज दिया है।

     

  • Operation Hardball: पंजाबी युवक हरमनवीर सिंह गिरफ्तार

    Operation Hardball: पंजाबी युवक हरमनवीर सिंह गिरफ्तार

    वॉशिंगटनः अमेरिकी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने कनाडा से चल रहे रविंदर ढांडा गैंग के लिए ड्रग तस्करी में कथित भूमिका के आरोप में पंजाबी युवक हरमनवीर सिंह को गिरफ्तार किया है। एफबीआई ने बताया कि कैलिफोर्निया हाईवे पेट्रोल के अधिकारियों ने मंगलवार को स्टॉकटन, कैलिफोर्निया में सिंह को गिरफ्तार किया। ये गिरफ्तारी ऑपरेशन हार्डबॉल के तहत की जो लॉरेंस बिश्नोई, जग्गू भगवानपुरिया और रविंदर ढांडा के गैंग को निशाना बनाने वाला एक समन्वित अंतरराष्ट्रीय ऑपरेशन है।

    जांच एजेंसी ने कहा कि सिंह एक अंतरराष्ट्रीय आपराधिक संगठन में कथित संलिप्तता के मामले में वांछित था। इस संगठन पर नियंत्रित दवाओं (प्रतिबंधित नशीले पदार्थों) के वितरण और भंडारण की साजिश रचने और उन्हें निर्यात करने की साजिश रचने का आरोप है। पुलिस के बयान में कहा कि रविंदर ढांडा का संगठित अपराध समूह वैंकूवर, कनाडा से काम करता है और उस पर अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में ड्रग तस्करी करने वाले संगठनों के लिए बड़ी मात्रा में कोकीन और मेथामफेटामाइन की तस्करी करने का आरोप है।

    23 जून को लॉस एंजिल्स, कैलिफोर्निया में सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया के लिए अमेरिकी जिला न्यायालय द्वारा सिंह के खिलाफ एक संघीय गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। इसमें उस पर नियंत्रित पदार्थों के वितरण और कब्जे की साजिश रचने, उन्हें निर्यात करने की साजिश रचने और वितरण के इरादे से उन्हें अपने पास रखने का आरोप लगाया गया था। इस महीने की शुरुआत में, अमेरिका, कनाडा और यूरोप की कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाया और भारत से जुड़े तीन अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध समूहों से जुड़े 24 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें से 11 लोगों को कैलिफोर्निया में गिरफ्तार किया गया था। इन समूहों पर कई तरह की आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। अमेरिकी न्याय विभाग ने ऑपरेशन हार्डबॉल के तहत कुल 37 लोगों पर आरोप तय किए है।

     

  • IDFC बैंक घोटाला मामला, Punjab के इस जिले सहित चंडीगढ़ में CBI की Raid, रिकाॅर्ड किया जब्त

    IDFC बैंक घोटाला मामला, Punjab के इस जिले सहित चंडीगढ़ में CBI की Raid, रिकाॅर्ड किया जब्त

    लुधियानाः चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड और नगर निगम चंडीगढ़ में हुए IDFC बैंक के116 करोड़ रुपये के घोटाले में सीबीआई ने आज चंड़ीगढ़ और लुधियाना में दबिश दी। इस दौरान सीबीआई टीम ने चंडीगढ़-लुधियाना में 5 जगहों पर छापेमारी की। सीबीआई के अनुसार, तलाशी के दौरान डिजिटल स्टोरेज डिवाइस, डिजिटल सिग्नेचर, संपत्ति संबंधी दस्तावेज, वित्तीय रिकॉर्ड, कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और जांच से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद कर जब्त किए गए हैं। जब्त रिकॉर्ड की फॉरेंसिक जांच की जा रही है। यह कार्रवाई मामले से जुड़े संदिग्ध लाभार्थियों, एक सरकारी अधिकारी और निजी संस्थाओं के परिसरों पर की गई।

    सीबीआई के प्रवक्ता ने बताया कि यह मामला आईडीएफसी फर्स्ट बैंक से चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड और नगर निगम के खातों में हुए धन के दुरुपयोग से जुड़ा है। सीबीआई ने यह जांच हरियाणा सरकार के अनुरोध पर राज्य विजिलेंस एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से अपने हाथ में ली थी। सीबीआई के अनुसार, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक की सेक्टर 32 स्थित शाखा में लगभग स्मार्ट सिटी के करीब 116 करोड़ एफडी के रूप में जमा थे, लेकिन आरोपियों ने मिलीभगत कर इस रकम को निकलवा कर शेल कम्पनियों में ट्रांसफर कर दिया।

