Home National घर में घुसकर दंपती की हत्या, अज्ञात हमलावरों ने तेजधार हथियारों से काटा, इलाके में दहशत

घर में घुसकर दंपती की हत्या, अज्ञात हमलावरों ने तेजधार हथियारों से काटा, इलाके में दहशत

0
घर में घुसकर दंपती की हत्या, अज्ञात हमलावरों ने तेजधार हथियारों से काटा, इलाके में दहशत

गिरिडीहः जिले के दलान चलकरी गांव में खौफनाक मामला सामने आया है जहां, अपराधियों ने घर में घुसकर धारदार हथियार से एक दंपती की हत्या कर दी। हमले में पति की घटनास्थल पर ही जबकि पत्नी की अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई। घटना के वक्त दंपती के 4 बच्चों में से 3 छत पर सो रहे थे और एक बच्चा अपने माता-पिता के साथ नीचे सोया था। इस हमले में बच्चा सुरक्षित रहा। वहीं हैरान कर देने वाला वाक्य तब सामने आया जब मृतक के रिश्तेदार अनिल हेमराम ने बताया कि गांव तक सड़क नहीं होने के कारण एंबुलेंस घर तक नहीं पहुंच पाई। ग्रामीणों ने घायल परनी मरांडी को करीब 700 मीटर तक खाट पर उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया। वहां से एंबुलेंस द्वारा उसे अस्पताल ले जाया गया। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने पतिया हांसदा को मृत घोषित कर दिया। परनी मरांडी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

जानकारी मुताबिक, बीती रात करीब 12:30 बजे पतिया हांसदा (45) और उनकी पत्नी परनी मरांडी (35) अपने घर में सो रहे थे, तभी कुछ अज्ञात हमलावर घर में घुस आए। उन्होंने धारदार हथियार से पतिया हांसदा और परनी मरांडी पर हमला कर दिया। हमले की आवाज सुनकर बच्चे चिल्लाने लगे, जिससे आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने दंपती को लहूलुहान अवस्था में पाया। पतिया हांसदा की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी। जबकि उसकी पत्नी ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही डुमरी एसडीपीओ आबिद खान, मधुबन थाना प्रभारी दीपेश कुमार और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पतिया हांसदा और परनी मरांडी के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। परिजनों के अनुसार, पतिया हांसदा मधुबन क्षेत्र में मजदूर के रूप में काम करते थे। उनकी किसी से दुश्मनी की जानकारी परिवार को नहीं है। ऐसे में हत्या के पीछे की वजह क्या है, यह अब भी रहस्य बना हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here