Blog

  • Himachal News: टीबी उन्मूलन की राह पर तेज़ी से अग्रसर ऊना जिला

    Himachal News: टीबी उन्मूलन की राह पर तेज़ी से अग्रसर ऊना जिला

    वर्ष 2026 में 215 पंचायतों को क्षय रोग मुक्त बनाने का लक्ष्य ऊना/सुशील पंडित: ऊना जिला क्षय रोग (टीबी) उन्मूलन के लक्ष्य की ओर तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। टीबी मुक्त ऊना के संकल्प को साकार करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने वर्ष 2026 तक जिले की 215 पंचायतों को क्षय रोग मुक्त घोषित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। आधुनिक तकनीक, सुदृढ़ योजनाओं और व्यापक जन-भागीदारी के सहारे यह अभियान अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचता दिख रहा है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार ने हिमाचल को टीबी मुक्त बनाने का संकल्प लिया है। इसी दिशा में समय पर जांच, निःशुल्क उपचार, पोषण सहायता और व्यापक जन-जागरूकता अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाया गया है। सरकार का लक्ष्य है कि स्वास्थ्य सेवाएं गांव-गांव तक पहुंचें और समाज के हर वर्ग की भागीदारी से टीबी जैसी बीमारी को जड़ से समाप्त किया जाए। ऊना जिला इसी विजन को धरातल पर उतारने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। टीबी जांच में बढ़ोतरी पर बल मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा बताते हैं कि जिले में टीबी जांच की दर में बड़े पैमाने पर बढ़ोतरी की गई है। वर्ष 2015 में जहां प्रति लाख जनसंख्या पर केवल 655 लोगों की जांच हो पाती थी, वहीं वर्ष 2025 तक इस आंकड़े को 5000 प्रति लाख तक ले जाने का लक्ष्य तय किया गया था। लेकिन ऊना ने लक्ष्य से आगे बढ़ते हुए 5063 प्रति लाख जनसंख्या की दर से टीबी जांच कर नया मानक स्थापित किया है। वर्तमान में जिले के पांच अस्पतालों में अत्याधुनिक तकनीक से क्षय रोग की जांच की जा रही है।वर्ष 2024 में 29,176 संभावित रोगियों की जांच की गई, जिनमें 802 टीबी मरीज चिन्हित हुए। वहीं 2025 में अब तक 31,059 संभावित रोगियों की जांच हो चुकी है, जिनमें 530 मामलों की पुष्टि हुई है। शीघ्र पहचान, समयबद्ध उपचार और पोषण सहायता को प्राथमिकता देते हुए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। अब तक जिले की 105 पंचायतों को क्षय रोग मुक्त घोषित कर सम्मानित किया जा चुका है, जबकि वर्ष 2025 के लिए 163 पंचायतों को क्षय रोग मुक्त पंचायत घोषित करने की प्रक्रिया जारी है।स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन और  स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से गांव-स्तर तक जागरूकता फैलाकर रोग की समय पर पहचान सुनिश्चित की जा रही है। राज्यस्तर पर ऊना को मिले दो स्वर्ण पदक जिला क्षय रोग नियंत्रण अधिकारी डॉ. विशाल ठाकुर बताते हैं कि जिले में क्षय रोग मुक्त अभियान को विशेष गति दी गई है। वर्ष 2025 में जिले में 81,798 एक्स-रे किए जा चुके हैं, जबकि वर्ष 2026 में एक लाख से अधिक एक्स-रे करने का लक्ष्य रखा गया है। उच्च जोखिम वाली जनसंख्या के सर्वाधिक एक्स-रे कराने के लिए ऊना जिले को वर्ष 2025 में राज्य स्तर पर दो स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि सभी टीबी रोगियों को निक्षय पोषण योजना के तहत प्रतिमाह 1000 रुपये की सहायता दी जा रही है, जबकि गंभीर श्रेणी के रोगियों को मुख्यमंत्री क्षय रोग निवारण योजना के अंतर्गत अतिरिक्त 1500 रुपये प्रतिमाह प्रदान किए जा रहे हैं। जिले में निक्षय मित्रों के रूप में बाबा बाल जी महाराज, बाबा रुद्र नंद आश्रम नारी, पीरनिगाह मंदिर कमेटी, मैहतपुर इंडस्ट्रियल एसोसिएशन, जीनत महंत गगरेट, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (एनआरपीएल ऊना), लिवफास्ट और सचखंड फाउंडेशन द्वारा टीबी रोगियों को पोषण सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। इसके अलावा वर्ष 2025 में जिले में 560 निक्षय शिविरों का आयोजन किया गया, जिनमें ग्रामीण स्तर पर टीबी के प्रति जागरूकता फैलाई गई और संभावित रोगियों के बलगम नमूने लिए गए। क्षय रोग मुक्त अभियान के अंतर्गत जिले के 100 स्कूलों, 245 ग्राम पंचायतों और 80 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में टीबी जागरूकता से संबंधित आईईसी दीवारें बनाई गई हैं। ज़िला में प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा टीबी उन्मूलन अभियान : डीसी उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री  श्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में टीबी उन्मूलन अभियान को पूरी गंभीरता और प्रभावशीलता के साथ लागू किया गया है। एक्टिव केस फाइंडिंग, नियमित जांच शिविरों के आयोजन, दवा अनुपालन की सतत निगरानी तथा रोगियों को समयबद्ध पोषण सहायता सुनिश्चित की जा रही है। उपायुक्त ने कहा कि टीबी उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग का नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा दायित्व है। प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, स्वयंसेवी संस्थाओं और आमजन के समन्वित प्रयासों से ऊना जिला इस दिशा में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि निरंतर प्रयासों और जन-सहयोग से ऊना जिला तय समय से पहले टीबी मुक्त बनने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाएगा।
  • स्वदेशी जागरण मंच के संगठन मंत्री विनय शर्मा दो दिवसीय ऊना प्रवास पर

