Blog

  • बसाल फॉरेस्ट बीट में अवैध खैर कटान का पर्दाफाश, मौके पर खैर के 76 और शहतूत के 9 मोच्छे बरामद

    बसाल फॉरेस्ट बीट में अवैध खैर कटान का पर्दाफाश, मौके पर खैर के 76 और शहतूत के 9 मोच्छे बरामद

    गुप्त सूचना के आधार पर रेंज ऑफिसर संदीप कुमार की बड़ी कार्यवाही

    एक व्यक्ति ने अवैध कटान को कबूला,पुलिस कर रही कार्यवाही,

    ऊना/ सुशील पंडित: ऊना जिला के अंतर्गत आने वाली बसाल फॉरेस्ट बीट में वन विभाग ने एक गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई में अवैध रूप से काटे गए खैर के मोच्छों का बड़ा जखीरा बरामद किया गया। विभागीय सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई रामगढ़ धार फॉरेस्ट बीट के रेंज ऑफिसर संदीप कुमार के नेतृत्व में की गई।

    डीएफओ ऊना सुशील राणा ने जानकारी दी कि बसाल फॉरेस्ट बीट के तहत पड़ने वाले तल्प गांव की सरकारी भूमि पर लंबे समय से खैर के पेड़ों का अवैध कटान हो रहा था। जैसे ही विभाग को इसकी गुप्त सूचना मिली, तुरंत टीम गठित की गई और छापेमारी की गई। जब वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो वहां अवैध कटान के ताजा निशान मिले।छापेमारी के दौरान टीम को मौके पर 12 खैर के ठूंठ मिले, जिनमें से 11 ठूंठ पुराने थे और करीब बीस दिन पहले काटे गए थे। इसके अलावा एक शहतूत का ठूंठ भी बरामद हुआ। टीम को देखकर अवैध कटान करने वाले मौके से भागने में सफल रहे। हालांकि, वन अधिकारियों ने हार नहीं मानी और खैर के मोच्छों की तलाश में और आगे बढ़े। करीब 700 मीटर की दूरी पर स्थित भट्ठी स्थल पर जब टीम ने छानबीन की तो वहां 76 खैर के मोच्छे और 9 शहतूत के मोच्छे छिपाकर रखे गए मिले। यही नहीं, वहीं पर एक कोयले की भट्ठी भी मिली, जो शक्ति चंद नामक व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड थी। जब शक्ति चंद को मौके पर बुलाकर गहनता से पूछताछ की गई तो उसका बेटा नीरज कुमार पुत्र शक्ति चंद, गांव घुसाड़ा सामने आया। पूछताछ में नीरज कुमार ने कबूल किया कि उसने इस पूरे अवैध कटान को अंजाम देने के लिए राम बहादुर नामक व्यक्ति (जो नेपाल का रहने वाला है और चौकी में किराए पर रहता है) की मदद ली।

    नीरज ने यह भी बताया कि खैर के कटे हुए मोच्छों को ट्रैक्टर संख्या (एचपी 19-2778) में भरकर इस स्थान पर लाया गया था। इसके बाद रेंज ऑफिसर संदीप कुमार ने मामले की सूचना पुलिस चौकी जोल को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बरामद किए गए 76 खैर के मोच्छे अपने कब्जे में लिए। साथ ही पुलिस ने नीरज कुमार के बयान कलमबद्ध किए और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। रेंज ऑफिसर संदीप कुमार ने स्पष्ट किया कि इस पूरे मामले को लेकर नीरज कुमार पुत्र शक्ति चंद और नेपाल निवासी राम बहादुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि वन विभाग किसी भी कीमत पर अवैध कटान करने वालों को बख्शेगा नहीं। डीएफओ ऊना सुशील राणा ने बताया कि यह कोई पहला मामला नहीं है।

    विभाग अब तक जिला ऊना में 33 अवैध कटान के मामले पकड़ चुका है, जिनमें कई बार वन काटुओं को रंगे हाथों भी गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा सैकड़ों गाड़ियां जो अवैध कटान के मोच्छे और लकड़ी ले जा रही थीं, उन्हें भी विभाग ने कब्जे में लिया है। उन्होंने कहा कि खैर की लकड़ी की अवैध तस्करी को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं और लगातार निगरानी बढ़ाई गई थी। इसी का नतीजा है कि यह बड़ी कार्रवाई संभव हो पाई।

