Blog

  • आज का राशिफल, 8 जून 2026

    आज का राशिफल, 8 जून 2026

    आज राशिफल बता रहा है कि, शताभिषा नक्षत्र का असर हर राशि पर दिखेगा। रिसर्च, हीलिंग, रहस्य और आध्यात्मिक काम में आज असाधारण ताकत है। मंगलदेव के नए पद से काम में एक नई फुर्ती आई है। बृहस्पति की उच्च स्थिति सभी के लिए एक बड़ा सहारा बनी हुई है। हालांकि, खुद को दूसरों से बिल्कुल अलग मत करें, खुलापन बनाए रखें। जानें विस्तार पूर्वक अपना भविष्यफल।

    मेष राशि: प्लानिंग को आज अमलीजामा पहनाने का वक्त आ गया। मेष राशि वालों के लिए आज का दिन हाथ पर हाथ धरकर बैठने वाला नहीं है। मंगलदेव अपनी ही राशि में हैं और उनकी एनर्जी में आज बातचीत का एक नया रंग जुड़ गया है। जो भी काम लंबे समय से बस सोचते रहे हैं, उसे आज हकीकत में बदलने का मौका है। तीसरे घर में बुधदेव और शुक्रदेव एक साथ हैं जिससे बातों में ऐसी धार आएगी कि सामने वाला सुने बिना रह नहीं पाएगा। नेटवर्किंग के मामले में भी आज का दिन कमाल का है, खासकर उन लोगों से मिलना-जुलना फायदेमंद रहेगा जो रिसर्च या हेल्थ से जुड़े काम में हैं। मां या घर के बड़ों का सहयोग आज अपनेआप मिलेगा, उनकी बात को हल्के में मत लें। खर्चों पर नजर रखें क्योंकि जेब से पैसा निकलने के आसार हैं। आर्थिक मामलों में जल्दबाजी बाद में पछतावा दे सकती है।

    वृष राशि: आर्थिक उलझन सुलझेगी। काम की जगह पर आज वृष राशि वालों को एक बात याद रखनी है, जो ज्यादा सोचेगा वही जीतेगा। चंद्रदेव दसवें घर में शताभिषा नक्षत्र पर बैठे हैं और यह नक्षत्र रहस्य और गहरी खोज का है। लिहाजा आज ऑफिस में जो लोग रिसर्च, मेडिकल या डेटा एनालिसिस के काम से जुड़े हैं, उनके लिए तो यह दिन सोने पर सुहागा है। बाकी लोगों के लिए भी यही सलाह है कि आज किसी काम को फौरी तौर पर मत निपटाएं, गहराई से काम करेंगे तो असर दिखेगा। घर और पैसों के मामले में लग्नेश शुक्रदेव और बुधदेव का साथ है, जिससे परिवार में बातचीत का माहौल ठीक रहेगा और रुपए-पैसे की कोई उलझन हो तो आज सुलझ सकती है। बृहस्पति की समझदारी संचार में काम आएगी। शरीर साथ न दे तो जबरदस्ती मत करें, थोड़ा रुककर आराम करें। धीरे-धीरे ही सही लेकिन कमाई होगी जरूर।

    मिथुन राशि: आज जो बोलेंगे, लोग सुनेंगे और मानेंगे भी। आज मिथुन राशि वालों पर सितारों की मेहरबानी कुछ अलग तरह से बरसेगी। बुधदेव और शुक्रदेव दोनों लग्न पर हैं, यानी आज आपकी जुबान में वो जादू होगा जो सामने वाले को मना ले। कोई बात मनवानी हो, कोई सौदा पक्का करना हो या बस दिल की बात कहनी हो, आज का दिन उसके लिए बिल्कुल सही है। भाग्य के नौवें घर में चंद्रदेव बैठे हैं जो कह रहे हैं कि आज किस्मत उन्हीं का साथ देगी जो घर में बैठकर इंतजार नहीं करते बल्कि खुद मैदान में उतरते हैं। दूसरे घर में उच्च के बृहस्पति यह भरोसा दे रहे हैं कि घर और परिवार के मामलों में जो उलझनें हैं वो धीरे-धीरे सुलझेंगी। कमाई के रास्ते भी खुले हैं, बस थोड़ी बेबाकी से आगे बढ़ें। करियर में जो लोग मेहनत से नहीं भागते, शनिदेव उनका हिसाब जरूर चुकाएंगे। दोपहर के बाद थकान हो सकती है, थोड़ा ब्रेक लें।

