Blog

  • प्राकृतिक खेती को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दे रही सुक्खू सरकार, एमएसपी बढ़ने से किसानों में बढ़ा भरोसा

    प्राकृतिक खेती को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दे रही सुक्खू सरकार, एमएसपी बढ़ने से किसानों में बढ़ा भरोसा

    ऊना/सुशील पंडित: प्राकृतिक खेती अब हिमाचल के किसानों के लिए सिर्फ विकल्प नहीं, भरोसे की खेती बनती जा रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा वर्ष 2026-27 के बजट में प्राकृतिक खेती से उत्पादित फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में बढ़ोतरी के फैसले ने इस भरोसे को और मजबूत किया है। सरकार ने प्राकृतिक खेती से उगाए गए गेहूं का एमएसपी 60 से बढ़ाकर 80 रुपये प्रति किलोग्राम, मक्का का 40 से 50 रुपये और हल्दी का 90 से 150 रुपये प्रति किलोग्राम कर दिया है। इस बढ़ोतरी से किसानों को अपनी उपज का बेहतर दाम मिलने की उम्मीद है।

    ग्रामीण क्षेत्रों में इस फैसले को सकारात्मक रूप से देखा जा रहा है। किसानों का कहना है कि जब फसल का सही मूल्य मिलेगा, तो प्राकृतिक खेती अपनाने का उत्साह भी बढ़ेगा। ऊना  ज़िला के किसान सरकार के एमएसपी वृद्धि के निर्णय को दूरदर्शी सोच और किसान हितैषी बता रहे हैं। इसके लिए उन्होंने एकस्वर में प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया है।

    ऊना ब्लॉक के मलाहत गांव के प्रगतिशील किसान केवल चंद का कहना है कि मक्की, गेहूं और हल्दी के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में बढ़ोतरी करना प्रदेश सरकार का निर्णय अत्यंत सराहनीय है। यह निर्णय और भी किसानों को प्राकृतिक खेती की ओर प्रोत्साहित करेगा तथा युवाओं में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुखू का इस जनहितैषी पहल के लिए धन्यवाद किया।

    वहीं, घालूवाल के किसान कुलवंत सिंह, जो पिछले सात–आठ वर्षों से प्राकृतिक खेती से जुड़े हैं, ने भी सरकार के इस निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि वह गेहूं, मक्की, चना, मसूर, प्याज सहित अनेक फसलों का उत्पादन प्राकृतिक पद्धति से कर रहे हैं। प्राकृतिक खेती से उनके जैसे किसानों की आर्थिक स्थिति तो सुधरी ही  है, इससे उत्पादन क्षमता में भी वृद्धि हुई है।

    एक सुकून यह भी है कि हम इसके जरिए जहरमुक्त स्वास्थ्यवर्धक उत्पाद उपलब्ध करवा रहे हैं। कुलवंत सिंह के अनुसार सरकार का एमएसपी बढ़ोतरी का ऐतिहासिक निर्णय प्रदेश में रसायनमुक्त खेती को बढ़ावा देने में मील का पत्थर साबित होगा। इससे अधिक से अधिक किसान व युवा प्राकृतिक खेती से जुड़ने के लिए प्रेरित होंगे। साथ ही, यह कदम किसानों को आत्मनिर्भर बनाने तथा कृषि क्षेत्र को स्थायी व सशक्त दिशा देने वाला है।

    प्राकृतिक खेती को मिलेगी नई गति

    आत्मा परियोजना की उपनिदेशक डॉ. प्यारो देवी के अनुसार, ऊना जिले में 14,240 किसान पहले ही प्राकृतिक खेती से जुड़े हुए हैं। एमएसपी में वृद्धि से इन किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और अन्य किसानों का रुझान भी इस ओर बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन और प्रशिक्षण देकर इस अभियान को और सशक्त किया जा रहा है।

