होशियारपुरः फगवाड़ा रोड पर देर रात अड्डा डविडा रिहाना के पास हुए एक हादसे में परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो जाने की खबर सामने आ रही है। चश्मदीदों ने बताया कि वे परिवार सहित हिमाचल घूमने जा रहे थे, तभी उनकी नजर रास्ते में बुरी तरह क्षतिग्रस्त एक मोटरसाइकिल पर पड़ी तो उन्होंने रुक कर देखा कि परिवार के तीन सदस्य मृत अवस्था में पड़े थे और एक छोटी बच्ची गंभीर हालत में एक तरफ रो रही थी। उन्होंने तुरंत फुर्ती दिखाते हुए एंबुलेंस को सूचित किया और साथ ही पुलिस को भी सूचित कर दिया।
जिसके बाद शवों और घायल बच्ची को सरकारी अस्पताल होशियारपुर लाया गया। मृतकों के रिश्तेदार ने बताया कि बच्ची की सेहत में सुधार हो रहा है और मृतकों के वारिस जम्मू कश्मीर से आने तक इंतजार किया जाएगा और शवों को मॉर्चरी में रखा गया है। उन्होंने बताया कि उक्त परिवार चब्बेवाल में रहकर मेहनत मजदूरी करता था और उनका संबंध जम्मू कश्मीर से था। मिली जानकारी के अनुसार मृतक पति-पत्नी की उम्र करीब 30-35 साल थी और इस हादसे में उनके साथ मारे गए इकलौते बेटे की उम्र करीब 5 साल और हादसे में राहगीरों की सतर्कता के कारण बची नन्ही बच्ची की उम्र करीब 2-3 साल है।