    कर्क राशि: योगकारक मंगल करियर में दिखाएंगे कमाल। कर्क राशि के जातकों के लिए आज करियर के मोर्चे पर दिन दमदार है। लग्न में उच्च के बृहस्पतिदेव का साथ हर रोज और गहरा होता जा रहा है जिससे व्यक्तित्व में एक ऐसी परिपक्वता आ रही है जो काम आती है। योगकारक मंगलदेव दसवें भाव में दिग्बली होकर अपनी राशि में हैं। आज जो भी काम उठाएं उसे तेजी और चालाकी दोनों के साथ अंजाम दें, नतीजा जरूर दिखेगा। लग्नेश चंद्रदेव आठवें भाव में शताभिषा नक्षत्र पर हैं। कोई छुपी हुई जानकारी सामने आ सकती है या मानसिक परेशानी हो सकती है, लेकिन बृहस्पति की नजर है तो कोई नुकसान नहीं होगा। बारहवें भाव में बुधदेव और शुक्रदेव एकांत में काम करने वालों के लिए मददगार हैं। खर्चों पर नजर बनाए रखें और परिवार में पैसों से जुड़ी बातें सावधानी से करें।

    सिंह राशि: मन की बातों को खुलकर बोलें। सिंह राशि वालों के लिए आज का दिन रिश्तों में एक नई गहराई लेकर आया है। सातवें घर में चंद्रदेव शताभिषा नक्षत्र पर हैं, जो बताते हैं कि आज पार्टनर या बिजनेस पार्टनर के साथ जो बातचीत होगी वो बेहद जरूरी और असरदार होगी। बस एक काम जरूर करें, जो मन में हो वो साफ-साफ कह दें। कुछ छुपाकर रखा, तो बाद में उलझन बढ़ेगी। करियर के मोर्चे पर लग्नेश सूर्यदेव दसवें घर में दिग्बली होकर बैठे हैं, यानी काम की जगह पर आपकी धाक आज अलग ही दिखेगी। जिस काम को लेकर बड़े लोगों से मिलना हो या कोई अहम फैसला लेना हो, उसके लिए आज का दिन बेहतर है। योगकारक मंगलदेव की वजह से किस्मत भी आज तेज-तर्रार तरीके से साथ देगी। ग्यारहवें घर में बुधदेव और शुक्रदेव हैं तो नेटवर्किंग से कुछ न कुछ अच्छा निकलेगा जरूर। बृहस्पति पर्दे के पीछे से भी कुछ शुभ बना रहे हैं।

    कन्या राशि: कमाई के रास्ते खुले हैं। कन्या राशि वालों के लिए आज का दिन काम में डूब जाने वाला है और यह अच्छी बात है। लग्नेश बुधदेव और शुक्रदेव दसवें घर में एक साथ हैं। इसका मतलब है कि आज ऑफिस में आपकी कही गई बात का वजन होगा और जो काम करेंगे उसमें एक खास चमक भी दिखेगी। छठे घर में चंद्रदेव शताभिषा नक्षत्र पर हैं जो रिसर्च, मेडिकल और हीलिंग के कामों में एक अलग ही धार देते हैं। कन्या राशि तो वैसे भी सेवा और बारीकी के लिए जानी जाती है, आज यह खूबी दोगुनी हो जाएगी। पैसों के मामले में बृहस्पति की मेहरबानी जारी है, कमाई के रास्ते खुले हैं। शनिदेव सातवें घर में दिग्बली होकर साझेदारियों को एक पक्की बुनियाद दे रहे हैं, यानी जो रिश्ते हैं वो टिकाऊ हैं। मंगलदेव गहरी खोज में मदद करते हैं लेकिन एक बात का ध्यान रखें, सोचते रहने की अपनी आदत पर आज थोड़ा काबू रखें और वक्त पर फैसला करें।

    तुला राशि: परिश्रम का शुभ परिणाम मिलेगा। तुला राशि वालों के लिए आज का दिन करियर में उन लोगों को इनाम देने वाला है, जो चुपचाप मेहनत करते रहे हैं। दसवें घर में उच्च के बृहस्पति हैं और उनकी कृपा से पेशेवर जिंदगी में तरक्की के रास्ते खुलते जा रहे हैं। पांचवें घर में चंद्रदेव शताभिषा नक्षत्र पर हैं, जिससे आज रचनात्मक काम में गहराई और तेजी एक साथ आएगी। जो लोग हीलिंग आर्ट्स, लेखन या बौद्धिक काम से जुड़े हैं, उनके लिए तो आज का दिन खास रंग लाएगा। नौवें घर में लग्नेश शुक्रदेव और बुधदेव हैं यानी किस्मत आज मेहनत करने वालों के साथ खड़ी है। योगकारक शनिदेव छठे घर में हैं तो जो लोग आपके रास्ते में आना चाहते हैं वो खुद ही पस्त हो जाएंगे। सातवें घर में मंगलदेव की वजह से रिश्तों में एक जोश है, लेकिन कुछ भी बोलने से पहले एक बार सोच लें, अन्यथा बनी बात बिगड़ सकती है। पार्टनर को आज थोड़ा वक्त दें।

    वृश्चिक राशि: आज दिमाग लड़ाएंगे, तो मैदान में बाजी मार लेंगे। वृश्चिक राशि वालों के लिए आज का दिन उन लोगों का है जो सिर्फ ताकत से नहीं, बल्कि चालाकी और समझदारी से खेलते हैं। लग्नेश मंगलदेव छठे घर में अपनी ही राशि पर बैठकर हर्ष योग बना रहे हैं। इसका सीधा मतलब है कि जो लोग आपके खिलाफ हैं, वो आज खुद ही कमजोर पड़ेंगे, आपको बस अपना काम ढंग से करते रहना है। चौथे घर में चंद्रदेव शताभिषा नक्षत्र पर हैं। घर का माहौल आज थोड़ा गहरा रहेगा। अगर घर में कोई पुरानी बात सुलझानी हो, तो आज उसके लिए बैठ सकते हैं, नतीजा अच्छा निकलेगा। आठवें घर में बुधदेव और शुक्रदेव हैं जिससे रिसर्च और गहरी जांच-पड़ताल वाले कामों में आज कमाल होगा। बृहस्पति की वजह से भाग्य का पलड़ा आपकी तरफ झुका है। करियर में कोई अचानक का मोड़ आए तो घबराएं नहीं, यह बुरा नहीं होगा। प्रेम जीवन में जो रिश्ता है उसे और गहरा करने में आज वक्त लगाएं।

    धनु राशि: कुछ सकारात्मक बदलाव होंगे। धनु राशि के जातकों के लिए आज का दिन रिश्तों और छुपे हुए अवसरों का है। लग्नेश बृहस्पति उच्च राशि में आठवें भाव में हैं जो पर्दे के पीछे से किसी शुभ बदलाव की आहट देते हैं। सातवें भाव में बुधदेव और शुक्रदेव का साथ रिश्तों और साझेदारियों में एक सुखद ताजगी लेकर आएगा। पार्टनर की बात ध्यान से सुनें, उसमें कोई अहम बात होगी। तीसरे भाव में चंद्रदेव शताभिषा नक्षत्र पर हैं जिससे आज हीलिंग, मेडिकल या रिसर्च से जुड़े विषयों पर बातचीत खास फायदेमंद रहेगी। पांचवें भाव में मंगलदेव रचनात्मक ऊर्जा और उत्साह से भरपूर हैं। चौथे भाव में शनिदेव घर की जिम्मेदारियां देते हैं, लिहाजा उन्हें प्रेम से निभाएं। प्रेम जीवन में खुलकर बात करें, अच्छे नतीजे आएंगे।

    मकर राशि: रिश्तों की उलझन सुलझ सकती है। मकर राशि वालों को आज एक काम जरूर करना चाहिए, जो बात मन में दबी पड़ी है उसे बाहर निकालें। सातवें घर में बृहस्पति उच्च के हैं और इतने गहरे असर में पहले कभी नहीं थे। यानी जो लोग शादी की बात आगे बढ़ाना चाहते हैं या किसी के साथ कारोबार में हाथ मिलाना चाहते हैं, उनके लिए यह वक्त किसी तोहफे से कम नहीं है। दूसरे घर में चंद्रदेव शताभिषा नक्षत्र पर बैठे हैं। घर में आज माहौल थोड़ा भारी-भारी लग सकता है, कोई पुरानी बात सामने आ सकती है। उसे उलझाएं नहीं, धैर्य से सुनें तो हल निकलेगा। छठे घर में शुक्रदेव और बुधदेव मिलकर दुश्मनों और प्रतिस्पर्धियों को दिमाग से चित करेंगे। लग्नेश शनिदेव की चाल भले धीमी हो, लेकिन जो मेहनत कर रहे हैं उसका हिसाब वो जरूर देंगे। घर और जमीन के मामले में आज कोई जरूरी कदम उठाने का मौका है।

    कुंभ राशि: अपने खर्च पर कंट्रोल करें। कुंभ राशि वालों के लिए आज का दिन सामान्य दिन जैसा नहीं है। चंद्रदेव सीधे आपकी अपनी राशि में शताभिषा नक्षत्र पर आ गए हैं, जो राहु का घर है। इसका असर यह होगा कि आज आप खुद को थोड़ा अलग महसूस करेंगे, जैसे भीतर से कुछ जाग रहा हो। जो लोग हीलिंग, रिसर्च, तंत्र-मंत्र या वैकल्पिक चिकित्सा में दिलचस्पी रखते हैं उनके लिए तो आज का दिन किसी खजाने से कम नहीं है। बस एक बात का ख्याल रखें कि इस गहरी एनर्जी में खुद को लोगों से काटकर मत रखें, वरना मन भारी हो जाएगा। पांचवें घर में शुक्रदेव और बुधदेव बैठे हैं जिससे रचनात्मक काम में आज कुछ नया और चौंकाने वाला आइडिया आ सकता है, उसे कहीं लिख लें। पैसा खर्च करने से पहले दो बार सोचें क्योंकि शनिदेव दूसरे घर में हैं और हिसाब मांगेंगे। बोलने में आज बेबाकी रहेगी, इसे सही जगह लगाएं। पार्टनर के साथ आज क्वालिटी टाइम बिताएं।

    मीन राशि : भीतर से एक नई ताकत मिलेगी। मीन राशि वालों के लिए आज का दिन शोर-शराबे का नहीं बल्कि अपने अंदर झांकने का है। बारहवें घर में चंद्रदेव शताभिषा नक्षत्र पर हैं जो एकांत और आध्यात्मिकता का नक्षत्र है। आज सुबह अगर थोड़ी देर ध्यान में बैठ जाएं, कोई मंत्र जपें या बस चुपचाप बैठकर मन को थाम लें तो पूरे दिन एक अलग ही सुकून रहेगा। लग्नेश बृहस्पति पांचवें घर में उच्च राशि पर जमे हुए हैं और उनकी कृपा से जो लोग कुछ लिखते हैं, बनाते हैं या कला से जुड़े हैं उनके लिए यह समय बहुत काम का है। चौथे घर में शुक्रदेव दिग्बली हैं और बुधदेव का साथ है, यानी घर में आज सुकून रहेगा और जमीन-जायदाद से जुड़ी कोई उलझन हो तो वो साफ हो सकती है। आज वाणी पर काबू रखें, बोलने से पहले एक बार सोच लें। लग्न पर शनिदेव हैं, थकान होगी तो आराम कर लें।

  • पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन ने गांवों का किया दौरा, लोगों की समस्याएं सुनी, देखें वीडियो

    पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन ने गांवों का किया दौरा, लोगों की समस्याएं सुनी, देखें वीडियो

    जालंधर: पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष जसवीर सिंह गढ़ी ने गोराया और फिल्लौर ब्लॉकों के गांवों का दौरा करके लोगों की समस्याएं सुनी और गांव रुड़का कलां, रुड़की, अकलपुर, गांव गन्ना के मोहल्ला लांगड़ियां का दौरा कर लोगों की समस्याओं को सुना। इस दौरे के दौरान गढ़ी ने लोगों को विश्वास दिलाया कि प्रशासन के साथ समन्वय करके उनके मुद्दों का उचित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार प्रत्येक वर्ग के लोगों की भलाई और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
    चेयरमैन ने यूथ फुटबॉल क्लब, रुड़का कलां पहुंचकर मैक्सिको में हुए स्ट्रीट चाइल्ड वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन के कारण रनरअप का गौरव हासिल करने वाली टीम का मनोबल बढ़ाया। इसके साथ ही क्लब को एक लाख एक हजार रुपये देने का ऐलान भी किया। वाई.एफ.सी. द्वारा युवाओं को खेलों से जोड़कर स्वस्थ समाज की रचना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही है। इस तर्ज पर और भी पहल होनी चाहिए, ताकि युवा पीढ़ी को खेलों से जोड़कर नशों से दूर रखा जा सके। गढ़ी ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए बड़े स्तर पर प्रयास किए जा रहे है, ताकि राज्य में खेल संस्कृति को और अधिक प्रफुल्लित किया जा सके। राज्य सरकार ने ‘खेड़ां वतन पंजाब दियां’ के अलावा आधुनिक सुविधाओं से लैस 3000 से अधिक खेल मैदानों को विकसित करने, खिलाड़ियों के उचित सम्मान सहित कई पहल की हैं। चेयरमैन गढ़ी क्लब के प्रयासों की सराहना करते हुए वाई.एफ.सी. के चेयरमैन गुरमंगल दास, क्लब की प्रबंधक कमेटी और खिलाड़ियों को बधाई दी। इसके अलावा डेरा बाबा भाई साधू जी, सरपंच इकविंदर कौर और गांव वासियों का युवाओं को स्वस्थ जीवन शैली से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों के लिए धन्यवाद व्यक्त किया। गढ़ी ने मंदिर बाबा श्री बालक नाथ जी गोराया, डेरा बाबा भाई साधू जी रुड़का कलां और डेरा बाबा ब्रह्मदास अकलपुर में नतमस्तक होकर सूबा वासियों की तरक्की और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। जिसके बाद भगवान वाल्मीकि आश्रम प्रबंधक कमेटी गोराया के साथ बैठक के दौरान आश्रम के निकट कूड़े के डंप को हटाने की मांग पर शीघ्र कार्रवाई का भरोसा देते हुए गढ़ी ने कहा कि इस संबंध में नगर परिषद, गोराया को निर्देश जारी करके उचित कार्रवाई के लिए बाध्य किया जाएगा। अंत में गढ़ी ने गांव गन्ना पहुंचकर अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों की समस्याएं भी सुनीं और उचित समाधान करवाने का आश्वासन दिया।    
  • एबीवीपी के वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मेलन “स्मृति-2026” में पहुंचे नेता प्रतिपक्ष

