Blog

  • Punjab News: रेलवे क्वार्टर से टेक्नीशियन का शव बरामद, देखें वीडियो

    Punjab News: रेलवे क्वार्टर से टेक्नीशियन का शव बरामद, देखें वीडियो

    लुधियानाः रेलवे स्टेशन के पास रेलवे कॉलोनी से एक रेलवे क्वार्टर में संदिग्ध परिस्थितियों में रेल कर्मचारी का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान अवधेश कुमार यादव के रूप में हुई है, जो रेलवे में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत था। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत स्थानीय पुलिस व रेलवे यूनियन के पदाधिकारियों को सूचित किया गया। जानकारी के अनुसार, अवधेश कुमार पिछले कुछ दिनों से अपने कमरे से बाहर नहीं देखा गया था। बीते शाम जब पड़ोसियों को क्वार्टर के पास से असहनीय और तेज बदबू आने लगी, तो उन्होंने इसकी सूचना रेलवे के अन्य कर्मचारियों और अधिकारियों को दी।

    जब यूनियन के सदस्यों ने जाकर देखा तो दरवाजा खुला हुआ था, लेकिन अंदर का नजारा बेहद खौफनाक था। अवधेश कुमार का शव बुरी तरह सड़ चुका था। एनआरएमयू (NRMU) के ब्रांच प्रधान गौरव शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वे मौके पर पहुँचे। शव की स्थिति बेहद खराब हो चुकी थी, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि अवधेश की मौत करीब 4 से 5 दिन पहले ही हो चुकी थी। अत्यधिक गर्मी के कारण शव पूरी तरह से फूल गया था, आँखें और जीभ बाहर आ चुकी थीं।

    गौरव शर्मा ने बताया कि उन्हें आखिरी बार कुछ दिनों पहले रात 11 बजे दफ्तर में ड्यूटी से संबंधित जानकारी लेते देखा गया था, जिसके बाद से उनका कोई अता-पता नहीं था। वह शराब पीने के आदी थे, आशंका है कि अत्यधिक शराब के सेवन और भीषण गर्मी के कारण उनकी जान गई होगी। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ हो पाएगी। थाना डिवीजन नंबर 8 के पुलिस अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना कल शाम करीब 7:30 से 8:00 बजे के बीच मिली थी।

    मृतक अवधेश कुमार यादव बिहार के भागलपुर का रहने वाला था। उनकी पत्नी पिछले 8-10 दिनों से अपने गांव (बिहार) गई हुई थीं, जिसके कारण अवधेश क्वार्टर में अकेले ही रह रहे थे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर लुधियाना के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। घटना की जानकारी तुरंत बिहार में रह रहे मृतक के परिजनों और उनकी पत्नी को दे दी गई है। परिजनों के लुधियाना पहुँचने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा, जिसके बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश में जुटी है।

  • ईरान-अमेरिका हमले से शेयर बाजार में आई भारी गिरावट, कच्चे तेल में आया उछाल

    ईरान-अमेरिका हमले से शेयर बाजार में आई भारी गिरावट, कच्चे तेल में आया उछाल

    नई दिल्लीः ईरान पर अमेरिका के हमले के बाद एक बार फिर से ग्लोबल मार्केट की टेंशन बढ़ गई है और शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ खुले हैं। बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी ने 3 दिन की सारी बढ़त गंवा दी। दरअसल, पश्चिमी एशिया में फिर से तनाव बढ़ने के बाद कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के चलते बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में शुरुआती कारोबार में गिरावट देखने को मिली। 8 जुलाई को एनएसई निफ्टी 50 160.85 अंक गिरकर 24,237.85 पर खुला, जबकि बीएसई सेंसेक्स 500.54 अंक गिरकर 77,680.18 पर खुला।

    हालांकि, फार्मा और हेल्थकेयर शेयरों ने इस रुझान को उलट दिया। निफ्टी 50 में डॉ. रेड्डीज लैब, सिप्ला, ONGC,सन फार्मा, विप्रो और मैक्स हेल्थकेयर शीर्ष लाभ कमाने वाले शेयर रहे। जापान का बेंचमार्क निक्केई 225 0.55% गिरा, जबकि टॉपिक्स 0.7% की गिरावट के साथ दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.72% और स्मॉल-कैप कोस्डैक 1.94% नीचे आया। हांगकांग के हैंग सेंग इंडेक्स का वायदा भाव 23,499 पर था, जबकि पिछले दिन यह 23,496.89 पर बंद हुआ था।

    वहीं ब्रेंट क्रूड ढाई फीसदी चढ़कर 76 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है। इसके अलावा मीडिया, पीएसयू बैंक, रियल्टी, सीमेंट, मेटल, ऑटो और एफएमसीजी इंडेक्स भी 1% तक नीचे फिसले। हालांकि, फार्मा सेक्टर में तेजी रही और निफ्टी फार्मा 0.73% चढ़ा। आईटी सेक्टर में भी 0.25% की हल्की बढ़त देखी गई। आज के कारोबारी सत्र और मंदी के इस बाजार में फिर से डिफेंस शेयरों में खरीदारी देखने को मिल रही है। निफ्टी फार्मा और हेल्थकेयर इंडेक्स 1 फीसदी तक चढ़ गए हैं।

     

     

     

  • बारिश का कहरः मकान की छत गिरने से देवरानी और जेठानी की मौत

    बारिश का कहरः मकान की छत गिरने से देवरानी और जेठानी की मौत

    गोहानाः हरियाणा में बीते 24 घंटे में जोरदार बारिश हुई है। गुरुग्राम में बारिश से जहां हाहाकार मच गया। वहीं, सोनीपत समेत अन्य जिलों में जलभराव की वजह से लोगों को परेशानी हुई। गोहाना क्षेत्र के गांव महमूदपुर में देर रात दर्दनाक हादसे में देवरानी-जेठानी की मौत हो गई। मृतक महिलाओं की पहचान सुनील और बिमला के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार घटना के दौरान दोनों महिलाएं पुराने मकान में सो रही थीं।

    इस दौरान अचानक देर रात अचानक मकान की छत भरभराकर गिर गई, जिससे दोनों मलबे में दब गईं। लगभग दो घंटे बाद स्वजन व ग्रामीणों को घटना का पता लगा जिसके बाद उन्हें बाहर निकाला गया। दोनों को भगत फूल सिंह राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि रात लगभग दो बजे मकान का कमजोर शहतीर टूट गया और छत दोनों के ऊपर आ गिरी।

    हादसे के समय परिवार के अन्य सदस्य दूसरे मकान में सो रहे थे, जिससे वे सुरक्षित बच गए। तड़के लगभग 4 बजे पुत्रवधू पुराने मकान की तरफ आए तो घटना का पता चला। मलबा हटाकर दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उनको मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों का कहना है कि मंगलवार को दिन में और इससे दो दिन पहले भी वर्षा हुई थी। नमी के कारण पुराने मकान की छत और शहतीर कमजोर हो गए थे। कयास लगाए जा रहे हैं कि वर्षा से बढ़े दबाव के चलते शहतीर टूट गया और यह हादसा हो गया।

  • स्कूल बस का इंतजार कर रहे 5 बच्चों को कार सवार महिला ने रौंदा

    स्कूल बस का इंतजार कर रहे 5 बच्चों को कार सवार महिला ने रौंदा

    नोएडाः ग्रेटर नोएडा वेस्ट की पंचशील ग्रीन-2 सोसायटी के बाहर बुधवार सुबह कार सवार महिला ने सामने खड़े 5 स्कूली बच्चों को जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें बच्चे घायल हो गए। एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। बच्चों का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक महिला अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही थी। आरोप है कि कार चलाते समय वह मोबाइल फोन देख रही थी।

    सोसायटी के गेट से निकलते समय महिला से कथित तौर पर ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दब गया। पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच कर रही है। घटना उस वक्त हुई जब सोसायटी में रहने वाले कुछ बच्चे स्कूल बस पकड़ने के लिए सोसायटी के गेट के बाहर खड़े थे। तभी एक महिला कार लेकर वहां से गुजरी। पुलिस के मुताबिक, महिला अभी कार चलाना सीख ही रही थी और उसे गाड़ी चलाने का ज्यादा अनुभव नहीं था।

    इसी दौरान उसकी कार से नियंत्रण छूट गया और गाड़ी सीधे उन बच्चों की तरफ बढ़ गई जो बस का इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी ली और जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल यह साफ नहीं हुआ है कि महिला के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई की जाएगी या नहीं, लेकिन पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है ताकि पूरी घटना का सही कारण सामने आ सके।

  • आज का राशिफल, 8 जुलाई 2026

    आज का राशिफल, 8 जुलाई 2026

    आज रेवती नक्षत्र की एनर्जी हर राशि में एक ही संदेश दे रही है कि पुराना और अधूरा काम पूरा करो, नया शुरू करने की जल्दी नहीं। बुधदेव 24 जुलाई तक वक्री हैं इसलिए नया कॉन्ट्रैक्ट, बड़ी खरीदारी या नया समझौता अभी टालें। यात्रा और काम के पूरा होने का माहौल है। यात्रा का बनाया हुआ प्लान आज अमल में ला सकते हैं। शाम के बाद गंडांत की वजह से आराम को प्राथमिकता दें। कन्या और धनु राशि के जातक नए व्यावसायिक समझौतों को जल्दबाजी में न करें। सिंह, तुला और मकर राशि के जातकों को पुरानी शारीरिक तकलीफों से मुक्ति मिल सकती है। ग्रह-गोचर के आधार पर विस्तार से जानते हैं आपका आज का राशिफल।

    मेष राशि: यात्रा का योग बन सकता है, आज आत्मचिंतन करें। मेष राशि वालों के लिए आज का दिन एकांत और आत्मचिंतन का है। रेवती नक्षत्र की यात्रा और काम के पूरा होने की एनर्जी एकांत वाले घर में है, जिससे आज अकेले में बैठकर किसी पुराने और अधूरे काम को हाथ लगाएं, तो वो पूरा होने की दिशा में बढ़ेगा। नींद अच्छी आएगी, इसका लाभ उठाएं। लग्नेश मंगलदेव पैसों में उन्नति की एनर्जी दे रहे हैं। घर में बृहस्पति का दिव्य साथ जारी है, जमीन या संपत्ति से जुड़ा कोई पुराना मामला आज हल होने की राह पर हो सकता है। बातचीत में एक ताजी एनर्जी है। भाई-बहन से आज अचानक कोई जरूरी बात हो सकती है।

    वृष राशि: कोई पुरानी इच्छा पूरी होने के आसार हैं। वृष राशि वालों के लिए आज का दिन लाभ और बातचीत के मामले में अच्छा है। लाभ वाले घर में रेवती की काम के पूरा होने एनर्जी है, जिससे कोई पुरानी इच्छा या लंबे समय से रुका हुआ काम आज पूरा होने की दिशा में बढ़ सकता है। किसी पुराने मित्र से आज अचानक मुलाकात या संदेश आ सकता है, जो फायदेमंद हो। बातचीत में बृहस्पति का दिव्य साथ है जिससे जो कहेंगे वो असर करेगा। लग्नेश शुक्रदेव घर वाले भाव में हैं, जिससे घर का माहौल सुकूनदेह है, मां या परिवार के किसी सदस्य के साथ आज अच्छा वक्त बिताएं। वाहन से जुड़ा कोई छोटा काम भी आज निपटाया जा सकता है। हालांकि बुधदेव वक्री हैं इसलिए नई योजना में आज पैसा न लगाएं।

    मिथुन राशि: आज बॉस से कोई बात कहेंगे, तो वह पूरी हो सकती है। मिथुन राशि वालों के लिए आज का दिन करियर के लिहाज से असरदार है। करियर वाले घर में रेवती की काम के पूरा होने एनर्जी है जिससे कोई पुराना और अटका हुआ काम आज पूरा करने का मौका मिल सकता है। बॉस या किसी वरिष्ठ से आज सीधी बात करने का माहौल अनुकूल है। सरकारी काम हो तो आज कुछ आगे बढ़ सकता है। लग्नेश बुधदेव वक्री हैं इसलिए पैसों में नई खरीदारी या निवेश फिलहाल टालें। सूर्यदेव लग्न पर एक नई और ताजी एनर्जी देते हैं, जिससे आज पूरे दिन उत्साह बना रहेगा।

    कर्क राशि: भाग्य का साथ मिलेगा, तीर्थ का प्लान बन सकता है। कर्क राशि वालों के लिए आज का दिन भाग्य और व्यक्तित्व दोनों के लिहाज से खास है। भाग्य वाले घर में रेवती नक्षत्र है जो यात्रा और काम के पूरा होने का नक्षत्र है। किसी तीर्थ स्थान पर जाने या लंबी यात्रा का प्लान आज बन सकता है। गुरू या किसी बड़े का मार्गदर्शन आज मिले, तो उसे ध्यान से सुनें। बृहस्पति लग्न पर हैं, जिससे व्यक्तित्व में खास समझदार है। आज आपसे जो भी मिलेंगे, वो प्रभावित होंगे। योगकारक मंगलदेव लाभ में एक जोशीली एनर्जी देते हैं, कोई पुरानी इच्छा पूरी हो सकती है। हालांकि, बुधदेव वक्री हैं इसलिए बातचीत में शब्दों को तोल-मोलकर रखें। कुछ समय अपने लिए निकालें और आत्ममंथन जरूर करें।

    सिंह राशि: छुपे मामलों में आज एक पुरानी बात सौम्यता से करने पर सुलझेगी। सिंह राशि वालों के लिए आज का दिन छुपे मामलों और साझेदारी दोनों के लिहाज से शांत और गहरा है। छुपे मामलों वाले घर में रेवती की काम के पूरा होने एनर्जी है। बीमा, आयकर या कोई पुराना दस्तावेज जो अटका हो, वो आज हल होने की दिशा में बढ़ सकता है। साझेदारी में रेवती की सौम्य ऊर्जा है, जिससे पार्टनर के साथ कोई पुरानी बात आज शांति से सुलझ सकती है। शुक्रदेव लग्न पर बैठकर आकर्षण को चार चांद लगा रहे हैं। लग्नेश सूर्यदेव लाभ वाले घर में हैं, जिससे आमदनी के रास्ते खुल सकते हैं। योगकारक मंगलदेव करियर में आपकी स्थिति को आज मजबूत रखेंगे।

    कन्या राशि: विदेशी संपर्क से कोई काम की बात हो सकती है। कन्या राशि वालों के लिए आज का दिन साझेदारी और करियर दोनों के मामले में शांत और अनुकूल है। साझेदारी वाले घर में रेवती की ऊर्जा काम के पूरा होने में मददगार साबित होगी। किसी पुराने व्यावसायिक साझेदार के साथ कोई चर्चा या डील अधूरी रह गई हो, तो उसे आप पूरा कर सकते हैं। विदेशी संपर्क से भी आज कोई काम की बात आ सकती है। करियर में सूर्यदेव आपकी स्थिति को मजबूत रखेंगे। पिता का आशीर्वाद लें। लग्नेश बुधदेव वक्री होकर करियर वाले घर में हैं, जिससे पुराने प्रोजेक्ट्स पर दोबारा ध्यान दें। लाभ में बृहस्पति का दिव्य साथ जारी है, कोई मनोकामना पूरी हो सकती है। शनिदेव साझेदारियों में स्थिरता बनाए हुए हैं।

    तुला राशि: दिनचर्या में कुछ नया जोड़ने का दिन है। तुला राशि वालों के लिए आज का दिन सेहत और घर दोनों के मामले में शांत और गहरा है। सेहत वाले घर में रेवती की हीलिंग वाली एनर्जी पुरानी तकलीफ को ठीक करने में मदद करेगी। दिनचर्या में कुछ नया जोड़ने का आज सही वक्त है, सुबह की सैर या व्यायाम शुरू करें। चंद्रदेव एक शांत और आध्यात्मिक ऊर्जा लाए हैं, मां या घर के बड़े के साथ कोई पुरानी और अहम बात आज हो सकती है। लग्नेश शुक्रदेव आपकी सामाजिक स्थित को बढ़ा रहे हैं। बृहस्पति करियर में आपके ज्ञान से आगे बढ़ाने में मदद करेंगे। हालांकि बुधदेव वक्री हैं इसलिए कोई तकलीफ होने पर खुद डॉक्टर न बनें। उचित परामर्श के बाद दवा लें।

    वृश्चिक राशि: कोई पुराना काम आज मनोरंजन का जरिया बनेगा। वृश्चिक राशि वालों के लिए आज का दिन रचनात्मकता और भाग्य दोनों के मामले में शानदार हो सकता है। रचनात्मकता वाले घर में रेवती की काम के पूरा होने एनर्जी है। कोई पुराना रचनात्मक काम आज करें, वो आपके मनोरंजन का जरिया भी बन सकता है। शाम को परिवार के साथ मनोरंजन के लिए वक्त निकालें, बच्चों के साथ कुछ खेलें या फिल्म देखें। भाग्य वाले घर में बृहस्पति का दिव्य साथ है, किसी लंबी यात्रा का प्लान बन सकता है। लग्नेश मंगलदेव साझेदारी में उन्नति की एनर्जी देते हैं। व्यावसायिक पार्टनर के साथ कोई पुरानी बात आज आगे बढ़ सकती है।

    धनु राशि: धनु राशि वालों के लिए आज का दिन घर और बातचीत दोनों के लिहाज से शांत और असरदार है। घर में कोई पुरानी और अटकी हुई बात आज शांत तरीके से सुलझ सकती है। जमीन या संपत्ति से जुड़ा कोई पुराना विवाद या मामला आज कुछ आगे बढ़ सकता है। बातचीत में लग्नेश बृहस्पति और बुधदेव का साथ है, किसी पुराने विषय पर गहरी बातचीत हो सकती है। भाई-बहन से आज अचानक कोई जरूरी बात हो सकती है। मंगलदेव सेहत में एक जोशीली एनर्जी देते हैं।

    मकर राशि: छोटे सफर का प्लान बन सकता है। मकर राशि वालों के लिए आज का दिन बातचीत और साझेदारी दोनों के लिहाज से शांत और गहरा है। बातचीत वाले घर में चंद्रदेव और लग्नेश शनिदेव दोनों रेवती नक्षत्र में हैं — आज की बातचीत में एक ऐसी परिपक्वता है जो आगे काम आएगी। किसी छोटी यात्रा का प्लान आज बन सकता है। भाई-बहन से कोई जरूरी काम की बात हो सकती है। उनकी मदद और साथ मिलेगा। व्यावसायिक साझेदार के साथ कोई पुरानी बात आज सुलझ सकती है। जीवनसाथी के साथ धार्मिक स्थान पर जा सकते हैं। योगकारक शुक्रदेव छुपे मामलों में एक गरिमामय एनर्जी देते हैं।

