Blog

  • बेकाबू ट्रक ने कई लोगों को रौंदा, 48 की मौत, कई घायल 

    बेकाबू ट्रक ने कई लोगों को रौंदा, 48 की मौत, कई घायल 

    नैरोबीः पश्चिमी केन्या के एक व्यस्त जंक्शन पर शुक्रवार की रात एक ट्रक के नियंत्रण खो देने और अन्य वाहनों और पैदल यात्रियों से टकरा जाने से 48 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

    48 लोगों के मारे जाने की पुष्टि

    केरीचो और नाकुरु शहरों के बीच राजमार्ग पर दुर्घटना के बाद स्थानीय पुलिस कमांडर जेफ्री मायेक ने एएफपी को बताया, “अब तक हम 48 लोगों के मारे जाने की पुष्टि कर सकते हैं। हमें संदेह है कि एक या दो लोग अभी भी ट्रक के नीचे फंसे हुए हैं।” 30 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उन्हें विभिन्न अस्पतालों में ले जाया गया है। संख्या अधिक हो सकती है, लेकिन अभी तक हम 30 के बारे में निश्चित हैं।

    बाचव कार्य में बाधा बन रही भारी बारिश

    स्थानीय मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि भारी बारिश बचाव कार्यों में बाधा बन रही है। माना जाता है कि एक ट्रक, जो केरीचो की ओर जा रहा था, ने नियंत्रण खो दिया और बस स्टॉप पर खचाखच भरे मैटाटस (स्थानीय मिनीबस) से टकरा गया, जो उन मैटाटस के ऊपर से गुजर गया और बस स्टॉप के पास खड़े यात्रियों और पैदल यात्रियों को घायल कर दिया।

    गवर्नर ने कहा- मेरा दिल टूट गया

    स्थानीय टेलीविजन स्टेशनों द्वारा पोस्ट की गई छवियों में कई क्षतिग्रस्त वाहन दिखाई दे रहे हैं। केरिचो के गवर्नर एरिक मुताई ने फेसबुक पर कहा, “मेरा दिल टूट गया है।” उन्होंने कहा, यह केरीचो के लोगों के लिए अंधकारमय क्षण है। मैं उन परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अभी-अभी अपने प्रियजनों को खोया है।” उन्होंने कहा कि एंबुलेंस तैनात कर दी गई हैं और सभी स्वास्थ्य सुविधाएं तैयार रखी गई हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, हाल के वर्षों में केन्या की सड़कों पर मरने वालों की संख्या में वृद्धि हुई है, जिसके कारण कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। वहीं, कई लोग घायल भी हुए।

  • शादी में जा रही बस को लगी आग, जिंदा जले 26 यात्री, देखें वीडियो

    शादी में जा रही बस को लगी आग, जिंदा जले 26 यात्री, देखें वीडियो

    मुंबईः महाराष्ट्र के बुलढाणा में एक भयंकर हादसा हुआ है। एक बस में आग लगने से 26 लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई है। ये बस एक शादी के लिए जा रही थी। बारिश के कारण बस फिसल गई। जिसके कारण बस का डीजल टैंक फट गया और आग लग गई। इस हादसे में 26 लोगों की जलने से मौत हो गई। जबकि 8 लोग बुरी तरह से घायल हैं। बताया जा रहा है कि समृद्धि महामार्ग पर अब तक का यह सबसे बड़ा हादसा है। ये सड़क हादसा बुलढाणा के देउलगांव खोंड गांव के पास हुआ। इस बस में 30 यात्री सवार थे। बुलढाणा के एडीएम ने बताया कि बुलढाना बस दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है।

    बताया जा रहा है कि ये बस नागपुर से पुणे जा रही थी। तभी बुलढाणा के पास यह बड़ा हादसा हुआ। बुलढाणा के डिप्टी एसपी बाबूराव महामुनि ने बताया कि बुलढाना में समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेसवे पर 32 यात्रियों को ले जा रही एक बस में आग लगने से कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। घायलों को बुलढाणा सिविल अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है। ये घटना शनिवार तड़के करीब 2 बजे हुई। बताया गया कि हादसे के समय सभी यात्री सो रहे थे। नींद में होने के कारण और बस में अचानक आग लगने की कारण लोग बस से बाहर नहीं निकल पाए और 26 लोगों की जलकर मौत हो गई।

    मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुलढाणा जिले के सिंदखेड़ाराजा के पास समृद्धि राजमार्ग पर एक निजी बस की भीषण दुर्घटना पर गहरा दुख जताया है। सीएम शिंदे ने मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने इस भीषण दुर्घटना की जांच के आदेश दिए हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही सीएम एकनाथ शिंदे ने बुलढाणा के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से फोन पर संपर्क किया और घटना की जानकारी ली। शिंदे ने दुर्घटना के पीड़ितों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए घायलों को सरकारी खर्च पर तत्काल इलाज उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया।

    बुलढाणा में एक बस हादसे में 26 लोगो के जिंदा जलने की वजह से उनकी पहचान होना काफी मुश्किल है। इसके लिए सभी 26 शवों का डीएनए सैंपल लेकर जांच की जाएगी। डीएनए सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद ही लोगो की पहचान मुमकिन है। उसके बाद ही सभी शवों को उनके परिजनों की सौंपा जाएगा। बाद में बुलढाणा के एसपी सुनील अदासाने ने मीडिया से कहा कि ये भीषण हादसा आज रात 1.25 बजे हुआ। हादसे का शिकार हुई बस नागपुर से पुणे जा रही थी। पिंपलखुटा गांव के पास देर रात करीब 1.30 बजे वह एक खंभे से टकरा गई और फिर डिवाइडर से टकरा गई। जिससे बस पलट गई और उसमें आग लग गई। अधिकारी ने कहा कि बस में कई यात्री नागपुर, वर्धा और यवतमाल के थे।

  • कपूरथलाः किराना व्यापारी पर दातर से हमला कर लूटे 1.70 लाख रुपये, देखें वीडियो

    कपूरथलाः किराना व्यापारी पर दातर से हमला कर लूटे 1.70 लाख रुपये, देखें वीडियो

    बेगोवालः कपूरथला जिले में बेगोवाल के भीड़भाड़ वाले मेन बाजार में गुरुवार देर रात तीन बाइक सवार नकाबपोश लुटेरों ने किराना व्यापारी पर दातर से हमला कर 1.70 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया। बेगोवाल के वार्ड नंबर-2 के रहने वाले पीड़ित विजय कुमार बतरा (53) ने बताया कि वह टाहली चौक में किराना स्टोर चलाता है। 29 मई की रात करीब साढ़े नौ बजे उसने अपनी दुकान बंद की और सेल के 1.70 लाख रुपये बैग में ले लिया। फिर वह स्कूटी से शहर के एक डॉक्टर से दवा लेने चला गया। 

    बाजार में तीन नकाबपोश लुटेरों ने उसे घेर लिया। उन्होंने अपना मोटरसाइकिल उसकी स्कूटी के आगे लगा दिया। एक नौजवान ने दातर ले रखा था। उन्होंने घबराकर स्कूटी माता रानी मंदिर की तरफ मोड़ ली। लुटेरे पीछा करते रहे और पैलेस के पास उसे धक्का मार कर गिरा दिया। इतने में एक नौजवान ने उसके सिर पर दातर से वार किया तो उन्होंने हाथ आगे कर दिया। दोनों लुटेरे पैसों से भरा बैग छीनकर भाग निकले। विजय बतरा ने बताया कि उन्हें आठ टांके लगे हैं। एसएचओ किरपाल सिंह ने कहा कि तीनों अज्ञात लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। बाजार की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही लुटेरे सलाखों के पीछे होंगे।

  • पंजाबः परिवार के खाने में बेहोशी की दवा मिलाकर कैश और गहने लूटने वाले 3 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    पंजाबः परिवार के खाने में बेहोशी की दवा मिलाकर कैश और गहने लूटने वाले 3 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    फगवाड़ा/ राजेशः कपूरथला पुलिस ने फगवाड़ा क्षेत्र मे 15 दिन पहले परिवार को बेहोश कर लूट की वारदात करने का मामला सुलझा लिया है। पुलिस ने यूपी से 3 नेपाली व्य​क्तियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी नेपाली कुक सहित 5 फरार है। पुलिस ने चोरीशुदा एक लाइसेंसी रिवॉल्वर, 4 मोबाइल, 6.10 लाख भारतीय करेंसी और 675 नेपाली करेंसी बरामद की है। एसएसपी राजपाल सिंह संधू ने बताया कि 14-15 जून की रात में पटेल नगर में कुक एक परिवार के सभी सदस्यों के खाने में कोई नशीली वस्तु खिला कर बेहोश कर घर का सारा कीमती सामान, जेवर व नकदी चोरी करके ले गए थे। पुलिस टीम लगातार आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापामारी कर रहे थे।

