Blog
-

3500 रुपये की रिश्वत लेते पटवारी को विजिलेंस ब्यूरो ने किया काबू
चंडीगढ़ : पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के दौरान राजस्व हलका धौल खुर्द, सब-रजिस्ट्रार मलौद, जिला लुधियाना में तैनात पटवारी गुरजीत सिंह को 3500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू किया है। इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को गांव धौल खुर्द, थाना मलौद, जिला लुधियाना के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। प्रवक्ता ने आगे बताया कि शिकायतकर्ता के माता-पिता का वर्ष 2016 में निधन हो गया था और उसकी माता के नाम पर गांव धौल खुर्द में 3 बिस्वे का एक प्लॉट था। इस प्लॉट की विरासती इंतकाल शिकायतकर्ता तथा उसके छह भाई-बहनों के नाम दर्ज किया जाना था। शिकायतकर्ता ने आवश्यक दस्तावेज तैयार कर पटवारी गुरजीत सिंह को सौंप दिए। आरोपी ने दस्तावेज अपने पास रख लिए और इंतकाल दर्ज करने के लिए 5,000 रुपये रिश्वत की मांग की। प्रवक्ता ने आगे बताया कि शिकायतकर्ता द्वारा अनुरोध किए जाने पर आरोपी पटवारी के साथ 3500 रुपये में सौदा तय हो गया। शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने संबंधी पूरी बातचीत भी रिकॉर्ड कर ली थी। अवैध रिश्वत देने के लिए तैयार न होने के कारण शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो रेंज लुधियाना से संपर्क किया। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने दो सरकारी गवाहों की उपस्थिति में आरोपी पटवारी को शिकायतकर्ता से 3500 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में विजिलेंस ब्यूरो थाना लुधियाना में आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की आगे की जांच जारी है। -

सोशल ऑडिट जनसुनवाई में विद्यालयों की समस्याओं और सुझावों पर हुई सार्थक चर्चा
प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और एसएमसी सदस्यों ने रखे सुझाव, शिक्षा विभाग ने दिए समाधान
ऊना, सुशील पंडित: समग्र शिक्षा के अंतर्गत विद्यालयों में कराए गए सोशल ऑडिट के क्रम में शुक्रवार को लता मंगेशकर कला केंद्र, समूर कलां में जनसुनवाई आयोजित की गई। इसमें विभिन्न सरकारी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्यों ने विद्यालयों से जुड़े सुझाव और समस्याएं साझा कीं, जिन पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक समाधान और मार्गदर्शन प्रदान किया।
जनसुनवाई का आयोजन जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) ऊना द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के प्रिंसिपल इन्वेस्टिगेटर रणधीर सिंह रांटा ने किया। इस अवसर पर उपनिदेशक उच्च शिक्षा एवं जिला परियोजना अधिकारी अनिल तक्की, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा सोमपाल धीमान, डाइट के प्रधानाचार्य संजय धीमान सहित जल शक्ति, लोक निर्माण, विद्युत तथा स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

शिक्षा उपनिदेशक (उच्च) अनिल तक्की ने कहा कि विद्यालयों का सोशल ऑडिट कागजी या वित्तीय समीक्षा भर भी है। यह समुदाय की सहभागिता से शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाने की प्रक्रिया है। उन्होंने सभी हितधारकों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की। कार्यक्रम में डाइट प्रधानाचार्य संजय धीमान ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालयों की समस्याओं और उपलब्धियों पर खुलकर संवाद से शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकता है।
जिला सोशल ऑडिट समन्वयक सुधा पराशर ने बताया कि अक्टूबर 2025 में समग्र शिक्षा के तहत जिले के 20 प्रतिशत चयनित विद्यालयों का स्वतंत्र तृतीय पक्ष सोशल ऑडिट हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के इंटरडिसिप्लिनरी स्टडीज विभाग की टीम द्वारा किया गया था। इसी प्रक्रिया के तहत जनसुनवाई आयोजित कर विद्यालयों से जुड़े विभिन्न पक्षों के सुझाव और फीडबैक प्राप्त किए गए।। जनसुनवाई के दौरान प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और एसएमसी सदस्यों ने विद्यालयों से संबंधित विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव और अनुभव साझा किए। जिला शिक्षा उपनिदेशक (उच्च) एवं जिला शिक्षा उपनिदेशक (प्रारंभिक) ने सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम में डाइट के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रशिक्षुओं ने भी भाग लिया।
-