    कुंभ राशि: उधार चुकाने का दिन है, दिनचर्या में व्यायाम की शुरुआत कर सकते हैं। कुंभ राशि वालों के लिए आज का दिन धन और सेहत दोनों के मामले में शांत और गहरा है। धन वाले घर में चंद्रदेव और लग्नेश शनिदेव दोनों रेवती नक्षत्र में हैं। लिहाजा, पैसों का कोई पुराना मामला आज सुलझ सकता है। पुराना उधार चुकाने का आज अच्छा मौका है। आंखों की कोई पुरानी तकलीफ हो, तो उसे नजरअंदाज न करें, डॉक्टर से मिलें। सेहत में बृहस्पति का दिव्य साथ है। दिनचर्या में व्यायाम जोड़ें, फायदा होगा। योगकारक शुक्रदेव साझेदारी में आपके आकर्षण से काम बनवा सकते हैं। राहुदेव लग्न पर एक चुंबकीय आकर्षण दे रहे हैं। हालांकि, शाम के समय मन थोड़ा विचलित हो सकता है।

    मीन राशि: आज एक नए सफर की तैयारी का प्लान बना सकते हैं। मीन राशि वालों के लिए आज का दिन बेहद खास है। चंद्रदेव रेवती नक्षत्र में सीधे आपकी राशि पर हैं। रेवती नक्षत्र यात्रा और शुभ काम के पूरा होने का नक्षत्र है। एक लंबी यात्रा का प्लान आज बन सकता है या किसी पुराने सफर का हिसाब-किताब आज पूरा होगा। विदेश से कोई खबर भी आ सकती है। लग्नेश बृहस्पति रचनात्मकता और प्रेम वाले घर में हैं, जिससे प्रेम में एक गहरी और शांत समझ आएगी। बच्चों के साथ आज मनोरंजन क लिए कुछ वक्त निकालें, मन खुश रहेगा। शनिदेव भी लग्न पर हैं, जिससे एक कार्मिक धैर्य का भाव है।

  • रिंदर कुमार गोयल ने शाहपुरकंडी के दो नए वाटर चैनलों का किया उद्घाटन

    रिंदर कुमार गोयल ने शाहपुरकंडी के दो नए वाटर चैनलों का किया उद्घाटन

    चंडीगढ़ / पठानकोट : पजाब के जल संसाधन मंत्री श्री बरिंदर कुमार गोयल ने आज शाहपुरकंडी के दो नव-निर्मित वाटर चैनलों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इन वाटर चैनलों के निर्माण से किसानों को सिंचाई के लिए सीधे पानी उपलब्ध होगा। इसके अलावा उन्होंने जिला पठानकोट में रंजीत सागर डैम, शाहपुरकंडी डैम बैराज परियोजना तथा माधोपुर हेडवर्क्स का दौरा कर पिछले वर्ष आई बाढ़ से हुए नुकसान के बाद कराए गए पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों का जायजा लिया।

    इस अवसर पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एस.ई. गुरपिंदर संधू, रंजीत सागर डैम के प्रमुख शेर सिंह तथा अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित थे।

    दौरे के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री स भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार राज्य में नहरी सिंचाई को मजबूत करने, कृषि को अधिक लाभकारी बनाने तथा भूजल संरक्षण के लिए ऐतिहासिक कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि 5 नवंबर 2025 को शाहपुरकंडी डैम परियोजना के लोकार्पण के बाद शाहपुरकंडी चैनल के माध्यम से खेतों तक नहरी पानी की आपूर्ति शुरू होने से कंडी क्षेत्र के किसानों की दशकों पुरानी मांग पूरी हुई है।

    उन्होंने बताया कि पहले लगभग 6,900 एकड़ भूमि को लिफ्ट सिंचाई के माध्यम से पानी मिलता था, लेकिन पिछले 15 वर्षों से यह सुविधा बंद थी। पंजाब सरकार ने शाहपुरकंडी चैनल नंबर 3 और 4 का पुनर्निर्माण कर अतिरिक्त 6,000 एकड़ क्षेत्र को सिंचाई के दायरे में लाया है। इसके परिणामस्वरूप अब लगभग 13,000 एकड़ भूमि को नहरी पानी उपलब्ध हो रहा है। लगभग 25 किलोमीटर लंबी इन चैनलों की कंक्रीट लाइनिंग और पुनर्निर्माण पर 38 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इससे जुगियाल, माधोपुर, रानीपुर सहित 15 गांवों की बंजर एवं पथरीली भूमि खेती योग्य बनी है और वर्षों बाद इन क्षेत्रों में नहरी पानी से खेती संभव हुई है।

    कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जब सरकार ने कंडी क्षेत्र तक नहरी पानी पहुंचाने की घोषणा की थी, तब कई लोगों ने इस पर सवाल उठाए थे, लेकिन आज यह वादा पूरी तरह साकार हो चुका है। उन्होंने कहा कि खेतों तक नहरी पानी पहुंचाकर सरकार ने न केवल किसानों को बड़ी राहत दी है, बल्कि भूजल संरक्षण की दिशा में भी ऐतिहासिक कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि यदि भूजल स्तर लगातार गिरता रहता तो भविष्य में पंजाब को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ता।

    श्री गोयल ने कहा कि पंजाब सरकार ने हजारों किलोमीटर नहरों और खालों के निर्माण एवं मरम्मत के माध्यम से सिंचाई व्यवस्था को मजबूत किया है। पहले पंजाब के हिस्से का केवल 26 प्रतिशत पानी ही सिंचाई में उपयोग होता था, जबकि अब यह बढ़कर लगभग 80 प्रतिशत हो गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इसे 86 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

    माधोपुर हेडवर्क्स के संबंध में उन्होंने बताया कि 27 अगस्त 2025 को आई भीषण बाढ़ से हुए नुकसान के बाद विभाग ने युद्ध स्तर पर कार्य करते हुए दोनों ओर लगभग 500 मीटर लंबे सुरक्षा बांधों का निर्माण किया। अस्थायी रिंग बांध बनाकर 1 अक्टूबर 2025 से पंजाब और जम्मू-कश्मीर की नहरों में पुनः पूर्ण क्षमता के साथ पानी की आपूर्ति शुरू कर दी गई। उन्होंने बताया कि 54 गेटों का आधुनिकीकरण कर उन्हें विद्युत मोटरों से संचालित करने योग्य बनाया गया तथा क्षतिग्रस्त तीन गेटों का नए डिजाइन के अनुसार रिकॉर्ड समय में पुनर्निर्माण किया गया। इन सभी कार्यों पर लगभग 50 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं।

    उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा 17 किलोमीटर लंबे वाटर कोर्सों की लाइनिंग पर 3.61 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जिससे पानी की बचत हुई है तथा टेल एंड तक नहरी पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हुई है।

    बरसात के मौसम की तैयारियों के संबंध में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष बाढ़ के दौरान जिन-जिन स्थानों को कमजोर एवं संवेदनशील पाया गया था, वहां सुदृढ़ीकरण और मरम्मत के सभी कार्य पहले ही पूरे कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार बाढ़ जैसी किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और लोगों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार ने सभी सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित कर दिए हैं, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

  • विजिलेंस ब्यूरो ने रिकवरी एजेंट को 10,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों किया काबू

    विजिलेंस ब्यूरो ने रिकवरी एजेंट को 10,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों किया काबू

    चंडीगढ़ : पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के दौरान, सेवियर रिकवरी एजेंसी, लुधियाना की कंपनी में कार्यरत रिकवरी एजेंट रवनीत सिंह को 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू किया है। आज यहां यह खुलासा करते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को कबीर नगर, बस्ती जोधेवाल, लुधियाना के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता वर्ष 2007 से अपने आवास की पहली मंजिल पर “जी.एन.डब्ल्यू.” नाम से एक कपड़ा फैक्ट्री चला रहा है। शिकायतकर्ता ने फैक्ट्री के लिए आईडीबीआई बैंक से 40 लाख रुपये की नकद क्रेडिट (सीसी) सीमा/ऋण प्राप्त किया था। भुगतान न होने के कारण ऋण का मामला वर्तमान में चंडीगढ़ स्थित ऋण वसूली न्यायाधिकरण (डीआरटी) में विचाराधीन है।

    25-05-2026 को रवनीत सिंह नामक एक व्यक्ति ने शिकायतकर्ता से संपर्क किया। स्वयं को तहसील पूर्वी, लुधियाना का कर्मचारी बताते हुए रवनीत सिंह ने शिकायतकर्ता को तहसील पूर्वी प्राधिकरण के हस्ताक्षर वाला एक नोटिस दिया। उसने शिकायतकर्ता को बताया कि आईडीबीआई बैंक 28-05-2026 को संपत्ति पर कब्जा करने वाला है। आरोपी रवनीत सिंह ने कब्जा दिलाने में देरी करवाने के लिए 60,000 रुपये रिश्वत की मांग की और वादा किया कि वह ऋण के निपटारे के लिए तीन माह की अवधि बढ़वाने में मदद करेगा। प्रवक्ता ने आगे बताया कि रवनीत सिंह पहले ही निपटारे की सुविधा दिलाने के नाम पर कथित रूप से अन्य अधिकारियों के नाम पर 20,000 रुपये की पहली किस्त ले चुका था। अब वह 10,000 रुपये की दूसरी किस्त की मांग कर रहा था। शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगते हुए आरोपी की बातचीत रिकॉर्ड कर ली।

