Blog

  • पंजाबः Hello Food की दुकान से आर्डर किए Pizza में निकला कॉकरोच

    लुधियानाः गांव रतीपुर के एक व्यक्ति ने अपने बच्चों को खाने के लिए माछीवाड़ा साहिब के “हैलो फूड” से पिज्जा ऑर्डर किया।  “हैलो फूड” से ऑर्डर किए पिज्जा में कॉकरोच निकलने से हंगामा मच गया। इस पिज्जा का ऑर्डर करने वाले रतीपुर निवासी हरदीप सिंह नागरा ने बताया कि उन्होंने आज इस फास्ट फूड की दुकान से पिज्जा और गार्लिक ब्रैड का ऑर्डर किया था और डिलीवरी बॉय करीब 3 बजे उनके घर दे गया। जब पिज्जा को खाने लगे तो देखा कि उसमें कॉकरोच मरा पड़ा था। इस बारे पिज्जा को लेकर फास्ट फूड की दुकान पर गया तो सामने काम कर रहे लड़कों ने कहा कि हमारी कोई गलती नहीं है, पता कि यह कॉकरोच कहां से आया।

    हरदीप सिंह नागरा ने कहा कि इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग को लिखित शिकायत करेंगे ताकि गंदा खाना सप्लाई करने वाले फास्ट फूड दुकानदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके। इस संबंध में जब फास्ट फूड दुकान के मैनेजर से मोबाइल फोन पर बात की गई तो उन्होंने कहा कि खाना बनाते समय पूरी साफ-सफाई रखी जाती है और ऐसी गलती कभी नहीं हो सकती। पिज्जा 400 डिग्री के तापमान पर तैयार होता है और अगर इसमें कॉकरोच होता तो यह पूरी तरह जल जाता। पिज्जा से कॉकरोच निकलने की घटना के बाद लोगों को फास्ट फूड को बहुत सावधानी से खाना होगा और स्वास्थ्य विभाग को भी इसकी जांच करनी होगी कि गलती कहां हुई।

  • पंजाबः रेलवे स्टेशन के पास दुकान में भीषण आग लगने के दौरान हुआ धमाका, देखें वीडियो

    अमृतसर : लिंक रोड स्थित एक कार पेंटिंग की दुकान में आग लगने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना की मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उस पर जल्दी काबू नहीं पाया जा सका। फायर ब्रिगेड अधिकारी के मुताबिक आग पर काबू पाने के प्रयास किए जा रहे है। हालांकि ब्रिगेड की 7-8 गाड़ियों की जरूरत है।

    पत्रकार से बात करते हुए फायर ब्रिगेड अधिकारी और पुलिस अधिकारी ने बताया कि आग सुबह करीब 9:30 बजे लगी और सूचना मिलने के बाद वे मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। जिसके बाद करीब सात फायर टेंडर बुलाए गए और अब आग पर कुछ हद तक काबू पा लिया गया है। उन्होंने बताया कि इसमें जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है लेकिन सारा सामान जल गया है।

    उन्होंने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि अंदर रखा एक सिलेंडर भी ब्लास्ट हो गया है। वहीं पुलिस अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि आग लगने की सूचना मिलने के बाद वे मौके पर पहुंचे और लोगों से अपील की जा रही है कि वे ज्यादा करीब न जाएं, क्योंकि आग काफी फैल चुकी है। उन्होंने कहा कि हमने करीब पांच पुलिस टीमें तैनात की हैं ताकि लोगों को समझाया जा सके और इस आग से दूर रखा जा सके।

  • पंजाबः कपड़ा व्यापारी के घर को लुटेरों ने बनाया निशाना, देखें वीडियो

    बटालाः  पंजाब के बटाला ज़िले से एक चोरी की वारदात सामने आई है, इस वारदात में चोरों ने कपड़ा व्यापारी के घर को निशाना बनाकर 5 लाख की नकदी लेकर फरार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार बटाला पुलिस के अंतर्गत आने वाले वार्ड नंबर 7 फतेहगढ़ चूड़ियां में एक कपड़ा व्यापारी के घर से चोर ने 5 लाख रुपये की चोरी कर फरार हो गए।