    आय बढ़ाने की दिशा में प्रभावी पहल
    उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार जिले में किसान हितैषी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत किसानों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के साथ-साथ किसानों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो, ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत बने और खाने की थाली तक शुद्धता पहुंचे।

     

  • Punjab News: आवारा पशु आने से हुआ भीषण सड़क हादसा, खुले एयरबैग, पुलिस कर्मी घायल, देखें वीडियो

    Punjab News: आवारा पशु आने से हुआ भीषण सड़क हादसा, खुले एयरबैग, पुलिस कर्मी घायल, देखें वीडियो

    पेड़ गिरने से अन्य गाड़ियां हुई क्षतिग्रस्त

    फगवाड़ाः आवारा पशुओं के कारण लगातार सड़क हादसे हो रहे है, लेकिन आवारा पशुओं पर नियंत्रण नहीं पाया जा रहा। आवारा पशुओं के कारण सड़क हादसों में कई लोग जान गंवा चुके है। वहीं ताजा मामला फगवाड़ा के नजदीक गांव साहनी से सामने आया है, जहां बड़ा हादसा होने से टल गया। मिली जानकारी के अनुसार सड़क पर अचानक आवारा पशु अचानक आ गया। इस दौरान आवारा पशु को बचाते समय गाड़ी बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि हादसे में गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और कार के एयरबैग खुलने के कारण कार चालक पुलिस कर्मी का बचाव हो गया। घटना में पुलिस कर्मी को मामूली चोटें आई है। घटना में घायल पुलिस कर्मी की पहचान एएसआई मेजर सिंह के रूप में हुई है। वहीं मामले की जानकारी देते हुए गांव राम खलियाणा के निवासी दलविंदर सिंह ने बताया कि गाड़ी में सवार होकर किसी काम के सिलसिले जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में अचानक आवारा पशु आने के कारण पुलिस कर्मी से बेकाबू हो गई और कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। पेड़ से टकराने के बाद गाड़ी पलटी खाकर सड़क पर आ गई। हादसे में पेड़ पीड़ित का गाड़ी पर गिरने से कार का फ्रंट का शीशा टूट गया। वहीं अन्य गाड़ी साइड का शीशा टूट गया। हादसे में जानी नुकसान होने से बचाव रहा। जिसके बाद उन्होंने घायल कार चालक को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के दौरान एक ही पुलिस कर्मी कार में मौजूद था। इस संबंध में जानकारी देते हुए पाशटा पुलिस चौकी के इंचार्ज एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि हादसाग्रस्त हुई गाड़ी उनकी है। घटना के दौरान वह कार में मौजूद नहीं थे। दरअसल, उनकी गाड़ी लेकर एएसआई मेजर सिंह किसी काम से थाना रावलपिंडी गए हुए थे। जब वह काम से वापिस पाशटा पुलिस चौकी आ रहे थे कि रास्ते में बाबा मंगू शाह दरगाह के पास अचानक आवारा पशु आने से यह हादसा हो गया। उन्होंने कहा कि इस हादसे में जान का नुकसान होने से बच गया जबकि गाड़ी हादसे में पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। घटना में गाड़ी के एयरबैग खुलने से एएसआई की जान बच गई। एएसआई को हादसे में मामूली चोटें आई है।
  • वशिष्ट पब्लिक स्कूल के छात्रों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

    वशिष्ट पब्लिक स्कूल के छात्रों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

