फिरोजपुरः पंजाब में नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत पुलिस ने भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 5507 ग्राम हेरोइन बरामद की है। आरोपी की पहचान मनजीत सिंह पुत्र मुंशा सिंह निवासी छीने वाले झुग्गे गांव चांदी वाला के रूप में हुई है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि सरहदी गांव पट्टी राजे से चांदी वाला गांव की ओर जाती सड़क पर आरोपी हेरोइन की सप्लाई के लिए किसी ग्राहक का इंतजार कर रहा था।
इस दौरान उनकी टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दबिश दी और मौके पर आरोपी के कब्जे से 5507 ग्राम हेरोइन बरामद की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पाकिस्तान आधारित तस्करों के साथ आरोपी के संबंध का खुलासा हुआ है। आरोपी को कोर्ट में पेश करके पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, जिसके बाद आरोपी से हेरोइन की सप्लाई को लेकर बड़े खुलासे होने की संभावना है।
नई दिल्ली: व्हाट्सएप्प और मेटा की प्राइवेसी पॉलिसी मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। कोर्ट ने यह साफ कर दिया है कि शेयरिंग की ये प्रक्रिया भारतीय यूजर्स के निजता के अधिकार के खिलाफ है हालांकि सीसीआई के वकील ने एनसीएलएटी के कुछ निष्कर्षों पर आपत्ति भी जताई है। सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत ने व्हाट्सएप्प को निर्देश देते हुए कह दिया है कि – हम आपको मेटा के साथ एक भी जानकारी साझा करने की अनुमति नहीं देंगे हम आपको इस देश की नीतियों की गोपनीयता के साथ खेलने की इजाजत भी कई नहीं देंगे।
इस पूरे मामले में कोर्ट के सामने तीन मुख्य अपीलें थी जो कि मेटा, व्हाट्सएप्प और भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग की ओर से दायर की गई थी। सीनियर एडवोकेट मुकुल रोहतगी ने इन अपीलों का पक्ष रखा। सुनवाई के दौरान मेटा के वकील ने दलील दी कि कोर्ट के आदेश के अनुसार, 213 करोड़ रुपये के जुर्माने का भुगतान पहले ही किया जा चुका है।
Read In English : https://encounternews.in/india/supreme-court-raps-meta-whatsapp-over-data-sharing-warns-against-privacy-violations/
मेटा की नई प्राइवेसी पॉलिसी पर उठे सवाल
सुप्रीम कोर्ट ने व्हाट्सएप्प और मेटा की नई प्राइवेसी पॉलिसी पर सुनवाई करते हुए बेहद कड़े सवाल उठा दिए हैं। कंपनी का डेटा शेयर करने से उन्होंने साफ तौर पर मना कर दिया है। सीजीआई ने व्हाट्सएप्प की नीति पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि आपने इसको इतनी चालाकी से तैयार किया है कि इसको समझना ही मुश्किल है। उन्होंने पूछा है कि क्या देश का आम आदमी जैसे कि घर में काम करने वाला नौकर, निर्माण मजदूर या छोटे विक्रेता इस मुश्किल नीति को समझ पाएंगे। कोर्ट ने यह साफ कहा है कि उपभोक्ताओं को इस ऐप की लत लगा दी है और अब उनकी मजबूरी का फायदा उठाया जा रहा है।
यूजर्स का डेटा गलत तरीके से हो रहा इस्तेमाल
सीजेआई ने कहा है कि लोगों के डेटा का इस्तेमाल व्यावसायिक लाभ के लिए किया जा रहा है और अब तक लाखों यूजर्स के डेटा का गलत इस्तेमाल हो चुका है। इस दौरान मेटा के वकील अखिल सिबल ने दलील भी दी कि व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए सीमित डेटा शेयरिंग की अनुमति है। इस पर सीजेआई ने कहा कि – यदि आपको डेटा का कोई हिस्सा बेचने लायक होगा तो आप उसको बेच देंगे सिर्फ इसलिए कि भारतीय उपभोक्ता मूक है और उनके पास आवाज नहीं है आप उन्हें शिकार नहीं बना सकते।
सुनवाई के दौरान सॉलिस्टिर जनरल ने कहा कि व्हाट्सएप्प यूजर्स को सिर्फ दो ही ऑप्शन दे रहा है या तो पॉलिसी स्वीकार करो या ऐप का इस्तेमाल बंद कर दो। इस पर अदालत ने कहा कि बिहार के दूरदराज इलाकों या तमिलनाडु के गांवों में रहने वाले लोग जिन्हें अंग्रेजी नहीं आती वो इस नीति के खतरनाक परिणामों को कभी भी नहीं समझ पाएंगे।