    सुखवंत सिंह सुक्खा भाटिया ने जानकारी देते हुए बताया कि वह और उनके चाचा का पूरा परिवार शनिवार 27 अप्रैल को अपने घर को ताला लगाकर श्री आनंदपुर साहिब माथा टेकने गए हुए थे पीछे से चोर तहखाने के रास्ते उनके घर में दाखिल हुए और दरवाजे की चौखट तोड़कर कमरे में दाखिल हुए और अलमारी में नकली चाबी लगाकर 5 लाख रुपये चुरा कर ले गए।

    पीड़ित सुखवंत सिंह के चचेरे भाई गुरप्रीत सिंह ने कहा कि चोर उनके घर की दूसरी मंजिल पर भी गए, जहां उनके लोगों ने अलमारियों को खंगाला, लेकिन चोरों को खाली हाथ लौटना पड़ा। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोरों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उनके पैसे वापस दिलाए जाएं।

  • बारातियों की स्कॉर्पियो गाड़ी पर पलटा ट्रक, 6 की मौ+त

    भागलपुरः कहलगांव मुख्य मार्ग एनएच-80 पर घोघा के आमापुर के पास सोमवार रात भीषण दुर्घटना होने का मामला सामने आया है। जहां एक बारात लेकर जा रही गाड़ी पर गिट्टी लदा हाईवा पलट गया, जिसमें दबकर स्कॉर्पियो में सवार 6 बाराती की मौके पर मौत हो गई। 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना रात करीब 11.30 बजे की है। सभी घायलों को मायागंज अस्पताल, भागलपुर भेजा गया है. सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

    मौके पर ही छह की मौत

    घटना की सूचना मिलनेके बाद घोघा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और एनएच-80 का निर्माण कर रही एजेंसी की जेसीबी और अन्य संसाधनों से मलबा हटाने का काम शुरू कराया। मलबे में से निकाले गए लोगों में तीन घायल थे, शेष 6 लोगों की मौत हो चुकी थी। मौके पर आसपास के लोगों की काफी भीड़ जमा हो गयी। घायलों ने स्थानीय लोगों को जो सूचना दी, उसके अनुसार बारात मुंगेर के हवेली खड़गपुर के गोवड्डा से पीरपैंती के खिदमतपुर जा रही थी।

    मृतक में दो बच्चे भी शामिल

    तीन स्कॉर्पियो से बाराती एनएच-80 पर भागलपुर से कहलगांव की ओर जा रहे थे। विपरीत दिशा से यानी कहलगांव की ओर गिट्टी लदा हाईवा आ रहा था। इसी दौरान हाईवा अनियंत्रित हो गया और स्कॉर्पियो पर पलट गया. बीच में चल रही स्कॉर्पियो पूरी तरह से हाईवा की जद में आ गई। हाईवा में जितनी गिट्टी भरी थी, वह स्कॉर्पियो पर आ गई और उसमें दबकर बारातियों की मौत हो गई। मृतक में दो बच्चे भी शामिल हैं। दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो के आगे-पीछे चल रही दो अन्य स्कॉर्पियों किसी तरह हाईवा से बच निकली। वरना और भी ज्यादा लोगों की मौत हो सकती थी। बताया गया कि घटनास्थल पर सड़क निर्माण कार्यचल रहा था. सड़क एक ओर से करीब तीन से चार फीट तक ऊंची थी, जिस पर ट्रक गुजरने के कारण वह अनियंत्रित होकर बाराती वाहन पर पलट गया।

    एक घंटे तक वे लोग मलबे में दबे रहे

    घोघा में बारात गाड़ी की दुर्घटना में घायल 60 वर्षीय कैलाश दास सहित अन्य घायलों को सोमवार रात लगभग 1.30 बजे मायागंज अस्पताल लाया गया। सबकी स्थिति गंभीर बतायी जा रही है। घायल कैलाश ने बताया कि लगभग एक घंटे तक वे लोग मलबे में दबे रहे। सांसें अटकी रहीं। गाड़ी में बैठे अन्य लोगों के साथ वह भी अपना होश खो बैठे थे, लेकिन कुछ देर के बाद उन्हें यह अहसास हुआ कि कोई हमें निकाले अंदर दम घुट रहा था। साथी बाराती की क्या स्थिति थी, कौन जिंदा रहा और कौन नहीं, यह भी पता नहीं चल पा रहा था।

