Home Mohali Punjab News: 20 लाख की लूट को अंजाम देकर फर्जी RTO व Police कर्मी फरार, मामला दर्ज

Punjab News: 20 लाख की लूट को अंजाम देकर फर्जी RTO व Police कर्मी फरार, मामला दर्ज

0
Punjab News: 20 लाख की लूट को अंजाम देकर फर्जी RTO व Police कर्मी फरार, मामला दर्ज

मोहालीः लांडरा चौक के पास फर्जी आरटीओ व पुलिस बनकर आए 3 अज्ञात बदमाशों ने 20 लाख की लूट को अंजाम दिया। दरअसल, आरोपी ट्राला चालक को बंधक बनाकर करीब 35 टन सरिया सहित ट्राला लूटकर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार लूटे गए सरिया की कीमत साढ़े 20 लाख रुपये थी। लुटेरों ने ट्राला चालक व उसके क्लीनर को बीच रास्ते सुनसान जगह पर उतार दिया और दोनों के मोबाइल भी छीनकर ले गए। घटना 12 फरवरी तडक़े करीब 3 बजे की है। ट्राला चालक ने टायर मिस्त्री के फोन से मदद मांगी, जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ थाना सोहाना में शिकायत की गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

40 वर्षीय अशोक यादव निवासी रॉयल सिटी, मंडी गोबिंदगढ़ मूल निवासी जिला सिरहा, नेपाल का रहने वाला है, जो ट्राला टाटा 4018 चलाता है। पीड़ित ने कहा कि ट्राला उसके मामा सुंदर यादव के नाम पर है। 11 फरवरी की रात करीब 10 बजे वह क्लीनर अनिल कुमार के साथ मंडी गोबिंदगढ़ स्थित सुरिंदरा इंडस्ट्रियल कॉरपोरेशन से करीब 35 टन सरिया लोड कर खरड़ स्थित ईस्ट वैन्यू इंफ्रा कॉन प्राइवेट लिमिटेड के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में लांडरा चौक से आधा किलोमीटर पहले उन्हें पता चला कि ट्राला के टायर गर्म हो गए हैं। टायर फट ना जाए जिसके लिए उन्होंने टायर ठंडे करने के लिए ट्राला साइड में खड़ा कर लिया।

इसी दौरान पुलिस लाइट लगी सफेद कार में सवार तीन युवक वहां पहुंचे। एक युवक ने खुद को आरटीओ अधिकारी बताते हुए कागजात मांगे। दस्तावेज दिखाने के बाद आरोपियों ने चालक व कंडक्टर को कार में बैठने को कहा। वह ट्राला के कागजात चैक करने लगे। खुद को आरटीओ बताने वाले ने कहा कि उनका ट्राला ओवरलोड है जिसे थाने ले जाना पड़ेगा। उन्होंने अशोक यादव व क्लीनर अनिल कुमार को खुद की गाड़ी में बिठा लिया। एक व्यक्ति उनका ट्राला चलाने लगा और सभी थाने के लिए निकल पड़े।

रास्ते में लुटेरों ने दोनों को गाड़ी से उतार दिया और उनके फोन भी छीन लिए। वह सभी सरिये से भरा ट्राला लेकर फरार हो गए। बाद में उन्होंने एक टायर मिस्त्री के फोन से अपने मामा जगदेव यादव को सूचना दी। मंडी गोबिंदगढ़ से आए उसके मामा उनकी बताई जगह पर पहुंचे और उन्हें थाना सोहाना लेकर गए। जहां बयान दर्ज करने उपरांत पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4), 3(5) के तहत तीन अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस वारदात के आसपास के एरिया में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here