    एबीवीपी के वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मेलन “स्मृति-2026” में पहुंचे नेता प्रतिपक्ष

    ऊना/शिमला : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा आयोजित वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मेलन “स्मृति-2026” में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक सम्मेलन नहीं, बल्कि वर्षों की स्मृतियों, संघर्षों, सीख और संगठनात्मक संस्कारों से पुनः जुड़ने का एक भावपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि उनका छात्र जीवन और व्यक्तित्व निर्माण एबीवीपी के संस्कारों से गहराई से जुड़ा रहा है तथा आज जीवन में जो कुछ भी प्राप्त किया है, उसमें एबीवीपी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
    जय राम ठाकुर ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने सदैव व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया है। राष्ट्र प्रथम की भावना, अनुशासन, संगठन और सामाजिक उत्तरदायित्व के जो संस्कार यह संगठन अपने कार्यकर्ताओं को देता है, वे इसे विश्व के अन्य छात्र संगठनों से विशिष्ट बनाते हैं। उन्होंने कहा कि एबीवीपी केवल विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन ही नहीं, बल्कि सबसे अनुशासित, संगठित और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित संगठन भी है। वर्षों बाद पुराने साथियों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से मिलना अत्यंत आत्मीय अनुभव रहा, जिसने नई ऊर्जा, प्रेरणा और उत्साह का संचार किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मेलन संगठन की गौरवशाली यात्रा को स्मरण करने के साथ-साथ नई पीढ़ी के कार्यकर्ताओं को प्रेरित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी कार्यकर्ताओं एवं आयोजकों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र निर्माण की इस यात्रा के निरंतर आगे बढ़ने की कामना की।
     
  • Punjab News: लूटपाट करने वाला गिरोह ने 2 लोगों पर किया जानलेवा हमला, देखें वीडियो

    Punjab News: लूटपाट करने वाला गिरोह ने 2 लोगों पर किया जानलेवा हमला, देखें वीडियो

    मोहालीः जगतपुरा इलाके में एक बार फिर लूटपाट करने वाला गिरोह सक्रिय होता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि कुछ बदमाश एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक स्थानीय निवासी ने पीड़ित को बचाने की कोशिश की।
    मदद के लिए आगे आए व्यक्ति पर आरोपियों ने बेरहमी से हमला कर दिया। बदमाशों ने उसके सिर पर वार किया,  जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के कारण उसके सिर से काफी खून बहने लगा। घटना यहीं नहीं रुकी। जब एक अन्य व्यक्ति घायल को बचाने और बीच-बचाव करने के लिए आगे आया तो आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। हमलावरों ने उसे भी बुरी तरह पीटा, जिससे वह लहूलुहान हो गया। 4 जून की बताई जा रही है घटना मिली जानकारी के अनुसार यह पूरी घटना 4 जून की है। घटना के बाद घायलों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस कर रही मामले की जांच पुलिस मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।  
  • कुटलैहड़ के नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों ने विधायक विवेक शर्मा से की मुलाकात

    कुटलैहड़ के नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों ने विधायक विवेक शर्मा से की मुलाकात

