Blog

  • खुशखबरी! 500 रूपये में मिलेगा रसोई गैस सिलेंडर

    खुशखबरी! 500 रूपये में मिलेगा रसोई गैस सिलेंडर

    नई दिल्ली : बीपीएल और उज्ज्वला योजना के तहत आने वाले लोगों को 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर मिलेगा। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अलवर के मालाखोड़ा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 1 अप्रैल से सस्ता एलपीजी सिलेंडर मिलेगा। हर साल उज्ज्वला वालों को 12 सिलेंडर 500 रुपये की दर से मिलेंगे। उन्होंने कहा, अगले महीने हम बजट पेश करेंगे, उसमें रसोई से महंगाई का बोझ कम करने के लिए किट बांटने की योजना लाएंगे।

    बता दें कि मई 2016 में, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय (एमओपीएनजी) ने ग्रामीण और वंचित परिवारों को रसोई गैस जैसे स्वच्छ रसोई ईंधन उपलब्ध कराने के इरादे से एक खास योजना के रूप में ‘प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना’ (PMUY) की शुरुआत की थी । 

  • जालंधरः स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने वाला 20 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    जालंधरः स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने वाला 20 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    आरोपी से आईफोन सहित कई फोन बरामद

    जालंधर/वरुणः थाना 6 की पुलिस ने स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले 20 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस कमिशनर एस भूपति, डीसीपी जगमोहन और आईपीएस आदित्य की अगुवाई एसीपी रंधीर कुमार और थाना 6 के एसएचओ सुखदेव सिंह ने स्नैचिंग के मुकदमे को ट्रेस करते हुए आरोपी को चौगिटी से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान चेतन सिंह उर्फ मोटा पुत्र किशन कुमार निवासी चौगिटी के रूप में हुई है।

    पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया  कि उसने माडल टाऊन और बस स्टैंड एरिया से 10 वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8 फोन बरामद किए गए है। जिनमें आईफोन 13 प्रो 2, वीवो 2, ओप्पो 2, एक लावा, एक सैमसंग फोन शामिल है। इसी के साथ आरोपी से आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर कार्ड, एटीएम कार्ड बरामद किए गए है।  

  • भयानक सड़क हादसा! दो टुकड़ों में बंट गई Ferrari कार, उछलकर गिरा ड्राइवर

    भयानक सड़क हादसा! दो टुकड़ों में बंट गई Ferrari कार, उछलकर गिरा ड्राइवर

    कैलिफोर्नियाः सड़क हादसे तो दुनियाभर में होते ही रहते हैं, लेकिन कई हादसे ऐसे होते हैं, जो रूह कंपा देने वाले होते हैं। ऐसे ही एक भयानक हादसे की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं। यह हादसा कितना भयानक था, इसका अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि इसमें दुनिया की सबसे महंगी कारों में से एक फरारी के भी परखच्चे उड़ गए। वह दो टुकड़ों में बंट गई। सिर्फ यही नहीं, हादसा होते ही फेरारी का ड्राइवर उछल कर दूर जा गिरा, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

    दिल दहलाने वाला सड़क हादसा

    दिल दहला देने वाला यह सड़क हादसा अमेरिका के कैलिफोर्निया का है। डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक, लाल रंग की फरारी को एक 71 वर्षीय शख्स चला रहा था, जिसका नाम रॉबर्ट निकोलेटी था। वे कहीं जा रहे थे, इसी दौरान उनकी कार सैंटियागो कैनन के पास दो कारों से बुरी तरह से टकरा गई। अब एक साथ तीन गाड़ियों के टकराते ही रॉबर्ट अपनी फरारी से उछल कर बाहर सड़क पर जा गिरे और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं, इस हादसे में अन्य गाड़ियों के ड्राइवरों को भी काफी गंभीर चोटें आई हैं। हैरान करने वाली बात ये रही कि हादसे के बाद फरारी के टुकड़े-टुकड़े हो गए।

