Blog

  • गगरेटः पुलिस ने अफीम के 70 बरामद किए

    ऊना/ सुशील पंडित: ऊना में अफीम के पौधों की खेती अब आम बात हो चली है। अलग अलग जगहों पर अफीम पौधे खेतों में लहलहा रहे हैं। पहले अंबोटा, चुरड़ी और दुलैहड़ के बाद अब गगरेट के कलोह और पांबड़ा गांव के दो लोगों के खेतों में अफीम के पौधे पाए गए हैं। पुलिस ने दो अलग अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए अफीम के 69 पौधे उखाड़कर जब्त कर लिए हैं। पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार पहला मामला कलोह गांव के अवतार सिंह पुत्र संता सिंह से जुड़ा है।

    अवतार सिंह ने अपने घर के नजदीक एक खेत में अफीम के पौधे लगा रखे थे। यहां पुलिस को कुल 12 पौधे बरामद हुए हैं। जबकि पांबड़ा गांव के निर्मल सिंह पुत्र महिंद्र सिंह के खेत में अफीम के 57 पौधे पाए गए हैं। पुलिस ने सभी पौधों को उखाड़कर जांच के लिए भेज दिया है। इन दोनों मामलों में अवतार और निर्मल के विरुद्ध मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
  • अंबेहड़ाः बैंक कर्मचारी से धोखाधड़ी

    ऊना/ सुशील पंडित: पंजाब नैशनल बैंक के एक कर्मचारी के साथ ही सवा दो लाख रूपए की धोखाधड़ी हो गई। बंगाणा पुलिस को शिकायत देने वाले अक्षय कुमार पुत्र संतोष कुमार ने बताया कि वह अम्बेहड़ा का स्थायी निवासी है और पंजाब नैशनल बैंक में काम करता है। उसका आरोप है कि किसी अनजान व्यक्ति ने उसके साथ 2,26,000 रूपये की धोखाधड़ी की है। बंगाणा पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर उसकी तालाश शुरू कर दी है।
  • चिंतपूर्णी में अवैध शराब बरामद

    ऊना/ सुशील पंडित: चिंतपूर्णी पुलिस ने शनिवार को एक व्यक्ति के कब्जे से अवैध शराब बरामद की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पिंगा वाला पीपल के पास एक व्यक्ति अवैध शराब बेचने का काम करता है। पुलिस ने तालाशी ली तो उसके कब्जे से संतरा ब्रांड की 10 बोतलें बरामद हुईं। पुलिस ने बिहार निवासी प्रदीप सिंह पुत्र चन्द्र देव सिंह के विरुद्ध आवकारी अधिनियम के अधीन मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
  • राहुल गांधी की बढ़ सकती है मुश्किलें, इस मामले को लेकर BJP ने की चुनाव आयोग से शिकायत

    नई दिल्लीः लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद से विपक्ष और भाजपा में वार-पलटवार की राजनीति तेज है। इस बीच बीते दिन विपक्षी ‘इंडी’ गठबंधन ने भाजपा और केंद्र सरकार के खिलाफ दिल्ली में ‘लोकतंत्र बचाओ रैली’ आयोजित कर हमला बोला। रैली में राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर निशाना साधते मैच फिक्सिंग का जिक्र किया, जिसपर अब उनकी मुश्किलें बढ़ सकती है। दरअसल, राहुल गांधी ने कहा था कि भाजपा लोकसभा चुनावों में मैच फिक्सिंग की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने इसी के साथ कहा कि अगर इस बार भी भाजपा ने सरकार बना ली तो वो संविधान बदल देगी और लोगों के अधिकार छीन लेगी।

    अब राहुल के इस बयान पर भाजपा ने शिकायत दर्ज करने की बात कही है। उन्होंने चुनाव आयोग से “मैच फिक्सिंग” टिप्पणी के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया है। राहुल गांधी ने इसी के साथ कहा कि ये चुनाव हम केवल संविधान बचाने और लोगों के हित बचाने के लिए लड़ रहे हैं। राहुल ने कहा कि जब अंपायरों और कप्तान पर दबाव डालकर खिलाड़ियों को खरीद लिया जाता है और इसके बाद मैच जीत लिया जाता है, तो इसे क्रिकेट में मैच फिक्सिंग कहा जाता है।