सीजेआई ने यह साफ शब्दों में कहा है कि जब तक आप हमें यह विश्वास नहीं दिलवाएंगे कि आपको ऐसा करने का कोई दैवीय अधिकार हासिल है तब तक हम आपको डेटा शेयर करने की अनुमति नहीं देंगे।
3 जजों की बेंच के सामने होगी सुनवाई
व्हाट्सएप्प के वकील ने अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि उनकी नीतिया दूसरे अंतरराष्ट्रीय क्षेत्रधिकारों के स्टैंडर्ड्स के अनुसार है लेकिन इन दलीलों को सुनने के बाद सीजेआई ने बताया कि एनसीएलटी के सामने जनवरी 2025 के आदेश की स्थिति अभी भी जरुरी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने अब सभी पक्षों को नोटिस जारी कर दिया है। अब इन अपीलों पर विस्तार से सुनवाई सुप्रीम कोर्ट की 3 जजों की बेंच के सामने होगी।
तरनतारन: जिले के गांव फतेहाबाद में गोलियां चलने की घटना सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार मेन बाजार में गोलियां चलने से दुकानदारों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि बाइक सवारों द्वारा भापा जी की हट्टी (कपड़ों की दुकान) पर गोलियां चलाई गई।
घटना को अंजाम देकर हमलावार मौके से फरार हो गए। वहीं गोलियों की आवाज सुनते ही भीड़ भरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई और दुकानदारों ने तुरंत दुकानें बंद कर दी। जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची मामले की जांच में जुट गई।
पुलिस द्वारा घटना स्थल से सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी जान-माल के नुकसान की कोई पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया है कि आरोपियों की पहचान करके उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। गोलियां चलने की वजह अभी तक सामने नहीं आई है।
अंबिकापुरः सड़क क्रॉस कर रहे बाइक सवार कारोबारी को ट्रक द्वारा कुचलने का मामला सामने आया है। हादसे में कारोबारी की मौके पर मौत हो गई। वे बाइक में कुछ सामान लोड कर घर से निकले थे और घर से बमुश्किल 30 मीटर दूर पर यह हादसा हो गया। इस दौरान घटना CCTV में कैद हो गई। वीडियो में देखा जा सकता है कि टक्कर से व्यवसायी नीचे गिर गया और ट्रक उसे कुचलते हुए आगे बढ़ गया।
सड़क पर मृत अवस्था में पड़े कारोबारी।
जानकारी के मुताबिक, रिंगरोड नमनाकला निवासी व्यवसायी प्रह्लाद सोनी (50) बीती शाम बाइक पर सवार होकर कुछ सामान लोड लेकर घर से निकला था। वे अपने घर से आगे रिंगरोड क्रॉस कर बस स्टैंड की ओर जा रहे थे। सड़क पार करते समय जैसे ही उन्होंने डिवाइडर क्रॉस किया, गांधी चौक से बस स्टैंड जा रहे एक ट्रक से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर के बाद वे बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान उनका सिर ट्रक के पहियों के नीचे आ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ देर के लिए सड़क पर गाड़ियों की आवाजाही भी रुक गई, जिससे लंबी लाइन लग गई। सूचना मिलने पर गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा और भीड़ हटाकर सड़क पर फिर से गाड़ियों की आवाजाही के लिए शुरू करवाई। घटनास्थल से कुछ दूर पर एक दुकान में लगे CCTV कैमरे में पूरा हादसा कैद हो गया। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
