शादी से लौट रही कार तालाब में गिरी, 5 दोस्तों की डूबने से मौत; 2 की बची जान

Written by

in

अनुगुलः ढेंकानाल सदर थाना क्षेत्र के छतिया गांव के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। जानकारी के अनुसार शादी से लौट रही एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गहरे तालाब में जा गिरी, जिससे 5 लोगों की मौत हो गई।

कार में सवार सात दोस्तों में से दो युवक किसी तरह दरवाजा तोड़कर बाहर निकले और तैरकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। पांच अन्य युवकों की डूबने से मौत हो गई। हादसा देर रात में होने के कारण काफी देर तक किसी को इसकी जानकारी नहीं हो सकी।

मोटांगा थाना क्षेत्र के बंगुरासिंह गांव के सात दोस्त बारात में शामिल होने इंदिपुर गांव गए थे। शादी समारोह समाप्त होने के बाद सभी कार से घर लौट रहे थे। छतिया गांव के पास चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और कार सीधे सड़क किनारे स्थित तालाब में जा गिरी। कार के पानी में डूबते ही भीतर चीख-पुकार मच गई। बबलू और शिबू नामक दो युवकों ने हिम्मत दिखाते कार का दरवाजा तोड़ा और तैरकर बाहर निकल आए। उन्होंने ग्रामीणों को हादसे की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।

ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार से पांच युवकों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान चालक चंद्रकांत स्वाईं, अबिनाश साहू, राकेश साहू, श्रीराम साहू और अभिजीत साहू के रूप में हुई है। सभी की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय अस्पताल भेज दिया है।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *