Home National सिर्फ 400 रुपए को लेकर व्यक्ति का कत्ल, आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

सिर्फ 400 रुपए को लेकर व्यक्ति का कत्ल, आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

0
सिर्फ 400 रुपए को लेकर व्यक्ति का कत्ल, आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

सोनभद्र: उत्तर प्रदेश के जनपद सोनभद्र के थाना पन्नूगंज अंतर्गत रामगढ़ बाजार में 27 जनवरी की दोपहर हुए कत्ल मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जानकारी देत हुए एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि मंगरू की गला रेतकर हत्या के केस को सुलझाते हुए आरोपी विकाश कुमार उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी ने कहाकि पुलिस ने महज 12 दिनों के भीतर हत्याकांड का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी ने कबूल किया कि उसने मात्र चंद रुपयों की चोरी के इरादे से सो रहे भिक्षुक पर हमला किया था और पकड़े जाने के डर से कांच के टुकड़े से उसका गला रेत दिया।

पन्नूगंज पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी 26 वर्षीय विकाश कुमार उर्फ विक्की निवासी ग्राम केवाल (हाल पता पचोखर) ने पूछताछ में रोंगटे खड़े कर देने वाला खुलासा किया। विक्की ने बताया कि वह अपनी ससुराल रइया गोसाईं में रहता है और जेब खर्च चलाने के लिए छोटी-मोटी चोरियां करता था। 27 जनवरी की दोपहर उसने रामगढ़ बाजार में शहजादा स्कूल के पास मंगरू नामक भिक्षुक को भीख में मिले पैसे गिनते देख लिया था। 400 रुपए को देख विक्की की नीयत डोल गई और उसने उसी वक्त मंगरू को लूटने की योजना बना ली।

घटना वाली रात यानी 27/28 जनवरी की दरम्यानी रात विक्की चोरी की नियत से बाजार पहुंचा। वहां मंगरू कंबल ओढ़कर गहरी नींद में सो रहा था। जैसे ही विक्की ने उसकी जेब में हाथ डाला, मंगरू जाग गया और उसने विक्की का हाथ पकड़कर शोर मचाने का प्रयास किया। इसी दौरान सड़क पर एक वाहन की रोशनी दिखी, जिससे विक्की घबरा गया। उसे लगा कि यदि वह पकड़ा गया तो भीड़ उसे छोड़ देगी नहीं। इसी हड़बड़ाहट और खौफ में उसने अपनी पैंट की जेब में रखा एक नुकीला कांच का टुकड़ा निकाला और मंगरू के गले पर जोरदार वार कर दिया। गला कटते ही मंगरू लहूलुहान होकर तड़पने लगा और कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया।

आरोपी इतना शातिर था कि उसने कांच पर लगा खून मृतक के ही कपड़ों से पोंछा और मौके से फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा द्वारा अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना पन्नूगंज पुलिस लगातार सुराग तलाश रही थी। मंगलवार को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने करवनिया नहर मझिगाईं पुलिया के पास घेराबंदी कर विक्की को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद झोले से खून से सने कपड़े और हत्या में प्रयुक्त कांच का टुकड़ा बरामद हुआ। प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here