    ऊना/ सुशील पंडित: सी०बी०एस०ई० द्वारा घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम में वशिष्ट पब्लिक स्कूल, बहडाला के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।
    विद्यालय के छात्र जागृत शर्मा ने 97% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। राघव ने 96% अंक प्राप्त कर द्वितीय तथा आर्यन सहोड़ ने 92% अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यालय के 11 विद्यार्थियों ने 90% से अधिक अंक प्राप्त किए हैं तथा 29 विद्यार्थियों ने 80% से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा टॉपर्स विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया तथा मिठाई खिलाकर उनकी सफलता का जश्न मनाया गया।विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अध्ययन, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के सहयोग को दिया। विद्यार्थियों ने बताया कि वे प्रतिदिन निश्चित समय तक पढ़ाई करते थे तथा पूरे वर्ष अनुशासन और निरंतर अभ्यास को प्राथमिकता दी। उन्होंने अपने भविष्य के लक्ष्यों को साझा करते हुए चिकित्सा, इंजीनियरिंग एवं प्रशासनिक सेवाओं में जाने की इच्छा व्यक्त की। साथ ही उन्होंने अपने जूनियर विद्यार्थियों को संदेश दिया कि नियमितता, मेहनत और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी है। विद्यालय के अध्यक्ष सतपाल वशिष्ट ने इस उपलब्धि पर सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को हार्दिक बधाई दी। विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक कौशल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह सफलता उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर प्रयासरत रहने एवं चुनौतियों का सकारात्मक दृष्टिकोण से सामना करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के निदेशक अनुज वशिष्ट ने इस अवसर पर विद्यालय के स्टाफ एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि भविष्य में भी विद्यालय इसी प्रकार उत्कृष्ट परिणाम देता रहेगा ।
     
  • Jalandhar News: Western Union से लूट मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार, DCP का आया बयान, देखें Live

    Jalandhar News: Western Union से लूट मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार, DCP का आया बयान, देखें Live

    जालंधर, ENS: महानगर में थाना 2 के अंतर्गत आते हरनामदासपुरा में स्थित वेस्ट एंड वेस्टर्न यूनियन टूर एंड ट्रेवल की दुकान पर बीते दिन 3 लुटेरे 1 लाख 8 हजार की नगदी लेकर फरार हो गए थे। वहीं इस घटना को लेकर कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी मनप्रीत ढिल्लों ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश करके पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। आरोपियों के कब्जे से कुछ नगदी बरामद की गई है। आरोपियों की पहचान गुरदीप और अमृतपाल सिंह के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ पहले से 2 मामले दर्ज है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जल्द ही तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। डीसीपी ने कहा कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से एक आरोपी को काबू कर लिया है।

    डीसीपी ने बताया कि शाम को 6:22 बजे घटना की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा कि पूछताछ में पता लगा 2 लड़के पहले 3:30 बजे दुकान पर आए थे। उस दौरान युवकों ने मुंह पर मास्क पहना हुआ था। कुछ समय बाद युवक मौके से चले गए। घटना के कुछ समय बाद युवक दोबारा दुकान पर आए दोबारा से टिकट की बातें करने लग गए। युवकों ने देखा की लड़की दुकान पर अकेली बैठी हुई है, जिसका फायदा उठाते हुए एक युवक काउंटर के पिछली साइड से अंदर गया और तिजौरी से नगदी निकाल कर लुटेरे मौके से फरार हो गए थे। डीसीपी ढिल्लों ने कहा कि इसी के साथ एक अलग मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत कार्रवाई करते हुए 195 ग्राम हेरोइन और एक्टिवा बरामद की गई।

    वहीं घटना स्थल पर लगे कैमरे की सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि दुकान पर अकेली महिला बैठी है। इस दौरान ब्लैक शर्ट में लड़का दुकान में आता है। लड़के ने मुंह रूमाल से ढका हुआ है और टिकट को लेकर पूछताछ करने लग जाता है। जिसके बाद लड़की किसी फोन पर बात कर रही होती है। जिसके बाद चैक शर्ट में दूसरा लड़का मुंह पर मास्क पहनकर आ जाता है और वहां पर खड़ा हो जाता है, लेकिन लड़की दोबारा से किसी के साथ फोन पर बात करने लग जाती है। तभी चैक शर्ट पहने लड़का बाहर की ओर देखने लग जाता है। हालांकि बाहर एक्टिवा पर तीसरा साथी मौजूद है। फिर दोनों लड़के आपस में बात करने लग जाते है। इसी दौरान ब्लैक शर्ट पहले लड़का लड़की के पीछे जाकर खड़ा हो जाता है और लड़की को पता भी नहीं चल पाता। जिसके बाद वह दूसरे साथी को पीछे से आकर अटैक करने के लिए कहता है। इस दौरान ब्लैक शर्ट पहने लड़के ने लड़की के मुंह को दबोचा और तिजौरी से नगदी लेकर बड़े आराम से तीनों लुटेरे मौके से फरार हो जाते है।