  • Himachal News: खेड़ा पुल हुआ चालू, जाम से मिलेगी निजात

    Himachal News: खेड़ा पुल हुआ चालू, जाम से मिलेगी निजात

    बद्दी/सचिन बैंसल:  एनएचएआई ने खेड़ा गांव स्थित खड्ड पर बने पुल को  चालू कर दिया है। निर्माण कंपनी पटेल एंड कंपनी के अधिकारियों ने पुल का कार्य पूरा होने पर इसे चालू कर दिया है। हालांकि अभी तक इस पुल के दोनों ओर मार्ग पर तारकोल नहीं बिछा है।  इसके अलावा पुल के ऊपर के हाई वोल्टेज की तार जा रही है जिससे बड़े ट्रकों को भी इसके ऊपर से जाते हुए खतरा बना हुआ है।

    रविवार को पटेल एंड कंपनी ने खेड़ा पुल को वाहनों की आवाजही के लिए चालू कर दिया है। इससे पहले चरणिया में भी कंपनी ने पुल को चालू किया। इस कंपनी ने इस काम को छोड़ दिया है लेकिन यह दो पुल ही चालू करने थे। कंपनी के प्रोजेक्ट प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि अभी खेड़ा व चरणिया पुल के दोनोंओर तारकोल बिछना बाकी है। बरसात के चलते इसे नहीं बिछाया गया है। मौसम खुलने पर इसे बिछा दिया जाएगा।

    काम छोड़ने से पहले उन्हें अपने अधूरे काम पूरे करने थे। खेड़ा व चरणिया पुल उनके बचे हुए काम में शामिल थे। इसके बाद वह धीरे धीर अपने काम समेट रहे है। इस पुल के चालू होने से पिंजौर से बद्दी तक 25 फीसी टे लेन का कार्य पूरा हो चुका है। इस पुल के चालू होने से खेड़ा में लगने वाले जाम से निजात मिलेगी।

  • नालागढ़ के किरपालपुर में खुला बिजेंद्रा मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल

    नालागढ़ के किरपालपुर में खुला बिजेंद्रा मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल

    मरीज को न्यूनतम दरों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देना मेरा उद्देश्य – डॉ बिजेंद्र सिंह

     विधायक हरदीप बाबा ने रीबन काटकर किया अस्पताल का शुभारंभ

    नालागढ़/सचिन बैंसल: नालागढ़ बद्दी नेशनल हाईवे पर किरपालपुर में रविवार को बिजेंद्रा मल्टीसेप्सलिटी अस्पताल रोपड़ की नई शाखा का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में नालागढ़ के विधायक हरदीप बावा ने शिरकत की। हरदीप बावा ने रिबन काट कर विधिवत रूप से अस्पताल का उद्घाटन किया। हरदीप बावा ने अस्पताल का दौरा किया और मरीजो से बातचीत की। उन्होने इस मौके पर अस्पताल के एमडी ड़ॉ बिजेन्दर सिंह और डॉ कंचन को बधाई दी। डॉ बिजेन्दर ने बताया कि अस्पताल के उद्घाटन समारोह पर अस्पताल में जनकल्याण समिति के साथ मिलकर रक्तदान  शिविर का आयोजन किया गया।

     

    जिसमे लोगो ने बढ़चढ़ कर रक्तदान किया। उन्होंने बताया कि इस मौके पर अस्पताल प्रांगण में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। जिसमे  हड्डी रोग विशेषज्ञ,   स्त्री रोग विशेषज्ञ, कान , आँख ओर गले के रोग के विशेषज्ञ व चमड़ी रोग विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा लगभग 300 मरीजो के स्वास्थ्य जाँच की गई और उन्हें मुफ्त दवाईयां, मुफ्त ब्लड टेस्ट, मुफ्त एक्सरे जैसी सुविधा प्रदान की गई। डॉ बिजेंद्र ने बताया कि उनका उद्देश्य बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि उनके अस्पताल की प्रमुख शाखा रोपड़ में पिछले 12 साल से लोगो को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि नालागढ़ के काफी मरीज उनके पास आते थे लेकिन अब नालागढ़ में अस्पताल खुलने से उन्हें उनके घर के पास ही सुविधा मिलेगी।

