Blog

  • नगर निगम ऊना का डीसिल्टिंग अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी

    नगर निगम ऊना का डीसिल्टिंग अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी

    टक्का रोड नजदीक शीतला माता मंदिर और अम्ब रोड फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र में चलाया सफ़ाई अभियान 

    ऊना/सुशील पंडित: नगर निगम ऊना द्वारा संचालित डीसिल्टिंग (नालियों से गाद हटाने) अभियान रविवार को भी जारी रहा। यह कार्य नगर निगम आयुक्त एवं अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) महेंद्र पाल गुर्जर की निगरानी में किया जा रहा है।आज वार्ड नंबर 1 के टक्का रोड स्थित शीतला माता मंदिर के पास और अंब रोड की फ्रेंड्स कॉलोनी में डीसिल्टिंग का कार्य किया गया। आयुक्त महेंद्र पाल गुर्जर स्वयं मौके पर पहुंचे और चल रहे सफाई कार्यों का निरीक्षण किया।

    उन्होंने बताया कि भारी वर्षा के कारण नालियों में दोबारा सिल्ट (गाद) जमा हो गई है, जिसे हटाने के लिए नगर निगम विशेष सफाई अभियान चला रहा है। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बरसात के बाद लोगों को जलभराव या गंदगी की समस्या का सामना न करना पड़े, और शहर की सफाई व्यवस्था शीघ्र सामान्य हो सके।

    एडीसी ने बताया कि बरसात से पहले ही नालियों की सफाई कर दी गई थी, लेकिन बारिश के चलते उनमें पुनः गाद भर गई। ऐसी स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम ने पर्याप्त मशीनरी और जनशक्ति लगाए है ताकि प्रभावित क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जा रहा है।

    इससे पूर्व शनिवार को भी वार्ड नंबर 1 के लोअर अरन्याला और टक्का रोड क्षेत्र में तीन जेसीबी मशीनों और सफाई कर्मियों की मदद से नालियों की सफाई की गई थी। यह कार्य नगर निगम के सैनिटरी सुपरवाइज़र विजय कुमार और उनकी टीम की देखरेख में संपन्न हुआ।

  • Punjab News: स्कूल प्रिंसिपल का WhatsApp अकाउंट हैक, मांगे 45 हजार

    Punjab News: स्कूल प्रिंसिपल का WhatsApp अकाउंट हैक, मांगे 45 हजार

    लुधियाना: जिले में आज साइबर जालसाज़ ने BCM शास्त्री नगर स्कूल की प्रिंसिपल अनुजा कौशल के व्हाट्सएप अकाउंट को निशाना बनाया। इस दौरान उनका व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर लिया। जिसके बाद उनके संपर्कों को पैसे की मांग करते हुए धोखाधड़ी वाले संदेश भेजे गए। जालसाज ने उनके दोस्तों, रिश्तेदारों, स्कूल स्टाफ, मीडिया कर्मियों और अन्य परिचितों से 45,000 रुपये की मांग की। मैसेज में लिखा था, “हाय, कुछ मदद चाहिए। क्या अभी खाते में 45,000 रुपये होंगे? मैं 2 घंटे में वापिस कर दूंगी। दरअसल मेरा यूपीआई ठीक से काम नहीं कर रहा है। यह बहुत ज़रूरी है।

    संदिग्ध मैसेज मिलने के बाद, कई लोगों ने उन्हें सीधे फोन करके इसकी पुष्टि की और उन्हें इस बारे में बताया। प्रिंसिपल कौशल ने कहा कि उन्हें यह जानकर सदमा लगा कि उनका व्हाट्सएप हैक हो गया है और उन्हें कई लोगों के फोन आए जिन्हें यह संदेश मिला था। उन्होंने कहा, “मैं सभी से अनुरोध करती हूं कि ऐसे संदेशों का जवाब न दें। उन्होंने कहा कि उन्होंने शिकायत दर्ज करा दी है और आईटी सेल मामले की जांच कर रहा है।

  • Himachal News: बीबीएन में धूमधाम से मनाई गुगा नवमी

    Himachal News: बीबीएन में धूमधाम से मनाई गुगा नवमी

    गुगा मेडियो में लगे मेले लोगों ने पूजा अर्चना कर मांगी सुख समृद्धि की कामना

    बद्दी/सचिन बैंसल: बीबीएन मे गुगा नवमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर बीबीए की गुगा मेडियो में मेले लगे रहे लोगों ने गुगा जहारवीर का मत्था टेक कर अपने घर में सुख समृद्धि की कामना की।  इन सभी गुगा मेडियों में जागरण व भंडारे का भी आयोजन किया गया। जिसमें सैंकड़ों लोगों ने गुगे का प्रसाद ग्रहण किया।

