Blog

  • पंजाब में महिंद्रा का विस्तार, रोजगार और उद्योगिक क्षमता में होगी वृद्धि

    पंजाब में महिंद्रा का विस्तार, रोजगार और उद्योगिक क्षमता में होगी वृद्धि

    चंडीगढ़: पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने बताया कि महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारत के अग्रणी बहुराष्ट्रीय समूहों में से एक, ने एसएमएल इसुज़ु लिमिटेड में लगभग 58.96 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल कर इसे एसएमएल महिंद्रा लिमिटेड के नाम से पुनर्गठित किया है। कंपनी भारत में लाइट और मीडियम कमर्शियल व्हीकल्स, जैसे ट्रक, बस और विशेष-उद्देश्य वाहनों के निर्माण में अग्रणी है।

    एसएमएल महिंद्रा पहले ही शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर) में अपनी विनिर्माण इकाई में लगभग 500 करोड़ रुपये का निवेश कर चुकी है। भविष्य में कंपनी पंजाब में अपने संचालन का विस्तार करने के लिए मौजूदा प्लांट के आधुनिकीकरण पर 100 करोड़ रुपये और अन्य राज्य से एक नई विनिर्माण इकाई पंजाब में स्थानांतरित करने के लिए 400 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बना रही है।

    मंत्री संजीव अरोड़ा ने कहा कि पंजाब देश के सर्वश्रेष्ठ निवेश स्थलों में से एक के रूप में उभर रहा है। राज्य की निवेशक-अनुकूल नीतियां, पारदर्शी प्रशासन और कुशल कार्यबल प्रमुख औद्योगिक घरानों का विश्वास मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि महिंद्रा समूह के चेयरमैन आनंद महिंद्रा की जड़ें लुधियाना से जुड़ी हैं, जो राज्य और समूह के बीच ऐतिहासिक और उद्योगिक संबंधों को दर्शाता है।

  • बर्फबारी में खड़ी कार फिसली, बचाने गए नौजवान की अटकी सांसे, देखें वीडियो

    बर्फबारी में खड़ी कार फिसली, बचाने गए नौजवान की अटकी सांसे, देखें वीडियो

    मनालीः हिमाचल प्रदेश के पहाड़ों पर इस समय जबरदस्त बर्फबारी हो रही है। वहीं मनाली में हाल ही में हुई बर्फबारी से पहाड़ी सड़कें बेहद फिसलन भरी हो गई। इस बर्फबारी के कई वीडियो सामने आ रहे है। जिनमें से कुछ खूबसूरत हैं तो कुछ डरावने भरे है। ऐसा ही एक डरावना वीडियो मनाली से आया है, जो दिखाता है कि पहाड़ों पर लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

    दरअसल, वायरल वीडियो में एक कार बर्फ की परत पर संतुलन खोकर धीरे-धीरे खाई के किनारे की ओर फिसलती हुई दिखाई दे रही है। एक व्यक्ति ने वाहन को रोकने की कोशिश भी की, लेकिन सड़क इतनी फिसलन भरी थी कि वह उसे रोक नहीं पाया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस सीसीटीवी फुटेज में बर्फबारी का असली खतरा साफ देखा जा सकता है। वीडियो में सड़क किनारे खड़ी एक कार अचानक बर्फ के कारण अपनी जगह से फिसलने लगती है।

    इस दौरान ड्राइवर बोनट को अपने हाथों से पकड़कर कार को रोकने की कोशिश करने लगता है, लेकिन कार की रफ्तार कम होने की बजाय और तेज हो जाती है। इसके चलते ड्राइवर कार के साथ घिसटता हुआ चला जाता है। थोड़ी दूरी पर ड्राइवर का संतुलन बिगड़ जाता है और वह नीचे गिर पड़ता है। उस दौरान वह चलती कार के नीचे आने से बाल-बाल बच जाता है। यह मंजर इतना खौफनाक था कि देखने वालों की सांसें थम गईं। गनीमत रही कि ड्राइवर सही समय पर हट गया, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था।

     

     

     

  • भगवंत मान सरकार की लुधियाना को सौगात, लॉन्च किया 162 करोड़ रुपये का विश्वस्तरीय स्ट्रीट प्रोजेक्ट

    भगवंत मान सरकार की लुधियाना को सौगात, लॉन्च किया 162 करोड़ रुपये का विश्वस्तरीय स्ट्रीट प्रोजेक्ट