  • Jalandhar News: IPL में Krish Bhagat की सिलेक्शन पर परिवार में भारी उत्साह, देखें वीडियो

    Jalandhar News: IPL में Krish Bhagat की सिलेक्शन पर परिवार में भारी उत्साह, देखें वीडियो

    मां का बयानः 5 वर्ष में शुरू किया था क्रिकेट खेलना, 2 साल से आ रहा था IPL में नाम

    जालंधर, ENS: 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने स्पिन ऑलराउंडर अथर्व अंकोलेकर की जगह 21 वर्षीय कृष भगत को शामिल करने की घोषणा हुई है। दाएं हाथ के मध्यम गति के तेज गेंदबाज कृष भगत 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर एमआई का हिस्सा बने हैं। वहीं आईपीएल में सिलेक्शन होने पर पूर्व कैबिनेट मंत्री व दादा भगत चूनी लाल सहित परिवार ने भारी उत्साह देखने को मिला है। इस दौरान परिवार ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर मुंह मिठा करवाया। वहीं कृष की मां मनु ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि बेटे ने 5 वर्ष की आयु में अकेडमी में खेलना शुरू किया था। बेटे के अंदर किक्रेट का काफी जूनून है और उसका भारतीय टीम में खेलने का अब सपना है। मां ने बताया कि 2 साल से बेटे का आईपीएल में नाम आ रहा था, लेकिन सिलेक्शन नहीं हो पा रही। इस साल बेटे की आईपीएल में आखिरकार सिलेक्शन हो गई। बेटे की मुंबई इंडियंस टीम में सिलेक्शन होने की जानकारी कृष ने खुद ही दी। जिसके बाद परिवार में खुशी का माहौल छा गया। बेटे की मेहनत आखिरकार रंग लेकर आई है। मां ने कहा कि कृष को क्रिकेट का इतना जूनून है कि वह सारा दिन मैदान में ही रहता था और वह खुद उसे घर लेकर आते थे। बेटे की आईपीएल में सिलेक्शन में जालंधर की अकेडमी के सभी कोच का अहम योगदान रहा। वहीं पूर्व कैबिनेट मंत्र भगत चूनी लाल ने कहाकि आज का दिन उनके परिवार के लिए खुशियों से भरा है। पोते की आईपीएल में सिलेक्शन होने पर सुबह से बधाई का तांता लगा हुआ है। सिलेक्शन होने के बाद पोते के साथ बात हुई और उन्होंने मैदान में अच्छा प्रदर्शन करने का आर्शीवाद दिया। चूनी लाल ने कहाकि बेटों ने सियासत में नाम रोशन किया और पोते ने अब खेल में नाम रोशन किया। वहीं ताई सुरेश कुमारी ने कहाकि बच्चे की आईपीएल में सिलेक्शन होने पर उन्हें काफी खुशी है। आज बेटे की मेहनत रंग लेकर आई है। टीम में सिलेक्शन होने के बाद बच्चे ने परिवार को खुद जानकारी दी। ताई ने कहाकि अब उसका भारतीय टीम में खेलने का सपना है, ऐसे में वह आशा करते है कि जल्द उसे भारतीय टीम में खेलता देखें और वह जालंधर का नाम रौशन करें। बता दें कि अथर्व चोट की वजह से आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं। आईपीएल की तरफ से जारी बयान में कहा गया, “मुंबई इंडियंस ने अथर्व अंकोलेकर की जगह कृष भगत को साइन किया है, जो चोट के कारण टाटा इंडियन प्रीमियर लीग 2026 से बाहर हो गए हैं। वह पिछले 2 सालों से मुंबई इंडियंस के ट्रायल्स का हिस्सा थे। उन्होंने 2026 में डीवाई पाटिल टी20 कप में रिलायंस टीम के लिए खेला था और प्री-सीजन से टीम के साथ सपोर्ट बॉलर रहे हैं। अंकोलेकर 2020 में भारत की अंडर-19 विश्व कप टीम का हिस्सा थे और 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ एसीसी अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच भी थे। एमआई ने आईपीएल 2026 सीजन की शुरुआत कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ जीत के साथ की थी। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स, राजस्थान रॉयल्स, और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ तीन मैचों में एमआई को लगातार हार का सामना करना पड़ा है।    
  • कर्मचारियों की सुरक्षा और कल्याण सर्वोपरि: Harpal Singh Cheema