    स्वदेशी जागरण मंच के संगठन मंत्री विनय शर्मा दो दिवसीय ऊना प्रवास पर

    ऊना/सुशील पंडित: स्वदेशी जागरण मंच के संगठन मंत्री विनय शर्मा दो दिवसीय प्रवास पर जिला ऊना का दौरा करेंगे। उनके इस प्रवास के दौरान स्वदेशी विचार, आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें वे मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे।

    स्वदेशी जागरण मंच के जिला पूर्णकालिक सत्य देव शर्मा सहोड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि विनय शर्मा का यह प्रवास समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर महिलाओं और युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रेरित करने के उद्देश्य से रखा गया है।

    उन्होंने बताया कि दो फरवरी को बहडाला में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं की एक विशेष संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर विनय शर्मा महिलाओं को स्वरोजगार, लघु उद्योग, स्वदेशी उत्पादों के उपयोग तथा स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्यमों के महत्व पर मार्गदर्शन देंगे। संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा उन्हें आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करना है।

    इसके उपरांत तीन फरवरी को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) ऊना में प्रशिक्षु विद्यार्थियों के लिए स्वरोजगार विषय पर एक सेमिनार आयोजित होगा। इस सेमिनार में  विनय शर्मा युवाओं को तकनीकी कौशल के साथ-साथ उद्यमिता, स्टार्टअप, स्वरोजगार के अवसरों तथा ‘लोकल फॉर वोकल’ के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी देंगे। वे युवाओं को नौकरी की अपेक्षा रोजगार सृजन कर्ता बनने के लिए प्रेरित करेंगे।

    स्वदेशी जागरण मंच का मानना है कि देश की आर्थिक मजबूती का आधार स्वदेशी विचार, स्थानीय उत्पादन और आत्मनिर्भरता है। मंच निरंतर ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को जागरूक करने का कार्य कर रहा है।

    स्वदेशी जागरण मंच के जिला पूर्णकालिक सत्य देव शर्मा सहोड़ ने जिले के युवाओं, महिलाओं एवं जागरूक नागरिकों से इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर स्वदेशी विचारधारा को मजबूत करने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया है।

