Home National 12 हजार रुपए को लेकर हुआ विवाद, युवक के पेट में मारा पेचकस

12 हजार रुपए को लेकर हुआ विवाद, युवक के पेट में मारा पेचकस

0
12 हजार रुपए को लेकर हुआ विवाद, युवक के पेट में मारा पेचकस

अजमेरः बाइक के रुपए के लेनदेन को लेकर एक युवक के पेट और पीठ में पेचकस मारने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया।

जानकारी देते घायल युवक रोचक गोयल ने बताया कि उसने प्रभात टाकीज के पास स्थित एक दुकान संचालक को बाइक दी थी, जिसके उसे 12 हजार रुपए लेने थे। दुकान संचालक मोहित रुपए देने में टालमटोल कर रहा था। रविवार को फोन पर बात होने के बाद मोहित ने उसे दुकान पर बुलाया। रोचक के अनुसार, जैसे ही वह दुकान पर पहुंचा, मोहित और वहां मौजूद उसके साथियों ने उस पर पेचकस, चाकू सहित धारदार हथियारों से हमला कर दिया। पेचकस उसके पेट के दाहिनी ओर मारा गया, जो अंदर तक घुस गया। उसकी पीठ पर भी कई वार किए गए।

वहीं मोहित पक्ष से जुड़े लोगों का कहना है कि रोचक तेज गति से बाइक लेकर आया और आते ही गालियां देने लगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रोचक ने मोहित पर घूंसे बरसाए और हाथ में पेचकस लेकर लहराने लगा। कुछ लोगों ने उसके हाथ से पेचकस छीन लिया था।

पुलिस के अनुसार, रविवार को बाइक के रुपए के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट शुरू हो गई। युवक पर पेचकस (कथित रूप से चाकू) और धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। वहीं, दूसरे पक्ष ने कोतवाली थाने में युवक के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। दोनों पक्षों की शिकायतों पर मामला दर्ज कर लिया गया है। यह घटना बापूनगर में हुई है। सदर कोतवाली थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here