    चंडीगढ़ : पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री संजीव अरोड़ा ने शनिवार को भगवंत मान सरकार के विश्वस्तरीय स्ट्रीट प्रोजेक्ट की शुरुआत की, जिसका उद्देश्य लुधियाना शहर को सुरक्षित, समावेशी, टिकाऊ और स्मार्ट मोबिलिटी के मॉडल में बदलना है। मंत्री ने बताया कि इस परियोजना के तहत शहर की 10 प्रमुख सड़कों में 15 किलोमीटर लंबाई के रोड्स को ‘कम्प्लीट स्ट्रीट मॉडल’ के अनुसार पुनर्विकसित किया जाएगा। इसमें पैदल यात्रियों, साइकिल सवारों, सार्वजनिक परिवहन उपयोगकर्ताओं और रेहड़ी-फड़ी विक्रेताओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

    इस परियोजना में 5.3 किलोमीटर सुलभ फुटपाथ, 15.7 किलोमीटर चिन्हित साइकिल लेन, 250 वेंडिंग जोन, 40 रेन और सन शेल्टर, 10 सार्वजनिक शौचालय और 36 वाटर एटीएम बनाए जाएंगे। हरित पहल के तहत कोई भी पेड़ नहीं काटा जाएगा और 3,633 से अधिक नए पौधे लगाए जाएंगे। साथ ही, 54 रेन वाटर हार्वेस्टिंग पिट, नई ड्रेनेज प्रणाली, एलईडी स्ट्रीट लाइटिंग और लैंडस्केपिंग की जाएगी।

    संजीव अरोड़ा ने बताया कि यह ₹162 करोड़ की परियोजना हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल के तहत लागू की जाएगी, जिससे निर्माण और रख-रखाव दोनों उच्च गुणवत्ता के होंगे। प्रोजेक्ट से सड़क सुरक्षा में सुधार, भीड़-भाड़ में कमी और स्थानीय व्यवसायों को बढ़ावा मिलेगा। शेरपुर चौक से जगराओं पुल, मॉडल टाउन रोड और गिल नहर पुल से गिल गांव तक के विशेष कॉरिडोरों को अलग-अलग डिज़ाइन थीम के साथ विकसित किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि यह पहल लुधियाना को उत्तर भारत में शहरी परिवर्तन का मॉडल शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

  • Jalandhar News: L&T पर लगा 7.5 करोड़ रुपये का जुर्माना, DC ने दी सख्त चेतावनी

    Jalandhar News: L&T पर लगा 7.5 करोड़ रुपये का जुर्माना, DC ने दी सख्त चेतावनी

    जालंधर, ENS: सरफेस वॉटर प्रोजेक्ट के पूरे होने में हो रही देरी के कारण डिप्टी कमिशनर हिमांशु अग्रवाल एक्शन मोड में आ गए। जहां शहर भर में सड़कों की धुलाई प्रोजेक्ट में देरी होने के कारण लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले में कार्यकारी एजेंसी मेॉएस लार्सन एंड ट्रर्बो लिमिटेड पर 7.5 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। दरअसल, डिप्टी कमिश्नर हिमांशु अग्रवाल ने इस प्रोजेक्ट में अनावश्यक देरी के लिए संबंधित विभाग को कार्यकारी एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद यह जुर्माना लगाया गया है।

    विकास प्रोजेक्ट का जायजा लेने के लिए उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए डिप्टी कमिश्नर डॉ.हिमांशु अग्रवाल ने कहा कि सरफेस वॉटर प्रोजेक्ट में देरी होने से रोजमर्रा की जिंदगी और निर्बाध आवागमन प्रभावित हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसमें अब किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और चेतावनी दी कि यदि निर्दिष्ट समय सीमा का पालन नहीं किया जाता है तो कार्यकारी एजेंसी के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट को इस साल के अंत तक पूरा करने की उम्मीद है और जालंधर स्मार्ट सिटी मिशन के अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित समय सीमा और कार्य मानकों दोनों की बारिकी से निगरानी की जाए।