    इन फर्जी कंपनियों के जरिए आरोपितों ने करोड़ों रुपये कमा लिए। ऐसा ही घोटाला पहले हरियाणा सरकार के भी कई विभागों के साथ किया गया था। एजेंसी ने बताया कि हरियाणा मामले में अब तक 17 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। चंडीगढ़ में स्मार्ट सिटी घोटाले में सात और में पांच क्रेस्ट मामले में पांच बैंककर्मियों, दो क्रेस्ट अधिकारियों, 4 निजी व्यक्तियों और दो कंपनियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किए जा चुके हैं।

  • Jalandhar News: बारिश से तापमान में आई गिरावट, मौसम विभाग ने दी चेतावनी, देखें वीडियो

    Jalandhar News: बारिश से तापमान में आई गिरावट, मौसम विभाग ने दी चेतावनी, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: शहर में वीरवार सुबह अचानक मौसम ने करवट ले ली। तेज हवाओं के साथ दिन में ही आसमान पर काले बादल छा गए और कुछ ही देर में झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली। बारिश के कारण शहर का मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि कुछ स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली।

    मौसम विभाग के अनुसार आज 5 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने वीरवार के लिए पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली में भारी बारिश की चेतावनी दी है। राज्य के बाकी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 27 जुलाई से मौसम के मिजाज फिर बदलेंगे और दो दिनों तक कई जगहों पर भारी से काफी भारी बारिश पड़ने की चेतावनी जारी की गई है।

    इससे आने वाले दिनों में पंजाब के तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। बुधवार को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। हालांकि, पंजाब के अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई, जो सामान्य से 1.7 डिग्री नीचे है। बठिंडा में सबसे अधिक 35.2 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

     

  • Jalandhar News: बिक्रमपुरा में घर के बाहर से एक्टिवा लेकर चोर फरार, देखें CCTV

    Jalandhar News: बिक्रमपुरा में घर के बाहर से एक्टिवा लेकर चोर फरार, देखें CCTV

    जालंधर, ENS: शहर के बिक्रमपुरा में एक्टिवा चोरी की घटना सामने आई है। जहां चोर घर के बाहर से एक्टिवा लेकर फरार हो गया। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस घटना को लेकर पीड़ित ने थाना 3 की पुलिस को शिकायत दे दी है। मामले की जानकारी देते हुए राजन पुत्र सुभाष चंद्र ने बताया कि बीते दिन उसने मकान नंबर एनडी 85 के बाहर सफेद रंग की एक्टिवा नंबर पीबी 08 बीवाई 3396 खड़ी की थी और वह किसी काम के सिलसिले से पैदल चला गया।

    जिसके बाद शाम 7 बजे वापिस आया तो देखा कि एक्टिवा घर के बाहर से गायब थी। इस दौरान उसने परिजनों सहित आसपास के लोगों से एक्टिवा को लेकर पूछताछ की। काफी देर तक एक्टिवा तलाशने के बाद उसने सीसीटीवी कैमरे चैक किए तो पता चला कि चोर एक्टिवा लेकर फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि मुंह पर रूमाल ढका व्यक्ति एक्टिवा लेकर पैदल ही फरार हो गया।

  • 90 की उम्र में सपा विधायक आलमबदी आजमी का निधन, 5 बार रहे विधायक

    90 की उम्र में सपा विधायक आलमबदी आजमी का निधन, 5 बार रहे विधायक

    आजमगढ़ः देश के सबसे उम्रदराज सपा विधायक आलमबदी आजमी का बुधवार देर रात निधन हो गया। उन्होंने यूपी के आजमगढ़ के आवास पर अंतिम सांस ली। आलमबदी आजमी 90 साल के थे। आज उन्हें दोपहर 3 बजे सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। बताया जा रहा है कि आलमबदी आजमी पिछले कई टाइम से बीमार थे।

    आलमबदी आजमी निजामाबाद सीट से पांच बार विधायक रहे। अपनी गांधीवादी छवि के लिए मशहूर आलमबदी आजमी को मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव के करीबी नेताओं में गिना जाता था।

    आपको बता दें आलमबदी की पहचान बेहद ईमानदार नेताओं में होती थी। वह 30 रुपए प्रति मीटर के कपड़े से बना कुर्ता-पायजामा और चप्पल पहनते थे। की-पैड वाला मोबाइल ही इस्तेमाल करते थे। उनके पास न कोई आलीशान बंगला था और न ही महंगी गाड़ियों का शौक था। वह काफिले के साथ नहीं चलते थे, बल्कि कार्यकर्ताओं या राहगीरों से लिफ्ट लेकर या बस से सफर करते थे। हर दिन अपने विधानसभा क्षेत्र में निकलकर लोगों की समस्याएं सुनते थे।