Haryana News: फैक्ट्री से सामान चोरी करने वाला आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, देखें वीडियो
पंचकूलाः पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के दिशा-निर्देशों के तहत जिला पुलिस द्वारा अपराधियों पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस चौकी रामगढ़ की टीम ने फैक्ट्री में हुई चोरी के एक मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। रिमांड के दौरान चोरी का सामान बरामद करने तथा वारदात में शामिल उसके फरार साथी को गिरफ्तार करने के लिए गहन पूछताछ की जाएगी। जानकारी के अनुसार 12 जून 2026 को पंचकूला निवासी उद्योगपति ने पुलिस चौकी रामगढ़ में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि वह 30 मई से 8 जून तक स्पेन यात्रा पर गए हुए थे। वापस लौटने के बाद जब 10 जून को उन्होंने अपनी फैक्ट्री का निरीक्षण किया तो फैक्ट्री के पीछे की टिन टूटी हुई मिली तथा अंदर रखा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर फैक्ट्री से बिजली की तारें, ड्रिल मशीन, पोर्टेबल वेल्डिंग मशीन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, नट-बोल्ट, औजार सहित अन्य कीमती सामान चोरी होना पाया गया। शिकायत के आधार पर थाना चंडीमंदिर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामलें की जांच करते हुए रामगढ़ चौकी इन्चार्ज मुकेश सैनी की अगुवाई में टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर 9 जुलाई को गांव खंगेसरा निवासी राजेंद्र कुमार उर्फ मुकेश को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर फैक्ट्री से सामान चोरी किया था। डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता के अनुसार आरोपी को आज न्यायालय में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। रिमांड अवधि के दौरान चोरी का सामान बरामद करने, फरार आरोपी की गिरफ्तारी करने तथा वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा करने के लिए गहन पूछताछ की जाएगी। गिरफ्तार आरोपी राजेंद्र कुमार उर्फ मुकेश के विरुद्ध थाना चंडीमंदिर में मादक पदार्थ तस्करी का एक मामला भी दर्ज है, जिसमें उसके कब्जे से लगभग 4 किलोग्राम भूक्की बरामद की गई थी। मामले की जांच अभी जारी है। -

लोक निर्माण मंत्री ने बड़साला पुल व बसाल-नंगल सलागड़ी सड़क का किया निरीक्षण
शनिवार से वाहनों की आवाजाही के लिए खुलेगा बड़साला पुल
ऊना, सुशील पंडित: लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शुक्रवार को ऊना जिले के बड़साला में क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण कर मरम्मत कार्य का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि करीब 200 मीटर लंबे पुल की मरम्मत पर दो करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं और इसे शनिवार से वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सड़क एवं पुलों के सुदृढ़ीकरण को विकास की आधारभूत आवश्यकता मानते हुए गुणवत्तापूर्ण अधोसंरचना के निर्माण और समयबद्ध रखरखाव पर विशेष ध्यान दे रही है।
प्रदेश के हर क्षेत्र में सुरक्षित, सुगम और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करना हमारी प्रतिबद्धता है। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत अपग्रेड की जा रही बसाल-नंगल सलागड़ी सड़क का भी निरीक्षण किया। सात किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर नौ करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क बनने से बसाल, चलोला और नंगल सलागड़ी सहित आसपास के करीब एक हजार लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी।

इससे पहले लोक निर्माण मंत्री ने ऊना के टक्का में नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य सुमित कुमार शर्मा द्वारा आयोजित आभार मिलन कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं। बाद में उन्होंने प्राचीन शिव मंदिर बनोड़े महादेव में माथा टेका और विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की कामना की। इस दौरान कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा, श्री चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (आईटी एवं नवाचार) गोकुल बुटेल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष देसराज गौतम तथा कुटलैहड़ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विवेक मिंका, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण देवानंद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
-

मुख्यमंत्री से मिले प्रदेश गोसेवा आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष धर्मपाल चौहान
बददी, सचि न बैंसल: हिमाचल प्रदेश गोसेवा आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष धर्मपाल चौहान ने शिमला में प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश में गोसंवर्धन एवं गोसेवा को नई दिशा देने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
धर्मपाल चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से उन पर जताया गया विश्वास उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हिमाचल प्रदेश गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष के रूप में वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेंगे तथा प्रदेश में गौवंश के संरक्षण, संवर्धन और गौशालाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
धर्मपाल चौहान ने मुख्यमंत्री को विश्वास दिलाया कि आयोग सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के अनुरूप कार्य करते हुए प्रदेश की गौशालाओं की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, बेसहारा गौवंश के संरक्षण तथा गोसेवा से जुड़े सामाजिक संगठनों के साथ समन्वय स्थापित करने के लिए प्रभावी पहल करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गोसेवा को जनभागीदारी से जोड़ने और युवाओं को भी इस अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा
-