    कर्मचारियों की सुरक्षा और कल्याण सर्वोपरि: Harpal Singh Cheema

    चंडीगढ़: पंजाब के वित्त एवं परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आज पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (पी.आर.टी.सी.) के दिवंगत कंडक्टर रमनदीप सिंह के परिवार के साथ गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें 40 लाख रुपये का बीमा चेक भेंट किया। रमनदीप सिंह ने ड्यूटी के दौरान दुखद रूप से अपनी जान गंवा दी थी। जिला मुक्तसर साहिब के गांव घुमियारा के निवासी रमनदीप सिंह 2 जनवरी 2017 को आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से पी.आर.टी.सी. में कंडक्टर के रूप में भर्ती हुए थे। इस अवसर पर मंत्री द्वारा मृतक के पिता प्रगट सिंह को यह चेक सौंपा गया।

    इस दौरान,परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि यह मुआवजा पी.आर.टी.सी. और पंजाब एंड सिंध बैंक के बीच हुए बीमा समझौते के तहत निर्धारित कॉर्पोरेट बीमा शर्तों के अनुसार प्रदान किया गया है, जिसका उद्देश्य शोकग्रस्त परिवार को आर्थिक सहायता देना है।उन्होंने यह भी दोहराया कि भगवंत मान सरकार अप्रत्याशित कार्यस्थल हादसों के मद्देनज़र अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों की भलाई और वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

    इस मौके पर पी.आर.टी.सी. के चेयरमैन हरपाल जुनेजा, मैनेजिंग डायरेक्टर बिक्रमजीत सिंह शेरगिल तथा पंजाब एंड सिंध बैंक के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे और उन्होंने परिवार के साथ संवेदना व्यक्त की।

     

  • CM Nayab Singh Saini ने Online Self Enumeration कर हरियाणा में की जनगणना प्रक्रिया की शुरुआत

    CM Nayab Singh Saini ने Online Self Enumeration कर हरियाणा में की जनगणना प्रक्रिया की शुरुआत

    चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज ऑनलाइन सेल्फ एन्यूमरेशन (Self Enumeration) फॉर्म भर कर राज्य में जनगणना 2027 की प्रक्रिया का विधिवत शुभारंभ किया। इस पहल के माध्यम से उन्होंने प्रदेशवासियों को जनगणना में सक्रिय भागीदारी करने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने वीरवार को यहां आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि स्व-गणना की प्रक्रिया बेहद सरल और समय की बचत करने वाली प्रणाली है। यह पहल प्रधानमंत्री के ईज ऑफ लिविंग और डिजिटल इंडिया के विजन को और सशक्त बनाती है। उन्होंने कहा कि जनगणना-2027 विकसित हरियाणा–विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक अहम कदम है और यह केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि राज्य के समग्र और न्यायसंगत विकास की आधारशिला है। हरियाणा में जनगणना का प्रथम चरण 1 मई से 30 मई, 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें मकानों की गणना एवं सूचीकरण का कार्य पूरा किया जाएगा। इससे पूर्व 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक नागरिकों को डिजिटली स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जो डिजिटल भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सटीक और विश्वसनीय जनगणना आंकड़े ही ऐसी नीतियों और योजनाओं के निर्माण को सुनिश्चित करते हैं, जो समाज के प्रत्येक वर्ग तक प्रभावी रूप से पहुंच सकें। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए मंत्र ‘हमारी जनगणना, हमारा विकास’ को दोहराते हुए कहा कि यह संकल्प हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही साकार होगा। भारत में जनगणना का गौरवशाली इतिहास रहा है, जिसकी व्यवस्थित शुरुआत वर्ष 1872 में हुई थी। स्वतंत्रता के बाद यह देश की 8वीं और हरियाणा के गठन के बाद 6वीं जनगणना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना के सटीक आंकड़े ही राज्य और देश की विकास योजनाओं की नींव होते हैं। स्कूलों, अस्पतालों, सड़कों और अन्य बुनियादी ढांचे के निर्माण से लेकर गरीब एवं जरूरतमंदों के लिए योजनाओं के निर्माण तक हर नीति की आधारशिला सही जनगणना आंकड़े ही होते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे अपने परिवार की सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि योजनाएं प्रभावी और न्यायसंगत बन सकें। इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जा रही है, जिससे यह अधिक पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनेगी। स्व-गणना सुविधा के तहत नागरिक अपने मोबाइल, टैबलेट या कंप्यूटर के माध्यम से घर बैठे अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए se.census.gov.in पोर्टल विकसित किया गया है, जहां नागरिक मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी आधारित लॉगिन कर अपने राज्य, जिला और स्थानीय विवरण का चयन कर डिजिटल मानचित्र पर अपने घर को चिह्नित करेंगे और परिवार एवं आवास से संबंधित जानकारी दर्ज करेंगे। मुख्यमंत्री ने इस प्रक्रिया को सरल, सुरक्षित और गोपनीय बताया।

    जनगणना की जानकारियां पूरी तरह गोपनीय

    मुख्यमंत्री ने साफ किया कि जनगणना के दौरान एकत्रित की गई सभी जानकारी पूर्णतः गोपनीय होती है और इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाता है। किसी भी व्यक्ति, संस्था या एजेंसी के साथ यह जानकारी साझा नहीं की जाती। नागरिकों की निजता और विश्वास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि कोई नागरिक स्व-गणना सुविधा का उपयोग नहीं कर पाता है, तो चिंता की कोई बात नहीं है। 1 मई से 30 मई के बीच जनगणना कर्मचारी घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करेंगे। इस दौरान नागरिकों से अनुरोध है कि वे कर्मचारियों को सही और पूर्ण जानकारी प्रदान करें। युवाओं, स्वयं सहायता समूहों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों, पंचायत प्रतिनिधियों, नगर पार्षदों और समाज के जागरूक वर्गों से इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर लोगों को जागरूक करें और सुनिश्चित करें कि कोई भी परिवार इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया से वंचित न रहे। उन्होंने जनगणना से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को इस अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि जनगणना में हिस्सा लें और इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को मिलकर सफल बनाएं।

