Home Mohali Punjab News:  बुजुर्ग दंपती को ट्रक ने कुचला, पति ने मोके पर ही तोड़ा दम, पत्नी की हालत गंभीर

Punjab News:  बुजुर्ग दंपती को ट्रक ने कुचला, पति ने मोके पर ही तोड़ा दम, पत्नी की हालत गंभीर

0
Punjab News:  बुजुर्ग दंपती को ट्रक ने कुचला, पति ने मोके पर ही तोड़ा दम, पत्नी की हालत गंभीर

मोहाली: शहर के जुझार नगर में सोमवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पैक) से रिटायर सुपरिंटेंडेंट 75 वर्षीय दौलत राम सैनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी कृष्णा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि दंपती बाइक पर सवार होकर सेक्टर-39 वेस्ट से अपने घर लौट रहे थे।

बारिश के कारण फिसली बाइक
जानकारी के अनुसार, जब दोनों अपने घर से कुछ ही मिनटों की दूरी पर थे,  तभी जुझार नगर के पास एक ट्रक को ओवरटेक करते समय उनकी बाइक अचानक फिसल गई। हाल ही में हुई बारिश की वजह से सड़क पर कीचड़ जमा था, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर पड़े।

ट्रक के पहिए की चपेट में आए दंपति
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक गिरते ही दौलत राम सैनी ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आ गए। ट्रक का टायर उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक के पीछे बैठी उनकी पत्नी कृष्णा देवी की टांग भी ट्रक की चपेट में आ गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

राहगीरों ने तुरंत पहुंचाई मदद
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों की मदद की और एंबुलेंस व पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दोनों को फेज-6 सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने दौलत राम सैनी को मृत घोषित कर दिया।

घायल महिला को पीजीआई किया गया रेफर
डॉक्टरों ने कृष्णा देवी का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उनकी हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आगे के इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है और डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

पुलिस ने ट्रक चालक को लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही थाना बलौंगी की पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसएचओ पैरी विंकल ग्रेवाल के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए फेज-6 सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि घायल कृष्णा देवी के बयान दर्ज होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here