    स्पीड के चक्कर में गई जान

    यह घटना बीते शुक्रवार की बताई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि एक्सीडेंट के समय रॉबर्ट नशे में होंगे और साथ ही उनके फरारी की स्पीड भी ज्यादा होगी। शायद उन्होंने टेस्ला की एक कार को ओवरटेक करने के लिए अपनी फरारी की स्पीड बढ़ाई थी और इस चक्कर में वो हादसे का शिकार हो गए और अपनी जान भी गंवा दी।

    एक झटके में फरारी बन गई कबाड़

    तस्वीर में आप देख सकते हैं कि फरारी की क्या हालत हुई है। वो कैसे सड़क पर टुकड़ों-टुकड़ों में बिखरी पड़ी है। वैसे आमतौर पर फरारी को दुनिया की सबसे सुरक्षित गाड़ियों में से एक माना जाता है, लेकिन ये हादसा देख कर लोगों को शायद यकीन ही न हो कि ऐसा कैसे हो सकता है। इस भयानक हादसे में सिर्फ फरारी ही नहीं बल्कि अन्य गाड़ियों की हालत भी खराब है।

  • पंजाबः बहबल इंसाफ मोर्चा से पीड़ित परिवार ने किया ये ऐलान, देखें पत्र

    पंजाबः बहबल इंसाफ मोर्चा से पीड़ित परिवार ने किया ये ऐलान, देखें पत्र

    फरीदकोटः बहबल गोलीकांड में मारे गए कृष्ण भगवान सिंह के बेटे प्रभदीप सिंह अनुकंपा के आधार पर मिली नौकरी से इस्तीफा दे दिया है। जारी किए गए पत्र में प्रभदीप सिंह ने कहा कि यह नौकरी पिता जी की मौत के बाद मुझे अनुकंपा के आधार पर दी गई थी। नौकरी के साथ यह भी कहा गया था कि आपके पिता के कातिलों को भी सजा दी जाएगी।

    लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद अब तक 3 सरकारें बदल गई है। किसी भी सरकार के द्वारा उनके पिता के दोषियों के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। प्रभदीप ने कहा कि इंसाफ के बिना इस नौकरी से क्या लेना। इसी के रोष में उन्होंने आज सरकारी नौकरी से इस्तीफा देने का फैसला किया है। 

  • स्कूली बस और ट्रक की भयानक टक्कर, हादसे में 15 बच्चे घायल, 3 की हालत नाजुक, देखें वीडियो

    स्कूली बस और ट्रक की भयानक टक्कर, हादसे में 15 बच्चे घायल, 3 की हालत नाजुक, देखें वीडियो

    नूंह: हरियाणा में कोहरे का कहर लगातार देखने को मिल रहा है। घनी धुंध के चलते हर रोज सड़क हादसे हो रहे हैं। नूंह में भी एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां होडल रोड पर स्कूल बस और ट्रक की भिड़ंत हो गई। बस में निजी स्कूल आदित्य आर्मी पब्लिक स्कूल उजीना के बच्चे सवार थे। करीब 15 बच्चे इस हादसे में घायल हो गए हैं, इनमें से तीन की हालत नाजुक बतायी जा रही है। वहीं स्कूल बस के चालक को भी गंभीर चोट आई है।

    सभी घायल बच्चों को नजदीकी सिविल हॉस्पिटल में पहुंचाया गया है। सूचना मिलते ही नजदीकी पुलिस थाना नूंह और 112 की टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल ट्रक चालक फरार बताया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल बच्चों को राजकीय शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। आमने-सामने की भिड़ंत में स्कूली बस के साथ ही ट्रक भी क्षतिग्रस्त हो गया है। हादसे की खबर के बाद घटना स्थल पर भारी भीड़ जुट गई।