    अवैध रिश्वत देने के लिए तैयार न होने के कारण शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो रेंज, लुधियाना से संपर्क किया। उसकी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने दो सरकारी गवाहों की उपस्थिति में आरोपी रिकवरी एजेंट को शिकायतकर्ता से 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान आरोपी रवनीत सिंह तहसील पूर्वी, जिला लुधियाना का कर्मचारी नहीं पाया गया, बल्कि वह सेवियर रिकवरी एजेंसी, लुधियाना में रिकवरी एजेंट के रूप में कार्यरत पाया गया। यदि आईडीबीआई बैंक या तहसील पूर्वी के किसी अधिकारी/कर्मचारी की भूमिका सामने आती है, तो जांच के दौरान उसके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में विजिलेंस ब्यूरो के थाना लुधियाना में आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है तथा आगे की जांच जारी है।

  • पंजाब सरकार सुरक्षित मानसून सीजन सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार: बरिंदर कुमार गोयल

    पंजाब सरकार सुरक्षित मानसून सीजन सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार: बरिंदर कुमार गोयल

    चंडीगढ़, 7 जुलाईः पंजाब के जल संसाधन मंत्री श्री बरिंदर कुमार गोयल ने आज जल संसाधन विभाग के मुख्यालय में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए राज्य में बाढ़ एवं मानसून संबंधी सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। मानसून के दौरान किसी भी संभावित बाढ़ जैसी स्थिति से लोगों की सुरक्षा के लिए मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पूरे पंजाब में लोगों के जान-माल, कृषि भूमि तथा सार्वजनिक बुनियादी ढांचे की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मजबूत निगरानी प्रणाली और सुरक्षा तंत्र विकसित किया है।

    बता दें कि हाल ही में कैबिनेट मंत्री ने बाढ़ संभावित विभिन्न संवेदनशील स्थानों का व्यापक दौरा कर वहां चल रहे तथा पूर्ण हो चुके कार्यों का जायजा लिया था और विभाग की तैयारियों की गहन समीक्षा की थी।आज उच्च स्तरीय बैठक में कैबिनेट मंत्री ने पूरे पंजाब में बाढ़ सुरक्षा एवं ड्रेनेज प्रबंधन से संबंधित किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इसमें ड्रेनों की सफाई, बोल्डर स्टोन (बड़े पत्थरों के साथ) एवं हाइब्रिड सुरक्षा कार्य, बाँधों को ऊंचा एवं मजबूत करना, फ्लड कंट्रोल गेटों की कार्यशीलता तथा संवेदनशील स्थानों पर ठोस बाढ़ सुरक्षा उपाय शामिल थे। श्री बरिंदर कुमार गोयल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ की संभावना को ध्यान में रखते हुए सभी संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा दरियाओं, ड्रेनों, बांधों और बाढ़ सुरक्षा ढांचे की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी हिदायत की कि जहां भी कोई कमी दिखाई दे, वहां तुरंत सुधारात्मक कदम उठाए जाएं ताकि मानसून के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

    राज्यभर में गाद निकालने के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए मंत्री ने विभिन्न कार्यान्वयन मॉडलों के तहत किए जा रहे कार्यों का मूल्यांकन किया। इनमें टेंडर आधारित परियोजनाएं, वॉल्यूम शेयरिंग व्यवस्था, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरणों को स्वीकृति के लिए भेजे गए स्थल तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थान शामिल हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के चरम दौर से पहले गाद निकालने के सभी कार्य समय पर पूरे किए जाएं, ताकि सुचारू निकासी को और बेहतर बनाया जा सके और भारी वर्षा के दौरान जलभराव को रोका जा सके। अधिकारियों ने कैबिनेट मंत्री को बताया कि बाढ़ सुरक्षा कार्यों के तहत 101 बोल्डर स्टोन एवं हाइब्रिड सुरक्षा कार्य, 17 बांधों को ऊंचा उठाने, 22 तटबंधों को मजबूत करने, 188 ड्रेनों की सफाई तथा पांच फ्लड कंट्रोल गेटों के संचालन संबंधी कार्य किए गए हैं, जिन पर लगभग 414.75 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