    उन्होंने कहा कि इस अस्पताल में आने वाले अगले 6 माह  तक मरीजो के लिए ओपीडी बिल्कुल मुफ्त रहेगी। उन्होंने बताया कि इस अस्पताल में मरीजो को आईसीयू , गाइनी, हड्डी के डॉक्टर, आंख नाक गले के डॉक्टर, जरनल डॉक्टर 24 घण्टे अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। इस मौके पर डॉ कंचन, डॉ दर्शन सिंह, डॉ सप्ता मण्डल, ड़ॉ किरण जोत, ड़ॉ इंजमाम, डॉ मनजीत कौर, ड़ॉ अमित, डेविक लाइफ साइंस के एमडी सुभाष चन्द ओर अमनदीप डब, नरेंद्र, रविंदर, सर्व सहायता संगठन के अध्यक्ष कपिल शर्मा, फर्मासिस्ट मनजीत, गुरप्रीत, इंदरप्रीत, सुखदीप, प्रेस क्लब नालागढ़ के अध्यक्ष सतविंदर सैनी समेत गणमान्य लोग मौजूद रहे।

  • Manisha Rani को नहीं मिल रहा प्यार, Actress ने बताई वजह

    Manisha Rani को नहीं मिल रहा प्यार, Actress ने बताई वजह

    बॉलीवुड: सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर से एक्ट्रेस बनी बिहार की मनीषा रानी फैंस के दिलों पर राज कर रही हैं। उनके दिल में कौन है इसका कोई पता नहीं है। मनीषा का नाम वैसे तो एल्विश यादव, अभिषेक मल्हान, विशाल सिंह, टोनी कक्कड़ के साथ जोड़ा गया परंतु इन सभी को उन्होंने अपना अच्छा दोस्त बताया है।

    मनीषा यह कई बार कह चुकी हैं कि वो सिंगल हैं लेकिन आखिरी इसका कारण क्या है इसका खुलासा उन्होंने फिल्मी ज्ञान से बातचीत में किया है। एक्ट्रेस का भाई रोहित अक्सर उनके साथ ही हर शूट या काम पर जाता है। एक्ट्रेस ने सीधे शब्दों में कहा है कि इसी कारण से उनका ब्वॉयफ्रैंड नहीं मिल रहा। रोहित अपनी बहन के लिए बहुत ही प्रोटेक्टिव हैं और कैसे ख्याल रखते हैं इस पर रोहित ने कहा कि – ‘हम हमेशा समझाते रहते हैं कहीं भी जाती है, शूट पर भी जाती है तो हम साथ में ही रहते हैं’। मनीषा अपने भाई की इन बातों को सुनते ही कहती है कि यही कारण है कि मनीषा रानी का कोई ब्वॉयफ्रेंड नहीं बन पा रहा है। हर जगह ये साथ में ही रहता है।

    फिर इस पर मजाक बनाते हुए उन्होंने आगे कहा कि जैसे रोहित का कहना है कि हमेशा वो मेरे साथ ही रहता है तो उसको पता है कि दीदी के साथ तो मैं हूं ही कौन क्या कर लेगा फिर? दोनों भाई-बहन का प्यार फैंस को बहुत अच्छा लग रहा है। फैंस ने कमेंट्स करते हुए कहा कि – ‘मनीषा का दिल कितना साफ है दोनों में कितनी समझ है’।

  • Punjab News: Reel बनाने को लेकर दो पक्षों में हुई खूनी झड़प, जमकर की तोड़फोड़, देखें वीडियो

    Punjab News: Reel बनाने को लेकर दो पक्षों में हुई खूनी झड़प, जमकर की तोड़फोड़, देखें वीडियो

    फिरोजपुरः जिले के कस्बा ममदोट के गांव पीर के खानगढ़ में 2 परिवारों के बीच जमकर मारपीट हुई। मिली जानकारी के अनुसार रील बनाने को लेकर यह विवाद हुआ है। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर आरोप लगाए है कि उन्होंने गुंडे बुलाकर घर में तोड़फोड़ की। पीड़ित द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक गांव के ही कुछ लोगों के साथ 2 महीने पहले रील बनाने को लेकर झगड़ा हुआ था। जिसे पंचायत ने बैठकर निपटा दिया था।