  • अग्निवीर सेना भर्ती रैली 9 से 17 मार्च तक हमीरपुर में

    अग्निवीर सेना भर्ती रैली 9 से 17 मार्च तक हमीरपुर में

    ऊना/सुशील पंडित: भारतीय सेना द्वारा अग्निपथ योजना के अंतर्गत ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर जिलों के युवाओं हेतु अग्निवीर सेना भर्ती रैली का आयोजन 9 से 17 मार्च तक हमीरपुर में किया जा रहा है। यह रैली अनु स्पोर्ट्स ग्राउंड एवं राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर हमीरपुर में होगी।

    निदेशक सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर, कर्नल श्रीधर ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर लिया है, उनके एडमिट कार्ड वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर अपलोड कर दिए गए हैं, साथ ही अभ्यर्थियों को ई-मेल के माध्यम से भी सूचित किया गया है।

    उन्होंने सेना भर्ती रैली में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों से आहवान किया है कि वे एडमिट कार्ड का उच्च गुणवत्ता वाला रंगीन प्रिंटआउट अपने साथ लाएं, ताकि प्रवेश के दौरान बारकोड स्कैनिंग में किसी प्रकार की समस्या न आए। इसके साथ ही वेबसाइट पर उपलब्ध भर्ती रैली से संबंधित अधिसूचना को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।

    श्रीधर ने बताया कि रैली में सम्मिलित होने के लिए अभ्यर्थियों को अपने साथ सभी आवश्यक मूल प्रमाण पत्रों के साथ दो-दो स्वप्रमाणित छायाप्रतियां लाना अनिवार्य होगा। इनमें प्रमुख रूप से एडमिट कार्ड, आधार कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, ओपन स्कूल प्रमाण पत्र, हिमाचली बोनाफाइड, डोगरा, चरित्र प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, पुलिस चरित्र प्रमाण पत्र, पैन कार्ड, बैंक खाता विवरण, पासपोर्ट साइज फोटो सहित अन्य दस्तावेज शामिल हैं। एनसीसी, खेल एवं भूतपूर्व सैनिक आश्रितों से संबंधित प्रमाण पत्र (यदि लागू हों) भी निर्धारित नियमों के अनुसार प्रस्तुत करने होंगे।

    उन्होंने कहा कि बोनस अंकों से संबंधित प्रमाण पत्र केवल भर्ती रैली के दौरान ही स्वीकार किए जाएंगे तथा निर्धारित तिथि के अतिरिक्त किसी अन्य दिन दस्तावेज स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने सभी पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय पर पहुंचकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ रैली में भाग लेकर इस मौके का लाभ उठाएं।

  • Jalandhar News: सासंद चन्नी बदलते रहे पार्टियां ! BJP जाने को लेकर पवन टीनू का आया बयान, देखें वीडियो

    Jalandhar News: सासंद चन्नी बदलते रहे पार्टियां ! BJP जाने को लेकर पवन टीनू का आया बयान, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: पीएपी में पहुंचे सीएम भगवंत मान ने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरूआत की। सीएम ने इसके बाद स्कॉलरशिप स्कीम के बच्चों को चैक बांटे। इसके बाद सामाजिक न्याय मंत्री और वित्त मंत्री चीमा ने भी बच्चों को स्कालरशिप स्कीम के चैक दिए। पवन टीनू ने कहा कि बच्चों आज सीएम मान ने स्कॉलरशिप दिए, जिसके कारण आज भारी संख्या में बच्चे अपना बेहतर भविष्य बनाने में कामयाब हो रहे है। ऐसे में बच्चे डॉक्टर, जज सहित अन्य डिग्रियां हासिल करके बड़े सपनों को स्कीम के जरिए साकार कर रहे है।

    उन्होंने कहा कि इस स्कीम को कांग्रेस सरकार की ओर खत्म कर दिया था। जिसके बाद मान सरकार ने इस स्कीम को दोबारा से शुरू किया और लाखों की गिनती में बच्चों ने स्कीम का फायदा उठाया और बेहतर भविष्य बनाने में कामयाब हुए। उन्होंने कहा कि आज गरीब परिवार से संबंधित बच्चे बेहतर भविष्य बनने के सपने को साकार होता देखने के बाद भावुक भी हुए। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान 164 करोड़ रुपए का घोटाला हुआ। जिसके बाद कुछ माह के लिए सीएम बने चरणजीत सिंह चन्नी ने घोटाला करने वाली ब्लैकलिस्ट यूनिवर्सिटी के 102 करोड़ रुपए माफ कर दिए।