    पुलिस भी मौके पर पहुंचकर कार्रवाई में जुट गई। स्कूली बच्चों के हादसे की खबर इलाके में आग की तरह फैल गई। बच्चों के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों को भीड़ ने शांत कराया। हादसा नूंह होडल मार्ग पर हुआ है। बच्चे सुबह स्कूल जा रहे थे। अडबर और रायपुरी गांव के पास यह हादसा हुआ है। हादसे के बाद क्षेत्रवासियों में चीख पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि हादसा घने कोहरे के कारण हुआ है।

  • प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत 21 से 24 दिसम्बर तक आयोजित होंगे विशेष शिविर

    प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत 21 से 24 दिसम्बर तक आयोजित होंगे विशेष शिविर

    ऊना/सुशील पंडित: प्रशासन गांव की ओर अभियान 2022 के तहत ऊना जिला में 21 से 24 दिसंबर तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। यह जानकारी एसडीएम ऊना डॉ निधि पटेल ने इस संबंध में आयोजित बैठक के दौरान दी। डॉक्टर निधि पटेल ने बताया कि सुशासन सप्ताह के तहत चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान जिला के ग्रामीण व दूरदराज क्षेत्रों में क्षेत्रवासियों को उनके घर द्वार पर ही राजस्व तथा अन्य विभागों से संबंधित सभी सुविधाओं को उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 21 दिसम्बर को ग्राम पंचायत जखेड़ा, लाल सिंगी, रैंसरी तथा टक्का के लिए झलेड़ा में, 22 दिसम्बर को ग्राम पंचायत नंदग्रां तथा फतेहपुर के लिए नंदग्रां में, 23 दिसम्बर को ग्राम पंचायत कुरियाला, झम्बर तथा बरनोह के लिए कुरियाला में तथा 24 दिसम्बर को ग्राम पंचायत जखेड़ा, बनगढ़ तथा भटोली के पंचायत घर जखेड़ा में विशेष शिवरों का आयोजन किया जा रहा है।

    उन्होंने राजस्व, ग्रामीण विकास तथा पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सुशासन सप्ताह के दौरान आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों के बारे में जनप्रतिनिधियों के माध्यम से आमजन को अवगत करवाएं ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को उनके घर द्वार पर ही सरकारी सेवाओं का लाभ हासिल हो सके। एसडीएम ऊना ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार द्वारा दिव्यांग व्यक्तियों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र सहित दी जाने वाली अन्य सुविधाओं को भी सुशासन सप्ताह के दौरान कैंप आयोजन के माध्यम से उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाए।

    बैठक में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ रामपाल शर्मा, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर शगुन, जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता  इंजीनियर एच एस ठाकुर, विद्युत विभाग के सहायक अभियंता इंजीनियर कुशल कुमार,सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

  • यूनिवर्सिटी में सुरक्षा गार्डों ने चलाई गोलियां, छात्रों और पुलिस के बीच झड़प, देखें वीडियो

    यूनिवर्सिटी में सुरक्षा गार्डों ने चलाई गोलियां, छात्रों और पुलिस के बीच झड़प, देखें वीडियो

    उत्तर प्रदेशः इलाहाबाद सेंट्रल यूनिवर्सिटी में सोमवार को हिंसक झड़प की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि पूर्व छात्र नेता विवेकानंद पाठक पर यूनिवर्सिटी के सुरक्षा गार्डों ने कई राउंड फायरिंग की है। मारपीट में कई छात्रों को चोट आई है। हालांकि किसी को गोली नहीं लगी है। जिसके बाद छात्र उग्र हो गए।

    छात्रों ने कैंपस में तोड़फोड़ और पत्थरबाजी शुरु कर दी। सूचना पर मौके पर अपर पुलिस आयुक्त आकाश कुलहरि भारी पुलिस बल के साथ कैंपस में पहुंचे और उग्र हुए छात्रों को शांत कराने का लगातार प्रयास कर रहे हैं। सूचना के मुताबिक, हिंसक झड़प में 6 से ज्यादा छात्रों के घायल होने की खबर है। सुरक्षा गार्ड पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि हंगामा लगातार जारी है। वहीं, पुलिस मौके पर पहुंच गई है।