    27 जून को पुलिस को मुख्य आरोपी कुक राजू नेपाली के 3 साथियों का सुराग मिला और 29 जून को पुलिस ने सुखबीर सुनार उर्फ राहुल निवासी लेखगाऊ एक नेपाल, विनोद कमल साही निवासी उत्तर गंगा, वार्ड नंबर 3, बागेश्वर, जिला सुरखेत नेपाल तथा जगत बहादर शाही निवासी वार्ड नंबर 9, टिक्कापुर, जिला कैलाली, नेपाल को नेपाल बार्डर पर गोरी फंटा जिला खीरी उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया। सुखबीर सुनार उर्फ राहुल के कब्जे से पुलिस ने 32 बोर का लाइसेंसी रिवाल्वर बिना रौंद तथा 50 हजार रुपए भारतीय करेंसी और विनोद कमल साही से 3 लाख 15 हजार भारतीय करेंसी बरामद की।

    पूछताछ में उन्होंने बताया कि राजू नेपाली ने उन्हें तथा उनके दोस्त जगत बहादर साही को उक्त घटना को अंजाम देने के लिए बुलाया था। पुलिस ने जगत बहादर को भी नेपाल बार्डर से धर दबोचा तथा उसके पास से 2 लाख 45 हजार भारतीय करेंसी बरामद हुई। आरोपी जगत बहादर एक अन्य केस में भी हरियाणा की गुरुग्राम पुलिस को वांछित था। जबकि घटना में शामिल पांच आरोपी राजू नेपाली, वरिंदर, अपिंदर शाही, तिलक राज चौधरी सभी निवासी नेपाल पुलिस शिकंजे से बाहर हैं। बता दें कि फगवाड़ा के सुप्रसिद्ध व्यवसायी न्यू लुक फैशन और बसंत खाना खजाना के मालिक अजीत सिंह वालिया की फगवाड़ा के न्यू पटेल नगर स्थित कोठी नंबर 43 में उनके कुक ने परिवार के सभी सदस्यों, नौकरों व केयर टेकर नर्स को कथित तौर पर रात के खाने में कोई बेहोशी की दवा मिला कर बेहोश करके घर से कीमती सामान, जेवरात व नकदी पर हाथ साफ किया था।

  • आज का राशिफल, 1 जुलाई 2023

    आज का राशिफल, 1 जुलाई 2023

    शनिवार 1 जुलाई को चंद्रमा का संचार वृश्चिक राशि में रहने वाला है। जबकि आज मंंगल का प्रवेश सिंह राशि में हुआ है। ऐसे में आज शनि और मंगल दोनों के बीच समसप्तक योग बना हुआ है। ग्रह गोचर की की गणना से मालूम होता है कि आज का दिन मिथुन और वृश्चिक राशि वालों के लिए लाभकारी रहेगा। आइए जानते हैं आज का दिन मेष से मीन तक सभी राशियों के लिए कैसा रहेगा।

    मेषः मेष राशि के लोगों आज कुछ परेशान रह सकते हैं। हालांकि, आज आपको अपने पुराने मित्रों का पूरा सहयोग प्राप्त हो सकता है। आज आपको अपने जीवनसाथी से अच्छा सहयोग प्राप्त होगा। कार्य व्यवसाय में रुक रुक कर आर्थिक लाभ होने के कारण आप थोड़ा परेशान हो सकते हैं। यदि आपके पड़ोस में कोई विवाद चल रहा है तो वह भी आज कम हो सकता है। आज दोपहर बाद किसी पारिवारिक समस्या के चलते आपको परेशानी हो सकती है। आज माता के लिए कोई उपहार खरीदेंगे तो उन्हें अच्छा लगेगा।

    वृषभ: वृषभ राशि के लोगों का स्वभाव आज थोड़ा आलसी रह सकता है। आज आपको जोड़ों में दर्द और अकड़न की समस्या भी आपको परेशान कर सकती है। साथ ही आज आप किसी बात को लेकर अस्वस्थ महसूस कर सकते हैं। व्यापारी आज अच्छा खासा पैसा कमा पाएंगे। नौकरी करने वाले जातकों के लिए आज अचानक लाभ की स्थिति बनती नजर आ रही है। आज शाम के समय आपको किसी मांगलिक समारोह में शामिल होने का अवसर मिल सकता है। काम में देरी होने से आज आपके कारोबार की गति धीमी रह सकती है। जिससे आपकी आर्थिक स्थिति कमजोर रहेगी। आज शाम को आप अपने दोस्तों के साथ मौज-मस्ती में बिताएंगे। 