  • बड़ी खबरः पुलिस और लॉरेंस गैंग से गुर्गों में चली गोलियां, दो शूटर गिरफ्तार

    नूंह: गुरुग्राम एसटीएफ, नूंह पुलिस और दिल्ली पुलिस ने ज्वाइंट ऑपरेशन चला लॉरेंस गैंग के दो शूटर गिरफ्तार किए हैं। नूंह सदर थाने के अंतर्गत आते गांव पल्ला में पुलिस की आरोपियों से मुठभेड़ हुई। इस दौरान दोनों शूटरों के पैर में गोली लगी है। आरोपियों को नूंह सीएचसी में दाखिल करवाया गया है। आरोपी रोहतक के एक बड़े मामले में वांछित थे। विशाल उर्फ कालू, रवि कुमार को पुलिस ने दबोचा है। आरोपियों ने देखते ही पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों को गोली लग गई। पुलिस पर जानलेवा हमला करने का मामला भी नूंह सदर थाने में दर्ज किया गया है।

    दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को दोनों बदमाशों की तलाश काफी समय से थी। गैंगस्टर विशाल उर्फ कालू और रवि मोटा के कब्जे से हथियार भी पुलिस ने बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि गैंगस्टर रोहित गोदारा ने यूएस से वर्चुअल तरीके से दोनों से बात की थी। आरोपियों को बड़ा टास्क दिया गया था। विशाल ने ही रोहतक के ढाबे पर युवक का उसकी मां के सामने मर्डर किया था। रोहित गोदारा फरारी के बाद से ही विशाल के संपर्क में था। विशाल ही हरियाणा में लॉरेंस गैंग के लिए बदमाश भर्ती करता है।

    दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इससे पहले वसंत कुंज इलाके से भी गैंग के दो शूटर्स पकड़े थे। एक आरोपी इनमें नाबालिग था। पुलिस पर आरोपियों ने फायरिंग की थी। लेकिन जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए थे। आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। एक बदमाश रोहतक का रहने वाला अनीश था। 23 साल की उम्र में आरोपी के ऊपर 23 मुकदमे डकैती के हैं। दोनों शूटरों को अनमोल बिश्नोई के कहने पर अमित नाम के बदमाश ने भेजा था। आरोपी अनमोल कनाडा में छिपा है। उसका रिश्ते का भाई लॉरेंस साबरमती जेल में बंद है।

  • पंजाबः 2 बाइकों की आमने सामने टक्कर में एक की मौ+त 

    लुधियानाः खन्ना के ललहेड़ी रोड पर भीषण सड़क हादसे का मामला सामने आया है। जहां 2 मोटरसाइकिलों की आमने सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि इस हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई और दूसरे की हालत गंभीर देखते हुए उसे चंडीगढ़ रेफर करना पड़ा। मृतक की पहचान 30 वर्षीय हरदीप सिंह निवासी कोटला अजनेर के तौर पर हुई। हरदीप सिंह एलुमिनियम का काम करता था। वह मोटरसाइकिल पर ललहेड़ी रोड से अपने गांव कोटला अजनेर जा रहा था।

    शहीद बाबा बलियाना सिंह के धार्मिक स्थल के पास सामने से आ रहे पल्सर बाइक चालक ने लापरवाही से तेज रफ्तार से लाकर सीधे टक्कर मार दी। आमने सामने टक्कर के चलते दोनों गंभीर घायल हुए।राहगीरों ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने हरदीप सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल अमनदीप सिंह निवासी नंदी कालोनी खन्ना के रेफर किया गया।

