हादसा इतना भीषण था कि घायल पिकअप से उछलकर सड़क पर जा गिरे। काफी देर तक जमीन पर पड़े तड़पते रहे। मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को फोन किया, साथ ही खुद भी घायलों को संभाला। फतेहपुर जिले के जाफरगंज थाना क्षेत्र के कुरोली गांव निवासी राजन के 2 साल के बेटे शुभम का मुंडन संस्कार था। इसके लिए परिवार ने किराए पर पिकअप बुक की। करीब 37 लोग पिकअप से प्रयागराज के संगम पहुंचे। मुंडन के बाद सभी घर लौट रहे थे। रास्ते में डोरमा पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे एक ट्राला खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पीछे से ट्राला में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। बताया जा रहा है कि पिकअप ड्राइवर को झपकी लगने से हादसा हुआ। पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। 2 लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्रयागराज रेफर किया गया है। 27 घायलों का इलाज जिला अस्पताल और CHC में चल रहा है। हादसा नेशनल हाईवे पर डोरमा के पास हुआ। वहीं घटना को लेकर सीएम योगी ने मृतकों के घरवालों को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। साथ ही घायलों को 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे। डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने भी हादसे पर दुख जताया है। सीएमओ संजय कुमार ने बताया कि सैनी थाना के पास अजुवा मोड़ पर हादसा हुआ। जैसे ही हमें इसकी सूचना मिली, मैंने तुरंत 108 एम्बुलेंस के मैनेजर को फोन किया। इसके बाद 7-8 गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। हमारे सिराथू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में कुल 37 मरीज लाए गए।View this post on Instagram