    मिथुनः मिथुन राशि के लोगों को आज व्यापार में अच्छा खासा धन लाभ होने की संभावना है। फिलहाल, आपको अपने व्यवसायिक खर्चों पर नियंत्रण रखने की जरूरत है। आज यदि आपको पैसों के लेनदेन करना पड़े तो बहुत सोच समझकर करें। वरना भविष्य में आपको आर्थिक नुकसान हो सकता है। आज आपको अपनी संतान की तरफ से मन से खुश करने वाला समाचार मिल सकता है। आज शाम के समय आप अपने दोस्तों के साथ किसी पार्टी में शामिल होने के लिए जा सकते हैं।

    कर्कः कर्क राशि के लोगों को आज अपने माता पिता के स्वास्थ्य का विशेष ख्याल रखने की जरूरत है। आपको सलाह है कि फिलहाल, बाहर के खान पान से बचें। आपको धन प्राप्ति के भी योग बनते नजर आ रहे हैं। आपको सलाह है कि आज अपने खर्चों पर थोड़ा कंट्रोल रखें। विद्यार्थियों के लिए आज का दिन काफी अच्छा रहने वाला है। आज अपने बच्चे को अच्छा काम करते देख उस पर आपका विश्वास और मजबूत होगा। सामाजिक क्षेत्र में भी आज आपकी ख्याति चारों ओर फैलेगी, जिससे आपके प्रशंसकों की संख्या में भी वृद्धि होगी। व्यापारियों को आज कुछ नए अवसर प्राप्त हो सकते हैं।

    सिंहः सिंह राशि के जातक आज जिस काम को करने का मन बनाएंगे उसमें सफलता जरूर मिलेगी। साथ ही आज आपकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। माता पिता के सहयोग और आशीर्वाद से आपको अपने सभी कामों में सफलता मिलती जाएीग। किसी बात को लेकर आज गृहस्थ जीवन में कुछ तनाव रह सकता है। आज शाम को अपनों के साथ आनंद के पल बिताने का मौका मिलेगा। यदि आपके अपने भाई के साथ संबंध बिगड़े हुए हैं तो उन्हें सुधारने का आपको मौका मिल सकता है। फिलहाल, आपको अपना कोई भी काम टालने की जरूरत नहीं है। वरना आपको नुकसान हो सकता है।

    कन्याः कन्या राशि के लोगों को आज बहुत ही संभलकर रहने की जरूरत है। आज धन के पीछे न भागे। वरना आप बुरी तरह से फंस सकते हैं। आज आपके व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा आपके हर काम में दखल देने की कोशिश कर सकते हैं। आज किसी छोटी सी बात पर परिजनों से आपका झगड़ा हो सकता है। इसे लेकर सतर्क रहें और अपनी वाणी में मधुरता बनाए रखें। आज आपको ससुराल पक्ष से भी धन लाभ हो सकता है। संभव हो सके तो आज अपने सभी काम दोपहर तक ही पूरे कर लें।

    तुलाः तुला राशि के लोगों को आज सरकारी कामकाज में सफलता प्राप्त हो सकती है। इसलिए कोशिश करते रहें। दांपत्य जीवन में आज छोटी-छोटी बातों को दिल पर न लगाएं। वरना जीवनसाथी के साथ कहासुनी हो सकती है। व्यापार में आज आपके ज्यादातर काम थोड़ी सी मेहनत के साथ ही पूरे हो जाएंगे। अधिकारी भी आज कठिन कार्यों में आपका सहयोग करेंगे। नौकरीपेशा जातकों को आज उनके शत्रु परेशान करने की पूरी कोशिश करेंगे, इसलिए आपको उनसे सावधान रहना होगा। आज अपने पिता के स्वास्थ्य का ख्याल रखें। उनकी सेहत में कुछ गिरावट महसूस हो सकती है।

