Home National आज रात एक घंटे के लिए होगा Black Out, पब्लिक नोटिस जारी

आज रात एक घंटे के लिए होगा Black Out, पब्लिक नोटिस जारी

0
आज रात एक घंटे के लिए होगा Black Out, पब्लिक नोटिस जारी

नई दिल्लीः दिल्ली सरकार के पर्यावरण विभाग ने शनिवार 28 मार्च 2026 को पब्लिक नोटिस जारी किया है। ऐसे में आज शाम 8:30 बजे से 9:30 बजे तक दिल्लीवासियों को अनावश्यक लाइट्स और गैजेट्स बंद रखने की अपील की गई है। दरअसल, भारत की वीरता, बलिदान और गौरव की पहचान प्रमुख स्थल इंडिया गेट पर आज रात एक घंटे बिजली गुल रहेगी। ऐसा इसलिए क्योंकि ‘अर्थ ऑवर’ मनाया जाएगा। वैश्विक आंदोलन ‘अर्थ ऑवर’ की 20वीं वर्षगांठ के अवसर पर दिल्लीवासियों को ये नजारा देखने को मिलेगा।

यह अभियान डब्लूडब्लूएफ (वर्ल्ड वाइड फंड फॉर नेचर/वर्ल्ड वाइल्डलाइफ फंड) इंडिया के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। यह अंधेरा डर का नहीं, बल्कि जागरूकता का प्रतीक होगा. 8:30 बजते ही जब घरों, दुकानों और दफ्तरों की लाइटें एक साथ बंद होंगी तो यह सिर्फ बिजली बचाने का कदम नहीं होगा, बल्कि प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का एक मजबूत संदेश भी होगा।

राजधानी जैसे प्रदूषण से जूझते शहर में यह पहल और भी मायने रखती है। यहां हर दिन धुएं, ट्रैफिक और बढ़ती ऊर्जा खपत के बीच पर्यावरण का संतुलन बिगड़ता जा रहा है। ऐसे में यह एक घंटा सिर्फ अंधेरा नहीं, बल्कि एक सामूहिक चेतना का समय होगा, जब लोग खुद से सवाल करेंगे कि क्या हम अपने शहर और पृथ्वी के लिए कुछ कर रहे हैं। यह वह पल होगा जब लाखों लोग एक साथ खड़े होकर बताएंगे कि छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव ला सकते हैं, और यही छोटे कदम आने वाले समय में बड़े पर्यावरणीय परिवर्तन की नींव बनते हैं।

पिछले साल भी इंडिया गेट, कुतुबमीनार, राष्ट्रपति भवन और अन्य राष्ट्रीय स्मारकों में इसी तरह का नजारा देखने को मिला था। सरकारी इमारतों के अलावा आम लोगों ने भी अपने घरों में गैर जरूरी लाइटों को बंद की थीं। बीते साल दिल्ली ने ‘अर्थ आवर’ में 269 मेगावाट बिजली की बचत की थी और इस बार दिल्लीवासी कितनी बिजली की बचत करते हैं ये देखना दिलचस्प होगा। दिल्ली के अलावा देशभर के बड़े शहर भी इस अभियान में हिस्सा लेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here