    इसके लिए पंचायत ने एक मता भी लगाया था कि यदि कोई पक्ष मते का उल्लंघन करता है या झगड़े की पहल करता है तो उस पर 50 हजार जुर्माना लगाया जाएगा और उस पर पंचायत कार्रवाई करेगी। लेकिन फिर भी दूसरे पक्ष ने बब्बू पर कुछ गुंडे बुलाकर हमला कर दिया गया।

    बब्बू ने आरोप लगाए है कि इस घटना के दौरान उसके घर में घुसकर हमलावारों ने जमकर तोड़-फोड़ की। घटना में ससुराल वालों से मिला दहेज भी आरोपियों ने तोड़ दिया। पीड़ित ने पुलिस से इंसाफ की गुहार लगाई है। दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि इस संबंध में उन्हें शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  • America की फर्स्ट लेडी Melania Trump ने लिखा Putin को लैटर, इस वेब सीरीज से हुई तुलना

    America की फर्स्ट लेडी Melania Trump ने लिखा Putin को लैटर, इस वेब सीरीज से हुई तुलना

    नई दिल्ली: अलास्का में रुस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बैठक पर सभी की नजरें टिकी हुई थी। भले ही इस बैठक का कोई ठोस नतीजा नहीं आया परंतु इस बैठक से जेलेंस्की और यूरोपीय नेताओं के साथ मीटिंग का रास्ता निकला है। इन सबके बीच में अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप ने पुतिन को एक सीक्रेट लैटर लिखा है। मेलानिया के द्वारा लिखी इस चिट्ठी को ट्रंप ने पुतिन को दे दिया है परंतु मेलानिया के इस कदम की तुलना अमेरिका वेब सीरीज House of Cards की पात्र क्लेयर अंडरवुड के साथ की जा रही है। ऐसा क्यों किया जा रहा है इसका कोई अभी तक निष्कर्ष सामने नहीं आया है। मेलानिया ट्रंप ने पुतिन को एक चिट्ठी लिखी थी इसको उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अलास्का समिट के दौरान पुतिन को व्यक्तिगत तौर पर सौंपा था। पुतिन ने इस पत्र को तुरंत दोनों देशों के प्रतिनिधियों के सामने खोलकर पढ़ा था। मेलानिया की इस चिट्ठी को एक तरह से इमोशनल और मानवीय अपील बताया था जो मुख्य तौर पर युद्ध से प्रभावित बच्चों को विशेष तौर पर यूक्रेन और रुस के बच्चों की स्थिति पर केंद्रित थी। पत्र में भले ही यूक्रेन का नाम साफ तौर पर नहीं लिया गया परंतु यह युद्ध से प्रभावित बच्चों की स्थिति खास तौर पर यूक्रेन में बच्चों की साथ जुड़ी हुआ थी।

    चाइना पर इसलिए लगाया जा रहा है टैरिफ

    गौरतलब है कि हाउस ऑफ कार्ड्स एक अमेरिकी वेब सीरीज है इसका ताना-बाना राजनीतिक साजिशों, सत्ता के खेल और कूटनीतिक जटिलताओं के ईर्द-गिर्द बुना गया है। इसमें फ्रैंक और क्लेयर अंडरवुड जैसे किरदार सत्ता हासिल करने और बनाए रखने के लिए चालाकी, छल और रणनीतियों का इस्तेमाल करते हैं।