    वृश्चिकः वृश्चिक राशि के जो लोग व्यापार करते हैं उन्हें धन से संबंधित मामलों में सफलता प्राप्त होगी। यदि आप आज कोई संपत्ति खरीदने की योजना बना रहे हैं तो उसके लिए आज का दिन काफी शुभ रहेगा। जो लोग साझेदारी में किसी के साथ व्यापार करते हैं उन्हें आज बहुत लाभ हो सकता है। साथ ही आज भविष्य में आर्थिक स्थिति को लेकर आपकी चिंता भी समाप्त हो जाएगी। लेकिन, फिर भी आपको अपनी आय और व्यय में संतुलन बनाकर चलने की जरूरत है। नहीं तो भविष्य में आपको दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। व्यस्तता के बीच आप अपने परिजनों के लिए समय निकाल पाएंगे।

    धनुः धनु राशि के लोगों की सोची समझी सभी योजनाएं आज सफल होती नजर आएंगी। लेकिन, जैसे जैसे दिन आगे बढ़ेगा आपको अपने कामकाज में रुकावट महसूस हो सकती है। इसलिए आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है। पिता का सहयोग और आशीर्वाद आपकी योजनाओं को गति देगा, जिससे आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत और बढ़ेगी। आज आपके व्यापार में पार्टनरशिप से पैसों को लेकर कुछ मतभेद हो सकते हैं, लेकिन आप अपने मधुर विवाह के कारण इन समस्याओं से बाहर निकल जाएंगे।

    मकरः मकर राशि के लोगों को आज लाभ के अच्छे अवसर तलाशने होंगे। लेकिन, किसी बात को लेकर चिंता न करें आपको अच्छे अवसर जरुर मिलेंगे। संतान की शिक्षा को लेकर आपको कुछ यात्राएं करनी पड़ सकती है। इसमें आपको सफलता अवश्य मिलेगी। विदेश में रह रहे अपने किसी प्रियजन से आज कोई शुभ समाचार सुनने को मिल सकता है। आज आपके परिवार में आपके भाई के विवाह प्रस्ताव को मंजूरी मिल सकती है, जिससे परिवार के सदस्य प्रसन्न रहेंगे और किसी मांगलिक कार्यक्रम की भी आज चर्चा हो सकती है। यदि शाम के समय आपके आस-पड़ोस में कोई विवाद होता है तो उससे आपको बचकर रहना होगा वरना आप कानूनी मामलों में फंस सकते हैं।

    कुंभः कुंभ राशि के व्यापारियों को आज अचानक बदलाव करना पड़ सकता है। आपके जो काम काफी समय से रुके हुए थे वह आज किसी प्रियजन के सहयोग से पूरे होंगे। जिससे आपको धन लाभ होता हुआ नजर आ रहा है। ससुराल पक्ष के किसी सदस्य से आज आपकी अनबन हो सकती है। अगर आज आप कहीं निवेश करने की योजना बना रहे हैं तो उसके लिए दिन अच्छा रहेगा। नौकरीपेशा लोगों को आज प्रमोशन मिल सकता है। साथ ही आज आप किसी काम को लेकर कोई ठोस फैसला नहीं ले पाएंगे जिससे आपका नुकसान भी हो सकता है।

    मीनः मीन राशि के जातकों की सेहत आज अच्छी रहने वाली हैं। जिस वजह से आप आज मन लगाकर काम करेंगे। लेकिन, अगर कोई दखलअंदाजी करते हैं तो उसमें रुकावट आ सकती है। आज आपको अपने विचार किसी और के सामने रखने की जरूरत नहीं है। वरना वह अधूरे रह सकते हैं। सामाजिक कार्यों में सफलता मिलने से दूसरे लोग आपसे संबंध बनाने की कोशिश करेंगे, इससे आपके मित्रों की संख्या में भी वृद्धि होगी। राजनीतिक क्षेत्र में भी आज आपको सम्मान मिल रहा है। अगर आप किसी से उधार लेने की योजना बना रहे हैं तो कुछ समय के लिए रुक जाएं।

  • आधार कार्ड सहित 5 अहम नियमों में आज से हुआ बदलाव

    आधार कार्ड सहित 5 अहम नियमों में आज से हुआ बदलाव

    नई दिल्ली : एक जुलाई 2023 यानी आज से आपकी रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी कई अहम चीजों में बदलाव किया गया है। 30 जून पैन-आधार को लिंक करने की आखिरी तारीख थी, इसको अभी तक आगे बढ़ाने को लेकर कोई सूचना नहीं आई, जिससे अब यह तय माना जा रहा है कि जिसने 30 जून तक पैन को आधार से लिंक नहीं कराया है, उसका पैन इन-एक्टिव हो जाएगा। वहीं, इंटरनेशनल क्रेडिट कार्ड के फॉरेन में इस्तेमाल करने पर 20 फीसदी TCS लगेगा।