    इस दौरान सासंद चन्नी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह 2022 के विधानसभा चुनावों में 2 सीटों से चुनाव हार गए थे और उसके बाद वह विदेश में चले गए। विदेश में सासंद चन्नी एक साल तक रहे। इस दौरान उनके भांजे पर ईडी की रेड में भारी मात्रा में कैश और अन्य सामान बरामद किया गया। जिसके बाद चन्नी विदेश दौरे से वापिस लौटी तो भाजपा द्वारा उनके भांजे का केस का कुछ पता नहीं चला और ना ही ईडी की टीम ने कभी सासंद चन्नी को इस केस में बुलाया और ना ही उनके भांजे को जांच में बुलाया गया।

    पवन टीनू ने कहा कि टकसाली शमशेर सिंह दूल्लों ने कहा कि सासंद चन्नी कांग्रेस की सोच का आदमी नहीं है। वह विधायक पद के दौरान 2007 से 2012 तक अकाली दल मान और अकाली दल बादल में रह चुके है। उसके बाद वह पीपीपी पार्टी में रहें और उसके बाद सासंद चन्नी ने आजाद चुनाव भी लड़े। टीनू ने शमशेर सिंह दूल्लों के बयानों का नाम लेकर कहा कि वह सासंद चन्नी 2012 में कांग्रेस में शामिल हुए थे और उन्हें कांग्रेस पार्टी की ओर इतना बड़ा पद दे दिया गया। उन्होंने कहा कि वह शकी इंसान है और पार्टियां बदलते रहे है और पता नहीं अब वह किस पार्टी में चले जाए।

    टीनू ने भाजपा में जाने को लेकर कहा कि जिस तरह से भाजपा के साथ सासंद चन्नी के लिंक है और उनके भांजे पर सख्त एक्शन नहीं लिया गया। 111 दिन मुख्यमंत्री के दौरान जमकर करप्शन हुई, लेकिन ईडी ने उनसे पूछताछ नहीं की। टीनू ने कहा कि कुछ लोग यह भी कह रहे है कि विदेश दौरे से लौटने के बाद उन्होंने देश के गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात भी की थी। वहीं देश के पीएम मोदी को लेकर कहा कि 13 वें उन्हें पंजाब की याद आई है। पंजाब में आई बाढ़ को लेकर अभी तक केंद्र की ओर से पैसे नहीं दिए गए। अब मनरेगा मजदूरों की रोजी रोटी भाजपा ने छीन ली है। इन मजदूरों में से 90 प्रतिशत एससी जाति से संबंधित है।

  • Punjab News: घर से बाप-बेटे का शव हुआ बरामद

    Punjab News: घर से बाप-बेटे का शव हुआ बरामद

    बठिंडाः जिले के रामपुरा में घर में बाप-बेटे का शव बरामद हुआ है। मृतकों की पहचान 80 वर्षीय रमेश कुमार और 50 वर्षीय संजय कुमार के रूप में हुई है। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। दरअसल, भाई और पिता को बेटी कई दिनों से फोन कर रही थी, लेकिन कोई फोन नहीं उठा रहा था। आज घर पर पहुंचने पर दोनों के शव बरामद हुए। जिसके बाद पुलिस को थाने में सूचना दी गई। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची थाना सिटी रामपुरा पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने बताया कि बंद घर से पिता-पुत्र का शव बरामद हुआ है।