    कैबिनेट मंत्री ने सभी फील्ड अधिकारियों को मानसून के दौरान सतर्क रहने के निर्देश देते हुए कहा कि बाढ़ संभावित संवेदनशील स्थानों पर 24 घंटे निगरानी रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि शेष सभी कार्य उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुसार निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं ताकि पंजाब के लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी बाढ़ सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जा सकें। जल संसाधन मंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार बाढ़ सुरक्षा कार्यों के समयबद्ध क्रियान्वयन, निरंतर फील्ड निगरानी तथा सभी संबंधित विभागों एवं एजेंसियों के साथ समन्वय के माध्यम से किसी भी बाढ़ संबंधी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है, ताकि जन सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और बाढ़ के प्रभाव को न्यूनतम किया जा सके। बैठक में प्रमुख सचिव श्री कृष्ण कुमार, मुख्य इंजीनियर (ड्रेनेज) सरदार हरदीप सिंह मैंदीरत्ता तथा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

  • ऊना पुलिस ने सुलझाई भैंस चोरी की गुत्थी, 3 आरोपी गिरफ्तार; दोनों भैंसें बरामद, बोलेरो पिकअप और बाइक जब्त

    ऊना पुलिस ने सुलझाई भैंस चोरी की गुत्थी, 3 आरोपी गिरफ्तार; दोनों भैंसें बरामद, बोलेरो पिकअप और बाइक जब्त

    ऊना, सुशील पंडित: जिला पुलिस ऊना ने भैंस चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई दोनों भैंसों को पंजाब के सरयाला कलां से बरामद कर उनके असली मालिक को सौंप दिया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई एक बोलेरो पिकअप और एक मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।

    पुलिस के अनुसार 1 जुलाई 2026 को पुलिस थाना हरोली में एक महिला ने अपनी दो भैंसें चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

    जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरप्रीत सिंह (29) निवासी जसोवाल, मोहम्मद दीन (36) निवासी बड्डो मैटियाना तथा लतीफ (32) निवासी ईसपुर कोट पटुही, जिला होशियारपुर (पंजाब) के रूप में हुई है।

    पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई दोनों भैंसें 6 जुलाई को पंजाब के सरयाला कलां से बरामद की गईं। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद भैंसों को उनके वास्तविक मालिक के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप और मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया है।

    पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और आरोपियों से अन्य मामलों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।जिला पुलिस ऊना ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध संबंधी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

     

     

     

  • Punjab News: एक किलो हेरोइन सहित एक व्यक्ति गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: एक किलो हेरोइन सहित एक व्यक्ति गिरफ्तार, देखें वीडियो

    युवक की निशानदेही पर दो अन्य युवक भी काबू: डीसीपी गुरप्रीत

    मोगाः सीआईए स्टाफ मोगा ने एक व्यक्ति को एक किलोग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान Hathoorgarh वासी गुरजीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने जानकारी देते हुए बताया कि उस समय एक सफलता हाथ लगी जब स्टाफ के सब इंस्पेक्टर सतनाम सिंह ने एक गुप्त सूचना के आधार पर Hathoorgarh वासी गुरजीत सिंह को एक किलोग्राम हीरोइन के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने बताया कि गुरजीत सिंह पर पहले से कुल 7 मामले दर्ज हैं। इसके साथ ही पुलिस ने अग्रिम पूछताछ में गुरु हर सहाय के दो युवकों साजन व रविंद्र को भी इसी मामले में गिरफ्तार किया है।

    मीडिया से जानकारी साझा करते हुए डीएसपी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि सीआईए स्टाफ के सब इंस्पेक्टर सतनाम सिंह को एक गुप्त सूचना मिली थी कि hathoorgarh वासी गुरजीत सिंह जोकि नशा बेचने का आदि है, आज भी लोहगढ़ जालंधर रोड पर पुल के नीचे ग्राहक का इंतजार कर रहा है। अगर समय रहते उसे पकड़ा जाए, उसके पास से नशीला पदार्थ बरामद हो सकता है।

    डीएसपी ने बताया कि जब सब इंस्पेक्टर सतनाम सिंह ने पुलिस टीम सहित वहां रेड की तो गुरजीत को एक किलोग्राम हीरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया। डीसीपी गुरप्रीत ने बताया कि गुरजीत पर पहले से कुल सात मामले दर्ज हैं जिनमें से चार मामले एनडीपीएस एक्ट के अधीन, जबकि तीन अन्य मामले असला एक्ट के अधीन दर्ज है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि गुरजीत सिंह से अग्रिम पूछताछ में पुलिस ने साजन व रविंदर,  दोनों वासी गुरु हर सहाय को भी गिरफ्तार किया है।