    जनगणना के लिए लगभग 60 हजार कर्मियों को किया गया प्रशिक्षित

    राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव तथा वित्तायुक्त और जनगणना के लिए हरियाणा स्टेट नोडल ऑफिसर डॉ सुमिता मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि देश में 2011 के बाद जनगणना हो रही है। इस बार की जनगणना की खास बात यह है कि इस बार डिजिटल रूप से जनगणना की जा रही है। 16 से 30 अप्रैल तक नागरिक पोर्टल पर जाकर स्व-गणना कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जनगणना के लिए लगभग 60 हजार कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया है। इसके अलावा, जनगणना करने वाले कर्मियों के लिए मानदेय भी बढ़ाया है। निदेशक, जनगणना ललित जैन ने कहा कि आज हरियाणा के 51000 एन्यूमरेशन ब्लॉक्स को डिजिटलाइज कर दिया है और इनका सारा नजीर नक्शा पोर्टल पर उपलब्ध है, जिससे राज्य के नागरिक आसानी से स्व गणना कर सकेंगे। यह सारा डेटाबेस हरियाणा के विकास के लिए सहायक होगा। उन्होंने बताया कि डिजिटल जनगणना के लिए नागरिक मोबाइल एप्लीकेशन और पोर्टल के माध्यम से कहीं से भी बड़ी आसानी से स्व गणना कर सकता है। इस डिजिटल सेंसस से समय की बचत होगी। इस अवसर पर मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव हेमा शर्मा, सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) वर्षा खांगवाल, अतिरिक्त निदेशक मनीष लोहान, मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण आत्रेय उपस्थित रहे।  
  • Punjab News: Gunman वापिस लेने पर भड़के शिवसेना नेता, अन्य Security की वापिस, देखें वीडियो

    Punjab News: Gunman वापिस लेने पर भड़के शिवसेना नेता, अन्य Security की वापिस, देखें वीडियो

    लुधियानाः जिले में चौड़ा बाजार के पास रहने वाले शिवसेना नेता गोरा थापर पर 5 जुलाई 2024 को निहंग बाणें में आए नौजवानों द्वारा सरेआम बाजार में जानलेवा हमला किया गया था। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिसके बाद पुलिस द्वारा शिवसेना नेता की सिक्योरिटी में बढ़ौतरी करते हुए उन्हें 4 गनमैन मुहैया करवाए गए थे। लेकिन अब प्रशासन द्वारा उनकी सिक्योरिटी में कटौती की गई।

    जिसको लेकर वह भड़क गए और उन्होंने खुद अन्य गनमैन वापिस कर दिए। मामले की जानकारी देते हुए गौरा थापर ने कहा कि उनके साथ हुई घटना में शामिल 4 दोषियों में से 2 फरार हो गए थे और 2 को काबू कर लिया गया था। गोरा थापर ने कहा कि घटना में शामिल एक दोषी को कोर्ट से जमानत मिल गई और दूसरे ने भी जमानत याचिका लगाई हुई है।

    उन्होंने कहा कि एक महीना पहले उनकी सिक्योरिटी में कटौती करते हुए एक गनमैन वापिस ले लिया था। जिसके बाद अब बीते दिन दूसरे गनमैन को भी वापिस ले लिया गया। इसी के चलते गोरा थापर ने अपने अन्य 2 गनमैन भी वापिस दे दिए। उन्होंने कहा कि गनमैन वापिस करने के दौरान किसी अधिकारी ने वापिस करने के लिए नहीं कहा, बल्कि अन्य 2 गनमैन वापिस करने पर अधिकारियों ने आभार व्यक्त किया। इस मामले को लेकर गोरा थापर ने कहा कि अगर उन पर दोबारा से हमला होता है तो उसका कौन जिम्मेदार है।

  • कबाड़ के गोदाम में लगी भीषण आग, 150 से अधिक झुग्गियां जलकर राख, मची भगदड़, देखें वीडियो

    कबाड़ के गोदाम में लगी भीषण आग, 150 से अधिक झुग्गियां जलकर राख, मची भगदड़, देखें वीडियो

    गाजियाबादः लखनऊ के बाद अब गाजियाबाद के इंदिरापुरम में भीषण आग गई। आसमान में धुएं का गुब्बार छा गया। मिली जानकारी के अनुसार कनावनी इलाके में स्थित कबाड़ के गोदाम में आग लगने के बाद झुग्गियों में आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि कई झुग्गियां इसकी चपेट में आ गई। इस घटना में 150 से अधिक झुग्गियां आग की चपेट में गई है। तेजी से उठती आग की लपटों को देख पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए लोग सुरक्षित ठिकानों की ओर भागने लगे, जिससे वहां दहशत का माहौल बन गया।