    अब हमारे यहां लोकसभा चुनाव का भी यही हाल है। अंपायरों का चयन मैच शुरू होने से पहले हो गया है और हमारे दो खिलाड़ी गिरफ्तार कर लिए गए। साफ है कि मोदी इन चुनावों में मैच फिक्सिंग करने की कोशिश कर रहे हैं। राहुल गांधी ने रैली में भाजपा पर देश की एजेंसियों पर दबाव डालकर विपक्ष पर कार्रवाई करवाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ई़डी-सीबीआई सब भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं और अगर देश की जनता को अपने अधिकार बचाने हैं तो आने वाले चुनाव में भाजपा को हटाना ही होगा।

  • स्कूटी चालक की हादसे में मौत

    ऊना/ सुशील पंडित: संतोषगढ़ रोड पर स्थित एचपी पैट्रोल पंप के सामने एक स्कूटी स्किट होने से उसे चलाने वाले व्यक्ति की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार रामपुर के रहने वाले परमजीत सिंह सहोता ने पुलिस को आंखो देखी बताते हुए शिकायत में लिखा है कि बात शुक्रवार रात की है। वह पैट्रोल पंप के पास खड़ा था कि अचानक एक स्कूटी सड़क पर स्किट हो गई जिससे स्कूटी चालक और एक अन्य व्यक्ति को चोट लग गई और बाद में पता चला कि चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
  • जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले ऊना कार्यालय के चौकीदार प्यार चंद हुए सेवानिवृत्ति

    ऊना/ सुशील पंडितजिला: नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले जिला ऊना कार्यालय में कार्यरत चौकीदार प्यार चंद शनिवार को को अपनी 30 वर्ष की सरकारी सेवा का कार्यकाल पूर्ण करने पर सेवानिवृत्त हो गए। इस दौरान जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले जिला ऊना कार्यालय द्वारा उनके सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले जिला ऊना राजीव शर्मा ने प्यार चंद चौकीदार द्वारा कार्यालय में ईमानदारी और कर्तव्य निष्ठा के साथ सेवाएं देने पर प्रशंसा की तथा उनके सुखद और स्वस्थ भविष्य की कामना की।

    इस मौके पर कार्यालय के निरीक्षक रजनी कालिया, अधिक्षक खेमराज, कनिष्ठ सहायक हर्ष कुमार, मोहित धीमान स्टेनो, रमेश चंद जेओए आईटी, शशि कुमार लिपिक, कमला डीईओ तथा डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सतनाम सिंह, रोहित शर्मा तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हरीश कुमार ने प्यार चंद को बधाई एवं शुभकामनाएं दी तथा उनके सुखद भविष्य की कामना की। इस मौके पर प्यार चंद ने भी स्टाफ का धन्यवाद किया और कहा कि स्टाफ के सभी सदस्यों ने सेवाकाल के दौरान मुझे अपना भरपूर सहयोग दिया और मैंने पूरी कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी डयूटी का निर्वहन किया।
  • यह क्या T20 World Cup के लिए कोच नहीं फौज करा रही टीम को ट्रेनिंग, जानें मामला

    लाहौरः जून में होने वाले टी20 विश्व कप 2024 को लेकर पाकिस्तान टीम जमकर तैयारी कर रही है। टूर्नामेंट से पहले पाक टीम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहे हैं। शाहीन अफरीदी को हटाकर एक बार फिर से बाबर आजम को पाकिस्तान की टीम का कप्तान बना दिया गया है। वहीं अब पाकिस्तान की टीम आगामी विश्व कप से पहले फौज के साथ एक खास ट्रेनिंग कर रही है। ये पहली बार है जब किसी देश की क्रिकेट टीम की ट्रेनिंग कोच नहीं बल्कि वहां सेना करा रही है। इसकी वजह भी बड़ी चौकाने वाली है जो सामने आ गई है।

    दरअसल इन दिनों पाकिस्तान की क्रिकेट टीम पाकिस्तान की आर्मी के साथ ट्रेनिंग कर रही है। काकुल में सेना के ट्रेनिंग कैंप में पाकिस्तानी क्रिकेटर्स जमकर पसीना बहा रहे हैं। खिलाड़ियों द्वारा विभिन्न अभ्यास और अभ्यास करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। जिसमें खिलाड़ी दीवारों को लांघने से लेकर रस्सा चढ़ने तक की प्रैक्टिस करते हुए दिखाई दे रहे हैं। अब सबके मन में एक सवाल उठ रहा है कि आखिर फौज के साथ पाकिस्तानी क्रिकेटर्स क्यों ट्रेनिंग कर रहे हैं।