Punjab News: पेड़ में उतरे करंट की चपेट में आने से 2 युवकों की मौत
मोगाः जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहां, जिले के गांव राऊके के रहने वाले दो युवकों की बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा गांव मानूके के पास नहर के किनारे हुआ, जहां दोनों युवक एक पेड़ के नीचे बैठे हुए थे। बताया जा रहा है कि पेड़ के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली की तारें पेड़ के संपर्क में आ गई थीं, जिससे पूरे पेड़ में करंट फैल गया। इसी दौरान दोनों युवक करंट की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। करंट इतना तेज था कि पेड़ भी बुरी तरह झुलस गया।
फीडर चलाने गए थे दोनों युवक
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 27 वर्षीय अमृतपाल सिंह और 32 वर्षीय सुखप्रीत सिंह के रूप में हुई है। दोनों गांव राऊके के रहने वाले थे। गांव के प्रधान बूटा सिंह ने बताया कि दोनों युवक नहर के पास लगे बिजली के फीडर को चलाने के लिए गए थे। काम पूरा करने के बाद गर्मी से राहत पाने के लिए वे पास में मौजूद पेड़ के नीचे बैठ गए। इसी दौरान पेड़ में करंट उतर आया और दोनों उसकी चपेट में आ गए।हाल ही में हुई थी अमृतपाल सिंह की शादी
इस हादसे ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। बताया जा रहा है कि अमृतपाल सिंह की शादी कुछ समय पहले ही हुई थी। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, सुखप्रीत सिंह के परिवार का भी रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल है और लोग इस हादसे से बेहद दुखी हैं।पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही थाना निहाल सिंह वाला के प्रभारी इंस्पेक्टर जतिंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल मोगा भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज करने और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें परिवार के हवाले कर दिया जाएगा। मामले की आगे की जांच सहायक थानेदार वरिंद्र कुमार कर रहे हैं।परिजनों के लिए मुआवजे की मांग
इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव के लोगों ने पंजाब सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि दोनों मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा दिया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों युवक काम के सिलसिले में वहां गए थे और हादसे का शिकार हो गए। ऐसे में सरकार को पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद करनी चाहिए, ताकि उनके परिवारों को आर्थिक सहारा मिल सके। -

विद्यार्थियों की मेहनत और प्रतिभा ही राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव: कृष्ण लाल पंवार
चंडीगढ़— हरियाणा के पंचायत एवं विकास मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि शिक्षा ही वह सबसे सशक्त माध्यम है, जो किसी भी राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखती है। उन्होंने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान केवल उनकी उपलब्धियों का अभिनंदन नहीं, बल्कि पूरे समाज में उत्कृष्टता और कड़ी मेहनत की संस्कृति को प्रोत्साहित करने का माध्यम भी है।
कृष्ण लाल पंवार शुक्रवार को पानीपत स्थित सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल में सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2025-26 की कक्षा 10वीं एवं 12वीं के मेधावी एवं टॉपर विद्यार्थियों के सम्मान में आयोजित भव्य एवं गरिमामय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विद्यालय के नवीन पुस्तकालय का विधिवत उद्घाटन किया तथा पुस्तकालय का अवलोकन करते हुए विद्यालय की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा भी की। उन्होंने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2025-26 में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी एवं टॉपर विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र, स्मृति-चिह्न एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने विद्यार्थियों को उनकी सफलता पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा केवल अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण का सशक्त आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से उच्च लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने तथा अपने ज्ञान एवं प्रतिभा का उपयोग समाज और राष्ट्र के विकास में करने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यालय द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं संस्कारयुक्त वातावरण प्रदान करने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्कूल प्रबंधक फादर कार्तिक एबल के आशीर्वाद से यह संस्थान निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है और स्कूल प्रधानाचार्या सिस्टर दीपा सेबास्टियन के मार्गदर्शन में विद्यालय शिक्षा और संस्कारों का केंद्र बन गया है। मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने विद्यालय की लाइब्रेरी में बच्चों की पुस्तकों हेतु 5 लाख रुपये अनुदान की घोषणा की और कहा कि विद्यालय के ऑडिटोरियम को पूर्ण रूप से वातानुकूलित भी कराया जाएगा।
-

