Blog

  • बारिश के बाद अब 4.9 तीव्रता से लगे भूकंप के झटके

    बारिश के बाद अब 4.9 तीव्रता से लगे भूकंप के झटके

    डोडा: बारिश के बाद जम्मू-कश्मीर में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। डोडा जिले में सोमवार सुबह 4.9 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सुबह पांच बजकर 38 मिनट पर भूकंप आया, फिलहाल भूकंप से किसी तरह का नुकसान होने की खबरें नहीं हैं।

    एनसीएस ने बताया कि भूकंप का केंद्र डोडा क्षेत्र में जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। अधिकारियों के अनुसार, डोडा में इस साल जून से लेकर अब तक 12 बार भूकंप के झटके महसूस किए गए है, भूकंप की तीव्रता हर बार अलग-अलग रही है। जिले में 13 जून को 5.4 तीव्रता के भूकंप के कारण मकानों समेत कई इमारतों में दरारें पड़ गई थी। इससे पहले 17 जून को भी जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसका केंद्र कश्मीर के डोडा में था। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 4.4 थी।

  • पंजाब से बड़ी खबरः सरकार ने किया ऐलान, 13 जुलाई तक बंद रहेंगे सभी स्कूल 

    पंजाब से बड़ी खबरः सरकार ने किया ऐलान, 13 जुलाई तक बंद रहेंगे सभी स्कूल 

    चंडीगढ़ः पंजाब में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए है। इसी को देखते हुए पंजाब सरकार ने 13 जुलाई तक स्कूलों में छुट्टियों का ऐलान कर दिया है।  सीएम भगवंत मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार राज्य में लगातार हो रही बारिश के कारण सुरक्षा के दृष्टिगत पंजाब सरकार द्वारा तुरंत प्रभाव से राज्य के सभी सरकारी/सहायता प्राप्त/मान्यता प्राप्त और प्राइवेट स्कूलों में 13 जुलाई छुट्टियों का ऐलान किया गया है। शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि बारिश को ध्यान में रखकर यह फैसला लिया गया है। उन्होंने लोगों से बारिश में घरों से न निकले की अपील की है। 

    बता दें कि पंजाब और चंडीगढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया हुआ है और मौसम विभाग के अनुसार आज दिनभर बारिश होने के आसार हैं। भारी बारिश के कारण चंडीगढ़ में पहली बार सुखना लेक पर पानी का बहाव सबसे ज्यादा देखा गया। ऐसे में पूरे पंजाब में 13 जुलाई और चंडीगढ़ में 10 और 11 जुलाई तक स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए गये हैं।

  • सेक्टर 15 में बिजली की तारों में शार्ट सर्किट से हुए धमाके, देखें वीडियो

    सेक्टर 15 में बिजली की तारों में शार्ट सर्किट से हुए धमाके, देखें वीडियो

    चंडीगढ़ः पंजाब-हरियाणा और चंडीगढ़ में हो रही बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए है। शनिवार की पूरी रात हुई बारिश की वजह से चंडीगढ़ में रविवार को सुबह 5:30 बजे सुखना लेक के फ्लडगेट खोले गए हैं। उधर, सेक्टर 26 बापूधाम, धनास के पुल के ऊपर से पानी बह रहा है। वहीं आज सेक्टर 15 में बारिश के कारण बिजली की तारों में शार्ट सर्किट होने का मामला सामने आया है। इस घटना की वीडियो भी सामने भी आई है। जिसमेें देखा जा सकता है कि कैसे शार्ट सर्किट के कारण तारों में धमाके हो रहे है। मानों ऐसा लग रहा कि जैसे दीवाली पर पटाखे बज रहे है। बिजली की तारों से हो रहे शार्ट सर्किट के बाद इलाके के लोग दहशत में आ गए है। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना बिजली विभाग को दे दी है।

  • सोलन में बारिश से भारी भूस्खलन, फोर लेन हाइवे बाधित, देखें वीडियो

    सोलन में बारिश से भारी भूस्खलन, फोर लेन हाइवे बाधित, देखें वीडियो

    सोलनः हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में भारी बरसात और भूस्खलन से रेल और सड़क आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।  इस वजह से कालका-शिमला हेरिटेज रेलमार्ग दो दिन से बंद है। साथ ही कालका-शिमला राष्ट्रीय उच्च मार्ग- 5 बाधित है। यह उच्च मार्ग फोर लेन है। परवाणू से सोलन तक  एक मार्ग पूरी तरह मलबे से भर गया है। सिर्फ एक मार्ग पर वाहनों की आवाजाही हो रही है ।