    पोस्ट ऑफिस RD और टाइम-डिपॉजिट स्कीम पर मिलेगा ज्यादा ब्याज

    सरकार ने जुलाई से सितंबर तिमाही के लिए पोस्ट ऑफिस की कुछ लघु बचत योजनाओं (Small Saving Schemes) के इंटरेस्ट रेट्स में 0.30 फीसदी तक की बढ़ोतरी दर दी है। वहीं, एक साल की टाइम डिपॉजिट पर अब 6.80 फीसदी की जगह 6.90 फीसदी की दर से इंटरेस्ट दिया जाएगा। दो साल के टाइम डिपॉजिट पर इंटरेस्ट रेट को 6.9 फीसदी से बढ़ाकर 7 फीसदी कर दिया गया है। पांच साल की पोस्ट ऑफिस रिकरिंग डिपॉजिट (Recurring Deposit) पर अब 6.2 फीसदी के बजाय 6.5 फीसदी इंटरेस्ट दिया जाएगा। पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF), सीनियर सिटीजन सेविंग स्कीम (SCSS), नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट (NSC), किसान विकास पत्र (KVP) और सुकन्या समृद्धि योजना समेत पोस्ट ऑफिस की लघु बचत योजनाओं (Small Saving Schemes) की ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. नई दरें आज यानी 1 जुलाई से प्रभावी हो गई हैं।

    क्रेडिट कार्ड से विदेश में पेमेंट करने पर लगेगा 20 फीसदी TCS

    सरकार ने यह तय कर दिया है कि इंटरनेशनल क्रेडिट कार्ड के विदेश में इस्तेमाल करने पर 20 फीसदी TCS देना होगा। एक फाइनेंशियल ईयर में सात लाख रुपये से ज्यादा खर्च किए जाने पर टीसीएस देना होगा. नए नियमों के मुताबिक, सात लाख रुपये तक खर्च करने पर 20 फीसदी टीसीएस का भुगतान करना होगा। यदि कोई व्यक्ति फॉरेन ट्रिप पर एक फाइनेंशियल ईयर में 8 लाख रुपये का क्रेडिट कार्ड पेमेंट करता है तो उसे पूरी रकम पर 20 फीसदी यानी 1.6 लाख रुपये TCS चुकाना होगा। सात लाख रुपये से 1 रुपये भी ज्यादा खर्च होने पर पूरी रकम TCS के दायरे में आएगी।

    आधार से लिंक नहीं होने वाले पैन हो जाएंगे इन-एक्टिव

    सरकार ने पैन को आधार से लिंक करने के लिए 30 जून तक की समय सीमा तय की थी। जिन्होंने तय समय सीमा तक यह काम नहीं पूरा किया है। उनके पैन को निष्क्रिय यानी इन-एक्टिव कर दिया जाएगा। पैन के इन-एक्टिव हो जाने पर जो लोग म्यूचुअल फंड या स्टॉक अकाउंट खोलना चाहते हैं, वो अब नहीं कर पाएंगे। वहीं, इन-एक्टिव पैन कार्ड को कहीं पर किसी डॉक्यूमेंट के तौर पर इस्तेमाल करने पर भारी जुर्माना लगाया जा सकता है। इनकम टैक्स एक्ट 1961 के आर्टिकल 272B के तहत इन-एक्टिव पैन का इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति पर 10,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।

    फुटवियर कंपनियों के लिए QCO अनिवार्य

    केंद्र सरकार ने 1 जुलाई से फुटवियर इकाइयों को क्वॉलिटी नियंत्रण आदेश (QCO) लागू करना अनिवार्य कर दिया है। विश्व व्यापार संगठन (WTO) के नियमों का पालन करते हुए सरकार ने फुटवियर कंपनियों के लिए मानक पेश किए हैं। अब फुटवियर कंपनियों को इन नियमों के मुताबिक जूते-चप्पल बनाने होंगे। फिलहाल QCO के दायरे में 27 फुटवियर उत्पाद शामिल हैं, लेकिन अगले साल बाकी 27 उत्पादों को भी इस दायरे में लाया जाएगा।