जन-जन तक पहुंचीं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं, विशेष जागरूकता अभियान का पहला चरण सफलतापूर्वक सम्पन्न
बल्ह और मोमन्यार पंचायतों के ग्रामीण किए जागरूक ऊना, सुशील पंडित: प्रदेश सरकार द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याणार्थ चलाए जा रहे विशेष जन जागरूकता एवं प्रचार प्रसार अभियान का पहला चरण सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। अभियान के प्रथम चरण के अंतिम दिन आज शुक्रवार को विकास खंड बंगाणा की बल्ह पंचायत के सकोहन और मोमन्यार पंचायत के मोउखास गांवों के ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सरकारी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस दौरान आरके कलामंच चिंतपूर्णी के कलाकारों ने स्थानीय ग्रामीणों को गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सरकारी नीतियों, कार्यक्रमों और जन कल्याणकारी योजनाओं बारे जागरूक किया। साथ ही उन्होंने लोगों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों से भी अवगत करवाया। सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग से संबद्ध नाटयों दल के कलाकारों ने जागरूकता कार्यक्रमों बताया कि अनुसूचित जाति के व्यक्तियों पर जाति भेदभाव के कारण अत्याचार होने पर अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 की धारा 3 के अंतर्गत पुलिस में दर्ज मामले के तहत कम से 25 हजार रुपये और अधिकतम 8,25,000 रुपये पुनर्वास राहत राशि का प्रावधान है। हत्या के मामले में मृतक की विधवा को 5 हजार रुपये बेसिक पर वर्तमान मंहगाई भत्ता प्रतिशतता की गणना करके प्रतिमाह राशि पैंशन के रूप् में भी दी जाती है। मृतक के बच्चों की स्नातक तक की शिक्षा एवं रख-रखाव का पूरा खर्चे की व्यवस्था एवं तीन महीने तक परिवार के भरण-पोषण के लिए राशन की व्यवस्था सरकार द्वारा की जाती है। इस घटना के तुरंत बाद प्रभावित व्यक्ति को अपने नजदीक के पुलिस थाना में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करवानी होगी तथा न्यायालय में चालान प्रस्तुत होने के उपरांत धारा के अनुसार राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, दिव्यांग, विधवाओं, एकल व परित्यक्ताओं और अल्पसंख्यकों के 18 से 35 वर्ष के पात्र उम्मीदवारों जिनकी आय 2 लाख रुपये से अधिक के युवाओं को पीजीडीसीए और डीसीए का एक वर्ष का निःशुल्क कम्प्यूटर प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। इसके अलावा उन्होंने ग्रामीणों को मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, स्वर्ण जयंती आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख सुरक्षा योजना के साथ-साथ अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। साथ ही, उन्होंने नशा निवारण पर बल देते हुए नशे को समाज की गंभीर बुराई बताया और लोगों से नशे से दूर रहने व समाज को इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। दूसरे चरण के जागरूकता कार्यक्रमों का शेडयूल वहीं, अनुसूचिज जाति के कल्याणार्थ चलाए जा रहे जन जागरूकता अभियान का दूसरा चरण 14 से 18 जुलाई तक संचालित होगा। दूसरे चरण में पूर्वी कलामंच जलग्रां टब्बा द्वारा 14 जुलाई को हरोली के जोड़ियां और जननी, 15 को हरोली के जंगल पंजावर और भदसाली थोलियां, 16 को ऊना के बटूही और लमलेहड़ी अप्परली, 17 को ऊना के जखेड़ा और बहडाला लोअर तथा 18 जुलाई को परोइयां कलां और पनसाई में गीत संगीत व नुकड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को मनोरंजन के साथ जनहित में संचालित योजनाओं बारे जानकारी दी जाएगी। इस मौके पर बल्ह पंचायत प्रधान गोरख राम, मोमन्यार पंचायत के प्रधान रमेश चंद, उप प्रधान बल्ह विजय कुमार, उप प्रधान मोमन्यार सुरेश कुमार, पंचायत सचिव मनोज कुमार और राकेश सहित संबंधित पंचायतों के वार्ड सदस्य व स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। -