    आग की सूचना पर फायर ब्रिगेड की 10 से ज्यादा गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं। दमकल की टीम आग बुझाने में जुटी हुई है। डीएम समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। जानकारी के अनुसार, करीब डेढ़ दर्जन दमकल की गाड़ियां आग बुझाने के प्रयास में जुटी हैं। आसपास के जिलों से भी गाड़ियां बुलाई गई हैं। शुरुआती जांच में पता चला कि कई बच्चे गायब बताए गए हैं, इस वजह से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आग इतनी भयंकर भी कि कई कबाड़ गोदाम और करीब 150 झुग्गियां जल गई हैं। राहत की बात यह है कि अभी किसी के मरने की खबर नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही डीएम रविंद्र कुमार मंदार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

    मामले की जानकारी देते हुए डीएम रविंद्र कुमार ने बताया कि इंदिरापुरम पुलिस स्टेशन के अंतर्गत कनवानी इलाके में आग लग गई, जहां लगभग 150-200 झुग्गियां स्थित हैं और कबाड़ का काम होता है। सूचना मिलते ही दमकल गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं और आग पर काबू पाने में लगी हुई हैं। घटनास्थल पर स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौजूद है। अभी तक आग लगने की असली वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं यह हादसा शॉर्ट सर्किट की वजह से तो नहीं हुआ है। फिलहाल, दमकल कर्मी और पुलिस की टीमें स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में करने की कोशिश जारी है। आसपास के लोगों को भी सतर्क रहने को कहा गया है ताकि बचाव कार्य में कोई रुकावट न आए।

     

     

     

     

     

  • चुनाव में क्रॉस वोट मामले में कांग्रेस का एक्शन, 5 MLAs Suspended

    चुनाव में क्रॉस वोट मामले में कांग्रेस का एक्शन, 5 MLAs Suspended

    चंडीगढ़ः हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के दौरान कथित क्रॉस वोटिंग के मामले में कांग्रेस एक्शन मोड में आ गई है। दरअसल, क्रॉस वोट मामले कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाते हुए अपने 5 विधायकों को पार्टी से तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि नारायणगढ़, सढौरा, रतिया, पुनहाना और हथीन से विधायक शैली चौधरी, रेणु बाला, जरनैल सिंह, मोहम्मद इलियास और मोहम्मद इजराइल के खिलाफ यह कदम उठाया गया है।

    सूत्रों के अनुसार, हरियाणा कांग्रेस की अनुशासन समिति और कांग्रेस विधायक दल (CLP) की बैठकों में इन विधायकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की सिफारिश की गई थी। इसके बाद मामला केंद्रीय नेतृत्व को भेजा गया। केंद्रीय अनुशासन समिति, जिसकी अध्यक्षता ए. के. एंथोनी कर रहे हैं, ने राज्य नेतृत्व की सिफारिश पर मुहर लगाते हुए पांचों विधायकों को निलंबित करने का फैसला लिया।

    राव नरेंद्र सिंह ने स्पष्ट कहा कि पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी स्तर पर इसकी अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह फैसला सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए एक सख्त संदेश है कि पार्टी के सामूहिक निर्णयों के खिलाफ जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई तय है। वहीं कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि राज्यसभा चुनाव जैसे महत्वपूर्ण मौके पर पार्टी लाइन से हटकर मतदान करना अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

    इस कार्रवाई के जरिए पार्टी ने स्पष्ट संकेत दिया है कि संगठनात्मक अनुशासन से समझौता नहीं किया जाएगा। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, इस फैसले से न सिर्फ हरियाणा बल्कि अन्य राज्यों में भी पार्टी के भीतर अनुशासन को लेकर एक सख्त संदेश जाएगा। आने वाले समय में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और आंतरिक असंतोष को नियंत्रित करने के लिए इस तरह के कदम और भी देखने को मिल सकते हैं। वहीं, इस घटनाक्रम के बाद हरियाणा की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और विपक्षी दल भी इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर निशाना साध रहे हैं।