    उन्होंने कहा कि फरवरी के अंत तक बिटूमन प्लांट चालू होते ही काम पूरी तेजी से शुरू होना चाहिए। बैठक के दौरान डिप्टी कमिश्नर द्वारा 70 करोड़ रुपये की लागत से पूरे होने वाले बर्ल्टन पार्क स्पोर्ट्स हब प्रोजेक्ट की प्रगति का भी जायजा लिया गया। उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट 15 अगस्त 2026 तक पूरा होने का लक्ष्य है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस प्रोजेक्ट को निर्धारित समय के अंदर पूरा करने को सुनिश्चित किया जाए। लंबा पिंड-जंडू सिंहा रोड को चौमुखी बनाने के प्रोजेक्ट की समीक्षा करते हुए डिप्टी कमिश्नर ने लोगों निर्माण विभाग के अधिकारियों को पेडिंग रह रहे काम को समय से पूरा करने का निर्देश दिया।

    उन्होंने अदमपुर एयरपोर्ट अप्रोच रोड के चौमुखी बनाने का भी जायजा लिया और बताया कि इस प्रोजेक्ट का लगभग 96 फीसदी काम पूरा हो चुका है। उन्होंने कार्यकारी एजेंसी को निर्देशित किया कि बाकी रह गए काम को जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि सड़क को आम लोगों की सुविधा के लिए बिना किसी और देरी के खोल दिया जाए। इसके अलावा डॉ. अग्रवाल द्वारा कई अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे के प्रोजेक्टों का भी जायजा लिया गया, जिनमें सिविल अस्पताल, जालंधर में 100 बेडों वाला क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण, गांधी वनिता आश्रम में लड़कियों का हॉस्टल का निर्माण, तहसील और एस.डी.एम. कॉम्प्लेक्स का निर्माण एवं नवीनीकरण, सुभाना रेलवे अंडरपास, लिंक सड़कों का अपग्रेडेशन और जालंधर-होशियारपुर नेशनल हाइवे शामिल हैं।

    डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि इन प्रोजेक्ट्स के पूरे होने से जालंधर का विकास नई ऊंचाइयों पर आएगा और शहरी बुनियादी ढांचे, खासकर सड़क नेटवर्क को मजबूत करेगा। उल्लेखनीय है कि इनमें से अधिकांश प्रोजेक्ट इस साल 2026 में समाप्त होने वाले हैं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को विकास कार्यों की प्रगति की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने का निर्देश दिया और कहा कि इसमें किसी भी तरह की लापरवाही तुरंत सख्ती से निपटाई जाएगी।

  • ऊना में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में तकनीकी शिक्षा मंत्री होंगे मुख्य अतिथि

    ऊना में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में तकनीकी शिक्षा मंत्री होंगे मुख्य अतिथि

    26 जनवरी को छात्र स्कूल ऊना में फहराएंगे राष्ट्रीय ध्वज

    ऊना/सुशील पंडित: ऊना में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में प्रदेश के तकनीकी शिक्षा और नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी मुख्य अतिथि होंगे। वे 26 जनवरी को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्र स्कूल ऊना के प्रांगण में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इसे लेकर संशोधित कार्यक्रम जारी हुआ है। जारी कार्यक्रम के मुताबिक तकनीकी शिक्षा मंत्री ऊना में जबकि स्वास्थ्य मंत्री अब ऊना की बजाय सोलन में जिला स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि होंगे।

    वहीं, उपायुक्त जतिन लाल ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को गणतंत्र दिवस समारोह के आयोजन को सुव्यवस्थित और गरिमामय बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए हैं।उपायुक्त ने बताया कि तकनीकी शिक्षा मंत्री 26 जनवरी को प्रातः 10:45 बजे एमसी पार्क स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे प्रातः 11 बजे छात्र स्कूल ऊना के प्रांगण में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

    ध्वज फहराने के बाद मुख्य अतिथि परेड का निरीक्षण करेंगे, मार्च-पास्ट की सलामी ग्रहण करेंगे तथा जिला वासियों को संबोधित करेंगे। समारोह की परेड में पुलिस और होमगार्ड की टुकड़ियों के साथ-साथ एनसीसी व एनएसएस के छात्र-छात्राएं भी शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों तथा नाट्य दलों द्वारा देशभक्ति एवं लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।

    उपायुक्त ने बताया कि मौसम की प्रतिकूलता पर कार्यक्रम के लिए टाउन हॉल में वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।जतिन लाल ने कहा कि समारोह में प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। इनमें मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, डॉ. यशवंत सिंह परमार विद्यार्थी ऋण योजना, राजीव गांधी राजकीय आदर्श डे बोर्डिंग स्कूल सहित स्वास्थ्य, आयुष, कृषि, बागवानी, रेड क्रॉस, सामर्थ्य, पशुपालन तथा मत्स्य पालन विभाग से जुड़ी झांकियां शामिल होंगी।