  • पोल्ट्री फार्म संचालक की गोली मारकर हत्या, देखें वीडियो

    पोल्ट्री फार्म संचालक की गोली मारकर हत्या, देखें वीडियो

    बुलंदशहर: यूपी के बुलंदशहर में पोल्ट्री फार्म संचालक की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। अज्ञात हत्यारों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। घटना के वक्त संचालक पोल्ट्री फार्म पर सो रहा था। मृतक का बेटा भी फार्म पर ही मौजूद था। संचालक बहन के खेतों में ही पोल्ट्री फार्म चलाता था। संचालक का नाम कौशलेंद्र बताया जा रहा है। पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा दिया। बुलंदशहर के अरनिया थाना क्षेत्र के क्योली खुर्द गांव में वारदात हुई।

    कौशलेंद्र (42) पुत्र किशन लाल निवासी  दुलखरा जहांगीराबाद पिछले एक वर्ष से अपने जीजा कैलाश के पास रह रहा था और कैलाश के क्योली खुर्द थाना अरनिया में स्तिथ खेतों में पोल्ट्री फार्म चलता है। और अक्सर पोल्ट्री फार्म पर सोता था। बीती रात पोल्ट्री फार्म से कुछ ही दूरी पर कौशलेंद्र का पुत्र हरभजन भी सो रहा था। देर रात को कौशलेंद्र की गोली और चाकू मारकर हत्या कर दी गई। सुबह जब उसका बेटा उठा तो उसे पिता को मृत देख परिजनो को जानकारी दी, जिसके बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। हालांकि मौके पर पहुंचे खुर्जा के सीओ दिलीप सिंह फॉरेंसिक विभाग की टीम और अरनिया के थाना प्रभारी निरीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। खुर्जा के सीओ दिलीप सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। मृतक के शरीर पर गोली और चाकू के निशान है जिससे अंदेशा है कि वारदात में एक से अधिक व्यक्ति शामिल रहे हैं।

    सीओ ने शीघ्र हत्या की वारदात का खुलासा करने के थाना प्रभारी निरीक्षक को निर्देश दिए हैं। कौशलेंद्र अपनी गांव की जमीन बेचकर अपनी बहन के गांव क्योली खुर्द में उसकी जमीन पर फार्म हाउस बनाकर परिवार का भरण पोषण कर रहा था। पुलिस सूत्रों की माने तो गोली की आवाज और चाकू लगने के बाद निकलने वाली निकली चीख की आवाज आखिर नजदीक ही सो रहे उसके बेटे को क्यों सुनाई नहीं दी, पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है।

  • जालंधरः इस इलाके में क्रिकेट मैचों पर सट्टा लगाते 2 भाई काबू

    जालंधरः इस इलाके में क्रिकेट मैचों पर सट्टा लगाते 2 भाई काबू

    जालंधर,ENS: क्रिकेट मैचों पर सट्टा लगाने वालों पर पुलिस ने सख्ती से कार्रवाई करते हुए 2 सगे भाईयों को काबू किया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस कमिश्नर कुलदीप सिंह चहल की टीम को सूचना मिली थी कि किशनपुरा ईलाके में रहते सगे भाई क्रिकेट मैचों पर सट्टेबाजी और मैच फिक्सिंग का धंधा करते है। जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस कमिश्नर कुलदीप चहल द्वारा खुद मोनिटरिंग की गई। बताया जा रहा है कि देर रात सीआईए के एसआई हरविन्द्र सिंह व उनकी टीम ने दोनों भाईयों को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि इन दोनों के पीछे एक उभरते नेता का हाथ है जो अपनी राजनीति पैठ जमाने के लिए कुछ महीनों से हाथ-पांव मार रहा है।

    पुलिस अधिकारियों द्वारा दोनो भाईयों से पूछताछ के साथ साथ उनकी कॉल डिटेल और इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारियां जुटाई जा रही हैं। व्यक्तियों की पहचान अतुल अरोड़ा और अजय अरोड़ा निवासी उपकार नगर, किशन पुरा के रूप में हुई है। सूत्रों के अनुसार दोनों भाईयों के लिंक अमृतसर के बड़े बुकी से जुड़े हुए हैं। कहा यह भी जा रहा है कि इनके तार दुबई तक जुड़े हुए हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी होने के कारण अधिकारिक तौर पर पुलिस अधिकारी कुछ नहीं बोल रहे। कहा जा रहा है कि आज इस संबंधी कमिशनरेट जल्द पुलिस खुलासा कर सकती है। सूत्रों के अनुसार दोनो भाईयों के पास से अब तक भारी मात्रा में कैश की रिकवरी हो चुकी है। 

