शहडोल: अगर आप भी पिज्जा के शौकीन हैं तो ये खबर आपके लिए हो सकती है। शहडोल जिला मुख्यालय से ताजा मामला आया है जहां एक शख्स ने पिज्जा आर्डर किया, जिसमें कीड़े रेंग रहे थे, जिसकी एक वीडियो शख्स ने शेयर की है। वही पिज्जा शॉप संचालक इसे साजिश बता रहे हैं।
शहडोल के इतवारी मोहल्ला निवासी रोहन बर्मन ने स्टेडियम रोड पर स्थित डी लाइट काफी एंड रेस्टोरेंट से एक पिज्जा आर्डर किया, डिब्बा खोलते ही रोहन के होश उड़ गए, जब उसे पिज्जा में एक कीड़ा दिखा। इसके बाद पिज्जा को ठीक से देखा तो स्लाइस में एक और कीड़ा था। ताज्जुब की बात यह है कि दोनों कीड़े जिंदा थे और रेंग रहे थे। उन्होंने कहा ‘यदि डिब्बे में कीड़ा नहीं दिखा होता तो शायद मैं पिज्जा के अंदर कीड़े चैक नहीं करता और खाना शुरू कर देता। रोहन ने लोगों से अपील की है कि पिज्जा खाना छोड़कर अपने घर का खाना खाएं।
वही इस पूरे मामले में डी लाइट काफी एंड रेस्टोरेंट के संचालक राज कुमार यादव का कहना है कि ये उनको फंसाने की साजिश है, पिज्जा में कीड़े निकलना संभव ही नहीं है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी पिज्जा में कीड़े निकलने की घटना सामने आने पर अभियान चलाकर कार्रवाई की बात कह रहे हैं।