    उपायुक्त ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही सर्वश्रेष्ठ झांकी, सर्वश्रेष्ठ स्टॉल और सर्वश्रेष्ठ सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वालों को विशेष पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त जिले से संबंधित स्वतंत्रता सेनानियों तथा वीरता पुरस्कारों से अलंकृत सेना के जांबाजों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

    जतिन लाल ने बताया कि स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समारोह स्थल पर ईट राइट मेले की तर्ज पर स्वास्थ्यवर्धक व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों में सरकारी विभागों के साथ-साथ स्वयं सहायता समूह भी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। इसके अलावा विभिन्न विभाग भी अपनी योजनाओं और उत्पादों के स्टॉल लगाएंगे। उपायुक्त ने जिला वासियों से बड़ी संख्या में समारोह में भाग लेकर इस राष्ट्रीय पर्व को सामूहिक उत्साह, गरिमा और उल्लास के साथ मनाने का आह्वान किया है।

  • बर्फबारी के बीच शादी के बंधन में बंधे 7 जोड़े, देखें वीडियो

    बर्फबारी के बीच शादी के बंधन में बंधे 7 जोड़े, देखें वीडियो

    रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड में बर्फबारी में भी 7 जोड़े शादी के बंधन में बंधे। मिली जानकारी के अनुसार खूबसूरत केदारघाटी में स्थित रुद्रप्रयाग के त्रियुगीनारायण मंदिर में एक साथ यह 7 शादियां संपन्न हुईं। बर्फबारी के बीच वर-वधुओं ने 7 फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की शुरुआत की। विवाह बंधन में बंधने वाले जोड़े इस स्थान पर सात फेरे लेने का अपनी विशलिस्ट में शामिल कर रहे हैं। भगवान शिव पार्वती के विवाह स्थल त्रियुगीनारायण में बीते दिन भारी बर्फबारी के बीच सात जोड़े शादी के बंधन में बंधे। वहीं चमोली जिले के जंगलचट्टी गांव में बर्फबारी के बीच शादी की रस्में निभाई गईं। भारी बर्फबारी के बीच नव जोड़े भी काफी खुश नजर आए। शादी के बीच हो रही बर्फबारी लोगों के यादगार बन गई। जिसका लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया। शादी समारोह में बर्फबारी ने लोगों की खुशियां दोगुनी कर दी। स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रतिवर्ष यहां विवाह कराने वाले नवयुगलों की संख्या में इजाफा हो रहा है। उत्तराखंड समेत देश के विभिन्न राज्यों से ही नहीं, बल्कि विदेशों से भी नवयुगल भगवान शिव-पार्वती के विवाह स्थल त्रियुगीनारायण पहुंच रहे हैं। ये स्थल तेजी से वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है. इसके साथ ही रुद्रप्रयाग जनपद का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बधानीताल भी बर्फ की सफेद चादर में ढक गया है। स्थानीय निवासी दिवाकर गौरोला ने बताया कि त्रियुगीनारायण मंदिर में विवाह के लिए पूरे वर्ष बुकिंग आती रहती है। नवयुगलों की सुविधा के लिए स्थानीय लोग हरसंभव सहयोग करते हैं। क्षेत्र में होटल, लॉज और रेस्टोरेंट की पर्याप्त व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं, जिससे यहां आने वाले नवयुगल और उनके परिजन स्वयं को सहज और आनंदित महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि आज त्रियुगीनारायण मंदिर वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी विख्यात हो रहा है। धार्मिक आस्था, प्राकृतिक सौंदर्य और पारंपरिक विवाह संस्कारों का अद्भुत संगम त्रियुगीनारायण को नवयुगलों के लिए विशेष बनाता है। बता दें कि रुद्रप्रयाग जनपद में स्थित भगवान शिव-पार्वती विवाह स्थल के नाम से प्रसिद्ध त्रियुगीनारायण धाम में बड़ी तादाद में देश-विदेश से लोग शादी के लिए पहुंच रहे हैं। त्रियुगीनारायण धाम वेडिंग डेस्टिनेशन के लिए लोगों की पहली पसंद बनता जा रहा है। उत्तराखंड में बीते दिन तमाम पर्वतीय जिलों में जमकर बर्फबारी हुई। जहां बर्फबारी का अद्भुत नजारा देखने को मिला. बर्फबारी का सैलानी जमकर लुत्फ उठाया, वहीं दूसरी ओर बर्फबारी के बाद स्थानीय होटल व्यवसायियों के चेहरे खिले हुए हैं।
  • खड़ी कार में टकराया ट्रक, ट्रक चालक पर मामला दर्ज