    बीबीएन के बद्दी, शीतलपुर, हरायपुर, थाना, धर्मपुर, चक्का, दामूवाला, संडोली आदि गुगा मेडियों पर गुगा नवमी पर  लोगों के तांते लगे रहे। बद्दी के पुजारी अंकुश ने बताया कि लोगों ने गुगा मेडियों पर सेवियां व आटे के दीपक में दीये जला कर गुगा की पूजा अर्चना की। सभी लोगों ने तुरवट को स्नान कराया। बताया जाता है कि गुगा जहारवीर का जन्म राजस्थान के तदरेवा गाव में माता बाछल व जेवर सिंह के घर पर  अष्टमी की मध्य रात्रि को हुआ था। माता बाछल ने गुरू गोरखनाथ की तपस्या की थी। जिस पर गुरू गोरख नाथ ने उन्हें प्रसाद के रूप में गुगल दिया। उनके प्रताप से उनके घर में  पुत्र रतन पैदा हुआ जिसका नाम उन्होंने गुगा जहारवीर रखा।

    बरसात के चार माह में सभी सभी देवी देवता  सौ जाते है तो गुगा जहारवीर को लोगों की सुरक्षा का जिम्मा दिया गया है। जिसके चलते बरसात के महिनो में गुगा पीर की महत्ता बढ़ जाती है। संडोली, हरायपुर, थाना, चक्का, बद्दी , शीतलपुर, धर्मपुरा व दामूवाला में नवमी पर भंडारा व जागरण भी होगा जिसमें सैंकड़ों लोगों ने भाग लिया।

  • टीचर मनीषा हत्याकांड में 7 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, देखें वीडियो

    टीचर मनीषा हत्याकांड में 7 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, देखें वीडियो

    कॉलेज के छात्रों ने मार्ग किया जाम

    भिवानीः जिला के सिंघानी गांव में हुई महिला टीचर मनीषा के हत्यारोपियों को घटना के सात दिन बीत जाने के बाद भी नहीं पकड़े जाने के विरोध में भिवानी के राजीव गांधी महिला कॉलेज के बाहर चौ. छोटूराम चौक के बाहर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भिवनी-हांसी मार्ग पर जाम लगा दिया तथा दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। बड़ी संख्या में इस प्रदर्शन में पहुंचे छात्र-छात्राओं ने हाथों मे बैनर लेकर महिला अध्यापिका मनीषा के परिवार को न्याय दिलवाने की मांग की।

    इस मौके पर जाम लगाने पहुंचे छात्र-छात्राओं ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि बीते 11 अगस्त से अध्यापिका मनीषा गायब थी। यदि समय रहते पुलिस कार्यवाई कर लेती तो यह अनहोनि होने से टल जाती। छात्र-छात्राओं ने भिवानी-हांसी मार्ग को अवरूद्ध करते हुए कहा कि वे आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन भी सौंपेंगे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में भारी रोष है कि निर्मम तरीके से अध्यापिका की हत्या मानवता के लिए शर्मसार है। उन्होंने कहा कि इस घटना के लिए एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस खाली हाथ है।

    उन्होंने कहा कि भले पुलिस अधीक्षक का तबादला किया गया व कुछ पुलिसकर्मियों को सस्पैंड किया गया, बाजवूद इसके आरोपियों को अभी तक नहीं पकड़ा गया है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर जिला के उच्च अधिकारियों को ज्ञापन सौंपेंगे। इस रोष प्रदर्शन में भाग लेने पहुंचे छात्राओं में भी खासा रोष देखा गया। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा प्रदेश में बेटियां सुरक्षित नहीं है। ऐसे में उन्हे सुरक्षा की गारंटी राज्य सरकार दे,ख्ताकि वे बेखौफ होकर अपनी पढ़ाई जारी रख सकेँ।

    इस बारे में पुलिस अधिकारी महेश कुमार ने बताया कि छात्र-छात्राओं ने भिवानी-हांसी मार्ग को कुछ समय के लिए अवरूद्ध किया था। मनीषा हत्याकांड को लेकर इन्होंने विरोध जताया है। इन छात्र-छात्राओं को समझाने पर जाम को खोल दिया तथा वाहनों का अवागमन सामान्य तरीके से शुरू हो गया। उन्होंने कहा कि आमजन को इस मामले में सहयोग करना चाहिए, ताकि पुलिस फोर्स जाम जैसी स्थितियों में व्यस्त ना होकर मनीषा हत्याकांड के आरोपियों को पकडऩे में अपनी ऊर्जा लगा सकें।

