Home National महंगा हुआ दूधः अब डेयरी विभाग ने कीमतों में किया इजाफा

महंगा हुआ दूधः अब डेयरी विभाग ने कीमतों में किया इजाफा

0
महंगा हुआ दूधः अब डेयरी विभाग ने कीमतों में किया इजाफा
जयपुरः महंगाई की मार झेल रहे आमजन को अब दूध के लिए भी ज्यादा कीमत चुकानी होगी। जयपुर डेयरी ने सरस दूध की कीमतों में प्रति लीटर 2 रुपए की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 21 मई की शाम से लागू होंगी। इसके साथ ही दही, छाछ और लस्सी जैसे दुग्ध उत्पाद भी महंगे हो जाएंगे। जयपुर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की ओर से जारी नई दरों के अनुसार अब उपभोक्ताओं को सरस दूध के अलग-अलग वैरिएंट के लिए पहले से अधिक भुगतान करना होगा। दूध के साथ-साथ डेयरी से जुड़े अन्य सह-उत्पादों जैसे लस्सी, पनीर, दही और छाछ की कीमतों में भी आनुपातिक रूप से सीमित बढ़ोतरी की गई है।

सरस दूध की नई कीमत

सरस ताजा दूध (टोंड)- आधा लीटर- 28 रुपये, एक लीटर- 56 रुपयेसरस स्मार्ट दूध (डीटीएम)- आधा लीटर- 24 रुपये, एक लीटर- 48 रुपयेसरस गोल्ड दूध- आधा लीटर- 35 रुपये, एक लीटर- 70 रुपयेसरस स्टेन्डर्ड दूध (शक्ति)- आधा लीटर- 31 रुपये, एक लीटर- 62 रुपये। डेयरी प्रशासन का कहना है कि बढ़ती लागत और संचालन खर्च को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। हालांकि उपभोक्ताओं के बीच इस निर्णय को लेकर नाराजगी भी देखने को मिल रही है। नई दरों के अनुसार सरस टोंड दूध, जिसे नीले पैकेट में बेचा जाता है, अब 54 रुपए की जगह 56 रुपए प्रति लीटर मिलेगा। इसी तरह स्टैंडर्ड दूध की कीमत 60 रुपए से बढ़ाकर 62 रुपए प्रति लीटर कर दी गई है। सरस गोल्ड दूध अब 68 रुपए के बजाय 70 रुपए प्रति लीटर मिलेगा। वहीं डबल टोंड दूध की कीमत बढ़कर 48 रुपए प्रति लीटर हो जाएगी। डेयरी ने केवल दूध ही नहीं, बल्कि उससे तैयार होने वाले अन्य उत्पादों की कीमतों में भी इजाफा किया है। नई कीमतें 21 मई की शाम से सप्लाई होने वाले सभी उत्पादों पर लागू रहेंगी। इससे रोजाना सरस उत्पाद खरीदने वाले हजारों उपभोक्ताओं के घरेलू बजट पर असर पड़ना तय माना जा रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि डेयरी को आमजन को राहत देने की दिशा में काम करना चाहिए था।  

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here