    खड़ी कार में टकराया ट्रक, ट्रक चालक पर मामला दर्ज

    ऊना /सुशील पंडित: पुलिस थाना अम्व के अंतर्गत आते गांव कुठेडा खैरला में घर के बाहर खड़ी कार में ट्रक ने टक्कर मार दी, जिस पर पुलिस ने ट्रक चालक पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पुलिस को दी शिकायत में अनूप कुमार पुत्र राम राज शर्मा निवासी गांव कुठेड़ा खैरला तहo अम्ब ने बताया कि बीती शाम करीब 7:40 बजे इसके घर के पास अम्ब की तरफ से आ रहे ट्रक संख्या (एचपी 72 डी-3877) के चालक नजीर मोहम्मद पुत्र मौज दीन, निवासी कुठेड़ा खैरला तहo अम्ब ने तेज रफ्तारी से इसके घर के गेट के आगे नैहरियां की तरफ सड़क की साईड में खड़ी मेरी कार संख्या (एचपी 37 डी-7081) को टक्कर मारी और ट्रक चालक ने करीब 10 सैकंड के लिए ट्रक को खड़ा किया और नैहरियां की तरफ ट्रक को लेकर भाग गया ।

    वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर नजीर मोहम्मद के खिलाफ वीएनएस व मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के अन्तर्गत पुलिस थाना अम्ब में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

  • राज्यपाल ने 56वें पूर्ण राज्यत्व दिवस पर प्रदेशवासियों को दी बधाई

    राज्यपाल ने 56वें पूर्ण राज्यत्व दिवस पर प्रदेशवासियों को दी बधाई

    शिमला: राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने हिमाचल प्रदेश के 56वें पूर्ण राज्यत्व दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। प्रदेश की विकास यात्रा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि ‘देवभूमि’ के परिश्रमी लोगों ने अपनी मेहनत से इस राज्य को प्रगति के शिखर पर पहुँचाया है।

    प्रदेश की अद्वितीय सांस्कृतिक परंपराओं को संजोए रखने और आपसी सद्भाव व कड़ी मेहनत की भावना को निरंतर बनाए रखने का आह्वान किया। राज्यपाल ने इस गौरवशाली अवसर पर सामाजिक उत्तरदायित्व पर विशेष बल देते हुए प्रदेश को ‘नशा मुक्त हिमाचल’ बनाने के अपने संकल्प को दोहराया।

    विशेष रूप से युवा पीढ़ी से आग्रह किया कि वे नशे जैसी कुरीतियों से दूर रहें और एक स्वस्थ एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान दें। राज्यपाल ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि प्रदेश की जनता के सहयोग और दृढ़ संकल्प से हिमाचल प्रदेश भविष्य में विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

  • 56वें पूर्ण राज्यत्व दिवस के मौके पर CM Sukhu का संदेश, मिलकर बनाएंगे मजबूत और खुशहाल हिमाचल

    56वें पूर्ण राज्यत्व दिवस के मौके पर CM Sukhu का संदेश, मिलकर बनाएंगे मजबूत और खुशहाल हिमाचल

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश के 56वें पूर्ण राज्यत्व दिवस के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी है। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ण राज्यत्व दिवस हिमाचल प्रदेश की गौरवशाली यात्रा, ऐतिहासिक संघर्षों और जनएकजुटता का जीवंत प्रतीक है। यह दिवस हमें अपने स्वर्णिम अतीत से प्रेरणा लेने तथा प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के लिए नए संकल्प अपनाने का अवसर प्रदान करता है।

    हिमाचल प्रदेश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले दूरदर्शी नेतृत्व का सम्मान व्यक्त करते हुए ‘हिमाचल के शिल्पकार’ डॉ. वाई.एस. परमार सहित उन सभी महान विभूतियों को याद किया, जिनकी दूरदृष्टि, त्याग और अथक प्रयासों से प्रदेश ने देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की।