    बता दें कि बीते दिन यानी रविवार की शाम भी इलाहाबाद यूनिवसिर्टी के छात्रों द्वारा हंगामे का मामला प्रकाश में आया था। दरअसल, प्रयागराज स्थित आनंद भवन के सामने स्थित कैफे में संचालक द्वारा कैफे के अंदर सिगरेट पीने से इनकार करने पर छात्रों ने उसे जमकर पीटा था। पूरी घटना चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे पर कैद हो गई थी। इतना ही नहीं आरोप यह भी लगा था कि कैफे संचालक का मोबाइल भी तोड़ दिया था। पड़ताल में इलाहाबाद यूनिवसिर्टी के छात्रों द्वारा हंगामा करने की बात उजागर हुई थी।

  • नहीं रहे भारत-पाकिस्तान 1971 युद्ध के हीरो, अस्पताल में ली अंतिम सांस

    नहीं रहे भारत-पाकिस्तान 1971 युद्ध के हीरो, अस्पताल में ली अंतिम सांस

    पीएम मोदी ने फोन कर जाना था हालचाल 

    जोधपुरः भारत-पाकिस्तान की 1971 की लड़ाई में लोंगेवाला चौकी के हीरो रहे भैरों सिंह राठौड़ का आज निधन हो गया है। सिंह बीते कई दिनों से जोधपुर एम्स में भर्ती थे। हाल ही में पीएम नरेन्द्र मोदी ने भी उनसे फोन कर स्वास्थ्य का हालचाल जाना था। भैरों सिंह राठौड़ (81) मूल रूप से सोलंकिया तला के रहने वाले थे। बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स में रहकर देश की सेवा करने वाले भैरों सिंह राठौड़ को भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर जिले में स्थित लोंगेवाला चौकी का हीरो कहा जाता था। भैरों सिंह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे।

    उन्हें इलाज के लिए जोधपुर एम्स में भर्ती कराया गया था। वहीं पर सोमवार को दोपहर में भैरों सिंह ने अंतिम सांस ली। भैरों सिंह बेटे सवाई सिंह के अनुसार उनको 14 दिसंबर को एम्स में भर्ती कराया गया। उस वक्त उनका स्वास्थ्य बिगड़ गया और उनके शरीर के अंगों में पैरालिसिस हो गया था। फिल्म निर्देशक जेपी दत्ता की बहुचर्चित फिल्म बॉर्डर में भैरों सिंह के अदम्य साहस की कहानी को दिखाया गया था। उसके बाद वे और चर्चित हो गए थे। भैरों सिंह का गांव सोलंकिया तला जोधपुर से करीब 120 किलोमीटर दूरी पर स्थित है। वे वहीं पर रहते थे। बीएसएफ में रहने के दौरान सिंह को भारत-पाक बॉर्डर पर स्थित लोंगेवाला चौकी पर तैनात किया गया था।

    वहां वे बीएसएफ की एक छोटी टुकड़ी को कमांड करते थे। वहां भारतीय सेना की 23 पंजाब रेजिमेंट की एक कंपनी भी तैनात थी। इन जांबाजों ने 5 दिसंबर 1971 को वहीं पर पाकिस्तानी ब्रिगेड और टैंक रेजिमेंट को नेस्तनाबूत कर दिया था। जानकारी के अनुसार भैरों सिंह राठौड़ 1987 में सेवानिवृत्त हुए थे। उसके बाद वे अपने गांव में ही रहने लगे थे। उम्र के इस पड़ाव में भी भैरों सिंह राठौड़ काफी एक्टिव रहते थे। एम्स में भर्ती होने के बाद बीएसएफ के अधिकारी उनके स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे थे। लेकिन अंतत आज लोंगेवाला पोस्ट के हीरो भैरों सिंह राठौड़ ने दुनिया को अलविदा कह दिया। राठौड़ के निधन से उनके गांव में शोक की लहर छा गई।

