Home Panchkula Haryana News: गणतंत्र दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल संपन्न, पुलिस कमिश्नर ने किया ग्राउंड का निरीक्षण, देखें वीडियो

Haryana News: गणतंत्र दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल संपन्न, पुलिस कमिश्नर ने किया ग्राउंड का निरीक्षण, देखें वीडियो

0
Haryana News: गणतंत्र दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल संपन्न, पुलिस कमिश्नर ने किया ग्राउंड का निरीक्षण, देखें वीडियो

पंचकूला। गणतंत्र दिवस समारोह को गरिमामय, भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में 26 जनवरी को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया। रिहर्सल के दौरान सभी विभागों ने निर्धारित कार्यक्रमों का अभ्यास किया और तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।

फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान पंचकूला पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज ने कार्यक्रम मंच से राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके उपरांत उन्होंने परेड का निरीक्षण किया तथा मार्च पास्ट की सलामी ली। परेड में हरियाणा पुलिस के जवानों ने अनुशासन, समर्पण और एकरूपता का शानदार प्रदर्शन किया।

पुलिस के जवानों ने दिखाया हैरतअंगेज करतब
रिहर्सल के दौरान हरियाणा पुलिस के जवानों द्वारा डेयर डेविल शो में बाइक से हैरतअंगेज स्टंट प्रस्तुत किए गए, जिसने उपस्थित अधिकारियों व दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इसके अलावा आर्म्स ड्रिल, मास पीटी, योग, सूर्य नमस्कार सहित अन्य शारीरिक एवं अनुशासनात्मक गतिविधियों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया।

पुलिस कमिश्नर ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
इस अवसर पर प्रतिभागियों ने फुल ड्रेस में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान की जाने वाली सभी गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का क्रमवार अभ्यास किया। पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज ने प्रत्येक कार्यक्रम का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को सभी गतिविधियों को समयबद्ध एवं समन्वय के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि 26 जनवरी का समारोह गरिमा और भव्यता के साथ संपन्न हो सके। इसके साथ ही उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया।

कार्यक्रम में राज्यपाल होंगे मुख्यातिथि
जानकारी देते हुए बताया गया कि 26 जनवरी को सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह में हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर अशीम कुमार घोष मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों एवं युद्ध वीरांगनाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा।

गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों पर आधारित आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। साथ ही स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शानदार प्रदर्शन किया जाएगा, जो समारोह की शोभा बढ़ाएगा।

फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता, डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन, सिटी मजिस्ट्रेट जागृति सहित पुलिस एवं अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here