  • लोगों की जेब पर कल से पड़ेगा असर, वाहन पंजीकरण होगा महंगा

    लोगों की जेब पर कल से पड़ेगा असर, वाहन पंजीकरण होगा महंगा

    चंडीगढ़ः शहर में मंगलवार से नए वाहन खरीदकर पंजीकरण करवाने वालों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ जाएगा। यूटी प्रशासन की ओर से जो रोड टैक्स के रेट में इजाफा किया गया है वह 11 जुलाई से लागू हो जाएगा। जिन लोगों ने पहले वाहन खरीदे हैं और पंजीकरण के लिए इंतजार कर रहे हैं ऐसे लोगों ने प्रशासन के इस फैसले पर आपत्ति जाहिर की है। शहर में अब रोड टैक्स मोहाली से महंगा हो गया है। शहर के निवासियों का कहना है कि जिन लोगों ने इस तारीख से पहले वाहन खरीदे थे उनसे बढ़े हुए रोड टैक्स का शुल्क चार्ज नहीं किया जाना चाहिए। इस समय प्रशासन के आरएलए विभाग की ओर से पंजीकरण के लिए एक से डेढ़ माह की अपाइंटमेंट मिलती है। ऐसे में लोगों का कहना है कि उनका क्या कसूर है। वह तो अभी भी पंजीकरण करवाने के लिए तैयार हैं। प्रशासन ही अपाइंटमेंट की तारीख दे रहा है।

    11 जुलाई से नई टैक्स स्लैब के हिसाब से ही रोड टैक्स वाहन खरीदने पर लगेगा। 15 लाख रुपये तक का चार पहिया वाहन चंडीगढ़ से खरीदने पर अब 10 प्रतिशत रोड टैक्स देना होगा। चंडीगढ़ से बाहर कहीं से खरीदा तो इस वाहन पर 12 प्रतिशत रोड टैक्स लगेगा। वहीं 15 लाख से अधिक की कीमत का चार पहिया वाहन चंडीगढ़ से खरीदने पर 12 प्रतिशत टैक्स देना होगा। चंडीगढ़ से बाहर से खरीदने पर 14 प्रतिशत टैक्स लगेगा। अभी तक चंडीगढ़ में चार पहिया वाहन के लिए दो ही स्लैब थे। मैन्यूफेक्चरिंग कंपनी द्वारा निर्धारित एक्स शोरूम प्राइज पर यह टैक्स लगेगा। 20 लाख तक के चार पहिया वाहन पर छह और इससे अधिक पर आठ प्रतिशत रोड टैक्स लगता था।

    चंडीगढ़ से एक लाख रुपये तक का दो पहिया वाहन खरीदने पर आठ प्रतिशत टैक्स लगेगा। चंडीगढ़ के बाहर से खरीदा तो यह बढ़कर 10 प्रतिशत लगेगा। वहीं एक लाख रुपये अधिक का वाहन चंडीगढ़ से खरीदने पर 10 प्रतिशत और चंडीगढ़ से बाहर से खरीदा तो 12 प्रतिशत टैक्स लगेगा। प्रशासन ने शहर और दूसरे राज्यों से खरीदे गए वाहनों का रोड टैक्स बढ़ा दिया है जबकि इलेक्ट्रिक वाहनों का पंजीकरण पूर तरह से मुफ्त कर दिया है। 15 लाख का चार पहिया वाहन अभी के टैक्स स्लैब में खरीदते हैं तो छह प्रतिशत टैक्स के हिसाब से 90 हजार टैक्स लगता है। वहीं अब नई टैक्स स्लैब में इस पर दस प्रतिशत टैक्स लगेगा। इससे यह डेढ़ लाख रुपये टैक्स बनेगा। मनीमाजरा निवासी मंजीत का कहना है कि उन्होंने 10 दिन पहले थार गाड़ी खरीदी है, लेकिन उन्हें पंजीकरण के लिए तारीख अगले माह की मिलेगी। वह आज ही पंजीकरण करवाने के लिए तैयार हैं, लेकिन प्रशासन बढ़े हुए रेट चार्ज करके उनके वाहन की आरसी बनवाएगा। प्रशासन ने पिछले शुक्रवार को मोटर व्हीकल टैक्स में बदलाव कर दिया है।