  • Punjab News: नेशनल हाईवे और नगर निगम के अधिकारियों को MLA ने लगाई फटकार, SDM को दिए निर्देश, देखें वीडियो

    Punjab News: नेशनल हाईवे और नगर निगम के अधिकारियों को MLA ने लगाई फटकार, SDM को दिए निर्देश, देखें वीडियो

    लुधियानाः जिले के हलका पूर्वी से विधायक दलजीत सिंह भोला ग्रेवाल ने नेशनल हाईवे के अधिकारियों और नगर निगम के अधिकारियों को फटकार लगाई। इस दौरान उन्होंने एसडीएम को कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए है। दरअसल, हलका पूर्वी में बन रहे नेशनल हाईवे पर जल निकासी को लेकर आज विधायक दलजीत सिंह भोला ग्रेवाल ने नेशनल हाईवे और नगर निगम के साथ बैठक की। जिसमें उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।

    उनका कहना था कि हलका पूर्वी में नेशनल हाईवे की सफाई ना तो हो रही है और ना ही बरसाती पानी के लिए बनाए गए ड्रेनेज को सही तरीके से साफ किया जा रहा है। उन्होंने एसडीएम ईस्ट को मौके पर बुलाकर अधिकारियों को 15 दिनों के अंदर सभी समस्याओं का समाधान करने का समय दिया है। इस मौके पर एस.डी.एम ईस्ट ने खुद स्वीकार किया कि खामियां पाई गई। उन्होंने नेशनल हाईवे व नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश देते हुए 15 दिनों के भीतर काम पूरा करने को कहा गया है।

  • Elvish Yadav के घर में हुई Firing पर तोड़ी Youtuber ने चुप्पी, फैंस को कहा – ‘शुक्रिया’

    Elvish Yadav के घर में हुई Firing पर तोड़ी Youtuber ने चुप्पी, फैंस को कहा – ‘शुक्रिया’

    बॉलीवुड: यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी विनर एल्विश यादव और उनके परिवार के लिए 17 अगस्त का दिन बहुत मुश्किल रहा है। यूट्यूबर के गुरुग्राम स्थित घर पर सुबह 5:30 से 6 बजे के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग हुई है। सीसीटीवी फुटेज में यह सामने आया है कि 3 अज्ञात बदमाश आए और एल्विश के घर पर करीब 25-30 राउंड फायरिंग करके फरार हो गए।

    एल्विश के घर पर हुई फायरिंग की खबर सामने आते ही फैंस के बीच में हड़कंप मच गया। हर कोई यूट्यूबर की सेफ्टी को लेकर परेशान दिखा। घर पर हुए हमले के बाद अब एल्विश यादव का पहला रिएक्शन भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि वो बिल्कुल सुरक्षित है।

    इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर करते हुए एल्विश ने लिखा कि – ‘आप सभी की गुड विशेज के लिए मैं आभारी हूं मेरा परिवार और हम सभी सुरक्षित और स्वस्थ हैं। आपने जिस तरह हमारे प्रति चिंता दिखाई उसका शुक्रिया’।

    एल्विश की इस पोस्ट को देखकर फैंस ने राहत की सांस ली है। हमले के समय एल्विश अपने घर पर नहीं थे वो काम के सिलसिले में बाहर थे मगर उनका पूरा परिवार घर में ही मौजूद था। गौरतलब है कि एल्विश के घर पर हुए हमले की जिम्मेदारी हरियाणा से ताल्लुक रखने वाले गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और उसके साथी नीरज फरीदपुरिया ने ली है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ये दावा भी किया है।

  • यमुना में बढ़ते जल स्तर से लोगों के घरों तक पहुंचा पानी, DC ने अलर्ट के आदेश किए जारी, देखें वीडियो

    यमुना में बढ़ते जल स्तर से लोगों के घरों तक पहुंचा पानी, DC ने अलर्ट के आदेश किए जारी, देखें वीडियो