    देश की पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी के अविस्मरणीय योगदान को भी स्मरण करते हुए कहा कि 25 जनवरी, 1971 को शिमला के ऐतिहासिक रिज पर भारी हिमपात के बीच हिमाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा दिए जाने की घोषणा प्रदेश के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में अंकित है।

    वर्तमान राज्य सरकार मिशन मोड में कार्य करते हुए प्रदेश की आर्थिक संरचना को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। हिमाचल प्रदेश को पूर्णतः आत्मनिर्भर राज्य बनाने का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित किया गया है तथा दीर्घकालिक दृष्टिकोण के अंतर्गत प्रदेश को देश का सबसे समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में ठोस एवं परिणामोन्मुखी कदम उठाए जा रहे हैं।

    सीएम ने प्रदेशवासियों से कहा कि वे “हरित एवं समृद्ध हिमाचल” के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाएं। उनका मानना है कि पारदर्शी प्रशासन और जनकल्याणकारी नीतियों के माध्यम से हिमाचल प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा और राष्ट्र निर्माण में सशक्त योगदान देगा।

     

  • गुरुकुल एकेडमी बीहडू मंदली के वार्षिक पारितोषिक समारोह में पहुंचे भुट्टो

    गुरुकुल एकेडमी बीहडू मंदली के वार्षिक पारितोषिक समारोह में पहुंचे भुट्टो

    शिक्षा व संस्कारों पर दिया जोर ,छात्रों को नशे से दूर रहने का किया आवाहन

    ऊना/ सुशील पंडित: कुटलैहड़ के गुरुकुल एकेडमी बीहडू मंदली स्कूल का वार्षिक पारितोषिक समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर कुटलैहड़ विधान सभा क्षेत्र के भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उनके विद्यालय परिसर में पहुंचते ही स्कूल प्रबंधन, प्रिंसिपल, स्टाफ एवं विद्यार्थियों द्वारा बैंड-बाजों के साथ भव्य स्वागत किया गया।  स्कूल प्रबंधन समिति की ओर से मुख्यातिथि भुट्टो को शॉल, टोपी व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक अभिभावक, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया।

    वार्षिक पारितोषिक समारोह के दौरान स्कूल के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत लोकनृत्य, देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, नाटक एवं एकल प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा। विद्यार्थियों की आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों ने यह सिद्ध कर दिया कि गुरुकुल एकेडमी बीहडू न केवल शिक्षा बल्कि कला और संस्कृति के क्षेत्र में भी बच्चों को आगे बढ़ा रहा है। बच्चों की प्रस्तुतियों पर पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस अवसर पर स्कूल के प्रिंसिपल ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों-पाठ्यक्रम गतिविधियों एवं भविष्य की योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुरुकुल एकेडमी बीहडू शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को बेहतर संस्कार देने के उद्देश्य से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में केवल किताबी ज्ञान ही नहीं बल्कि नैतिक मूल्यों, अनुशासन और संस्कारों का होना भी अत्यंत आवश्यक है, और गुरुकुल स्कूल इसी दिशा में निरंतर प्रयासरत है।

    मुख्यातिथि भुट्टो ने अपने संबोधन में विद्यालय प्रबंधन, प्रिंसिपल एवं पूरे स्टाफ को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में स्थित होने के बावजूद गुरुकुल एकेडमी बीहडू ने शिक्षा के क्षेत्र में जो पहचान बनाई है, वह प्रशंसनीय है। भुट्टो ने कहा कि गुरुकुल स्कूल केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि समाज निर्माण की एक मजबूत नींव है।

    उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए अनुशासन, परिश्रम और संस्कार अत्यंत जरूरी हैं। शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार ही एक अच्छे नागरिक का निर्माण करते हैं।उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे अपने बच्चों की शिक्षा में विद्यालय के साथ पूरा सहयोग करें, ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके।

    मुख्यातिथि ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उनके उत्साह वर्धन के लिए 5100 रुपये की राशि देने की घोषणा की। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़ भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष विजय शर्मा,भाजपा नेता कैप्टन प्रीतम डडवाल, युवा मोर्चा के अध्यक्ष नीरज परमार, किसान मोर्चा के अजय शर्मा के अलावा अभय सिंह राणा,राज कुमार मनकोटिया अमन शर्मा सहित स्कूल स्टाफ अभिभावक एवं अन्य गणमान्य मौजूद रहे।