संगरूरः पंजाब में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार जारी है। वहीं शहर के सुंदर नगर बस्ती में घर के बाहर गली में खेल रहे 3 वर्षीय मासूम बच्चे पर आवारा कुत्तों ने हमला करके घायल कर दिया। घायल बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां बच्चे का इलाज सरकारी अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार दिनभर में 10 से 20 कुत्तों के काटने के मामले सामने आ रहे हैं। जिले में लगातार आवारा कुत्तों के काटने के मामले दिख रहे हैं। अब ये 3 साल का मासूम बच्चा भी हमले का शिकार हो गया है, जिसका इलाज जारी है। बच्चे के सिर, कान, बाजू और शरीर के अन्य हिस्सों पर कुत्ते के काटने के गंभीर घाव हैं।
बच्चे के परिवार के सदस्यों के अनुसार, बच्चा अपने नानके घर अपनी नानी के पास रहता था और सुबह लगभग 11 बजे जब वह गली में खेल रहा था, तभी वहां के आवारा कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। पास ही बने खाई के ऊपर बैठे लोगों की नजर बच्चे पर पड़ गई, तो उन्होंने बच्चे की जान बचाई। यदि वहां लोग मौजूद न होते, तो परिवार के अनुसार बच्चे का बड़ा नुकसान हो सकता था। उन्होंने अपील की कि प्रशासन इन गलियों में घूम रहे आवारा कुत्तों को हटा दे, क्योंकि वह कभी भी दोबारा बच्चों, नौजवानों, बुजुर्गों पर भी हमला कर सकते हैं। दूसरी ओर सरकारी अस्पताल के डॉक्टर ने जानकारी देते हुए कहा कि 3 साल के मासूम बच्चा कुत्ते के काटने के कारण आज अस्पताल में भर्ती हुआ है, जिसका इलाज चल रहा है।
उसके शरीर पर कुत्ते के काटने के बहुत निशान हैं। डॉक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि आवारा कुत्तों के काटने या हमले के रोजाना 10 से 20 मामले सामने आ रहे हैं। पिछले दिनों एक मामला चर्चा में आया था जब एक बुजुर्ग महिला रात को अपने घर जा रही थी, उस पर कुत्तों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिसकी सीसीटीवी भी सामने आई थी। इन आवारा कुत्तों का शिकार अधिकतर वे लोग होते हैं जो पैदल चलते हैं। लगभग 35 प्रतिशत छोटे बच्चे जो खेलने के समय आवारा कुत्तों का शिकार हो रहे हैं। आवारा कुत्तों को लेकर यद्यपि सुप्रीम कोर्ट से पहले एक कड़ा फैसला लिया गया था, जिसका विरोध होने के बाद फिर कहा गया कि आवारा कुत्तों को मेन हाइवे सड़कों से हटा दिया जाए।
होशियारपुरः आवारा कुत्तों के आतंक से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं ताजा माला टांडा उड़मुड़ स्थित गांव कौलपुर से सामने आया है। जहां आवारा कुत्तों के एक झुंड ने 10 वर्षीय मासूम बच्ची पर हमला करके गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल बच्ची की पहचान प्रभजोत कौर के रूप में हुई है। प्रभजोत को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां बच्ची की टांग में कुत्तों के गहरे घाव पाए गए। मिली जानकारी के अनुसार, प्रभजोत कौर घर के पास स्थित एक दुकान से सामान खरीदने के लिए निकली थी।
इस दौरान जैसे ही वह गली के मोड़ पर पहुंची, अचानक वहां मौजूद आवारा कुत्तों के झुंड ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और उस पर हमला कर दिया। दूसरी ओर बच्ची की मां हर्षविंदर कौर ने रोते हुए बताया कि कुत्तों ने उनकी बेटी प्रभजोत को बुरी तरह से काट लिया है। कुत्तों के दांतों के गहरे निशान बच्ची के कूल्हे, घुटने और टांग पर आए हैं। लहूलुहान हालत में बच्ची को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे कई टांके लगाए। फिलहाल बच्ची का इलाज चल रहा है, लेकिन वह इस हादसे के बाद से गहरे सदमे में है।
लोगों के अनुसार इस घटना के दौरान बच्ची कुछ समझ पाती या वहां से भाग पाती, कुत्तों ने उस पर हमला कर उसे जमीन पर गिरा दिया। वहीं गली में रहने वाली महिला ने साहस दिखाया और तुरंत लाठी लेकर बच्ची की ओर दौड़ी। महिला ने शोर मचाकर और कुत्तों को डराकर बच्ची को उनके चंगुल से छुड़ाया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर समय रहते महिला वहां न पहुंचती, तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी क्योंकि कुत्तों का झुंड बेहद आक्रामक था। इस घटना के बाद कौलपुर गांव के निवासियों में गहरा डर और प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। हर्षविंदर कौर और अन्य ग्रामीणों ने पंजाब सरकार और स्थानीय प्रशासन से गुहार लगाई है कि आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर लगाम लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