    प्रॉपर्टी डीलरों पर होगी सख्त कार्रवाई

    फरीदाबादः यमुना नदी के बढ़ते जल स्तर के कारण लोगों के घरों तक पानी पहुंचना शुरू हो गया है। वहीं बढ़ रहे जलस्तर को लेकर डीसी विक्रम सिंह यादव ने अधिकारियों की बैठक कर अलर्ट पर रहने के आदेश दिए हैं। इस दौरान बाढ़ के खतरे से निपटने के लिए भी प्रशासन ने तैयारियां पूरी की हुई है। डीसी विक्रम सिंह यादव ने बताया कि लगातार बढ़ते जल स्तर से खतरा बना हुआ है। जिसको लेकर सभी गांव में लगातार मुनादी कराई जा रही है और ग्रामीणों को यह भी बताया जा रहा है कि रात के समय में यमुना नदी के किनारे ना जाएं। इसी के साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की है कि सस्ते प्लाट लेने के चक्कर में ऐसी जगह पर अपना मकान बनाने के लिए जगह ना खरीदें जहां पर खतरा रहता है और अवैध भी होता है। अवैध प्लाटिंग करने वालों को भी डीसी विक्रम सिंह यादव ने चेतावनी दी है कि उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी चाहे वह एमसीएफ के अंडर है या फिर डीटीपी के अंडर है। डीसी ने जानकारी देते हुए बताया की अलर्ट रहने की जरूरत है हथिनीकुंड बैराज से लगभग 1 लाख 78 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है जो अगले 48 से 72 घंटे में यहां पहुंच जायेगा। जिससे की आज शाम से ही पानी बढ़ने का अंदेशा है इसलिए सावधानी जरूरी है।
  • Punjab News: रणजीत सागर बांध झील का बढ़ा जलस्तर, खतरे के निशान से 5 मीटर दूर, देखें वीडियो

    Punjab News: रणजीत सागर बांध झील का बढ़ा जलस्तर, खतरे के निशान से 5 मीटर दूर, देखें वीडियो

    पठानकोटः पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश और फटते बादलों का असर मैदानी इलाकों में दिखाई दे रहा है। पिछले कुछ दिनों से मैदानी इलाकों में पानी ने पूरी तरह से तबाही मचा रखी है। वहीं, अगर रावी नदी पर बने रणजीत सागर बांध की बात करें तो रणजीत सागर बांध का जलस्तर 522 मीटर तक पहुंच गया है। इसका खतरे का निशान 527 मीटर है। फिलहाल पानी खतरे के निशान से 5 मीटर दूर है।

    जिसके चलते प्रशासन कह रहा है कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। अगर आने वाले दिनों में जलस्तर बढ़ता है, तो ख़तरा हो सकता है, लेकिन अभी स्थिति नियंत्रण में है। इस बारे में जब हमने रणजीत सागर बांध के कार्यकारी अधिकारी से बात की, तो उन्होंने बताया कि रणजीत सागर बाँध की झील का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और अब यह पानी 522 मीटर तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि यह ख़तरे के निशान से काफ़ी दूर है।

    जो 527 मीटर है। चूंकि यह ख़तरे के निशान से 5 मीटर दूर है, इसलिए स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। जब उनसे पाकिस्तान की ओर जा रहे पानी के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि फ़िलहाल रणजीत सागर बाँध की झील का पानी रावी नदी में नहीं छोड़ा जा रहा है, बल्कि भारत-पाक सीमा पर उज नदी में आने वाला पानी पाकिस्तान की ओर जा रहा है। फ़िलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

  • Punjab News: घर से 50 हजार की नगदी, 8 तोले गहने लेकर चोर फरार, देखें वीडियो

    Punjab News: घर से 50 हजार की नगदी, 8 तोले गहने लेकर चोर फरार, देखें वीडियो

    गुरदासपुरः कादियां के रजादा रोड पर चोरों द्वारा घर को निशाना बनाया गया। जहां चोर घर से लाखों रुपये की गहने और नकदी लेकर चोर फरार हो गए। घटना के दौरान परिवार अपने रिश्तेदारों के पास रहने गया हुआ था। देर रात चोर दीवार तोड़कर घर में घुस गए और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार के मुखिया इंदरजीत सिंह ने बताया कि घर से चोर 50 हजार की नगदी और 8 तोले सोने के गहने लेकर फरार हो गए।

    मकान मालिक इंदरजीत सिंह ने बताया कि वह घटना के दौरान परिवार के साथ रिश्तेदारों के घर गए हुए थे। रात को चोरों ने घर के ताले तोड़कर अलमारी से गहने और नगदी चुराकर ली। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। जिसमें 2 चोरों में से एक चोर दीवार तोड़कर अंदर जाते दिखाई दिया, जबकि दूसरा बाहर खड़ा निगरानी कर रहा था। पुलिस ने कहा कि जल्द चोरों को काबू कर लिया जाएगा।