  • जालंधर : श्री देवी तालाब मंदिर में जानें किन वस्त्रों पर लगी पाबंदी

    जालंधर : श्री देवी तालाब मंदिर में जानें किन वस्त्रों पर लगी पाबंदी

    जालंधर, ENS: पंजाब में कई मंदिरों पर छोटे वस्त्र पहनने पर पाबंद लग चुकी है। वहीं अब सिद्ध शक्तिपीठ श्री देवी तालाब मंदिर प्रबंधक कमेटी ने छोटे वस्त्र पहनकर मंदिर आने वाले भक्तों के लिए नए निर्देश जारी किए हैं। कमेटी द्वारा मंदिर ने बैनकर लगाकर जारी किए गए नए निर्देशों के मुताबिक मंदिर में छोटे वस्त्र, हॉफ पेंट, वरमुडा, मिनी स्कर्ट, कटेफटे जीन्स आदि पहनकर आने पर पाबंदी लगाई गई है। प्रबंधक कमेटी ने इस बाबत मंदिर परिसर के अंदर और बाहर फ्लैक्स भी लगवा दी हैं। बता दें कि इससे पहले अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा समिति ने उत्तर भारत के प्रसिद्ध श्री काली देवी मंदिर में माथा टेकने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से फ्लेक्स बोर्ड लगाकर अपील की है कि श्रद्धालु छोटे कपड़े और हाफ पेंट, बरमूडा, मिनी स्कर्ट, नाइटसूट, कटी-फटी जींस, फ्रॉक और थ्री क्वार्टर जींस पहन पहनकर न आएं।

    समिति ने चेतावनी दी कि इस तरह के कपड़े पहनकर मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को एक सप्ताह समझाया जाएगा। इसके बाद मंदिर में प्रवेश वर्जित कर दिया जाएगा। समिति ने ने फ्लैक्स बाेर्ड काे साेशल मीडिया पर भी वायरल करके अन्य मंदिर कमेटियाें काे यह नियम लागू करने की अपील की है। हालांकि जैसे ही मंदिर कमेटी को वीआईपी गेट पर इस तरह के दिशा-निर्देश संबंधी लगाए गए बोर्ड की सूचना मिली सदस्यों ने बोर्ड को उतरवा दिया। डीसी ने इस मामले की जांच करवाने के निर्देश दिए हैं और स्थानीय विधायक ने श्रद्धालुओं से स्वयं धार्मिक स्थान की मर्यादा बनाए रखने की बात कही है।

    अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा समिति के सदस्यों का कहना है कि शनिवार को मंदिर में पंजाब समेत आसपास के राज्यों से भी हजारों लोग माथा टेकने आते हैं। समिति सदस्यों ने शनिवार को मंदिर के मुख्य गेट पर खड़े होकर श्रद्धालुओं को सचेत किया। उन्होंने कहा कि मंदिर में लोग बहुत छोटे वस्त्र पहनकर आने लगे थे, जिसे देखते हुए यह फैसला किया गया है। मंदिर के मुख्य द्वार पर दो, वीआईपी गेट के बाहर एक और लंगर भवन के बाहर एक कुल 4 बोर्ड श्रद्धालुओं को जागरूक करने के लिए लगाए गए हैं। अपील एक सप्ताह की जाएगी। इसके बाद पांच सदस्यीय टीम मंदिर के मुख्य और वीआईपी गेट पर खड़ी होकर मर्यादित वस्त्र न पहनकर आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर में नहीं जाने देगी। उन्हें बाहर से ही माथा टेकने के लिए कहेगी।

    धार्मिक स्थल में मर्यादित कपड़ों में ही आना चाहिएमेरा निजी तौर पर मानना है कि सभी धार्मिक स्थानों पर लोगों को मर्यादित कपड़े पहन कर ही जाना चाहिए। लेकिन अब सवाल यह है कि यह आदेश सिर्फ श्री काली देवी मंदिर के लिए है या समिति सभी मंदिरों में इसे लागू करवाएगी। समिति और हम सभी को लोगों को धार्मिक स्थानों पर आने से पहले मर्यादित कपड़े पहनने के लिए जागरूक करना चाहिए। इसके लिए शहर में कई धार्मिक आयोजन होते हैं तो बोर्ड लगा सकते हैं ताकि लोगों को जागरूक किया जा सके।-अजीतपाल कोहली, विधायक पटियाला शहरी।

