दीनानगर : सीमावर्ती क्षेत्र बमियाल सेक्टर के आसपास संदिग्ध लोगों के देखे जाने का मामला सामने आया है। बमियाल अंतर्गत रामकलमा गांव में बीती रात एक महिला और युवक द्वारा 4 संदिग्ध लोगों को देखा गया है। जानकारी के अनुसार बमियाल से 3 किलोमीटर की दूरी पर स्थित गांव रमकालमा में बीती रात कमला देवी और अभिषेक ने अपने घर के अंदर से गली में करीब 4 संदिग्ध लोगों को घूमते हुए देखने का दावा किया है। उनका बताया कि यह घटना रात करीब 12 बजे की है।
महिला कमला देवी और अभिषेक द्वारा बताया जा रहा है कि उन्होंने भारतीय सेना की वर्दी के साथ कार्गों पजामे डाले हुए थे और इसके साथ ही जंगल बूट डाले हुए थे। कमला देवी और अभिषेक कुमार ने सुबह करीब 7 बजे पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सीमावर्ती गांव रामकलमा का पूरा इलाका अचानक पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। मौके पर स्वैट टीम, कमांडो टीम, एएसओजी टीम, सीमा सुरक्षा बल और पंजाब पुलिस की पूरी फोर्स समेत आला अधिकारी पहुंचे।