     

  • Jalandhar News: पॉश इलाके में महिला की बालियां छीनकर लुटेरे फरार, देखें वीडियो

    Jalandhar News: पॉश इलाके में महिला की बालियां छीनकर लुटेरे फरार, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: शहर के पॉश इलाके अर्बन एस्टेट में लूट की घटना सामने आई है, जहां बाइक सवार 2 बेखौफ लुटेरे 56 वर्षीय महिला के कान की बाली झपटकर फरार हो गए। वारदात में महिला के कान से खून बहने लगा और उन्हें दो टांके लगवाने पड़े। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें दोनों लुटेरों के चेहरे साफ नजर आ रहे हैं।

    मिली जानकारी के अनुसार गढ़ा निवासी सीता देवी सुबह घर के पास रहने वाले एक परिचित के घर जा रही थीं। वह घर से कुछ ही दूरी पर पहुंची थीं कि पीछे से बाइक सवार दो युवक आए। इससे पहले कि वह कुछ समझ पातीं, बाइक पर पीछे बैठे लुटेरे ने उनके कान की बाली जोर से खींच ली।

    अचानक हुए झटके से उन्हें चक्कर आ गया और दोनों आरोपी तेज रफ्तार बाइक पर फरार हो गए। बाली इतनी जोर से खींची गई कि सीता देवी के कान से खून बहने लगा। परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां कान पर दो टांके लगाए गए। थाना-7 की पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।

  • NEET पेपर लीक प्रदर्शन: देर रात फिर हिंसा भड़की, मेट्रो के 16 स्टेशन आज भी बंद

    NEET पेपर लीक प्रदर्शन: देर रात फिर हिंसा भड़की, मेट्रो के 16 स्टेशन आज भी बंद

    नई दिल्लीः नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन के बीच बुधवार देर रात फिर हिंसा भड़क गई। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प में दो एसीपी, दो इंस्पेक्टर समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। लगातार बिगड़ते हालात को देखते दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने सुरक्षा कारणों से वीरवार को भी 16 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला किया है।

    DMRC के अनुसार वीरवार सुबह 7:30 बजे से निम्नलिखित मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर केवल इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

    लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम के मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे।

    छात्रों के आंदोलन के बीच सरकार ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का अनशन समाप्त कराने के प्रयास तेज कर दिए हैं। सरकार ने उनसे अनशन खत्म कर मुख्यधारा में लौटने की अपील की है। वहीं सोनम वांगचुक ने अनशन समाप्त करने के लिए शर्त रखी है कि सरकार छात्रों पर बल प्रयोग रोकने और उनके खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने का आश्वासन दे। सरकार अब उनकी मांगों पर जवाब तैयार कर रही है।

  • Punjab News: ट्रक से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद, चालक काबू, देखें वीडियो

    Punjab News: ट्रक से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद, चालक काबू, देखें वीडियो

    ज़ीरकपुरः ज़ीरकपुर क्षेत्र में आबाकारी विभाग ने ट्रक से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। मिली जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ से पंजाब में अवैध रूप से लाई जा रही शराब की बड़ी खेप को आबकारी विभाग ने पकड़ा है। इस कार्रवाई से पंजाब सरकार को होने वाले लाखों रुपये के राजस्व नुकसान को टाल दिया गया। आबकारी विभाग की मुस्तैदी के चलते चंडीगढ़ से पंजाब लाई जा रही शराब की करीब 140 पेटियां बरामद की गई हैं।

    मामले की जानकारी देते हुए आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह ने बताया कि बरामद शराब को चंडीगढ़ से सस्ते दामों में खरीदकर पंजाब में अवैध रूप से सप्लाई किया जाना था। यदि यह खेप अपने गंतव्य तक पहुंच जाती, तो पंजाब सरकार को भारी राजस्व का नुकसान होता। बरामद शराब में रॉयल स्टैग और रॉयल चैलेंजर ब्रांड की व्हिस्की शामिल है। मौके से ट्रक चालक को भी हिरासत में ले लिया गया है। फिलहाल ज़ीरकपुर पुलिस और आबकारी विभाग मामले की जांच में जुटे हैं और आरोपी के खिलाफ बनती कानूनी कार्रवाई की जा रही है।