    पुलिस ने शवों को सहारा जनसेवा संस्था की सहायता से सिविल अस्पताल पहुंचाया। मृतक पिता पुत्र गाजियाबाद के रहने वाले थे और फिलहाल लंबे समय से रामपुरा में रह रहे थे। मामले की जानकारी देते हुए थाना सिटी रामपुरा पुलिस के इंस्पेक्टर हरबंस सिंह ने बताया कि रमेश कुमार अपने पुत्र संजय कुमार के साथ पिछले लंबे समय से यहां रह रहे थे। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी पिछले 12 से 13 दिन से अपने पिता और भाई को फोन कर रही थी। लेकिन जब किसी ने फोन नहीं उठाया तो वह अपने रिश्तेदारों के साथ रामपुरा में अपने पिता के घर पहुंची। घर खोलकर देखा कि दोनों पिता पुत्र मृत पडे़ थे।

    एसएचओ हरबंस सिंह ने बताया कि शव देखने से प्रतीत होता है कि संजय कुमार की करीब 12 दिन पहले मौत हो गई थी। उसके बाद चलने फिरने में असमर्थ रमेश कुमार की मौत भूख प्यास से तड़प कर हुई लगती है। उन्होंने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचा दिया है। फिर भी पुलिस जांच में जुटी है कि संजय कुमार की मौत पहले कैसे हुई थी। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई करवाने से इनकार कर दिया है।

     

     

     

  • Punjab News: BJP नेता को शहजाद भट्टी ने दी जान से मारने की धमकी

    Punjab News: BJP नेता को शहजाद भट्टी ने दी जान से मारने की धमकी

    मोहालीः पंजाब भाजपा के पूर्व सचिव सुखपाल सरां को पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी की तरफ से जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी में कहा गया है कि “15 दिनों के अंदर नतीजा मिल जाएगा,” जिसके बाद राजनीतिक हलकों में चिंता बढ़ गई है।

    जानकारी के अनुसार, सुखपाल सरां ने इस संबंध में डीजीपी पंजाब को ईमेल के माध्यम से औपचारिक शिकायत भेजी है और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले सुखपाल सरां ने श्री हरमंदिर साहिब में मरियादा भंग करने वाले एक मुस्लिम युवक के खिलाफ बठिंडा के एसएसपी के सामने शिकायत दर्ज कराई थी।

    इस शिकायत के बाद ही उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। भाजपा नेता ने कहा है कि धमकियों को गंभीरता से लिया जाए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सुरक्षा के लिहाज से आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

  • Punjab News: 1.25 लाख की रिश्वत लेते ASI काबू

    Punjab News: 1.25 लाख की रिश्वत लेते ASI काबू

    मोहालीः पंजाब विजिलैंस ब्यूरो ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए मोहाली के थाना बलोंगी में तैनात ए.एस.आई. बीर चंद को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि उक्त ए.एस.आई. ने एक लड़ाई-झगड़े के मामले में नामजद व्यक्ति को लाभ पहुंचाने के बदले रिश्वत की मांग की थी।

    सूत्रों के अनुसार बीर चंद ने 1 लाख 25 हजार रुपये की मांग की थी। मामले की शिकायत मिलने पर विजिलैंस ब्यूरो ने पूरी योजना के तहत ट्रैप लगाया, जिसके दौरान आरोपी अधिकारी को रिश्वत की रकम स्वीकार करते समय पकड़ लिया गया।

    विजिलैंस ब्यूरो के अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार रोधी कानून के तहत केस दर्ज करके आगे की जांच शुरू कर दी गई है। इस मामले से जुड़े अन्य पक्षों की भी गहराई से जांच की जा रही है। विजिलैंस ब्यूरो ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम और तेज की जाएगी और लोगों से अपील की गई है कि यदि किसी सरकारी अधिकारी द्वारा रिश्वत की मांग की जाती है तो तुरंत विजिलैंस ब्यूरो से संपर्क करें।

  • Punjab News: रेलवे लाइन पर लोगों का प्रदर्शन, रोकी गई ट्रेनें, देखें वीडियो

    Punjab News: रेलवे लाइन पर लोगों का प्रदर्शन, रोकी गई ट्रेनें, देखें वीडियो

    लुधियानाः जिले के ढंडारी खुर्द इलाके में रेलवे लाइन पर भारी हंगामा देखने को मिला। दरअसल, लोगों ने रेलवे लाइनों पर बैठकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान लोगों की ओर से ट्रेनों को भी रोका। पत्रकारों से बातचीत में प्रदर्शनकारियों ने कहा कि रेलवे लाइनों के एक तरफ जीटी रोड है और दूसरी तरफ उनका रहने-बैठने का इलाका है।