    एचडीएफसी और एचडीएफसी बैंक का मर्जर

    हाउसिंग डेवलपमेंट फाइनेंस कार्पोरेशन लिमिटेड (HDFC) ने 1 जुलाई को एचडीएफसी बैंक लिमिटेड के साथ अपने 40 अरब डॉलर के मेगा-मर्जर को अस्थायी रूप से निर्धारित किया है, जिसमें देश के सबसे बड़े प्राइवेट बैंक को देश के टॉप मोर्टगेज लेंडर के साथ जोड़ दिया जाएगा। पिछले साल, भारत के सबसे बड़े प्राइवेट बैंक ने बैंक और उसके प्रमोटर ने एक सौदे में मर्जर करने का फैसला किया, जिससे बैंक को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाया जा सके और उत्पादों को क्रॉस-सेल करने के लिए कैप्टिव कस्टमर बेस तक पहुंच की अनुमति मिल सके।

    रसोई गैस सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं

    1 जुलाई 2023 से रसोई गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 1103 रुपये है। जबकि, कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 1773 रुपये पर हैं. मुंबई में रसोई गैस सिलेंडर के दाम 1102.50 रुपये हैं।

    सीएनजी-पीएनजी के दाम भी नहीं बदले

    सीएनजी और पीएनजी के दामों में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है। साथ ही पेट्रोल-डीजल के भावों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में पेट्रोल 96.72 रुपये लीटर पर, तो डीजल 89.62 रुपये लीटर पर बिक रहा है। मुंबई में पेट्रोल 106.31 रुपये प्रति लीटर और डीजल 94.27 रुपये प्रति लीटर के भाव पर बिक रहा है।

  • जालंधरः हेरोइन सप्लाई करने वाले चढ़े पुलिस के हत्थे

    जालंधरः हेरोइन सप्लाई करने वाले चढ़े पुलिस के हत्थे

    जालंधर,ENS: थाना फिलौर की पुलिस ने दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 22 ग्राम हेरोइन बरामद की है। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान कमलदीप सिंह उर्फ लडू निवासी फिलौर और बलविंदर राम के रूप में हुई है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरजिंदर सिंह ने बताया कि थाना फिलौर की उप चौंकी अपरा के इंचार्ज सुखविंदर पाल ने नशे पर नकेल कसते हुए आरोपित कमलदीप के कब्जे से 10 ग्राम हेरोइन और बलविंदर राम के कब्जे से 12 ग्राम हेरोइन बरामद कर दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों लुक छुप कर हेरोइन की सप्लाई करते थे। पुलिस रिमांड के दौरान इनसे यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि यह हेरोइन की सप्लाई को कहा से लेकर आते थे।

  • विकास को देखने का चश्मा बदलें कुटलैहड़ के विधायक

    विकास को देखने का चश्मा बदलें कुटलैहड़ के विधायक

    *शराब के ठेके खोलने को नहीं कहा जाता विकास*

    ऊना/ सुशील पंडित :कुटलैहड़ के विधायक देवेंद्र भुट्टो के पूर्व सरकार के समय हुए कार्यों पर दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए बीडीसी अध्यक्ष देवराज शर्मा, उपाध्यक्ष जमीत सिंह, बीडीसी सदस्य राजकुमार व भाजपा समर्थित प्रधानों ने कहा है कि देवेंद्र भुट्टो को विकास देखने का चश्मा बदलने की जरूरत है।पिछले कल विधायक द्वारा कहा गया था कि पूर्व सरकार द्वारा कुटलैहड़ में कोई विकास नहीं करवाया गया है, इसी बयान का जवाब देते भाजपा समर्थित बीडीसी सदस्यों व प्रधानों ने संयुक्त बयान जारी किया है। उन्होंने कहा है कि केवल शराब के ठेकों को खोलने को विकास नहीं कहा जाता। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर के समय में कुटलैहड़ के हर गांव को सड़क सुविधा, स्वास्थ्य सुविधाएं, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाई गई हैं।
    कांग्रेस ने केवल झूठ बोलकर और जनता को भ्रमित करके सत्ता हथियाने का काम किया है लेकिन छह महीने का समय बीत जाने के बाद भी विधायक एक नया पैसा कुटलैहड़ के लिए नहीं ला पाए हैं। इस समय के अंदर केवल शराब के ठेके खुले हैं और हर प्रकार का माफ़िया कुटलैहड़ में सक्रिय हुआ है।उन्होंने कहा कि वर्तमान विधायक बीडीसी के अध्यक्ष रह चुके हैं और अपने इतने सालों के कार्यकाल में वे कुटलैहड़ के लिए कुछ नहीं कर पाए। कुटलैहड़ में हुए विकास का पूरा श्रेय भाजपा और वीरेन्द्र कंवर को जाता है। वर्तमान विधायक को बे सिर पैर के बयानों को छोड़कर अपने किये वादों को पूरा करने के लिए काम करना चाहिए।जिस माफिया को कुटलैहड़ में संरक्षण मिल रहा है वही माफिया कांग्रेस को सत्ता से बाहर निकाल फेंकेगा। विधायक बेतुकी बयानबाजी के स्थान पर कुटलैहड़ के हित में काम करने की सोचें और जनता की भावनाओं से खेलना बन्द करें।
  • कांग्रेस की दस गारंटियाँ हवा हवाई   : देसराज राणा 