  • बसाल फॉरेस्ट बीट में अवैध खैर कटान का पर्दाफाश, मौके पर खैर के 76 और शहतूत के 9 मोच्छे बरामद

    बसाल फॉरेस्ट बीट में अवैध खैर कटान का पर्दाफाश, मौके पर खैर के 76 और शहतूत के 9 मोच्छे बरामद

    गुप्त सूचना के आधार पर रेंज ऑफिसर संदीप कुमार की बड़ी कार्यवाही

    एक व्यक्ति ने अवैध कटान को कबूला,पुलिस कर रही कार्यवाही,

    ऊना/ सुशील पंडित: ऊना जिला के अंतर्गत आने वाली बसाल फॉरेस्ट बीट में वन विभाग ने एक गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई में अवैध रूप से काटे गए खैर के मोच्छों का बड़ा जखीरा बरामद किया गया। विभागीय सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई रामगढ़ धार फॉरेस्ट बीट के रेंज ऑफिसर संदीप कुमार के नेतृत्व में की गई।

    डीएफओ ऊना सुशील राणा ने जानकारी दी कि बसाल फॉरेस्ट बीट के तहत पड़ने वाले तल्प गांव की सरकारी भूमि पर लंबे समय से खैर के पेड़ों का अवैध कटान हो रहा था। जैसे ही विभाग को इसकी गुप्त सूचना मिली, तुरंत टीम गठित की गई और छापेमारी की गई। जब वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो वहां अवैध कटान के ताजा निशान मिले।छापेमारी के दौरान टीम को मौके पर 12 खैर के ठूंठ मिले, जिनमें से 11 ठूंठ पुराने थे और करीब बीस दिन पहले काटे गए थे। इसके अलावा एक शहतूत का ठूंठ भी बरामद हुआ। टीम को देखकर अवैध कटान करने वाले मौके से भागने में सफल रहे। हालांकि, वन अधिकारियों ने हार नहीं मानी और खैर के मोच्छों की तलाश में और आगे बढ़े। करीब 700 मीटर की दूरी पर स्थित भट्ठी स्थल पर जब टीम ने छानबीन की तो वहां 76 खैर के मोच्छे और 9 शहतूत के मोच्छे छिपाकर रखे गए मिले। यही नहीं, वहीं पर एक कोयले की भट्ठी भी मिली, जो शक्ति चंद नामक व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड थी। जब शक्ति चंद को मौके पर बुलाकर गहनता से पूछताछ की गई तो उसका बेटा नीरज कुमार पुत्र शक्ति चंद, गांव घुसाड़ा सामने आया। पूछताछ में नीरज कुमार ने कबूल किया कि उसने इस पूरे अवैध कटान को अंजाम देने के लिए राम बहादुर नामक व्यक्ति (जो नेपाल का रहने वाला है और चौकी में किराए पर रहता है) की मदद ली।

    नीरज ने यह भी बताया कि खैर के कटे हुए मोच्छों को ट्रैक्टर संख्या (एचपी 19-2778) में भरकर इस स्थान पर लाया गया था। इसके बाद रेंज ऑफिसर संदीप कुमार ने मामले की सूचना पुलिस चौकी जोल को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बरामद किए गए 76 खैर के मोच्छे अपने कब्जे में लिए। साथ ही पुलिस ने नीरज कुमार के बयान कलमबद्ध किए और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। रेंज ऑफिसर संदीप कुमार ने स्पष्ट किया कि इस पूरे मामले को लेकर नीरज कुमार पुत्र शक्ति चंद और नेपाल निवासी राम बहादुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि वन विभाग किसी भी कीमत पर अवैध कटान करने वालों को बख्शेगा नहीं। डीएफओ ऊना सुशील राणा ने बताया कि यह कोई पहला मामला नहीं है।

    विभाग अब तक जिला ऊना में 33 अवैध कटान के मामले पकड़ चुका है, जिनमें कई बार वन काटुओं को रंगे हाथों भी गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा सैकड़ों गाड़ियां जो अवैध कटान के मोच्छे और लकड़ी ले जा रही थीं, उन्हें भी विभाग ने कब्जे में लिया है। उन्होंने कहा कि खैर की लकड़ी की अवैध तस्करी को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं और लगातार निगरानी बढ़ाई गई थी। इसी का नतीजा है कि यह बड़ी कार्रवाई संभव हो पाई।