  • हिमाचल में नेशनल हाईवे पर पहाड़ी से बड़ी चट्टाने, हाईवे हुआ बंद, देखें वीडियो

    हिमाचल में नेशनल हाईवे पर पहाड़ी से बड़ी चट्टाने, हाईवे हुआ बंद, देखें वीडियो

    शिमलाः हिमाचल प्रदेश में मौसम साफ बना हुआ है। सूबे में इस बार व्हाइट क्रिसमस होने की उम्मीद काफी कम है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिन तक मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है। हालांकि, मौसम साफ होने के बावजूद किन्नौर में लैंडस्लाइड हुआ है। यहां पर नेशनल हाईवे पर पहाड़ी से बड़ी बड़ी चट्टाने गिरी हैं और हाईवे बंद हो गया है। फिलहाल हाईवे की बहाली के प्रयास जारी हैं।

    जानकार के अनुसार, किन्नौर में शिमला और काजा को जोड़ने वाले राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 पर उरनी ढांक के पास जेएसडब्ल्यू के फ्लैशिंग टनल के पास यह लैंडस्लाइड हुई है। भारी चट्टान टूटने से राष्ट्रीय उच्च मार्ग अवरुद्ध हो गया है। वाहनों को वाया उरनी भेजा जा रहा है। एसपी किन्नौर विवेक चहल ने बताया कि हाईवे पर लैंडस्लाइड हुआ है, लेकिन कोई जान मॉल के नुकसान नहीं हुआ है। हाईवे की बहाली के लिए मशीनरी लगी हुई है।

    मनाली में कहां तक खुला है हाईवे

    लाहौल पुलिस के अनुसार, लेह-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-003) लाहौल के केलांग से आगे दारचा तक खुला है। शिंकुला सड़क मार्ग 11 AM से 4.00PM तक स्थानीय 4*4 वाहनों के लिए खुला है। पांगी किलाड़ राजमार्ग (SH-26) सभी प्रकार के वाहनों के लिए खुला है। काजा सड़क (NH-505) सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए बन्द है, जो कि अगले साल खुलेगा।

    व्हाइट क्रिसमस के आसार नहीं 

    हिमाचल प्रदेश में इस बार व्हाइट क्रिसमस के आसार नहीं हैं। प्रदेश में एक सप्ताह तक मौसम साफ रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के सभी भागों में 25 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। मैदानी जिलों में 21 दिसंबर तक सुबह और शाम के समय धुंध पड़ने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वर्ष 2016 के बाद से अभी तक शिमला में व्हाइट क्रिसमस की आस पूरी नहीं हुई है और इस बार भी 25 दिसंबर को बर्फबारी के आसार नहीं हैं।

  • पंजाबः रेलवे स्टेशन के बिजली की तारो में लगी आग, यात्रियों ने भागकर बचाई जान

    पंजाबः रेलवे स्टेशन के बिजली की तारो में लगी आग, यात्रियों ने भागकर बचाई जान

    लुधियाना: स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर माल गोदाम के पास देर रात बिजली की तारों में किसी तकनीकी गड़बड़ी की वजह से अचानक आग लग गई। तारों से जोरदार धमाकों के साथ आग की लपटें उठने लगी, जिसके बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे वाली जगह पर खड़े यात्रियों ने इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाई और विद्युत विभाग को खबर करके बिजली की मेन सप्लाई को बंद करवाया गया। 

    मेन सप्लाई बंद होने के बाद आग की लपटें उठनी बंद हो गई और आग आगे फैलने से रूक गई। गनीमत ये रही कि हादसे के समय तारों के नीचे पार्सल विभाग के नग नहीं पड़े थे और यात्रियों की ज्यादा भीड़ मौजूद नहीं थी, वर्ना आग की चपेट में आने से कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था। सूचना के बाद स्थानीय रेल अधिकारियों तथा विद्युत कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर तारों की मरम्मत का कार्य शुरू किया और कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बंद पड़ी बिजली सप्लाई को दोबारा से बहाल किया।