फतेहाबादः जिला पुलिस की सीआईए टीम की बोलेरो गाड़ी की हिसार के गांव ढंढूर के पास कैंटर से टक्कर का मामला सामने आया है। इससे गाड़ी में सवार हेड कांस्टेबल की मौत हो गई, जबकि ड्राइवर घायल हो गया। घायल को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में दाखिल करवाया गया है। हादसे का कारण घनी धुंध बताया जा रहा है। सूचना पाकर फतेहाबाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को हिसार के सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। सदर थाना हिसार पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं पूरे घटनाक्रम को जोमेटो कर्मचारी ने देखा। उसने कैंटर ड्राइवर का पीछा भी किया, लेकिन वह फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, सीआईए टीम में तैनात ईएचसी शमशेर मुखबिरी मिलने के बाद जांच के सिलसिले में ड्राइवर जसवीर सिंह के साथ हिसार की तरफ गए थे। वह सुबह करीब 3 बजे हिसार से वापस फतेहाबाद लौट रहे थे। इसी दौरान गांव ढंढूर के पास कैंटर से टक्कर हो गई। टक्कर लगने से गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, गाड़ी में अगली सीट पर बैठे शमशेर सिंह की मौत हो गई, जबकि ड्राइवर जसवीर सिंह घायल हो गया। सूचना मिलते ही सीआईए इंचार्ज वेदपाल व अन्य सहकर्मी घटनास्थल की ओर रवाना हुए।
शमशेर सिंह (40) मूल रूप से हांसी के सुभाष नगर के रहने वाले थे। वह काफी समय से फतेहाबाद पुलिस में कार्यरत थे। इन दिनों उनकी ड्यूटी सीआईए स्टाफ में लगी हुई थी। हिसार पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
देहरादूनः उत्तराखंड के देहरादून में भीषण बस हादसे की खबर सामने आ रही है। यात्रियों से भरी बस के खाई में गिरने से 3 यात्रियों की मौत की खबर है। हादसे में 30 से ज्यादा यात्री घायल बताए जा रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार नेरवा से पांवटा साहिब जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस उत्तराखंड के कवाणु क्षेत्र में खाई में गिर गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस दुर्घटना में 3 यात्रियों की मौके पर मौत हो गई। वहीं घटना में दर्जनों यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई और पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, आज सुबह हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस जिला शिमला के उपमंडल कुपवी और चौपाल की सीमा के मिन्स पुल से लगभग 20 किलोमीटर दूर उत्तराखंड के जिला देहरादून की चकराता तहसील स्थित क्वाणू (शोदोई खड़) क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे की वजह सड़क का डंगा धंसना हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी होना बाकी है। दुर्घटना के दौरान बस सड़क से करीब 100 मीटर नीचे नाले में जा गिरी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस में कुल 38 लोग सवार थे, जिनमें से 3 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शेष यात्री घायल हुए हैं। घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से विकासनगर अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। मौके पर उत्तराखंड प्रशासन की ओर से राजस्व विभाग के कर्मचारी मौजूद हैं, वहीं पुलिस, हिमाचल पुलिस के जवान और नेरवा थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। दुर्घटनाग्रस्त एचआरटीसी बस का नंबर HP63A2588 बताया जा रहा है, जो आज सुबह रोजाना की तरह चौपाल से विकासनगर होते हुए पांवटा साहिब जा रही थी।