    कांग्रेस की दस गारंटियाँ हवा हवाई   : देसराज राणा 

     अनुराग ठाकुर की जीत को  सुनिश्चित करने में डट जाएं कार्यकर्ता 

    ऊना/सुशील पंडित :सरकार की 10 गारंटियां हवा हवाई साबित हुई है। जनता के सामने सरकार का कथनी करनी का  सच सामने आ चुका है । अब जनता लोकसभा चुनावो में बीजेपी को जीत दर्ज करवाने का मन बना चुकी है। यह बात हिमकैप्स संस्थान के पूर्व चेयरमैन व वरिष्ठ बीजेपी कार्यकर्ता देसराज राणा ने कही ।उन्होंने कहा की कांग्रेस ने सत्ता में आने के लिए झूठ का जाल बुना । और लुभावने वायदे करके जनता के हितों से खिलवाड़ किया ।उन्होंने कहा की 10 गारंटियो में कर्मचारियो को ओल्ड पैंशन देने का झांसा दिया और अब सत्ता मिलने पर पैंशन को 10 साल की शर्त लगा दी । महिलाओ को 1500 रुपए पैंशन देने का प्रलोभन दिया गया ।जिसे सरकार सता  में आने के बाद शायद भूल गई। पार्टी ने 300 यूनिट बिजली फ्री देने का वायदा किया उल्टा सता में आने के बाद बिजली यूनिट रेट बढ़ा दिए गए ।राणा ने कहा की प्रदेश सरकार के छः माह के कार्यकाल में ही हर वर्ग अपने आपको ठगा महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि हरोली विस क्षेत्र में बीजेपी नेता राम कुमार के पूर्व कार्यकाल में अनेकों रिकार्डतोड कार्य हुए हैं।  बीजेपी कार्यकर्ता अब  सभी गिले शिकवे भूल कर पार्टी को 2024 के लोकसभा चुनाबो में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को  विजय श्री दिलवाने के लिए अभी से फील्ड में डट जाएं। और केंद्र सरकार की उपलब्धियों ट्रिपल आई टी, बल्क  डर्ग  फार्मा , केंद्रीय स्कूल , बंदे भारत ट्रेन ऊना रेलवे स्टेशन से शुरू करने , ऊना तलवाड़ा रेल लाईन के विस्तारीकरन के कार्यों समेत केंद्रीय योजनाओं  के कार्यों को जनमानस तक पहुंचाये।
  • 38 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में तबियत बिगड़ी

    38 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में तबियत बिगड़ी

    38 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में तबियत बिगड़ी

    ऊना/ सुशील पंडित :राजपुर जसवां पंचायत के जमन कुआली गांव में 38 वर्षीय एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में तबियत बिगड़ गई। जिसके चलते उसे उपचार पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है। पीड़ित की पहचान रियाज मोहम्मद पुत्र वजीर मोहम्मद के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि रियाज पेशे के ट्रक चालक हैं। ईद का त्यौहार होने के चलते वीरवार शाम को उसने ट्रक लोड करके घर में ही खड़ा किया था और त्यौहार के बाद वह शुक्रवार सुबह माल की डिलीवरी के लिए कहीं जाने वाला था। लेकिन रात एक बजे के करीब अचानक उसकी तबियत बिगड़ गई और स्वजन उसे उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले गए। जहां पर उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डाक्टर ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। पीजीआई में उसे वेंटीलेटर पर रखा गया है। रियाज की अचानक तबियत बिगड़ने के कारण क्या रहे, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। उधर, डीएसपी अंब डॉ. वसुधा सूद ने कहा कि जमन कुआली के एक व्यक्ति की तबियत खराब होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने पीड़ित के स्वजन से संपर्क करके मामले की जांच शुरू कर दी है।