    इसलिए हो रही हाउस ऑफ कार्ड्स से मेलानिया की तुलना

    हाउस ऑफ कार्ड्स के सीजन-3 के एपिसोड 6 में क्लेयर अंडरवुड रुस के राष्ट्रपति विक्टोर पेट्रोव को एक चिट्ठी लिखती है। इस चिट्ठी को क्लेयर की ओर से एक कूटनीतिक प्रयास के तौर पर देखा गया। इसमें वह अमेरिकी कार्यकर्ता माइकल कॉरिगन की रिहाई का अनुरोध करती है इसको रुस में कैद किया गया है। ऐसे ही मेलानिया ट्रंप ने रुसी राष्ट्रपति पुतिन को चिट्ठी लिखी। इसमें उन्होंने यूक्रेन और रुस में युद्ध से प्रभावित हुए बच्चों की दुर्दशा का मुद्दा उठाया है। इस पत्र में मेलानिया ने पुतिन से बच्चों की मासूमियत की रक्षा करने और उनकी खोई हुई मुस्कान को वापिस लेने की भावनात्मक अपील की है। इन दोनों पत्रों में इमोशनल अपील का इस्तेमाल हुआ है। क्लेयर का पत्र मानवाधिकारों और नैतिकता पर केंद्रित था वहीं मेलानिया का पत्र बच्चों की मासूमियत और युद्ध के प्रभावों पर जोर देता है। क्लेयर का पत्र कूटनीतिक रणनीति का हिस्सा है। इसमें वह पेट्रोव को प्रभावित करने की कोशिश करती हैं वहीं मेलानिया का पत्र ज्यादा सार्वजनिक और मानवीय अपील से भरा हुआ है। 2025 की शुरुआत में मेलानिया ट्रंप का व्हाइट हाउस का ऑफिशियल पोर्टेट जारी हुआ था। इसमें वह काले रंग का बिजनेस सूट पहने हुए दिख रहे हैं और काफी कॉन्फिडेंस के साथ मेज पर हाथ टिकाकर खड़ी हुई हैं। उनकी इस तस्वीर को भी हाउस ऑफ कार्ड्स में क्लेयर अंडरवुड की तस्वीर से प्रेरित बताया गया था।
  • Jalandhar News: राजू के ढाबे पर Excise विभाग की Raid, अवैध शराब सहित संचालक काबू

    Jalandhar News: राजू के ढाबे पर Excise विभाग की Raid, अवैध शराब सहित संचालक काबू

    जालंधर, ENS: थाना कैंट के अधीन आते राजू के ढाबे पर एक्साइज विभाग की टीम ने रेड की। दरअसल, विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि ढाबे पर अवैध रूप से शराब का कारोबार किया जा रहा था। जिसके चलते आज एक्साइज विभाग ने ढाबे पर रेड करके ढाबा संचालक राजकुमार राजू काबू करके पुलिस के हवाले कर दिया है।

    वहीं एक्साइज विभाग की टीम ने राजू के कब्जे से 20 पेटियां अवैध शराब की बरामद की है। जिसमें पंजाब किंग, इंपीरियल ब्लू सहित अलग-अलग ब्रांड की अवैध शराब बरामद की है। वहीं थाना कैंट की पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रियां शुरू कर दी है। जांच में सामने आया है कि आरोपी काफी समय से ढाबे की आड़ में अवैध शराब का कारोबार कर रहा था।

  • Punjab News: ट्रैफिक उल्लंघना पर अब मौके पर करना होगा चालान का भुगतान, देखें वीडियो

    Punjab News: ट्रैफिक उल्लंघना पर अब मौके पर करना होगा चालान का भुगतान, देखें वीडियो

    पठानकोटः ट्रैफ़िक पुलिस लोगों की सुरक्षा के लिए ट्रैफ़िक नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए एक ओर सेमिनार आयोजित कर रही है। वहीं दूसरी ओर सड़क नियमों का पालन न करने वालों पर कार्रवाई भी की जा रही है और उनके चालान काटे जा रहे हैं। वहीं अब ट्रैफ़िक पुलिस को अपडेट किया जा रहा है। जिसके चलते ट्रैफ़िक पुलिस द्वारा ई-चालान काटे जा रहे हैं। ई-चालान को भरना नहीं पड़ता, बल्कि चालान मौके पर ही काटा जाता है, और उसका जुर्माना भी मौके पर ही ऑनलाइन भरा जाएगा।

    इस संबंध में जब पुलिस अधिकारियों से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि ट्रैफ़िक पुलिस को अपडेट कर दिया गया है और अब उन्हें नई मशीनें दी गई हैं जिनके ज़रिए नियमों की उलघंना करने वाले वाहन चालकों को मौके पर चालान काटे जाएंगे। उन्होंने बताया कि अब कोई भी चालान लिखित रूप में नहीं होगा, अब सभी चालान ई-चालान के ज़रिए काटे जाएंगे, जिनका भुगतान लोगों को मौके पर ही करना होगा। उन्होंने बताया कि आज उन्होंने लगभग 25 चालान काटे गए। लोगों को ट्रैफ़िक नियमों का पालन करने की सलाह दी ताकि आप भारी जुर्माने से बच सकें और अपनी जान-माल की सुरक्षा कर सकें।