लेकिन हिमाचल सीमा के मिन्स पुल से करीब 20 किलोमीटर आगे क्वाणू (उत्तराखंड) के पास हादसे का शिकार हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक, मीनस-क्वानू-हरिपुर रोड पर सुदोई खड्ड के पास ट्रक को साइड देने के चक्कर में यह हादसा हुआ है। बस के सड़क के किनारे की तरफ जाने से यह डिसबैलेंस हो गई। दरअसल, बस के कारण सड़क का पुश्ता धंस गया। इस कारण सवारियों से भरी एचआरटीसी की यह बस खाई में गिर गई। कई पलटे खाने के बाद सीधे गहरी खाई में जा गिरी। बस में चालक दिनेश शर्मा और परिचालक जगदीश सहित कुल 38 लोग सवार बताए जा रहे हैं, और प्रारंभिक सूचना के अनुसार चालक की मौत हो चुकी है।
बरनालाः जिले में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी का कहर देखने को मिला। जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो घर की दीवार तोड़कर एक घर में घुस गई। इसकी वीडियो भी सामने आई है। जिसमें देखा जा सकता है कि स्कॉर्पियो आधे से ज्यादा दीवार तोड़कर घर में घुस गई। यह घटना गांव अलकड़ा में हुई है। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो बेकाबू होकर सड़क से उतर गई और दीवार को तोड़ती हुई घर में घुस गई।
इस घटना को लेकर जमकर हंगामा हुआ। हालांकि काफी देर तक चले हंगामे के बाद दोनों पक्षों में राजीनामा हो गया। जिसके बाद परिवार ने घटना को लेकर बयान देने से मना कर दिया। वहीं घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। गनीमत यह रही कि घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
अमृतसरः एयरपोर्ट रोड पर लेबर चौक के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे का मामला सामने आया है, जहां तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी जिसमें एक डिलीवरी बॉय की मौत हो गई। मरने वाले की पहचान कुलबीर सिंह के तौर पर हुई है, जो हर्षा छीना गांव का रहने वाला था और अमृतसर में डिलीवरी बॉय का काम करता था। हादसा इतना भयानक था कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कार के भी एयरबैग खुल गए।
जानकारी देते मृतक कुलबीर सिंह के भाई बलबीर सिंह ने बताया कि सुबह उसका भाई जेपटो पर डिलवरी का काम करने जा रहा था। इस दौरान वह भी अपनी बाइक पर उसके पीछे ही था। जब वह एयरपोर्ट रोड पर लेबर चौक के पास पहुंचे तो तेज रफ्तार कार ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए सीधे उसके भाई की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि कुलबीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने तुरंत भाई को नजदीक के अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बलबीर सिंह ने बताया कि हादसे का मंजर इतना भयानक था कि उसके रोंगटे खड़े हो गए। कार उनके भाई की बाइक को कई मीटर तक घसीटती हुई साथ ले गई जिससे बाइक के परखच्चे उड़ गए और एक टायर भी बाइक से अलग हो गया। वहीं कार के भी एयरबैग खुल गए। बाद में जब वह अपने भाई को संभाल रहे थे तो मौका पाकर आरोपी फरार हो गए।उन्होंने प्रशासन से इंसाफ और आरोपी कार ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
परिवार का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही की वजह से उनके परिवार का इकलौता कमाने वाला छीन लिया गया। फिलहाल, पुलिस ने एक्सीडेंट में शामिल कार को अपने कब्जे में ले लिया है, जबकि कार ड्राइवर मौके से भाग गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और फरार ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।