    दरअसल लंबे समय से पाकिस्तानी क्रिकेटर्स के फिटनेस टेस्ट नहीं हो पा रहे थे और खिलाड़ी बिना फिटनेस के क्रिकेट खेल रहे थे। ऐसे में अब आगामी टी20 विश्व कप से पहले खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर पाकिस्तानी फौज ने मदद का हाथ बढ़ाया है। बाबर आजम को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने विश्व कप से पहले एक बार फिर से वनडे और टी20 फॉर्मेट का कप्तान बना दिया है। जिसके बाद बाबर आजम अब टी20 विश्व कप 2024 में पाकिस्तान टीम की कप्तानी करते हुए दिखाई देंगे। दरअसल वनडे विश्व कप 2023 में बाबर पाक टीम के कप्तान थे और इस टूर्नामेंट में टीम का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था। जिसके बाद बाबर आजम को हटाकर शाहीन को टीम का नया कप्तान बना दिया गया था।

  • बहन कर रही थी Video Call पर बात, भाई ने उठाया खौफनाक कदम

    लाहौर-पाकिस्तान से एक दिलदहला देने वाली खबर सामने आई है। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के टोबा टेक सिंह में एक भाई ने अपनी बहन की तकिए से मुंह दबाकर हत्या कर दी। हैरानी की बात यह है की जिस वक्त एक भाई अपनी बहन की हत्या कर रहा था तो वहीं दूसरा भाई इस पूरी घटना का वीडिया बना रहा था। इतना ही नहीं जिस वक्त लड़की का बेरहमी से कत्ल किया जा रहा था उस वक्त पूरा परिवार मौत का तमाश देख रहा था। किसी ने भी लड़की को बचाने की कोशिश तक नहीं की।

    रिपोर्ट्स के मुताबिक, लड़की का कसूर इतना था कि वो वीडियो कॉल पर किसी लड़के से बात कर रही थी। भाई को यह बात इतनी नागवार गुजरी कि उसने अपनी बहन को मौत के घाट उतार दिया। जिस वक्त कत्ल की वारदात को अंजाम दिया जा रहा था उस समय लड़की का पिता भी मौके पर ही मौजूद था। लड़की के पिता का नाम अब्दुल सत्तार है। बहन की हत्या करने वाले भाई का नाम मोहम्मद फैसल है, जिस भाई ने वीडिया बनाया उसका नाम शहबाज है। 
    इस घटना को लेकर पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब पुलिस को इस बात का पता चला कि लड़की मौत साजिश हो सकती है तो पुलिस ने पिता सत्तार और हत्या करने वाले भाई फैसल को गिरफ्तार कर लिया। वीडियो बनाने वाले शहबाज को भी गिरफ्तार कर लिया गया है साथ ही उसकी पत्नी को भी गिरफ्तार कर लिया जो हत्या के समय कमरे में मौजूद थी।

  • PM मोदी ने 90 रुपए का सिक्का किया लॉन्च, जानें खासियत

    नई दिल्लीः बैंकिंग रेगुलेटर RBI आज 90 साल का हो गया है। रिजर्व बैंक के 90 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री मोदी ने 90 रुपए का स्मारक सिक्का जारी किया है। बता दें, देश में 90 रुपए का सिक्का पहली बार जारी किया गया है। इस सिक्के की खासियत ये है कि इसे शुद्ध चांदी से बनाया गया है। वहीं, इसके अलावा इसमें 40 ग्राम चांदी का इस्तेमाल किया गया है। 90 रुपए के चांदी के सिक्के के एक ओर बैंक का लोगो है और दूसरी तरफ मूल्यवर्ग 90 रुपए लिखा है।

    साथ ही इसके दाईं ओर हिन्दी और बाईं ओर अंग्रेजी में भारत लिखा होगा। इसके एक तरफ आरबीआई का लोगो होगा और ऊपरी परिधि पर हिन्दी में और निचली परिधि पर अंग्रेजी में भारतीय रिजर्व बैंक लिखा है। लोगो के नीचे आरबीआई @ 90 लिखा होगा। भारत सरकार की टकसाल में बने इस 90 रुपए के सिक्के का वजन 40 ग्राम होगा जो कि 99.9 फीसदी शुद्ध चांदी से बना है। बता दें कि इससे पहले भी 1985 में रिजर्व बैंक की स्वर्ण जयंती पर तथा 2010 में रिजर्व बैंक की प्लेटिनम जुबली पर स्मारक सिक्के जारी हो चुके है।