    रेलवे अब इस रास्ते पर आसपास पक्की दीवारें बनाकर रास्ते को बंद करने की कोशिश कर रहा है। जिस वजह से उन्हें आने-जाने के लिए 5 से 6 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ रहा है। इसी मामले को लेकर आज गुस्से में आकर इलाका निवासियों द्वारा रेलवे लाइनों पर धरना लगाया गया है। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि उन्हें सिर्फ दो से तीन फुट की जगह चाहिए जिससे वे पैदल लाइन पार कर सकें।

    इस मौके पर वार्ड नंबर 32 के पार्षद कमल बोपराये पहुंचे और उन्होंने मामले को लेकर रेलवे अधिकारियों से बात की। बातचीत के दौरान अधिकारियों ने इस रास्ते को पार करने के लिए दो से तीन फुट की जगह छोड़ देने की बात कही। काफी देर तक चले हंगामें को लेकर पार्षद द्वारा प्रदर्शनकारियों को समझाकर धरना खत्म करवा दिया गया है।

  • Punjab News: स्कूली बसों के खिलाफ प्रशासन का एक्शन, देखें वीडियो

    Punjab News: स्कूली बसों के खिलाफ प्रशासन का एक्शन, देखें वीडियो

    पठानकोटः जिले में स्कूलों की बसों के खिलाफ प्रशासन ने एक्शन लेते हुए कार्रवाई की है। जहां चाइल्ड प्रोटेक्शन टीम और पुलिस प्रशासन द्वारा बस चालकों के दस्तावेज चैक किए गए। इस दौरान लापरवाही पाए जाने के बाद स्कूली बस चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। दरअसल, नियमों की धज्जियां उड़ाने को लेकर कार्रवाई करते हुए बस चालकों के पुलिस द्वारा चालान काटे गए।

  • IndiGo Flight को बम की धमकी मिलने पर 180 यात्रियो में मचा हड़कंप, हुई इमरजेंसी लैंडिंग

    IndiGo Flight को बम की धमकी मिलने पर 180 यात्रियो में मचा हड़कंप, हुई इमरजेंसी लैंडिंग

    अहमदाबादः कुवैत से दिल्ली जा रही इंडिगो फ्लाइट को बम की धमकी मिलने की घटना सामने आई है। इस धमकी को लेकर जहां यात्रियों में हड़कंप मच गया, वहीं अहमदाबाद एयरपोर्ट पर कर्मियों में भी दहशत का माहौल पाया गया। जिसके बाद इंडिगो फ्लाइट की अहमदाबाद में इमरजेंसी लैंडिंग की गई। मिली जानकारी के अनुसार फ्लाइट में कुल 180 यात्री सवार थे। सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मिलते ही विमान को सुरक्षित रूप से अहमदाबाद में लैंड कराया गया।

    आपात लैंडिंग की सूचना मिलते ही अहमदाबाद एयरपोर्ट पर तैनात बम निरोधक दस्ता, खोजी कुत्तों की टीम और सीआईएसएफ के जवान तुरंत सक्रिय हो गए। पूरे एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई। रनवे के आसपास और विमान के पास अनधिकृत आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई। हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी गई, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके। लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को उतारकर उनकी गहन जांच की गई, वहीं विमान और पूरे सामान की भी सुरक्षा जांच की जा रही है।

    फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है और जांच एजेंसियां धमकी की सत्यता का पता लगाने में जुटी हैं। मौजूदा जानकारी के अनुसार, अहमदाबाद हवाई अड्डे पर फ्लाइट की आपातकालीन लैंडिंग पूरी तरह सुरक्षित रही। इसके बाद विमान में सवार सभी 180 यात्रियों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। यात्रियों को टर्मिनल के एक सुरक्षित हिस्से में ले जाया गया, ताकि जांच प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो। एयरपोर्ट पर पहले से ही सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया था। हालात पर तुरंत काबू पा लिया गया।