    ऊना /सुशील पंडित : कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों के नव निर्वाचित प्रधानों और उपप्रधानों ने कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विधायक विवेक शर्मा ने सभी जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए उन्हें सम्मानित किया और पंचायतों के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। मुलाकात के दौरान क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से पहुंचे प्रधानों और उपप्रधानों ने विधायक विवेक शर्मा को पंचायत चुनावों में मिले जनसमर्थन तथा क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर अपनी प्राथमिकताओं से अवगत कराया। विधायक ने सभी जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि जनता ने उन पर विश्वास जताकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, जिसे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ निभाना चाहिए। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की सबसे मजबूत इकाई हैं और गांवों की तरक्की पंचायतों के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रधान और उपप्रधान का लक्ष्य अपनी पंचायत को विकास के क्षेत्र में एक आदर्श पंचायत के रूप में स्थापित करना होना चाहिए। पंचायतों में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना पंचायत प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। यदि पंचायत स्तर पर योजनाओं का सही क्रियान्वयन होगा तो ग्रामीण क्षेत्रों का तेजी से विकास संभव हो सकेगा। विधायक विवेक शर्मा ने आश्वस्त किया कि पंचायतों के विकास कार्यों में उनकी ओर से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए उनका कार्यालय हमेशा जनप्रतिनिधियों के लिए खुला है। किसी भी पंचायत को विकास कार्यों में किसी प्रकार की कठिनाई आती है तो उसे प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर उपस्थित पंचायत प्रतिनिधियों ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से पंचायतों में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
  • Punjab News: 550 रुपये के लेन-देन को लेकर हुई फायरिंग मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: 550 रुपये के लेन-देन को लेकर हुई फायरिंग मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    अमृतसरः श्री दरबार साहिब के बाहर कॉरिडोर इलाके में विवाद 550 रुपये के लेन-देन को लेकर युवकों द्वारा फायरिंग मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनसे वर्ना कार भी बरामद कर लिया है। जानकारी के मुताबिक बीते रात 4-5 युवक सामान खरीदने के लिए ‘विनोद किराना स्टोर’ आए थे। दुकानदार विनोद मल्होत्रा ​​के अनुसार युवकों ने करीब 550 रुपये का सामान लिया,  लेकिन गूगल पे (Google Pay) से सिर्फ 230 रुपये का भुगतान किया। बाकी रकम मांगने पर बहस शुरू हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक हो गई।

    आरोप है कि युवकों ने पिस्तौल निकाली और दुकान की तरफ अंधाधुंध 4-5 राउंड फायरिंग की। इस घटना में दुकान के मालिक विनोद मल्होत्रा ​​घायल हो गए, जबकि पास के ढाबे पर काम करने वाला एक युवक भी गोली के छर्रे लगने से घायल हो गया।

    पीड़ित दुकानदार ने बताया कि हमलावर नशे में थे और स्थानीय निवासी नहीं लग रहे थे। उनके पास दो कारें थीं और उन्होंने करीब एक घंटे तक इलाके में दहशत का माहौल बनाए रखा। उन पर अन्य लोगों के साथ भी झगड़ा करने और हमला करने का आरोप है।

    घटना के बाद स्थानीय लोगों और दुकानदार ने पुलिस प्रशासन से न्याय और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

    सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरागों के आधार पर जांच की जा रही है और मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल बाकी की तलाश जारी है।

     

  • जाडला कोडी में स्कॉर्पियो गाड़ी से खैर की लकड़ी के सात मोच्छे पकड़े,दो काबू 

    जाडला कोडी में स्कॉर्पियो गाड़ी से खैर की लकड़ी के सात मोच्छे पकड़े,दो काबू 

    ऊना सुशील पंडित : वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गगरेट क्षेत्र में स्कॉर्पियो गाड़ी अवैध रूप से खैर की लकड़ी ले जा रहे दो व्यक्तियों काबू किया गया है ओर मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वन खंड अधिकारी गगरेट नरेश कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने गश्त के दौरान जाडला कोडी में एक स्कॉर्पियो वाहन की जांच की। जांच के दौरान वाहन में खैर की लकड़ी के सात मोच्छे लदे पाए गए। टीम द्वारा पूछताछ किए जाने पर वाहन चालक और उसके साथ सवार व्यक्ति लकड़ी के परिवहन संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
    आरोपितों की पहचान महिंदर सिंह निवासी , कुठेड़ा जसवालां तथा हरमेश चंद निवासी जाडला कोडी, तहसील घनारी, जिला ऊना के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं वन अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
  • Punjab News: सोने की चेन चोरी करने वाली महिलाओं को संगत ने पकड़ा, देखें वीडियो

    Punjab News: सोने की चेन चोरी करने वाली महिलाओं को संगत ने पकड़ा, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: शहर में आये दिन चोरी की वारदात लगातार बढ़ती जा रहा है। धार्मिक स्थलों और गुरुद्वारों में सोने की चेन चोरी करने वाली महिला चोर गिरोह भी सक्रिय रहता है। जिससे लोगों के अंदर आये दिन खौफ बना रहता है। इसी बीच एक ताजा मामला गुरुद्वारा श्री तल्हण साहिब से सामने आया है। जहां में गुरुद्वारा श्री तल्हण साहिब 2 महिलाओं ने जालंधर से माथा टेकने गई महिला की चेन तोड़ने की कोशिश की। इस पर महिला के पति ने देख लिया जिससे महिलाएं चेन तोड़ पाने में सफल नहीं हो पाईं। शोर मचने पर गुरुद्वारा के सेवादारों ने महिलाओं को पकड़ लिया और मैनेजर बलजीत सिंह के पास पेश किया।