  • छपरोह पंचायत के करलू गांव में तेंदुए की दहशत, वन विभाग की टीम ने गांववासियों के साथ की गश्त

    छपरोह पंचायत के करलू गांव में तेंदुए की दहशत, वन विभाग की टीम ने गांववासियों के साथ की गश्त

    वन विभाग के कर्मचारी निहत्थे गांव वासियों के साथ घूम रहे जंगल, ताकि  तेंदुए की दहशत से जनता को मिले निजात

    ऊना/सुशील पंडित: उपमंडल बंगाणा की ग्राम पंचायत छपरोह के करलू गांव में रविवार को तेंदुए की मौजूदगी की सूचना ने ग्रामीणों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। ग्रामीणों द्वारा सूचना मिलते ही वन विभाग ऊना की टीम ने तत्काल गांव का रुख किया और क्षेत्र में गश्त शुरू कर दी। वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।

    हालांकि कई घंटों की तलाशी और गश्त के बावजूद तेंदुए का कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया। सूचना मिलते ही डीएफओ ऊना सुशील राणा ने खुद मामले की गंभीरता को देखते हुए एक्शन लिया और टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया। डीएफओ ने कहा कि बरसात के मौसम में अक्सर तेंदुए जंगल से बाहर की ओर रुख कर लेते हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में उनके दिखने की आशंका बढ़ जाती है। इसीलिए वन विभाग पूरी सजगता के साथ गांव में गश्त कर रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि बीते दिन रात को कुछ लोगों ने गांव के पास तेंदुए की आहट सुनी थी और मवेशियों के खलिहान के पास पैरों के निशान भी देखे गए थे।

    इसी आधार पर उन्होंने वन विभाग को सूचना दी। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि वन विभाग की टीम लगातार इलाके में डटी हुई है और समय-समय पर गश्त कर रही है। बरसात के इन दिनों में जंगलों में घास और झाड़ियां काफी घनी हो गई हैं। यही वजह है कि जंगली जानवरों का पता लगाना मुश्किल हो रहा है। ग्रामीणों ने चिंता जाहिर की कि बिना हथियारों के वन विभाग की टीम तेंदुए की तलाश में जुटी हुई है, जो कहीं न कहीं उनके लिए भी खतरा पैदा कर सकता है। हालांकि वन विभाग के अधिकारी इस स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।करलू गांव में तेंदुए की सूचना भले ही अभी तक सिर्फ आशंका साबित हुई हो, लेकिन इसने ग्रामीणों को सतर्क कर दिया है। वन विभाग की फुर्ती और तत्परता से गांव में लोगों का भरोसा कायम हुआ है। अब सभी की नजरें वन विभाग की आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं, ताकि जल्द से जल्द स्थिति स्पष्ट हो सके और ग्रामीण चैन की सांस ले सकें।

  • Punjab News: दर्जन भर हमलावारों ने तेजधार हथियार से किया व्यक्ति पर हमला

    Punjab News: दर्जन भर हमलावारों ने तेजधार हथियार से किया व्यक्ति पर हमला

    बठिंडाः जिले में टोल प्लाजा पर तेजधार हथियारों से व्यक्ति पर हमला किया गया। घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल व्यक्ति की पहचान दिलावर सिंह निवासी रामा मंडी के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से घायल दिलावर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं घायल व्यक्ति ने कहा कि उस पर 15 से 20 लोगों ने तेजधार हथियार से हमला किया है।

    पीड़ित ने विधायक, पिता, 2 भाईयों और नगर कौंसल प्रधान पर आरोप लगाए है। इस घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है। दिलावर सिंह ने कहा कि मेरे साथ जो भी मारपीट की गई है, अगर मुझे कुछ हो जाता है तो मेरी मौत के जिम्मेदार ये सब लोग होंगे। क्योंकि उन्होंने गुंडे भेजकर मेरी टांगे तुड़वा दीं गईं।

    चन्नो शर्मा ढाबे नियर टोल प्लाजा पर करीब 15 से 20 लोगों ने एक साथ आकर हमला किया था। मुझे धमकी दी गई है कि तुम्हारे परिवार को भी मारा जाएगा और तुम्हें भी नहीं छोड़ेंगे। मेरी मांग है कि सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही दिलावर सिंह ने पुलिस पर भी कार्रवाई न करने और राजनीतिक दबाव होने के आरोप लगाए हैं।