40 वर्ष पुरानी पानी की समस्या के स्थायी समाधान पर कारसिंधु के ग्रामीणों ने सिंचाई मंत्री का जताया आभार
चंडीगढ़— हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी के चंडीगढ़ आवास पर आज जींद जिले के उचाना विधानसभा क्षेत्र के गांव कारसिंधु के ग्रामीणों ने मुलाकात कर गांव की 40 वर्ष पुरानी पानी की समस्या का स्थायी समाधान कराने पर उनका आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि गांव कारसिंधु लंबे समय से सिंचाई जल वितरण से जुड़ी समस्या का सामना कर रहा था, जिससे किसानों और ग्रामीणों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने बताया कि मंत्री श्रुति चौधरी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा स्वयं इसकी नियमित समीक्षा की, जिसके परिणामस्वरूप वर्षों से लंबित इस समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सका।
इस संबंध में गांव कारसिंधु एवं अलीपुरा (तहसील उचाना, जिला जींद) के बरौला माइनर की आरडी 33850/आर (RD 33850/R) के आउटलेट से तरखा माइनर की आरडी 17150/टीएफ (RD 17150/TF) के आउटलेट में 179/179 एकड़ क्षेत्र के चाक (कमांड एरिया) को स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया। इस तकनीकी एवं प्रशासनिक व्यवस्था से गांव के करीब 400 परिवारों की पानी की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित हुआ है।
मंत्री से मुलाकात के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि चार दशक से लंबित इस समस्या का समाधान उनके लिए किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि मंत्री श्रुति चौधरी ने उनकी वर्षों पुरानी मांग को गंभीरता से लेते हुए उसका स्थायी समाधान कराया है। ग्रामीणों ने उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके संवेदनशील दृष्टिकोण, त्वरित निर्णय और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता के कारण आज गांव के सैकड़ों परिवारों को स्थायी राहत मिली है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मंत्री के नेतृत्व में सिंचाई विभाग किसानों एवं ग्रामीणों के हित में इसी प्रकार कार्य करता रहेगा।
इस अवसर पर सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और ग्रामीणों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य में जल संसाधनों के वैज्ञानिक एवं प्रभावी प्रबंधन के साथ-साथ सिंचाई तंत्र को सुदृढ़ बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य प्रत्येक खेत तक समय पर पर्याप्त सिंचाई जल उपलब्ध कराना तथा प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र की लंबित समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
-

Punjab News: नेशनल हाईवे पर दुकान के बाहर खड़े 2 ट्रकों में लगी अचानक भीषण आग, मची अफरा-तफरी, देखें वीडियो
पठानकोटः पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब वेल्डिंग की दुकान के बाहर खड़े दो ट्रकों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार, वेल्डिंग की दुकान के बाहर खड़े ट्रकों में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। आग लगने की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने में जुट गई। वहीं स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया कि पहली फायर ब्रिगेड आग बुझाने में नाकाम रही।
हालात को देखते हुए स्थानीय लोगों ने खुद मोर्चा संभाला और फायर ब्रिगेड की गाड़ी से बाल्टियों के जरिए पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद दूसरी फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, जिसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी तरह का कोई भी जानी नुकसान नहीं हुआ है फिलहाल एयरप्रेशर फटने के कारण ये आग लगी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड की व्यवस्था को और बेहतर किया जाए, ताकि समय रहते बड़े हादसे को टाला जा सके। इस बारे में बात करते हुए स्थानीय लोगों ने कहा कि धमाके की आवाज आने के बाद गाड़ी को आग लग गई।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने बुझाने की कोशिश की और फायर ब्रिगेड को सूचित किया, लेकिन जो गाड़ी फायर ब्रिगेड की पहले पहुंची वह किन्ही कारणों से खराब हो गई। जिसके कारण दूसरी फायर ब्रिगेड मंगवानी पड़ी, लेकिन जब तक और फायर ब्रिगेड आती तब तक आग ने दोनों ट्रकों को अपनी चपेट में ले लिया था। फिलहाल किसी तरह का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ लेकिन ट्रकों का काफी नुकसान हुआ है। वही फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने भी माना की फायर ब्रिगेड गाड़ी में कोई तकनीकी खराबी हो गई थी। जिस कारण वह समय पर काम ना कर पाए लेकिन बाल्टियों के साथ आग बुझाने की कोशिश जरूर की और तब तक दूसरी गाड़ियां पहुंच चुकी थी। पुलिस अधिकारी ने कहा कि एयरप्रेशर टैंकी फटने के कारण ये आग लगी है फिलहाल किसी तरह का कोई जानी नुकसान नही हुआ है।