    जहां, फगवाड़ा के रहने वाले परिवार गुरुद्वारा तल्हण साहिब में माथा टेकने गए थे। इसी दौरान महिला चोरों ने संगत के किसी मैंबर का सोने की चेन गायब कर दिया। जिसके बाद इसकी जानकारी लगते ही संगत ने महिला चोरों को मौके से पकड़ लिया।

    माथा टेकने पहुंचे परिवार के साथ हुई घटना
    जानकारी के अनुसार, फगवाड़ा का परिवार गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने और अरदास करने के लिए पहुंचा था। इसी दौरान वहां मौजूद महिला चोरों के एक गिरोह ने भीड़ का फायदा उठाते हुए परिवार के एक सदस्य के गले से सोने की चेन चोरी कर ली।

    संगत की सतर्कता से पकड़ी गईं महिलाएं
    जब परिवार को सोने की चेन गायब होने का पता चला तो उन्होंने आसपास मौजूद लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद संगत ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए संदिग्ध महिलाओं को मौके पर ही पकड़ लिया। जांच करने पर चोरी की गई सोने की चेन भी बरामद कर ली गई और उसे उसके मालिक को वापस सौंप दिया गया।

    युवक ने बनाया घटना का वीडियो
    घटना के दौरान वहां मौजूद एक युवक ने पूरे मामले की वीडियो भी बना ली। वीडियो में महिला चोरों को पकड़े जाने और लोगों द्वारा उनसे पूछताछ किए जाने के दृश्य कैद हुए हैं।

    पुलिस को दी गई सूचना
    पुलिस को दी शिकायत में जालंधर सिटी के रहने वाले अमनदीप ने कहा कि वह और उसकी पत्नी रविवार 4 जून को माथा टेकने के लिए गुरुद्वारा साहिब पहुंचे थे। यहां गुरुद्वारा में माथा टेकने के लिए लाइन में लगे थे। वह पत्नी के साथ ही दूसरी लाइन में थे। इस दौरान देखा कि पत्नी के पीछे 2 महिलाएं खड़ी थीं, जिन्होंने उनकी पत्नी के गले में हाथ डालकर सोने की चेन तोड़ने की कोशिश की। जैसे ही उन्होंने महिलाओं को चेन की तरफ हाथ डालते देखा तो रोका और वहीं पर अन्य महिलाओं ने उन्हें पकड़ लिया।

    लोगों से सतर्क रहने की अपील
    इस घटना के बाद लोगों से अपील की जा रही है कि वे धार्मिक स्थलों सहित सार्वजनिक स्थानों पर अपने कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस या प्रबंधन समिति को दें।

     

     

  • 100 बिस्तरों वाले हरोली अस्पताल के विस्तार को रफ्तार, अतिरिक्त भवन के लिए 8.42 करोड़ मंजूर

    100 बिस्तरों वाले हरोली अस्पताल के विस्तार को रफ्तार, अतिरिक्त भवन के लिए 8.42 करोड़ मंजूर

    ऊना सुशील पंडित : हरोली विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य अधोसंरचना को और सुदृढ़ करने की दिशा में प्रदेश सरकार ने सिविल अस्पताल हरोली में अतिरिक्त 50 बिस्तरों वाले भवन के निर्माण के लिए 8 करोड़ 42 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इस स्वीकृति से अस्पताल की बढ़ी हुई क्षमता के अनुरूप आवश्यक आधारभूत ढांचे का विकास संभव हो सकेगा। बता दें, सिविल अस्पताल हरोली को पूर्व में 50 से बढ़ाकर 100 बिस्तरों का अस्पताल किया जा चुका है। अब अतिरिक्त 50 बिस्तरों वाले भवन के निर्माण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति मिलने से अस्पताल के विस्तार को नई गति मिलेगी तथा क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
    उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। लोगों को उनके घर के निकट गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से हरोली क्षेत्र में स्वास्थ्य ढांचे के विस्तार और आधुनिकीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए पिछले वर्षों में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं के साथ आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया गया है। अस्पताल को अत्याधुनिक एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड सुविधाओं को भी सशक्त बनाया गया है। अग्निहोत्री ने कहा कि अतिरिक्त भवन के निर्माण से अस्पताल की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और मरीजों को अधिक सुविधाजनक एवं प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना क्षेत्र के लोगों के लिए लंबे समय तक लाभकारी सिद्ध होगी।
     