  • नहीं चल रही थी ट्रेन तो जवानों ने लगाया धक्का, वीडियो वायरल

    नहीं चल रही थी ट्रेन तो जवानों ने लगाया धक्का, वीडियो वायरल

    नई दिल्लीः अक्सर इंडियन रेलवे के अजीबो-गरीब वीडियो सामने आते रहते हैं। कभी ट्रेन के अंदर यात्रियों के भीड़ की तो कभी बोगियों के अंदर लोगों के लड़ाई के वीडियो आम हो चुके हैं। इन दिनों सोशल मीडिया पर ट्रेन को धक्का देने का वीडियो वायरल हो रहा जिस पर यूजर्स तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। इससे पहले भी ऐसे वीडियो वायरल हुए हैं जिसमें ट्रेन को धक्का देकर स्टार्ट करते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो को देखकर आप दंग रह जाएंगे।

    एक तरफ जहां भारत में बुलेट ट्रेन चलाने की बात हो रही है। वहीं दूसरी ओर कुछ लोग इस ट्रेन को धक्का देते नजर आ रहे हैं। भारतीय रेलवे का जाल पूरे देश में है। लगभग हर छोटी-बड़ी जगहों पर ट्रेन चलने लगी है। ऐसे किसी ट्रेन को धक्का देकर आगे ले जाने की बात आपको हजम नहीं होगी। इस वीडियो में एक ट्रेन पटरी पर खड़ी है और अचानक कुछ लोग उसे धक्का देने लगे।

    वायरल हो रहे इस वीडियो में पुलिसकर्मी और कुछ रेलवे स्टाफ मिलकर ट्रेन को धक्का लगा रहे हैं। सभी लोग पहले ट्रेन को जिस दिशा में धक्का दे रहे होते हैं, ट्रेन उस दिशा में थोड़ी भी आगे नहीं बढ़ती है। इसके बाद सभी लोग दूसरी दिशा में ट्रेन को धक्का देने लगते हैं और थोड़ी ही देर में ट्रेन धीरे-धीरे आगे बढ़ने लगती है। जैसे ही ट्रेन आगे बढ़ती है सभी रेलवे स्टाफ खुश नजर आते है।

  • पानी में फंसी यात्रियों से भरी बस, कुछ छत पर चढ़े, किसी ने कूदकर बचाई जान, देखें वीडियो

    पानी में फंसी यात्रियों से भरी बस, कुछ छत पर चढ़े, किसी ने कूदकर बचाई जान, देखें वीडियो

    देहरादूनः हिमाचल प्रदेश से देहरादून आ रही रोडवेज की बस रपटे पर पानी के तेज बहाव में फंस गई। बस में सवार 30 यात्री घबराकर छत पर चढ़ गए और कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई। मौके पर पहुंची पुलिस ने यात्रियों को बहाव से निकाला और फिर बस को ट्रैक्टर से बाहर किया। इस दौरान करीब आधे तक यात्री बस की छत पर फंसे रहे। रविवार सुबह से हो रही तेज बारिश के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में सभी नदी-नाले भी उफान पर थे। शिमला बाईपास रोड स्थित रामगढ़ गांव के रपटे में भी तड़के से पानी का तेज बहाव था। सभी वाहनों को पुलिस और स्थानीय लोगों ने दोनों तरफ रुकवा दिया था।

    लेकिन, इसी बीच पांवटा साहिब की ओर से आ रही हिमाचल रोडवेज की बस का चालक दुस्साहस करते हुए बस को रपटे में ले गया। अभी आधा रपटा ही पार किया था कि पानी के बहाव ने बस को एक किनारे धकेल दिया। इससे बस वहीं फंस गई। बस फंसते ही अंदर बैठे यात्रियों में चीखपुकार मच गई। इसके बाद एक-एक कर सभी यात्री खिड़कियों के रास्ते बस की छत पर चढ़ गए। महिलाओं और बच्चों को भी दूसरे यात्रियों ने सहारा दिया। बस चालक और परिचालक दोनों बस के अंदर ही थे। इस बीच यात्री छत से कूदने लगे।

    कुछ देर बाद वहां नया गांव पुलिस चौकी से प्रभारी जयवीर सिंह फोर्स के साथ पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से यात्रियों को बहाव से निकाला। कुछ देर बाद रपटे पर पानी का बहाव भी धीमा हो गया था। इसके बाद गांव से ट्रैक्टर बुलवाकर बस को निकाला गया। एसएचओ पटेलनगर सूर्यभूषण नेगी ने बताया, हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है। रामगढ़ में रपटे के बाहर चेतावनी बोर्ड भी लगा दिया गया है।