Home Punjab>Amritsar Punjab News: अंतर्राष्ट्रीय हथियार तस्करी मॉड्यूल के 4 सदस्य काबू, 7 अत्याधुनिक पिस्तौल बरामद

Punjab News: अंतर्राष्ट्रीय हथियार तस्करी मॉड्यूल के 4 सदस्य काबू, 7 अत्याधुनिक पिस्तौल बरामद

0
Punjab News: अंतर्राष्ट्रीय हथियार तस्करी मॉड्यूल के 4 सदस्य काबू, 7 अत्याधुनिक पिस्तौल बरामद

अमृतसर : कमिश्नरेट पुलिस ने 7 पिस्तौलों के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार कर सरहद पार से हथियारों की तस्करी के मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। आरोपियों की पहचान समरबीर सिंह उर्फ सिमर (21) निवासी महिंद्रा कॉलोनी, अमृतसर; सतनाम सिंह उर्फ सत्ता (23) निवासी गांव फतेहपुर, तरनतारन, जो वर्तमान में अमृतसर के कृष्णा नगर में रह रहा था; तनुप्रीत सिंह (26) निवासी प्रताप नगर, अमृतसर; और करनजोत सिंह उर्फ साजन (26) निवासी कृष्णा नगर, अमृतसर के रूप में हुई है। बरामद किए गए हथियारों में ऑस्ट्रिया निर्मित दो 9 एमएम ग्लॉक, चीन निर्मित चार .30 बोर और एक .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं।

डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों के माध्यम से पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे। गैर-कानूनी हथियारों की खेप सरहद पार से ड्रोन के जरिए भेजी गई थी, जिसे स्थानीय सहयोगियों के माध्यम से आगे आपराधिक तत्वों में वितरित किया जा रहा था। आरोपियों के अन्य साथियों का पता लगाने के लिए नेटवर्क के आगे-पीछे के संबंधों की जांच की जा रही है।

कार्रवाई के विवरण देते हुए सीपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी समरबीर उर्फ सिमर को दो ग्लॉक पिस्तौलों सहित गिरफ्तार किया गया था। आरोपी से पूछताछ के बाद उसके तीन साथी सतनाम उर्फ सत्ता, तनुप्रीत सिंह और करनजोत उर्फ साजन को भी गिरफ्तार कर लिया गया, जिनके खुलासों के आधार पर पांच और पिस्तौल बरामद किए गए।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि आरोपी सतनाम उर्फ सत्ता पहले भी व्यावसायिक मात्रा में हेरोइन की बरामदगी से संबंधित एक मामले में शामिल रहा है, जिसमें उसके कब्जे से 8 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। सतनाम सत्ता और करनजोत उर्फ साजन एक ही मोहल्ले में रहते हैं और पाकिस्तान-आधारित हैंडलर के निर्देशों पर मिलकर काम कर रहे थे।

जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी पढ़े-लिखे हैं और पहले एक निजी फर्म में सेल्समैन के रूप में काम कर चुके हैं। आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना छावनी में शस्त्र अधिनियम की धारा 25 (1-ए, 6, 7, 8) के तहत एफआईआर नंबर 70 दिनांक 30-04-2026 दर्ज की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here