    इस 90 रुपए के सिक्का लॉन्च होने के बाद इसे अंकित मूल्य से अधिक प्रीमियम पर बेचा जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सिक्के की अनुमानित कीमत 5200 से 5500 रुपए के आसपास होने की संभावना है। इस सिक्के को लेकर देशभर के बैंककर्मियों सहित सिक्कों के संग्रहकर्ताओं में काफी उत्साह है। 19 मार्च 2024 को भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के आर्थिक कार्य विभाग ने इस सिक्के को जारी करने के लिए गजट नोटिफिकेशन भी जारी किया था।

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आरबीआई के 90 सालों के कामकाज के बारे में बात करते हुए कहा कि आरबीआई की भूमिका देश के बैंकिंग सिस्टम को मजबूत बनाए रखने के लिए बेहद अहम और बड़ी रही है। आरबीआई जो भी कार्य करता है उससे देश के सामान्य जनमानस का वित्त सीधे तौर पर प्रभावित होता है। आरबीआई ने अंतिम मुहाने पर खड़े जन-जन तक फाइनेंशियल इंक्लूजन का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण रोल अदा किया है।

  • यह है दुनिया का ‘पहला Gold का आलिशान होटल’, किराया सुन चौंक जाएंगे आप

    वियतनामः दुनिया भर में एक से बढ़कर एक आलिशान होटल हैं। कोई होटल अपनी खूबसूरती को लेकर प्रसिद्द है तो कोई अपनी अनोखी मेजबानी को लेकर। आज हम आपको एक ऐसे होटल के बारे में बताने जा रहे हैं जिस पर सोने की परत चढ़ी हुई है। इतना ही नहीं, इस होटल में बने टॉयलेट और बाथ टब पर भी सोने की परत चढ़ाई गई है। आखिर कहां है ये होटल और क्या है इसकी खासियत! यह होटल दक्षिणपूर्व एशिया के हिन्दचीन प्रायद्वीप के पूर्वी भाग वियतनाम में बनाया गया है। “डोल्से हनोई गोल्डन लेक” नाम के इस होटल के निर्माण में करीब 200 मिलियन डॉलर का खर्च आया है।

    लॉबी में 24-कैरेट प्लेटिंग, पूल और कटलरी, कप, शॉवर हेड और टॉयलेट सीटों पर भी सोने की परत चढ़ाई गई है। मेहमानों के लिए कॉफी भी सोने के कप में आती है। हनोई शहर में बने 25 मंजिला “डोल्से हनोई गोल्डन लेक” होटल में भोजन में भी एक रहस्यमय “सोने का पदार्थ” मिलाया जाता है। होटल में कुल 441 कमरे हैं। यह होटल शहर में सबसे प्रसिद्द और माना जाना होटल है। इस होटल की बुकिंग लगभग 250 डॉलर प्रति रात से शुरू होती है, जो अन्य लक्जरी होटलों के बराबर ही है जिनमें कोई सोने की सजावट नहीं है। होटल के मालिक होआ बिन्ह ग्रुप के चेयरमैन गुयेन हुआ डुओंग ने बताया था कि इस तरह का दुनिया में कोई दूसरा होटल नहीं है।

    उन्होंने बताया था कि होटल को सजाने के लिए लगभग एक टन (या 2,000 पाउंड) सोने का इस्तेमाल किया गया था। उन्होंने बताया कि उनके पास सोने की परत चढ़ाने वाली फैक्ट्री है, यही वजह है कि इसकी लागत में खर्च कम आया है। बताया गया कि इस होटल के निर्माण में पूरे 11 साल लग गए। बाथ टब और टॉयलेट पर भी सोने की परत चढ़े होने की वजह से यह होटल खूब सुर्ख़ियों में रहा। होटल के बाहरी परत को भी गोल्डन रंग से सजाया गया है। दावा किया जाता है कि रंग नहीं बल्कि ये भी सोने की परत ही है। बताया गया कि इस होटल में किराए के लिए फ्लैट भी उपलब्ध हैं जिनकी कीमत £5,200 प्रति वर्ग मीटर है।