    चंडीगढ़ के सेक्टर-32 सरकारी अस्पताल में अमनदीप को भर्ती कराया गया। हरदीप सिंह के पिता भिंदरपाल सिंह शैड निर्माण का काम करते थे। करीब दो साल पहले हरदीप के पिता की भी सड़क हादसे में मौत हो गई थी। अब हादसे ने परिवार का एक और सदस्य छीन लिया। हरदीप सिंह अपने पीछे पत्नी, 5 और 2 साल के बेटे छोड़ गया। हादसे की जांच कर रहे एएसआई मुखत्यार सिंह ने बताया कि पुलिस ने हरदीप सिंह के बड़े भाई मनदीप सिंह की शिकायत पर मोटरसाइकिल चालक अमनदीप सिंह निवासी नंदी कालोनी खन्ना के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

  • भारी बारिश का कहर, 45 की मौ’त

    नई दिल्ली : अफ्रीकी देश केन्या के पश्चिमी इलाके में सुबह एक बांध के टूटने के कारण कम से कम 45 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस के मुताबिक बांध का पानी आसपास के इलाके में स्थित लोगों के घरों में घुस गया और पानी के बहाव की वजह से प्रमुख सड़क से संपर्क कट गया। जानकारी के अनुसार यह घटना ग्रेट रिफ्ट घाटी क्षेत्र के माई माहिउ इलाके में स्थित ‘ओल्ड किजाबे बांध’ के ढहने के बाद हुई।  बांध टूटने के बाद पानी नीचे की ओर बहने लगा।

    बांध टूटने के कारण केन्या के सबसे व्यस्त राजमार्गों में से एक पर वाहन मलबे में फंस गए। केन्या रेड क्रॉस ने कहा कि 109 लोग अस्पताल में भर्ती हैं जबकि 49 अन्य लापता बताए गए हैं। विलियम लोकाई नाम के एक व्यक्ति ने सिटीजन टीवी को बताया कि वह एक जोरदार धमाके से जाग गए और कुछ ही देर बाद उनके घर में पानी भर गया।

    वह अपने भाई और बच्चों के साथ छत के रास्ते बचने में कामयाब हुए।  मौसम विज्ञान विभाग ने और बारिश की चेतावनी दी है। केन्या के गृह मंत्री किथुरे किंडिकी ने भविष्य में होने वाली घटनाओं को रोकने के लिए सभी सार्वजनिक और निजी बांधों तथा जलाशयों के निरीक्षण का आदेश दिया है। 

  • पंजाबः वायरल वीडियो में फैल रही जादू-टोने की अफवाह, देखें वीडियो 

    पठानकोटः जिला पठानकोट के कस्बे सुजानपुर में बीती रात एक वीडियो वायरल हुआ, जिस वीडियो के वायरल होने के बाद लोगों में डर का माहौल है, जबकि कुछ अप्राकृतिक फुटेज में महिला को डायन के रूप में देखा जा रहा है, सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है, लेकिन जब हमने इस मामले में समझदार लोगों से बात की तो उन्होंने कहा कि भूत-प्रेत या डायन जैसी कोई बात नहीं है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, वीडियो के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि भले ही वीडियो में कुछ सही न लग रहा हो, लेकिन यह कहना कि इस वीडियो में दिख रही आकृति कोई झोलाछाप है, यह भी गलत होगा, इसकी जांच कर रहे हैं और लोगों से अपील करते हैं कि वे इस तरह के अंधविश्वास में न पड़ें और इसकी कोई जरूरत नहीं है डरना।

  • पंजाब बोर्ड का 8वीं और 12वीं का आज जारी होगा रिजल्ट 

    मोहालीः पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) द्वारा आज कक्षा 8 और 12वीं का रिजल्ट घोषित किया जाएगा। रिजल्ट शाम चार बजे घोषित किया जाएगा। जबकि, स्टूडेंट्स बुधवार सुबह सात बजे से बोर्ड की वेबसाइट पर नतीजे देख पाएंगे । बोर्ड की तरफ से सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बोर्ड अधिकारियों के मुताबिक रिजल्ट स्टूडेंट्स की तुरंत जानकारी के लिए है। अगर इसमें कोई त्रुटि होती है तो इसके लिए बोर्ड जिम्मेदार नहीं होगा। पीएसईबी की तरफ से कक्षा 8वीं की परीक्षा 7 मार्च से 27 मार्च के बीच में करवाई गई थी, जबकि 12वीं की परीक्षा 13 फरवरी से 30 मार्च के बीच में संपन्न हुई थी। परीक्षा में पांच लाख से अधिक स्टूडेंट्स अपीयर हुए थे।