  • Health Tips: गर्मियों में आंखों की देखभाल जरूरी, जानें आई केयर के आसान टिप्स

    Health Tips: गर्मियों में आंखों की देखभाल जरूरी, जानें आई केयर के आसान टिप्स

    Health Tips: गर्मियों का मौसम अपने साथ तेज धूप,  गर्म हवाएं और धूल-मिट्टी लेकर आता है। इनका असर सिर्फ त्वचा पर ही नहीं, बल्कि आंखों पर भी पड़ता है। इस मौसम में कई लोगों को आंखों में जलन, खुजली, लालिमा, सूखापन और पानी आने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

    अक्सर लोग इन परेशानियों को सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन कई बार ये समस्याएं गंभीर रूप भी ले सकती हैं। यदि आंखों में लगातार परेशानी बनी रहे तो डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है। आइए जानते हैं कि गर्मियों में आंखों को स्वस्थ और सुरक्षित रखने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

    तेज धूप से आंखों को बचाएं
    गर्मियों में सूर्य की तेज और हानिकारक यूवी किरणें आंखों को नुकसान पहुंचा सकती हैं। लंबे समय तक धूप में रहने से आंखों में जलन और थकान महसूस हो सकती है। बाहर निकलते समय अच्छी गुणवत्ता वाले सनग्लासेस पहनें। इसके अलावा छाता या टोपी का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। इससे आंखों पर सीधी धूप पड़ने से बचाव होता है और आंखें सुरक्षित रहती हैं।

    गर्म और सूखी हवाओं से करें बचाव
    गर्मी के मौसम में चलने वाली गर्म हवाएं आंखों की नमी को कम कर देती हैं, जिससे आंखों में सूखापन और जलन की समस्या बढ़ सकती है। यदि आप बाइक, स्कूटर या ऑटो में सफर कर रहे हैं तो आंखों को सीधी हवा से बचाने की कोशिश करें। इसके लिए चश्मा पहनना सबसे अच्छा विकल्प है। इससे धूल और गर्म हवा दोनों से सुरक्षा मिलती है।

    आंखों की सफाई का रखें विशेष ध्यान
    गर्मियों में पसीना और धूल आंखों में संक्रमण या एलर्जी का कारण बन सकते हैं। इसलिए आंखों की साफ-सफाई बेहद जरूरी है। दिन में एक या दो बार साफ और ठंडे पानी से आंखों को धोएं। इससे आंखों को ताजगी मिलेगी और गंदगी भी साफ हो जाएगी। साथ ही बार-बार आंखों को हाथ लगाने से बचें, क्योंकि हाथों पर मौजूद बैक्टीरिया आंखों में संक्रमण फैला सकते हैं।

    स्क्रीन टाइम कम करें
    आजकल ज्यादातर लोग मोबाइल, लैपटॉप और कंप्यूटर का अधिक इस्तेमाल करते हैं। लगातार स्क्रीन देखने से आंखों पर दबाव पड़ता है और ड्राईनेस की समस्या बढ़ सकती है। काम के दौरान हर कुछ समय बाद आंखों को आराम दें। बीच-बीच में स्क्रीन से नजर हटाकर दूर की चीजों को देखने की आदत डालें।

    भरपूर नींद लेना भी है जरूरी
    आंखों को स्वस्थ रखने के लिए पर्याप्त नींद लेना बहुत जरूरी है। नींद पूरी न होने पर आंखों में थकान, भारीपन और जलन महसूस हो सकती है। रोजाना 7 से 8 घंटे की अच्छी नींद लेने की कोशिश करें ताकि आंखों को पूरा आराम मिल सके।

    ठंडी सिकाई से मिलेगा आराम
    बाहर से घर लौटने के बाद आंखों पर ठंडी पट्टी या ठंडे पानी में भिगोया हुआ साफ कपड़ा कुछ मिनट के लिए रखें। इससे आंखों की थकान कम होती है और काफी राहत महसूस होती है।

    पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं
    गर्मी के मौसम में शरीर में पानी की कमी जल्दी हो जाती है। डिहाइड्रेशन का असर आंखों पर भी पड़ता है और आंखें सूखी महसूस होने लगती हैं। इसलिए पूरे दिन पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। पानी शरीर के साथ-साथ आंखों को भी हाइड्रेट रखने में मदद करता है।

    पौष्टिक भोजन करें
    आंखों की अच्छी सेहत के लिए संतुलित और पौष्टिक आहार लेना जरूरी है। अपनी डाइट में विटामिन ए, सी, ई और अन्य जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर फल और सब्जियां शामिल करें। हरी सब्जियां, गाजर, संतरा, पपीता और सूखे मेवे आंखों की सेहत के लिए काफी फायदेमंद माने जाते हैं।