    बोर्ड का दावा कि अप्रैल महीने में सारी कक्षाओं का रिजल्ट घोषित कर बोर्ड ने नया रिकॉर्ड बनाया है। इससे पहले कक्षा 5वीं और 10वीं का रिजल्ट घोषित किया गया था। PSEB की तरफ से जल्दी ही मार्कशीट डिजिलॉकर में जारी की जाएगी। इन्हें PSEB द्वारा फाइनल रिजल्ट माना जाएगा। वहीं, जिन स्टूडेंट्स ने हार्ड कॉपी के लिए आवेदन किया है। उन्हें बोर्ड की तरफ से इसे जारी किया जाएगा। बोर्ड अधिकारियों के मुताबिक स्टूडेंट्स को बोर्ड संबंधी किसी भी जानकारी के लिए वेबसाइट पर जाना होगा। उस पर उन्हें बोर्ड संबंधी सारी जानकारी आसानी से मिल जाएगी।

    पीएसईबी की तरफ से स्टूडेंट्स को रिजल्ट देखने में किसी भी प्रकार की दिक्कत न आए। इसके लिए भी पूरे इंतजाम किए गए हैं। एक तो स्टूडेंट्स बोर्ड की वेबसाइट पर रिजल्ट देख पाएंगे, वहीं दूसरी एक निजी कंपनी की वेबसाइट रहेगी। बोर्ड की वेबसाइट पर रिजल्ट देखने के लिए स्टूडेंट्स को https://www.pseb.ac.in/ पर क्लिक करना होगा। इसके बाद वेबसाइट का होम पेज खुलेगा। जहां पर रोल नंबर भरकर सारा रिजल्ट सामने आ जाएगा। इसके अलावा www.indiaresult.com से रिजल्ट देखा जा सकता है।

  • जालंधरः फैक्टरी मालिक पर नाबालिग को भगाकर ले जाने के लगे आरोप, हुआ हंगामा

    जालंधर, ENS: गौतम नगर के पास फैक्ट्री मालिक पर 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी को भगाकर ले जाने के आरोप लगे है। इस मामले को लेकर पीड़ित परिवार द्वारा बस्ती बावा खेल थाने के बाहर हंगामा किया गया। इस दौरान परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने के आरोप भी लगाए। परिवार ने जिस फैक्ट्री मालिक पर आरोप लगाए हैं, वह 45 साल का है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है, जिसके आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी। मां ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि, वह जालंधर में पिछले काफी समय से रह रहे हैं।

    उसकी दो बेटियां है। दोनों बेटियां और वह खुद मिलकर काम करती हैं, जिससे पूरे घर का गुजारा होता था। पीड़ित मां ने कहा कि, उसकी 15 वर्षीय छोटी बेटी पिछले तीन साल से गौतम नगर में स्थित एक फैक्ट्री में काम करती थी। पिछले करीब डेढ़ माह से वह घर नहीं आई। परिवार ने आरोप लगाए हैं कि उनकी बेटी को 45 वर्षीय फैक्ट्री मालिक विशाल भगाकर ले गया है। पीड़ित परिवार ने कल यानी सोमवार को थाने में पहुंचकर इंसाफ की गुहार लगाई।

    बीजेपी नेता सूबेदार सिंह यादव ने बताया कि गौतम नगर में एक प्रवासी परिवार रहता है। सोमवार को परिवार ने उनसे संपर्क किया था कि उनकी बेटी घर से पिछले करीब डेढ़ हफ्ते से लापता है। परिवार ने यादव से कहा था कि उनके बेटी को गौतम नगर में एक फैक्ट्री चलाने वाला विशाल नामक व्यक्ति भगाकर ले गया है। उसी की शिकायत देने के लिए वह थाने में पहुंचे थे। सूबेदार सिंह यादव ने आरोप लगाए हैं कि पुलिस द्वारा मामले में कार्रवाई नहीं की जा रही है। यादव ने कहा कि पुलिस ने मुझे तर्क दिया है कि बच्ची अपनी मर्जी से गई थी और बच्ची के बयान दर्ज कर लिए गए हैं।